समाचार मध्यप्रदेश नीमच 09 जुन 2026 मंगलवार

////////////////////////////////////////////
रात्रि चौपाल में दिए निर्देशों पर त्वरित अमल:
ग्राम शिवपुरिया मंदिर में पेयजल पाइपलाइन का कार्य पूर्ण
कलेक्टर के निर्देश पर जल परीक्षण प्रारंभ, ग्रामीणों को मिलेगा शुद्ध पेयजल
ग्राम टामोटी रात्रि चौपाल में सामने आई थी पेयजल समस्या
प्रशासन की संवेदनशील पहल: मौके पर दिए निर्देश, तत्काल हुआ कार्य
नीमच, 08 जून 2026, ग्राम टामोटी में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा दिए गए निर्देशों के त्वरित पालन में ग्राम शिवपुरिया मंदिर में पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। पाइपलाइन का जल परीक्षण कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है।
जल निगम के महाप्रबंधक श्री धीरेन्द्र बिजोरिया ने बताया, कि ग्राम टामोटी में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने शिवपुरिया मंदिर क्षेत्र में पेयजल की समस्या से कलेक्टर को अवगत कराया था। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को तत्काल पाइपलाइन बिछाकर पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।
त्वरित कार्रवाई: कलेक्टर के निर्देशों के परिपालन में जल निगम द्वारा त्वरित कार्य करते हुए शिवपुरिया मंदिर तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। पाईपलाइन का प्रेशर टेस्ट व जल गुणवत्ता परीक्षण प्रारंभ कर दिया गया है। परीक्षण सफल होते ही क्षेत्र के रहवासियों को नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल मिलने लगेगा।
रात्रि चौपाल के माध्यम से जमीनी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण की प्रशासन की पहल से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, सड़क, विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता से उपलब्ध कराने का कार्य निरंतर जारी है।
================
अ.जा.आयोग के सदस्य श्री मालवीय 11 जून को नीमच आएंगे
नीमच 8 जून 2026, म.प्र.राज्य अनुसूचित आयोग के सदस्य श्री रामलाल मालवीय, 11 जून को उज्जैन से प्रस्थान कर शाम 6 बजे नीमच सर्किट हाउस पहुचेंगे और रात्रि विश्राम नीमच में करेंगे। आयोग के सदस्य श्री मालवीय 12 जून को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, कार्यो की प्रगति की समीक्षा बैठक लेंगे। तदपश्चात दोपहर एक बजे सर्किट हाउस पर जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों से भेट एवं चर्चा, दोपहर 2 बजे नीमच में कार्यो का निरीक्षण करने के बाद नीमच से उज्जैन होते हुए भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
================
राष्ट्रीय दृष्टिविहीनता नियंत्रण कार्यक्रम: जीरन में नेत्र शिविर संपन्न, 78 मरीज लाभान्वित
नीमच, 08 जून 2026, राष्ट्रीय दृष्टिविहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, जीरन में सोमवार को निःशुल्क नेत्र शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 78 मरीजों की नेत्र जांच, उपचार एवं उचित मार्गदर्शन का लाभ प्रदान किया गया।
विशेषज्ञों द्वारा जांच: शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता भारती एवं नेत्र चिकित्सा सहायक श्री गौरीशंकर राजावत ने मरीजों की जांच कर, आवश्यक परामर्श दिया।
शिविर में मोतियाबिंद के 21, नखुना के 8, दूर की नजर की जांच (दृष्टिदोष)10, एलर्जिक इन्फेक्शन के 17, पास की नजर की जांच 15, पर्दे की जांच 4, ग्लूकोमा (काला पानी) एक, नासूर 2, कुल 78 मरीजों की जांच की गई।
चिन्हित मोतियाबिंद के मरीजों को जिला चिकित्सालय में निःशुल्क ऑपरेशन हेतु पंजीकृत किया गया है। साथ ही दृष्टिदोष वाले मरीजों को आवश्यकतानुसार चश्मे व दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.दिनेश प्रसाद ने बताया, कि जिले में मोतियाबिंद बैकलॉग को शून्य करने के लिए विकासखंड स्तर पर नियमित नेत्र शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि कोई भी व्यक्ति अंधत्व का शिकार न हो।
=============
रामपुरा में एडीएम श्री कलेश की उपस्थिति में बाढ़ राहत एवं आपदा प्रबंधन मॉकड्रिल सम्पन्न
नीमच 8 जून 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में सोमवार को रामपुरा में गांधी सागर जलाशय के किनारे एसडीआरएफ की टीम नीमच द्वारा बाढ़ राहत एवं आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल की गई। इस मौके पर जिला होमगार्ड नीमच द्वारा बाढ़ एवं आपदा की स्थिति में उपयोग में आने वाली बाढ़ राहत सामग्री की प्रदर्शनी लगाई गई और ग्रामीणों को घरेलू सामग्री से बाढ़ एवं एवं आपदा से बचाव के लिए उपकरण तैयार करने के बारे में बताया।
अपर कलेक्टर श्री बी.एस.कलेश ने उपस्थितजनों को आपदा प्रबंधन पुस्तिका का वितरण किया और एसडीएम तथा अन्य अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन सामग्री की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। होमगार्ड, कमाण्डेंट श्री युवराज सिह एवं श्रीमती पुष्पा पंवार ने आपदा प्रबंधन सामग्री और उनका बाढ़ के समय उपयोग करने की प्रक्रिया बताई।
इस प्रदर्शनी में एसडीआरएफ की टीम व्दारा घरेलु उपयोग की सामग्री, मटके, पानी की केन, टीन के डिब्बे और प्लास्टिक की पानी की बोतलों से तैयार की अतिवृष्टि एवं बाढ से बचाव की सामग्री के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया।
इस मौके पर एसडीआरएफ की टीम व्दारा जलाशय में नाव डूबने और नाव पर सवार लोगो के बचाव राहत एवं प्राथमिक उपचार का डेमो भी प्रदर्शित किया।
इस मौके पर एसडीम सुश्री किरण आंजना, तहसीलदार श्री मुकेश निगम, श्री मृगेन्द्र सिसोदिया, जनपद सीईओ श्री आरिफ खान एवं अन्य अधिकारी नगरीय निकायों के अधिकारी-कर्मचारी डूब क्षेत्र के गांवों के कोटवार एवं सरपंच एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
=========
आईटीआई में करियर काउंसिलिंग 11 जून को
नीमच 08 जून 2026, जिले के समस्त युवाओं एवं युवतियों के लिए 11 जून 2026 को प्रातः 11:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक आईटीआई पंजीयन मेला एवं करियर काउंसिलिंग शिविर आयोजित किया जा रहा है। महिला अभ्यर्थियों हेतु 35% सीटें आरक्षित हैं। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक से अधिक संख्या में शासकीय आईटीआई नीमच (डूंगलावदा), जावद, मनासा, रामपुरा संस्थाओं में पहुंचकर पंजीयन कराएं।
==============
राष्ट्रीय कृषि विकास योजना से बदली नलखेड़ा के किसान की तकदीर
चुकन्दर उगाकर हरिशंकर राठौर ने कमाया 1.45 लाख का शुद्ध लाभ
नीमच, 8 जून 2026। “परंपरागत खेती से हटकर नया करने का साहस किया तो मुनाफा भी कई गुना बढ़ गया।” यह कहना है मनासा विकासखंड के ग्राम नलखेड़ा के प्रगतिशील कृषक हरिशंकर राठौर का। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (RKVY)के घटक “Promotion of New Exotic Crops of Vegetables” के तहत चुकन्दर की खेती अपनाकर हरिशंकर ने अपनी आय में चार गुना से अधिक वृद्धि दर्ज की है।
पहले थी सीमित आय, अब मिला नया विकल्प- हरिशंकर बताते हैं कि लाभान्वित होने से पूर्व वे 0.950 हेक्टेयर भूमि पर मूंग की खेती करते थे। 30 हजार रुपये की लागत से 8 क्विंटल उपज होती थी, जिससे 64,000 रुपये की कुल आय और शुद्ध लाभ मात्र 34,000 रुपये प्राप्त होता था। सीमित आय से परिवार चलाना मुश्किल था।
22,800 के अनुदान से शुरू की एक्सोटिक सब्जी की खेती- कृषि विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन में हरिशंकर ने RKVY योजना के तहत 22,800 रुपये का अनुदान प्राप्त कर चुकन्दर जैसी एक्सोटिक सब्जी की खेती का निर्णय लिया। विभाग द्वारा उन्हें उन्नत बीज, वैज्ञानिक विधि, ड्रिप सिंचाई एवं फसल प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया।
उत्पादन और आय में जबरदस्त बढ़ोतरी- परिणाम उत्साहजनक रहे। 0.950 हेक्टेयर में 285 क्विंटल चुकन्दर का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ। 95,000 रुपये की लागत* के बाद भी कुल आय 2,40,000 रुपये प्राप्त हुई। इस प्रकार शुद्ध लाभ बढ़कर 1,45,000 रुपये हो गया, जो मूंग की खेती से होने वाले लाभ का चार गुना से अधिक है।
किसान की जुबानी- हरिशंकर कहते हैं, “कृषि विभाग की सलाह पर मैंने जोखिम लेकर चुकन्दर लगाया। बाजार में इसकी मांग और भाव दोनों अच्छे मिले। RKVY योजना के अनुदान और तकनीकी मदद से मेरी खेती का तरीका ही बदल गया। अब मैं अन्य किसानों को भी नई फसलें लगाने के लिए प्रेरित कर रहा हूं।”
अन्य किसानों के लिए मिसाल- जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय कृषि विकास योजना का उद्देश्य किसानों को परंपरागत फसलों से हटकर उच्च मूल्य वाली एक्सोटिक सब्जियों की खेती के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे न केवल किसानों की आय बढ़ती है, बल्कि उपभोक्ताओं को भी पौष्टिक सब्जियां उपलब्ध होती हैं। हरिशंकर राठौर की यह सफलता मनासा क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन गई है। RKVY योजना वास्तव में “नवाचार से समृद्धि” का मार्ग प्रशस्त कर रही है और जिले के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है।
===========
सेवा, संकल्प, जनकल्याण और अंत्योदय पर हुआ काम – सुधीर गुप्ता
सांसद सुधीर गुप्ता ने मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विभिन्न मंडलों में जनसंवाद किया
मंदसौर। बीते 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शासन की सोच और कार्यशैली को बदलते हुए सेवा, सुशासन और अंत्योदय की भावना को केंद्र में रखा तथा यह सुनिश्चित किया कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. गरीब, किसान, महिला, युवा, वंचित और जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का जो संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिया, वह आज देश के कोने-कोने में दिखाई देता है.। उक्त बात सांसद सुधीर गुप्ता ने संसदीय क्षेत्र के विभिन्न मंडलों के ग्रामों में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान कही।
केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले के विभिन्न मंडलों एवं ग्रामों में जनसंवाद, लाभार्थी संवाद तथा वरिष्ठजनों के सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए लाभार्थियों से संवाद स्थापित किया गया।
संासद सुधीर गुप्ता ने सोमवार को सुवासरा विधानसभा के सीतामऊ ग्रामीण मंडल के ग्राम चिकला, खेताखेड़ा तथा बसई मंडल के ग्राम धानडी, गरोठ विधानसभा के मेलखेड़ा मंडल अंतर्गत ग्राम लसूडिया, वहीं बालोदा एवं खड़ावदा मंडल के ग्राम बरखेड़ा गंगसा में आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थियों एवं ग्रामीणजनों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, युवा एवं महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं संचालित की हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। सांसद गुप्ता ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से जन-जन तक सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रमों में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं वक्ताओं ने मोदी सरकार के 12 वर्षों को सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास के प्रति समर्पित बताते हुए सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष जितेन्द्रसिंह कोटड़ामाता, जिला मंत्री श्रीमती सुनीता राठौर, मंडल अध्यक्ष धनसुख पाटीदार, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि रोडमल वर्मा, मंडल अध्यक्ष जुझार गुर्जर किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष विक्रमसिंह महुवा, अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक सूर्यवंशी, मंडल अध्यक्ष महेंद्र पहाड़िया, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजमल सुरावत, पूर्व जनपद अध्यक्ष तूफानसिंह, धीरज संघवी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
-==========’
जादू और अभिनय से स्वच्छता का पाठ, जावद में जादूगर ढोंढुराम ने जगाई जागरूकता
नीमच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत मिशन’ को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से तारापुर के प्रसिद्ध जादूगर ढोंढुराम द्वारा एक अनूठी जनजागरण पहल की जा रही है। वे अपनी जादुई कला और प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से जिले के गांव-गांव में स्वच्छता एवं जल संरक्षण का संदेश पहुंचा रहे हैं।
इसी क्रम में जादूगर ढोंढुराम जावद पहुंचे, जहां उन्होंने रामपुरा दरवाजा, खोर दरवाजा, अठाना दरवाजा, धानमंडी, खुर्रा चौक, बस स्टैंड सहित नगर के विभिन्न प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अपने आकर्षक जादुई करतब प्रस्तुत किए। ‘हाथ की सफाई’ के हैरतअंगेज प्रदर्शनों के माध्यम से उन्होंने आमजन को मनोरंजन के साथ-साथ स्वच्छता की अच्छी आदतों और जल संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किया।
अपने प्रभावशाली मोनो एक्टिंग प्रदर्शन के जरिए उन्होंने संदेश दिया कि जल की प्रत्येक बूंद अमूल्य है तथा गंदगी फैलाना न केवल स्वास्थ्य बल्कि पर्यावरण के लिए भी हानिकारक है। उन्होंने नागरिकों से जावद को स्वच्छता में प्रदेश का अग्रणी नगर बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
जादू और सामाजिक संदेश के इस अनूठे संगम को देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। लोगों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम का आनंद लिया और स्वच्छता एवं जल संरक्षण के संकल्प को आत्मसात किया।
इस अवसर पर नगर परिषद जावद के अध्यक्ष सोहनलाल माली, मुख्य नगरपालिका अधिकारी जगजीवन शर्मा सहित नगर के अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। सभी ने जादूगर ढोंढुराम के इस अभिनव सामाजिक अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।


