मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 06 अप्रैल 2023 शनिवार

//////////////////////////////////////////

प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 20 टीबी मरीजों को वितरित की गई पोषण आहार किट

मंदसौर 5 जून 26 / प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने हेतु जिला क्षय केंद्र मंदसौर में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जैन श्वेताम्बर सोशल ग्रुप मंदसौर द्वारा जिले के उपचाररत 20 टीबी मरीजों को पोषण आहार हेतु फूड बास्केट आहार किट प्रदान की गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा बताया गया कि कार्यक्रम में जैन श्वेताम्बर सोशल ग्रुप के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने टीबी मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य एवं शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उन्हें पोषण सहायता उपलब्ध कराई।

==============

विश्व पर्यावरण दिवस पर नगर वन में हुआ पौधारोपण, कलेक्टर ने दिलाई पर्यावरण संरक्षण की शपथ

मंदसौर 5 जून 26 / विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एवं “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत नगर वन, मंदसौर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग, सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन, वन मंडल अधिकारी श्री संजय रायखरे सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए संयुक्त रूप से पौधारोपण किया।

इस दौरान सभी अधिकारियों ने नीम, बरगद, शीशम, आम एवं करंज के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में खेल विभाग के खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों ने भी भागीदारी की।

पौधारोपण के पश्चात कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और वृक्षारोपण के माध्यम से हम आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित कर सकते हैं।

शपथ के दौरान सभी ने जल, वायु एवं भूमि को प्रदूषित न करने, अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने, ऊर्जा एवं जल संरक्षण करने तथा प्रकृति के प्रति संवेदनशील रहते हुए भारत को स्वच्छ एवं हरित बनाने में अपना पूर्ण योगदान देने का संकल्प लिया।

===============

मलेरिया जन जागरूकता हेतु प्रदर्शनी का हुआ आयोजन

मंदसौर 5 जून 26 / मलेरिया निरोधक माह जून के अंतर्गत मलेरिया जनजागरूकता बढ़ाने के उद्धेश्य से मलेरिया विभाग द्वारा जिला चिकित्सालय परिसर में मलेरिया जागरूकता प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसमें मलेरिया जनजागरूकता पोस्टर केनोपी के साथ लार्वा का आमजन को डिमांन्सट्रेसन किया गया। जिसमें पैम्पलेट वितरण के साथ ओपीडी में आए बुखार के रोगियों की मलेरिया जांच की गई प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ.गोविन्दसिंह चैहान एवं सिविल सर्जन डॉक्टर बी एल रावत द्वारा किया गया

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा बताया गया कि कि मलेरिया माह जून के अंतर्गत जिले से लेकर ग्राम स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे है। डॉ बी एल रावत ने कहा कि प्रत्येक बुखार के रोगी की मलेरिया जांच जरूर की जानी चाहिए एवं मलेरिया सकारात्मक आने पर पूर्ण इलाज लेना चाहिए।

जिला मलेरिया अधिकारी डाॅ.दीपा पाठक ने बताया कि भारत सरकार द्वारा मलेरिया इलेमिनेशन का लक्ष्य 2030 तक रखा गया है। विगत वर्ष मलेरिया के 19 केस पाए गए थे। जिसमें सबसे ज्यादा सकारात्मक केस सीतामऊ विकासखंड में पाए गए, सभी को बारिश के समय विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। घरों के पानी को ढक्कर रखें। प्रतिमाह कूलरों, की सफाई करें। जानवरों एवं चिडियों के सकोरों के भी प्रति सप्ताह सफाई करके बदलले रहे। मलेरिया की रोकथाम ही सबसे बेहतर उपाय है।

===========

क्लब फुट से ग्रसित 34 बच्चों का सफलतापूर्वक उपचार किया

मंदसौर 5 जून 26 / मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. चौहान ने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार एवं जिला प्रशासन के सहयोग से जिले में वर्ल्ड क्लब फुट डे मनाया गया। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय मंदसौर में क्लब फुट से ग्रसित 10 बच्चों का उपचार किया गया तथा प्रभावित बच्चों के परिवारजनों एवं अन्य नागरिकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित कर इस जन्मजात विकृति की समय पर पहचान एवं शीघ्र उपचार के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य विभाग एवं अनुष्का फाउंडेशन के सहयोग से अब तक क्लब फुट से ग्रसित 34 बच्चों का सफलतापूर्वक उपचार किया जा चुका है। विशेषज्ञों ने बताया कि यदि जन्म के एक सप्ताह बाद ही बच्चे को प्लास्टर लगाना शुरू कर दिया जाए, तो सामान्यतः 7 से 8 प्लास्टर में इस विकृति को ठीक किया जा सकता है तथा बच्चे को भविष्य में विकलांगता से बचाया जा सकता है।

उपचार के बाद बच्चों की नियमित निगरानी एवं फॉलोअप भी किया जाता है। इसके लिए अनुष्का फाउंडेशन के सहयोग से बच्चों को 4 से 5 वर्ष तक नियमित जांच के लिए बुलाया जाता है तथा उन्हें प्रतिमाह दो बार चिकित्सकीय परामर्श एवं परीक्षण उपलब्ध कराया जाता है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के माध्यम से डिलीवरी पॉइंट्स, मेडिकल ऑफिसर, स्टाफ नर्स एवं आरबीएसके टीम द्वारा क्लब फुट से प्रभावित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें उपचार हेतु जिला चिकित्सालय भेजा जाता है।

मंदसौर जिले में क्लब फुट उपचार सेवाएं जिला चिकित्सालय के हड्डी रोग विभाग में उपलब्ध हैं, जहां प्रभावित बच्चों के लिए नियमित साप्ताहिक क्लिनिक संचालित किए जाते हैं। अनुष्का फाउंडेशन फॉर एलीमिनेटिंग क्लब फुट के सहयोग से प्रशिक्षित चिकित्सकों, आवश्यक उपकरणों एवं व्यवस्थित फॉलोअप प्रणाली के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण उपचार सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

=============

बिना अनुज्ञा चना परिवहन पर मंडी निरीक्षण दल की कार्रवाई, 19 हजार 100 रुपए की वसूली

मंदसौर 5 जून 26 / कृषि उपज मंडी मंदसौर के निरीक्षण दल द्वारा दिनांक 05 जून 2026 को मंडी क्षेत्र में नियमित निरीक्षण के दौरान बिना वैध अनुज्ञा के कृषि उपज का परिवहन करते पाए जाने पर कार्रवाई की गई।

निरीक्षण के दौरान वाहन क्रमांक MP14GB0842 को रोका गया। जांच में वाहन में लगभग 50 क्विंटल चना परिवहन किया जा रहा था। संबंधित व्यक्ति द्वारा कृषि उपज के परिवहन हेतु आवश्यक अनुज्ञापत्र प्रस्तुत नहीं किया गया। इस पर मंडी निरीक्षण दल द्वारा मौके पर पंचनामा तैयार कर नियमानुसार प्रकरण दर्ज करते हुए वसूली की कार्रवाई की गई।

प्रकरण में पांच गुना शुल्क राशि 14 हजार 250, निराश्रित शुल्क राशि 2 हजार 850 तथा समझौता शुल्क 2 हजार सहित कुल 19 हजार 100 की राशि जमा कराई गई।

मंडी सचिव श्री लक्ष्मण सिंह ठाकुर ने बताया कि कृषि उपज का परिवहन एवं व्यापार मंडी अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप किया जाना आवश्यक है। बिना वैध अनुज्ञा अथवा आवश्यक दस्तावेजों के कृषि उपज का परिवहन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कृषकों, व्यापारियों एवं परिवहनकर्ताओं से मंडी नियमों का पालन करने की अपील की है।

=========

जिला स्‍तरीय क्षीरधारा ग्राम संयुक्‍त समन्‍वय समिति कि बैठक 8 जून को

मंदसौर 5 जून 26 / पशुपालन एवं डेयरी उपसंचालक डॉ. मनीष इंगोले द्वारा बताया गया कि कलेक्‍टर एवं जिला स्‍तरीय क्षीरधारा ग्राम संयुक्‍त समन्‍वय समिति कि अध्‍यक्ष श्रीमती अदि‍ती गर्ग की अध्‍यक्षता में जिला स्‍तरीय क्षीरधारा ग्राम संयुक्‍त समन्‍वय समिति कि बैठक 8 जून 2026 को टी.एल. समीक्षा बैठक के पश्‍चात सुशासन भवन के सभा कक्ष में होगी।

=============

समान नागरिक संहिता पर सुझावों के लिए जन परामर्श बैठक 6 जून को कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में

उच्च स्तरीय समिति नागरिकों के विचार एवं सुझाव करेगी प्राप्त

मंदसौर 5 जून 26 / मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता के संबंध में अध्ययन एवं परीक्षण हेतु गठित उच्च स्तरीय समिति की जन परामर्श बैठक 6 जून 2026 को अपरान्ह 3:30 बजे कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम, शासकीय महाविद्यालय परिसर मंदसौर में आयोजित की जाएगी। बैठक शिक्षाविद प्रो. गोपाल शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न होगी।

अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल ने बताया कि बैठक का उद्देश्य समान नागरिक संहिता के संबंध में विभिन्न वर्गों से सुझाव एवं विचार प्राप्त करना है। समिति उपस्थितजनों के सुझावों का संकलन कर राज्य शासन को प्रेषित करेगी, जिससे विषय के अध्ययन एवं परीक्षण में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके।

बैठक में सांसद, विधायक, मान्यता प्राप्त शांति समिति के सदस्य, रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, कानूनविद, अभिभाषक संघ के सदस्य, राजनीति विज्ञान एवं समाजशास्त्र के प्रोफेसर सहित विभिन्न क्षेत्रों के नागरिक सहभागी होंगे। समिति के सदस्य उपस्थितजनों से समान नागरिक संहिता के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा कर उनके सुझाव एवं विचार प्राप्त करेंगे।

==========

नगरीय निकाय एवं पंचायतों की मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्यक्रम संशोधित

अब फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन 18 जुलाई को

मंदसौर 5 जून 26 / उप जिला निर्वाचन अधिकारी,स्‍थानीय निर्वाचन ने जानकारी दी है कि नगरीय निकायों एवं त्रि-स्तरीय पंचायतों के फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2026 के पूर्व में जारी कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। अब प्रारूप मतदाता सूची में दावे-आपत्ति 15 जून तक लिये जायेंगे।

दावे-आपत्तियों का निराकरण 25 जून तक किया जायेगा। फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची का विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 18 जुलाई को किया जायेगा। पूर्व में जारी कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 18 जून को होना था। राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री श्रीवास्तव ने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण के लिये निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करना सुनिश्चित करें।

=========

बकरीपालन का 12 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण मंदसौर में 10 जून से प्रारंभ

इच्छुक प्रशिक्षणार्थी 10 जून तक रजिस्ट्रेशन करवाएं

मंदसौर 5 जून 26 / ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान प्रबंधक द्वारा बताया गया कि सेन्ट्रल बैंक आफ इंडिया, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, आरसेटी मंदसौर द्वारा मंदसौर मे 12 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण 10 जून 2026 से प्रारंभ किया जाएगा। जिसके रजिस्ट्रेशन प्रारंभ हो चुके है, सीट पूरी होने पर आवेदन नहीं लिए जाएंगे। प्रवेश पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा। प्रशिक्षणो का लाभ गामीण अंचल के युवक/पुरुष जिनकी आयु 18 से 50 वर्ष के बीच हो उन्ही को मिलेगा।

प्रशिक्षण मे आवास, भोजन व नाश्ते की व्यवस्था निःशुल्क रहेगी। प्रशिक्षण के दौरान इच्छुक प्रशिक्षणार्थीयो के बैंकिग संबंधी सभी जानकारियों एवं समस्याओ का समाधान भी इस प्रशिक्षण के दौरान किया जायेगा।

प्रशिक्षणार्थी 2 नये पासपोर्ट साईज फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, एवं राशन कार्ड एवं समग्र आईडी की छायाप्रति के साथ आवेदन सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया, ग्गप्रमीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, सर्किट हाउस से पहले, नई आबादी थाने के पास, मन्दसौर में जमा करा सकते है। उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रमो का अधिक से अधिक लाभ उठावे। अधिक जानकारी के लिए सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, सर्किट हाउस से पहले, नई आबादी थाने के पास, मन्दसौर एवं मोबाईल न. 6269058449, 7999852839 8435806297, 9111858590 पर सुबह 10:00 से शाम 5:30 बजे तक संपर्क कर सकते है।

============

16 जून से 15 अगस्त तक मत्स्याखेट पर प्रतिबंध, नदियों से असंबद्ध छोटे तालाबों को छूट

नदियों और उससे जुड़े जलाशयों में मछली पकड़ने पर रोक, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

मंदसौर 5 जून 26 / मध्यप्रदेश में मछलियों के प्राकृतिक प्रजनन को बढ़ावा देने और जलीय पारिस्थितिकी के संरक्षण के लिए 16 जून से 15 अगस्त 2026 तक की अवधि को ‘बंद ऋतु’ (क्लोज सीजन) घोषित किया गया है। इन दो महीने की अवधि में प्रदेश की समस्त नदियों और उनसे जुड़े जलाशयों में मत्स्याखेट पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। गुरुवार को संचालनालय मत्स्योद्योग ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस अवधि में यदि कोई भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन कर अवैध रूप से मत्स्याखेट या परिवहन करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिबंध से ऐसे छोटे तालाब या अन्य जल स्रोत जिनका किसी भी नदी से कोई संबंध नहीं है और जिन्हें ‘निर्दिष्ट जल’ की परिभाषा के अंतर्गत नहीं लाया गया है, उन पर यह नियम लागू नहीं होंगे। इन निजी या स्थानीय छोटे तालाबों में सामान्य दिनों की तरह मत्स्य पालन और आखेट किया जा सकेगा। मछुआ समुदाय को समय रहते जानकारी मिलने से मछुआरे अनजाने में होने वाली किसी भी परेशानी से बच सकेंगे और नियमों का पालन कर प्राकृतिक रूप से मत्स्य बीज उत्पादन में सहयोग कर सकेंगे।

=========

समान नागरिक संहिता पर नागरिकों से सुझाव आमंत्रित, वेबसाइट ucc.mp.gov.in पर दें अपने विचार

मंदसौर 5 जून 26 / अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल ने बताया कि मध्यप्रदेश राज्य में विभिन्न व्यक्तिगत एवं पारिवारिक विधियों के अंतर्गत विवाह, विवाह विच्छेद, भरण-पोषण, उत्तराधिकार तथा अन्य संबंधित विषयों के अध्ययन एवं परीक्षण के लिए राज्य शासन द्वारा उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है।

समिति द्वारा समान नागरिक संहिता के विभिन्न पहलुओं पर व्यापक जन-परामर्श प्राप्त करने के उद्देश्य से नागरिकों से सुझाव एवं विचार आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए विशेष वेबसाइट ucc.mp.gov.in तैयार की गई है, जिस पर प्रदेश के सभी नागरिक अपने सुझाव एवं परामर्श ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।

अपर कलेक्टर ने जिले के नागरिकों से आग्रह किया है कि वे समान नागरिक संहिता के संबंध में अपने विचार, सुझाव एवं सुझावात्मक टिप्पणियां वेबसाइट ucc.mp.gov.in पर दर्ज कर जन-परामर्श प्रक्रिया में सहभागी बनें।

उन्होंने बताया कि प्राप्त सुझावों का अध्ययन कर उन्हें समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे नागरिकों की भावनाओं एवं अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए व्यापक विचार-विमर्श किया जा सके।

============

स्वच्छ और हरित पर्यावरण के लिए पेड़ लगाएं और प्रकृति के अनुकूल अपनाएं जीवन शैली : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रदेशवासियों से किया आहृवान

मंदसौर 5 जून 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों से विश्व पर्यावरण दिवस पर जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का संकल्प लेने का आहृवान किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि पेड़-पौधे, नदियां, पर्वत और वन्य जीव हमारे जीवन के आधार हैं। भारतीय परंपरा ने हमें प्रकृति के साथ रहने का मार्ग दिखाया है। स्वच्छ और हरित पर्यावरण के लिए पेड़ लगाएं। प्रकृति के अनुकूल जीवन शैली अपनाएं और इसके प्रति लोगों को भी जागरूक करें।

=========

पी.जी. डिप्लोमा इन टीचिंग इंग्लिश पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित

शासकीय शिक्षक 22 जून तक जमा कर सकेंगे आवेदन, राज्य शिक्षा केंद्र ने जारी किए निर्देश

मंदसौर 5 जून 26 / राज्य शिक्षा केन्द्र अंतर्गत आंग्ल भाषा शिक्षण संस्थान द्वारा संचालित एक वर्षीय सेवाकालीन प्रशिक्षण पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन टीचिंग इंग्लिश पाठ्यक्रम का नवीन सत्र 1 जुलाई 2026 से शुरू होगा। योग्‍यता रखने वाले शिक्षक अपने आवेदन ऑनलाइन rsk.mponline.gov.in के माध्यम से 22 जून 2026 तक कर सकते हैं।

संचालक राज्‍य शिक्षा केन्‍द्र श्री हरजिंदर सिंह ने बताया कि योग्‍य एवं इच्‍छुक शिक्षकों के आवेदन एमपी ऑनलाइन के माध्‍यम से आगामी 22 जून तक कराने के लिए सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों और सहायक आयुक्‍त जनजातीय कार्य विभाग को निर्देशित किया गया है।

इस प्रशिक्षण में प्रशिक्षणार्थियों को अंग्रेजी भाषा शिक्षण की नवीन पद्धतियों, नवाचारों व भाषा के विभिन्न कौशलों से अवगत कराया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद इन शिक्षकों को अपने विद्यालयों में बेहतर अंग्रेजी भाषा शिक्षण एवं विभिन्न स्तरों पर आवश्यकतानुसार शिक्षक प्रशिक्षण, पाठ्यपुस्तक लेखन एवं सामग्री निर्माण के कार्यों में भी नियोजित किया जाएगा।

प्रदेश के शासकीय माध्यमिक/उच्च माध्यमिक/उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ ऐसे योग्य व्याख्याता/उच्च श्रेणी शिक्षक/माध्यमिक शिक्षक जो न्यूनतम 50% अंकों से अंग्रेजी विषय में स्नातकोत्तर की उपाधि रखते हों तथा जिनकी आयु 01जुलाई 2026 को 50 वर्ष से अधिक न हो और कम एक वर्ष का अंग्रेजी अध्यापन का अनुभव हो, वे निर्धारित समयावधि में आवेदन कर सकते हैं।

बरकतउल्ला विश्वविद्यालय से सम्बद्ध यह पाठ्यक्रम इस वर्ष 1 जुलाई 2026 से 30 अप्रैल 2027 तक आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक जिले से दो आवेदकों को स्‍क्रूटिनी उपरांत प्रवेश दिया जाएगा।

============

एमपीएसईडीसी के ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी प्रोग्राम 3.0 के लिए आवेदन आमंत्रित

मंदसौर 5 जून 26 / प्रदेश के इंजीनियरिंग एवं सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को डिजिटल गवर्नेंस और आईटी परियोजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमपीएसईडीसी) द्वारा ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी (जीईटी) प्रोग्राम 3.0 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 4 जून से प्रारंभ हो गई है, जो 16 जून 2026 तक जारी रहेगी।

एमपीएसईडीसी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार आवेदन पत्र में संशोधन की सुविधा 9 जून से 17 जून तक उपलब्ध रहेगी। कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन परीक्षा 1 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी और प्रवेश-पत्र 25 जून से डाउनलोड किए जा सकेंगे। कार्यक्रम में इंजीनियरिंग की किसी भी शाखा अथवा कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी एवं समकक्ष विषयों में स्नातक अथवा स्नातकोत्तर उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। अंतिम सेमेस्टर में अध्ययनरत विद्यार्थी भी पात्र होंगे। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष के मध्य निर्धारित की गई है।

ऑनलाइन परीक्षा की अवधि 180 मिनट होगी, जिसमें 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्न-पत्र हिन्दी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध रहेगा। परीक्षा में जावा, नेट, पीएचपी, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, क्वालिटी एश्योरेंस और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी विषयों से संबंधित प्रश्न शामिल होंगे। इमर्जिंग टेक्नोलॉजी के अंतर्गत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, ब्लॉकचेन, क्वांटम कम्प्यूटिंग, चैटबॉट, वर्चुअल रियलिटी और बिग डेटा एनालिटिक्स जैसे विषयों को शामिल किया गया है।

परीक्षा में न्यूनतम 35 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को ही योग्य माना जाएगा। मेरिट के आधार पर शीर्ष 150 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा, जबकि 50 अभ्यर्थियों की प्रतीक्षा सूची तैयार की जाएगी। परीक्षा शुल्क 800 रुपये (जीएसटी सहित) निर्धारित किया गया है। प्रस्तावित परीक्षा केन्द्र भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, सागर, उज्जैन और सतना में बनाए जाएंगे। परीक्षा के बाद प्रश्नों एवं उत्तर-कुंजी के संबंध में अभ्यर्थियों को 7 से 9 जुलाई 2026 तक आपत्ति दर्ज कराने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा।

===========

मध्यप्रदेश को वैश्विक निवेश केंद्र बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम

इंदौर में 6 जून को होगा भारत-लैटिन अमेरिका एवं कैरिबियन व्यापार एवं निवेश फोरम 2026

*लैटिन अमेरिका एवं 15 कैरिबियन देशों के राजनयिक और प्रतिनिधि होंगे शामिल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव करेंगे शुभारंभ

मंदसौर 5 जून 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश लगातार वैश्विक निवेशकों, उद्योग जगत और अंतर्राष्ट्रीय व्यापारिक समुदाय के लिए आकर्षक निवेश स्थल के रूप में उभर रहा है। इसी क्रम में निवेश, निर्यात और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक साझेदारियों को नई गति देने के उद्देश्य से 6 जून को इंदौर में भारत-लैटिन अमेरिका एवं कैरिबियन (LAC) व्यापार एवं निवेश फोरम-2026 की बैठक होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मौजूदगी में राज्य सरकार के सहयोग से ग्लोबल इंडिया बिज़नेस फोरम (GIBF) द्वारा आयोजित इस महत्वपूर्ण फोरम का आयोजन मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) के सहयोग से रेडिसन ब्लू, इंदौर में होगा।

फोरम में लैटिन अमेरिका एवं कैरिबियन क्षेत्र के 15 देशों के वरिष्ठ राजनयिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। इनमें विभिन्न देशों के राजदूत, एक उच्चायुक्त और एक महावाणिज्यदूत शामिल होंगे। इनके साथ निवेशक, निर्यातक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, व्यापार आयुक्त, एमएसएमई क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि और वरिष्ठ शासकीय अधिकारी सहित 350 से अधिक प्रतिनिधि सहभागिता करेंगे। चार प्रमुख वाणिज्य एवं उद्योग मंडल भी इसमें सहभागिता करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा निवेश संवर्धन और वैश्विक सहभागिता को लेकर किए जा रहे सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप मध्यप्रदेश अंतर्राष्ट्रीय निवेशकों के बीच अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। राज्य सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल नीतियों, बेहतर अधोसंरचना, तेज निर्णय प्रक्रिया और निवेशक हितैषी वातावरण के माध्यम से नए वैश्विक बाजारों तक पहुंच बनाने पर विशेष ध्यान दे रही है। इसी दिशा में यह फोरम भारत और लैटिन अमेरिका एवं कैरिबियन क्षेत्र के देशों के बीच व्यापार एवं निवेश सहयोग को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण साबित होगा।

मध्यप्रदेश का निर्यात प्रदर्शन भी लगातार मजबूत हुआ है। वर्ष 2025-26 में राज्य से लैटिन अमेरिका एवं कैरिबियन क्षेत्र को लगभग 4,186 करोड़ रूपये का निर्यात दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 12.6 प्रतिशत अधिक है। इस निर्यात में फार्मा क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ब्राज़ील, मैक्सिको और चिली, राज्य के प्रमुख निर्यात बाजारों में शामिल हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश की औद्योगिक प्रगति, निवेश संभावनाओं और वैश्विक साझेदारियों को लेकर फोरम को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में भारत एलएसी विशेष संस्करण का विमोचन भी किया जाएगा। मध्यप्रदेश की निवेश क्षमताओं और औद्योगिक अवसरों पर विशेष प्रस्तुति दी जाएगी।

विभिन्न देशों के प्रतिनिधिमंडलों द्वारा निवेश प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही व्यापार एवं निवेश के अवसरों, विनिर्माण क्षेत्र में सहयोग तथा सेवा क्षेत्र में निवेश संभावनाओं पर केंद्रित पैनल होंगे। विनिर्माण क्षेत्र से संबंधित चर्चा में औषधि, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल तथा खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र शामिल रहेंगे, जबकि सेवा क्षेत्र की चर्चा में सूचना-प्रौद्योगिकी, पर्यटन, फिनटेक तथा शिक्षा क्षेत्र में सहयोग और निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

फोरम में उद्योगों और निवेशकों के बीच प्रत्यक्ष संवाद को बढ़ावा देने के लिए बी2बी और बी2जी बैठकों का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे नए व्यापारिक अवसरों और निवेश साझेदारियों को गति मिलेगी।

भारत-लैटिन अमेरिका एवं कैरिबियन व्यापार एवं निवेश फोरम-2026 मध्यप्रदेश की बढ़ती वैश्विक आर्थिक उपस्थिति, निवेश आकर्षण और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक साझेदारियों को नई दिशा देगा।

============

प्रदेश में नैक की तर्ज पर गठित करें सैक : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

युवा वर्ष के लिए उच्च शिक्षा सहित संबंधित विभाग करें आवश्यक तैयारी

महाविद्यालयों में कृषि पाठ्यक्रम को लोकप्रिय बनाने का कार्य सराहनीय

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उच्च शिक्षा क्षेत्र में उपलब्धियों के लिए दी बधाई

उच्च शिक्षा विभाग की हुई समीक्षा

मंदसौर 5 जून 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की आवश्यकता के अनुसार नए महाविद्यालय प्रारंभ किए जाएं। जिन सघन आबादी वाले क्षेत्रों में महाविद्यालय संचालित हैं, वहां विद्यार्थी संख्या बढ़ने पर शिक्षण में शिफ्ट व्यवस्था भी लागू करने पर विचार किया जाए। राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) की तर्ज पर राज्य परिषद अर्थात सैक के गठन की कार्यवाही प्रारंभ की।

==========

पशुपतिनाथ मंदिर आराधना हाल में सात दिवसीय श्रीमद भागवत कथा  ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ

राष्ट्रीय संत श्री प्रीतम जी महाराज करेंगे कथा वाचन 
मंदसौर। राष्ट्रीय संत श्री प्रीतम जी महाराज के श्री मुख से श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ श्री पशुपतिनाथ मंदिर आराधना हाल में हुआ । शुभारंभ में पोथी यात्रा  राधाकृष्ण मंदिर पशुपतिनाथ रोड से  ढोल धमाकों और डी जे की धुन के साथ निकाली गई जिसमें 51 महिलाओं ने कलश धारण किए हुए थे सभी मातृ शक्ति ने चुनरी की वेशभूषा धारण  की हुई थी ।पोथी यात्रा का समापन पशुपतिनाथ मंदिर आराधना हाल में हुआ। राष्ट्रीय संत श्री प्रीतम जी महाराज द्वारा भूत भावन भगवान श्री पशुपतिनाथ की पूजा अर्चना कर कथा का प्रारंभ किया गया प्रथम दिवस आपने महाभारत का संस्मरण बताये हुए कहा कि जब दुर्योधन ने छल कपट से पांडवों से राज पाट,धन दौलत सब छिन ली उसके पश्चात भी पांडवों के चेहरे पर हंसी देख दुर्योधन ने कहा है अर्जुन सब कुछ चला गया है उसके बाद भी चेहरे पर हंसी आ रही है किस बात की हंसी है किस बात का गुरूर है अर्जुन ने उत्तर दिया दुर्योधन किसने कहा कि धन संपत्ति जाने से गरीबी आ जाती है इज्जत से बड़ी कोई दौलत नहीं होती जीवन मे सबसे बड़ी  दौलत इज़्ज़त होती है जब इज़्ज़त ही चली जाए तो समझो सब कुछ चला गया राज पाठ गया है पर मान सम्मान नही गया है
कथा का आयोजन  मातृ शक्ति ग्रुप मंदसौर  करवा रहा है,यात्रा में प्रमुख रूप से श्री राधाकृष्ण ग्रुप के अध्यक्ष श्री विश्वमोहन अग्रवाल,शिवम राठौर,रवि अग्रवाल,घनश्याम खत्री, मधु राठौर,कला बाई,रूक्मण बाई,प्रेम बाई, पुष्पा बाई,प्रेमलता राठौड़,राधा,साक्षी राठौर,प्रभा देवी,संतोष  सहित अनेक महिला पुरुष उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}