गरोठमंदसौर जिला
मीडिया परिषद का पत्रकार मिलन समारोह संपन्न, जनप्रतिनिधियों ने किया पत्रकारों का सम्मान

मीडिया परिषद का पत्रकार मिलन समारोह संपन्न, जनप्रतिनिधियों ने किया पत्रकारों का सम्मान

गरोठ। नगर की पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में मीडिया परिषद द्वारा पत्रकार मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक चंद्रसिंह सिसोदिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं नगर परिषद अध्यक्ष राजेश सेठिया एवं नगर परिषद अध्यक्ष कविता यादव सहित कई जनप्रतिनिधि, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में मौजूद रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत पुष्पमालाओं एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। समारोह में पत्रकारों का सम्मान भी किया गया तथा मीडिया की समाज में भूमिका को लेकर विचार साझा किए गए।

मुख्य अतिथि विधायक चंद्रसिंह सिसोदिया ने अपने संबोधन में पत्रकारिता को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने पत्रकारों की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए निष्पक्ष एवं जनहितकारी पत्रकारिता पर बल दिया।नगर परिषद अध्यक्ष राजेश सेठिया ने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज को प्रमुखता से उठाते हैं और क्षेत्र के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शामगढ़ नगर परिषद अध्यक्ष कविता यादव ने भी पत्रकारों के योगदान की सराहना करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता, सामाजिक सरोकार एवं क्षेत्रीय विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। आयोजन का वातावरण आत्मीयता एवं सम्मान से परिपूर्ण दिखाई दिया।



