समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 09 अप्रैल 2026 गुरुवार

////////////////////////////
आईटीआई रतलाम में प्लेसमेंट कैंप का आयोजन 10 अप्रैल को
रतलाम : बुधवार, अप्रैल 8, 2026,
प्राचार्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था श्री अहिरवार ने बताया कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) रतलाम द्वारा 10 अप्रैल को एक दिवसीय प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप सज्जन मिल के सामने, सैलाना रोड स्थित आईटीआई परिसर में आयोजित किया जाएगा।
कैंप में हीरा मोटर कोप एलटीडी द्वारा हलोल प्लांट के लिए लगभग 200 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें 10वीं पास तथा आईटीआई धारक अभ्यर्थी जैसे फिटर, टर्नर, वेल्डर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रीशियन, मोटर मैकेनिक, डीजल मैकेनिक, ट्रैक्टर मैकेनिक एवं टू-व्हीलर/ऑटो रिपेयरिंग टी वार ट्रेड के उम्मीदवार भाग ले सकते हैं।
चयनित अभ्यर्थियों को फुल टाइम कर्मचारी एफटीई के रूप में लगभग 20,500 रूपये प्रतिमाह सीटीसी तथा अप्रेंटिस के रूप में 18,000 रूपये प्रतिमाह (इन हैंड) प्रदान किए जाएंगे। आयु सीमा 18 से 26 वर्ष (25 वर्ष 11 माह तक) होगी।
इच्छुक उम्मीदवार 10 अप्रैल को प्रातः 10 बजे अपने सभी मूल दस्तावेज, बायोडाटा/सीवी सहित आईटीआई रतलाम में उपस्थित हो सकते है। चयन प्रक्रिया कंपनी द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार की जाएगी।
============
उपार्जन केन्द्रों पर किसानों के लिए सहज-सुगम व्यवस्था की जाए सुनिश्चित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम से संपूर्ण व्यवस्था पर रखी जाएगी नजर
गेहूँ उपार्जन में सामाजिक और सेवा भारती संस्थाएं भी करें सहयोग मुख्यमंत्री डॉ. यादव
रतलाम : बुधवार, अप्रैल 8, 2026,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में 9 अप्रैल से गेहूँ खरीदी आरंभ हो रही है। उन्होंने सभी उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए सहज-सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश सभी कलेक्टर्स और एसडीएम को दिए गए हैं। उपार्जन केन्द्रों पर किसानों के लिए पेयजल और छायादार स्थान की व्यवस्था की जा रही है। गेहूँ उपार्जन जैसी महत्वपूर्ण और व्यापक गतिविधि में सामाजिक और सेवाभावी संस्थाएं भी सहयोग करें। प्रदेश में वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। राज्य सरकार किसान कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है, किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर फैसले लिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह विचार किसान और स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअल संवाद के दौरान व्यक्त किए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था है। गेहूँ की प्रति क्विंटल कीमत को वर्तमान स्तर तक लाना बड़ी चुनौती थी, हम इसे 2700 रूपये प्रति क्विंटल तक ले जाएंगे। किसानों को उनकी फसल का सही दाम दिलवाना हमारी प्रतिबद्धता है। हम जनता की सेवा करना चाहते हैं, इसी उद्देश्य से उपार्जन केंद्रों पर गेहूँ खरीदी की बेहतर व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उपार्जन केंद्रों पर हेल्प डेस्क स्थापित किये जा रहे हैं, जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम से संपूर्ण व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी। उपार्जन केंद्रों पर पंपलेट और होर्डिंग के द्वारा भी किसानों को व्यवस्था के संबंध में जानकारियां देने के निर्देश दिए गए हैं। वर्ष 2026 से किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। उपार्जन केन्द्रों पर आने वाले किसानों को उनके कल्याण तथा हित से जुड़ी शासन की योजनाओं से भी अवगत कराया जाए।
===========
डॉ भीमराव अम्बेडकर जयंती के उपलक्ष्य में 10 से 14 अप्रैल तक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे
रतलाम : बुधवार, अप्रैल 8, 2026,
सामान्य प्रशासन विभाग मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार भारत रत्न संविधान निर्माता डॉ भीमराव अम्बेडकर जयंती के उपलक्ष्य में 10 अप्रैल से 14 अप्रैल तक मध्यप्रदेश के समस्त जिले एवं विकासखंड मुख्यालयों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
================
डिजिटल होगी जनगणना, अब खुद भी भर सकेंगे जानकारी
रतलाम : बुधवार, अप्रैल 8, 2026,
आगामी जनगणना प्रक्रिया के तहत मकान सूचीकरण चरण में नागरिकों को स्वगणना की सुविधा प्रदान की गई है। स्वगणना कार्यक्रम 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलेगा इसमें कोई भी व्यक्ति स्वयं आधिकारिक पोर्टल http://Census.gov.in/se के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकता है।
जनगणना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहला चरण हाउस लिस्टिंग में प्रगणक घर-घर जाकर मकानों और उनकी सुविधाओं की जानकारी एकत्र करेंगे। दूसरा चरण में जनसंख्या गणना के बाद देश की कुल जनसंख्या और व्यक्तियों से जुड़ी विस्तृत जानकारी दर्ज की जाएगी।
स्व-गणना की प्रक्रिया में परिवार का कोई भी सदस्य ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से खुद अपने घर की जानकारी दर्ज कर सकता है। एक मोबाइल नंबर से केवल एक घर का लॉगिन, एंट्री परिवार के मुखिया के नाम से होगी (नाम बदला नहीं जा सकेगा), यह सुविधा मकान सूचीकरण शुरू होने से 15 दिन पहले खुलेगी और सिर्फ 15 दिन तक उपलब्ध रहेगी। पोर्टल पर एंट्री करने के लिए पोर्टल खोलें और राज्य/केंद्र शासित प्रदेश चुनें, कैप्चा भरें, परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करें, ओटीपी से सत्यापन करें, जिला और नजदीकी स्थान चुनकर मैप पर घर चिन्हित करें। एचएलओ प्रश्नावली भरें (अधिकतर प्रश्न विकल्प आधारित होंगे) फोनेटिक और वर्चुअल कीबोर्ड की सुविधा भी मिलेगी। एफएक्यूस और टूल-टिप्स हर चरण में मदद करेंगे।
स्व गणना करने पर संबंधित व्यक्ति को एक रेफरेंस नंबर प्राप्त होगा। इसके बाद 1 मई से 30 मई के बीच जब प्रगणक घर-घर सर्वे के लिए आएंगे, तब नागरिकों को यह रेफरेंस नंबर उपलब्ध कराना होगा। प्रगणक द्वारा इस नंबर का सत्यापन कर अंतिम रूप से जानकारी सबमिट की जाएगी।
प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने और जनगणना प्रक्रिया को सरल एवं सटीक बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया गया है।
===========
जिले में नए स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए उद्योग विभाग द्वारा थीमेटिक सत्र का आयोजन
रतलाम : बुधवार, अप्रैल 8, 2026,

जिले के नव युवाओं को स्टार्टअप के प्रति जागरूक करने तथा शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र रतलाम द्वारा 8 अप्रैल को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रतलाम में स्टार्टअप पॉलिसी की जानकारी देने हेतु एक थीमेटिक सत्र का आयोजन किया गया ।
कार्यक्रम में रतलाम के उद्योगपतियों श्री महेश सारड़ा, श्री अनिल सारड़ा, श्री भावेश डोषी, नवीन स्टार्टअप इको प्लग एनर्जी इंडिया लिमिटेड से श्री नीम चंद मईडा और श्री पवन परिहार युवा उद्यमी तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के समस्त स्टाफ ने भाग लिया। सफल स्टार्टअप के संस्थापक श्री यशराज सिंह जिनका स्टार्टअप “जड़“ वर्तमान में अपनी उत्कृष्ट साड़ियों के लिए जाना जाता है उन्होंने अपने अनुभव सभी के साथ साझा किए। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की ओर से प्रबंधक सुश्री आयुषी बैरागी द्वारा मध्य प्रदेश स्टार्टअप योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम की समाप्ति के उपरांत महाप्रबंधक श्री अतुल वाजपेई ने सभी का आभार माना तथा युवाओं तथा उद्योगपतियों के लिए इस तरह के आयोजन लगातार करने तथा जिले के एमएसएमई उद्योगों तथा स्टार्टअप को नई ऊंचाइयों पर पहुंचने का संकल्प लिया ।
==========
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा खेलवृत्ति के लिए आवेदन आमंत्रित
रतलाम : बुधवार, अप्रैल 8, 2026,
जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी रुचि शर्मा ने बताया कि संचालनालय खेल और युवा कल्याण मध्यप्रदेश द्वारा 01 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के मध्य आयोजित अधिकृत राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक विजेता जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों से वर्ष 2025 की राज्य स्तरीय खेलवृत्ति हेतु आवेदन जिला कार्यालय खेल और युवा कल्याण विभाग नेहरू स्टेडियम पोलो ग्राउंड रतलाम में कार्यालय समय प्रातः 10:00 बजे से सांय काल 06:00 बजे तक लिए जाएंगे। आवेदन 01 मई से 31 मई तक जमा कर सकते है। 31 मई के पश्चात प्राप्त आवेदन स्वीकार नही किये जाएगे। प्राप्त आवेदनो में अधिकृत राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी को राशि रूपये 10000/- रजत पदक विजेता खिलाड़ी को राशि रूपये 8000/- एवं कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी को राशि रूपये 6000/- खेलवृत्ति राशि प्रदान कि जाएगी।



