समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 10 अप्रैल 2026 शुक्रवार

//////////////////////////////////
शासकीय भूमि पर मालिक होने का दावा करने वाले का दावा न्यायालय ने किया खारिज
शासकीय अभिभाषक श्री भगवतीलाल शर्मा द्वारा जानकारी दी गई की ग्राम सेमली तह. व जिला मंदसौर में भूमि सर्वे नंबर 449, 450 स्थित है, उक्त भूमि म.प्र. शासन के स्वामित्व की है, तथा उक्त भूमि के संबंध में दिनांक 02.12.2020 को तत्कालीन कलेक्टर श्री मनोज पुष्प द्वारा आदेश पारित करते हुए सर्वे नंबर 449 रकबा 0.627 हे. भूमि मुस्लिम समुदाय के मृतकों को दफनाने हेतु म.प्र. भू.रा.सं. की धारा 237 के तहत् कब्रिस्तान के रूप में आरक्षित करने हेतु दी गई थी। तथा भूमि सर्वे नंबर 450/1 रकबा 2.662 हे. में से रकबा 1.300 हे. भूमि शमशान हेतु आरक्षित की गई थी। उक्त भूमियों के संबंध में ग्राम सेमली के इब्राहीम पिता जामा अजमेरी द्वारा न्यायालय में वाद प्रस्तुत किया गया कि उक्त भूमियों पर उसका व उसकी माता का कब्जा रहा है, तथा वह उक्त भूमियो का विरोधी आधिपत्य के आधार पर मालिक हो गया है। तथा उसका कब्जा है इस कारण उसके आधिपत्य में शासन हस्तक्षेप नहीं करें एवं वह स्वयं इन शासकीय भूमियों का मालिक बन गया है। इस कारण उसने न्यायालय में दावा पेश कर मालिक होने तथा शासन के विरूद्ध स्टे दिये जाने की मांग की गई है। उक्त मामले में म.प्र. शासन की ओर से तत्कालीन कलेक्टर महोदय द्वारा अपनी और से न्यायालय में कार्यवाही हेतु तहसीलदार मंदसौर को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया। तहसीलदार मंदसौर द्वारा प्रभावी रूप से न्यायालय में जवाब प्रस्तुत किया गया तथा बताया गया की वादी को अनेको बार उपरोक्त भूमि से बेदखल कर उसे अर्थदण्ड से दण्डित कर हर्जाना वसूल किया गया है। न्यायालय में तहसीलदार श्रीमती सौनिका सिंह एवं मोजा पटवारी श्री शैलेन्द्र गोयल के प्रभावी रूप से बयान कराये गये, न्यायालय द्वारा शासकीय अधिवक्ता के तर्कों से सहमत होते हुए वादी इब्राहीम का दावा खारिज कर दिया तथा वादी के वाद को निरस्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है। इस प्रकार उक्त संपूर्ण मामले में म.प्र. शासन की ओर से प्रभावी पैरवी शासकीय अधिवक्ता भगवतीलाल शर्मा एवं बी.एस. चौहान द्वारा की गई।
============
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नाले की सफाई की गई
मंदसौर 9 अप्रैल 26 / जिले में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत प्रमुख नालों साफ-सफाई का कार्य किया गया। नालों के अंदर एवं आसपास जमा गंदगी को हटाया गया, साथ ही आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
इस अभियान का उद्देश्य जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखना एवं जल संरक्षण के प्रति नागरिकों को जागरूक करना है।
कार्यक्रम के दौरान नालों में जमा गंदगी, प्लास्टिक एवं अन्य कचरे को हटाकर स्वच्छता सुनिश्चित की। साथ ही आसपास के नागरिकों से अपील की गई कि वे नालों में कचरा न डालें तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
इस प्रकार के अभियान निरंतर चलाए जाएंगे, ताकि जल स्रोतों का संरक्षण हो सके और शहर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाया जा सके।
===================
जिले में उपार्जन केन्द्रों पर समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी प्रारंभ की
सबसे पहले लाने वाले किसानों को सम्मान किया गया
मंदसौर 9 अप्रैल 26/ जिला आपूर्ति अधिकारी मंदसौर ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन की नीति के अनुरूप, रबी विपणन वर्ष 2026-27 में मंदसौर जिले में कुल 72 उपार्जन केंद्रों पर समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी 9 अप्रैल 2026 से विधिवत प्रारंभ कर दी गई है । सबसे पहले आने वाले किसानों का शॉल एवं माला पहनाकर सम्मान किया गया। इस वर्ष महिला सशक्तीकरण के उद्देश्य से जिले में 06 महिला स्व सहायता समूह के द्वारा खरीदी की जा रही है । शासन द्वारा इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। राज्य सरकार द्वारा किसानों को 40 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस भी दिया जाएगा।
किसानों से अपील
किसान अपनी उपज को अच्छी तरह सुखाकर (FAQ मापदंड अनुसार) उपार्जन केंद्र पर लाएं । उपज विक्रय के बाद उपार्जन केंद्र से तौल पर्ची और पावती अवश्य प्राप्त करें । बैंक खाता आधार से लिंक होना अनिवार्य है, ताकि भुगतान सीधे खाते में निर्धारित समय में किया जा सके ।
जिला आपूर्ति अधिकारी द्वारा सभी किसानों से अपील की जाती हैं कि वे अपने स्लॉट बुकिंग के अनुसार ही उपार्जन केंद्र पर आएं और उपार्जन प्रक्रिया में सहयोग करें। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर उपार्जन केंद्र प्रभारी / उपार्जन केन्द्र स्तरीय नोडल अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
==============
ग्राम नारायणगढ़ में भूमि आवंटन के संबंध में आपत्ती/ अभिमत 21 अप्रैल तक प्रस्तुत करें
मंदसौर 9 अप्रैल 26 / मंदसौर तहसीलदार द्वारा बताया गया कि जल संसाधन संभाग मंदसौर द्वारा मल्हारगढ़ तहसील के नारायणगढ़ में स्थित शासकीय भूमि सर्वे नम्बर 2985/1 रकबा 3.68 हेक्टेयर मे से रकबा 0..04 हेक्टेयर भूमि पर दाबयुक्त सूक्ष्म वृहद सिंचाई परियोजना के निर्माण में लोरा टावर के निर्माण हेतु भूमि आबंटित करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया है। दाबयुक्त सूक्ष्म वृहद सिंचाई परियोजना के लिए अभिमत 21 अप्रैल 2026 तक प्रस्तुत कर सकते है।
मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के माननीय अध्यक्ष 10 अप्रैल को मंदसौर जिले के दौरे पर रहेंगे
मंदसौर 9 अप्रैल 26 / अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल द्वारा बताया गया कि मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के माननीय अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह का मंदसौर जिले में 10 अप्रैल को मंदसौर जिले के दौरे पर रहेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष 10 अप्रैल 2026 को प्रात: 09:30 बजे भगवान पशुपतिनाथ मंदिर दर्शन करेंगे। प्रात: 11:00 बजे जिला कलेक्टर एवं जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा करेंगे। तत्पश्चात दोपहर 12:00 बजे स्थानीय कार्यक्रम में भाग ( रोटरी क्लब मंदसौर के स्वास्थ्य केन्द्र का अवलोकन )। दोपहर 03:00 बजे मंदसौर से गांधी सागर प्रस्थान करेंगे। शाम 04:30 बजे गांधी सागर आगमन करेंगे। शाम 05:00 बजे गांधी सागर डेम का अवलोकन करेंगे। रात्रि विश्राम रेस्ट हाउस गांधी सागर में करेंगे तथा 11 अप्रैल को प्रातः 10:00 बजे गांधी सागर से नीमच के लिए प्रस्थान करेंगे।
===============
उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा 10 अप्रैल को गांव चलो अभियान अंतर्गत विभिन्न गांव में होंगे शामिल
मंदसौर 9 अप्रैल 26 / अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल द्वारा बताया गया कि उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा 10 अप्रैल को मंदसौर जिले के विभिन्न गांवों में गांव चलो अभियान में सम्मिलित होंगे व निर्माण कार्यों का भूमि पूजन करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा प्रात: 11:00 बजे ग्राम धुंधड़का, प्रात: 11:30 बजे धमनार गुलियाना, दोपहर 12:00 बजे हतुनिया, दोपहर 12:30 बजे जोगीखेड़ा, दोपहर 01:00 बजे रातीखेड़ी, खजूरी फंटा, दोपहर 01:30 बजे झिरकन, सिखेड़ी फंटा, दोपहर 02:00 बजे बडवन फंटा, दोपहर 03:00 बजे भाटरेवास, दोपहर 03:30 बजे अफजलपुर, सांय 04:00 बजे राणखेड़ा, सांय 04:30 बजे बिलांत्री (द्वार निर्माण का भूमि पूजन), सांय 05:00 बजे चिरमोलिया, सांय 05:30 बजे रठाना, सांय 06:00 बजे लोध, सांय 06:30 बजे सूरी, सांय 07:00 बजे बोरखेडा, गारियाखेडा, जग्गाखेडी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम पश्चात मंदसौर के लिए प्रस्थान एवं मंदसौर में रात्रि विश्राम करेंगे।
===============
अन्नदाताओं को उरर्वकों पर सब्सिडी के लिए केंद्र सरकार ने दी 41 हजार करोड़ से अधिक की स्वीकृति
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री श्री मोदी का माना आभार
मंदसौर 9 अप्रैल 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों के हित में केंद्र सरकार द्वारा लिए गए फैसले के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में केन्द्रीय मंत्रीमंडल ने फॉस्फेट एवं पोटेशियम उर्वरकों पर न्यूट्रिएंट बेस्ड सब्सिडी (NBS) को मंजूरी दी है जो अन्नदाताओं के हित में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय निर्णय है। खरीब सीजन- 2026 में इससे किसान प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केंद्र सरकार ने खरीफ सीजन-2026 के लिए फॉस्फेट एवं पोटेशियम उर्वरकों पर पोषक तत्व आधारित सब्सिडी के लिए 41 हजार 533.81 करोड़ की बजटीय व्यवस्था को स्वीकृति प्रदान की है। यह एक महत्वपूर्ण निर्णय है। गत वर्ष स्वीकृत राशि से यह 4,317 करोड़ रुपए अधिक है। वैश्विक चुनौतियों और अंतर्राष्ट्रीय कीमतों के रुझानों के बावजूद केंद्र सरकार ने किसानों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह सुनिश्चित किया है कि उर्वरक रियायती, किफायती एवं उचित दरों पर उपलब्ध हों और उन पर कोई अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।
मध्यप्रदेश में किसान-कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केंद्र सरकार का यह निर्णय कृषि लागत को संतुलित कर किसानों की आय और उत्पादन क्षमता को सुदृढ़ करेगा। मध्यप्रदेश में वर्ष 2026 कृषि और कृषक कल्याण वर्ष है। इस नाते ऐसे निर्णय मध्यप्रदेश के अन्नदाताओं के लिए विशेष रूप से लाभकारी हैं। मध्यप्रदेश सरकार किसान कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। किसानों को नई तकनीक से अवगत करवाने के लिए उन्नत कृषि महोत्सव भी आयोजित किए जा रहे हैं। कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को शिक्षित जागरूक बनाने और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसान हितैषी इस पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं केंद्रीय मंत्रीमंडल का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
==========
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना ने बनाया उद्यमियों को स्वावलम्बी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मंदसौर 9 अप्रैल 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत लगभग 58 करोड़ मुद्रा ऋण के माध्यम से 40 लाख करोड़ से अधिक की राशि वितरित किए जाने पर हर्ष व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को मुद्रा योजना की उपलब्धि के लिए धन्यवाद देते हुए आभार भी माना है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में संचालित इस योजना से प्रदेश और देश के गरीब नागरिकों के सपनों को उड़ान मिली है। देश के करोड़ों उद्यमियों, छोटे व्यापारियों और कारीगरों के आर्थिक स्वावलंबन का मार्ग प्रशस्त करते हुए यह योजना गरीबों के आर्थिक स्वावलंबन की ऋण व्यवस्था बन गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने “आत्मनिर्भर भारत” को समर्पित इस अभूतपूर्व यात्रा के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है।
==========
न.पा. महापुरुषों के प्रति सम्मान और स्वच्छता के लिए प्रतिबद्ध- रमादेवी गुर्जर
संयुक्त माली समाज 11 अप्रैल को मनाया महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती
मंदसौर। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी संयुक्त माली समाज मंदसौर द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले की 199 जयंती 11 अप्रैल 2026 शनिवार प्रातः 10.30 पर गोल चौराहा पुरानी कृषि उपज मंडी शॉपिंग कांप्लेक्स में स्थापित महात्मा ज्योतिबा फूले की प्रतिमा स्थल पर बड़ी धूमधाम से मनाई जाएगी। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ समाजसेवियों एवं आत्मनिर्भर मातृशक्ति को सम्मानित किया जाएगा।
महात्मा ज्योतिबा फुले प्रतिमा स्थल की साफ-सफाई सौंदर्यीकरण और सम्मानजनक व्यवस्था करने हेतु माली समाज का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदीप भाटी के नेतृत्व में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर से मिला। प्रतिनिधि मंडल को संबोधित करते हुए नपाध्यक्ष श्रीमती रमादेवी गुर्जर ने कहा कि शहर के ऐतिहासिक स्थलों और प्रतिमाओं के आसपास साफ सफाई और स्वच्छता मेरी पहली प्राथमिकता और महापुरुषों के प्रति सम्मान भी है इसके लिए आपने तत्काल विशेष कर्मचारियों की निर्देशित कर कार्य सौंपा।
इस प्रतिनिधि मंडल में प्रदीप भाटी के साथ-साथ श्री मोहनलाल गहलोत बसेर कॉलोनी, कोषाध्यक्ष मुकेश गहलोत, प्रीतमसिह मारोठिया, महेंद्र भाटी, पूर्व पार्षद गुड्डू गढ़वाल, जितेंद्र भाटी, शहर माली चौक अध्यक्ष शिवप्रकाश रावलिया, बद्रीलाल चौहान, राकेश भाटी आदि उपस्थित थे।
इस अवसर पर पूर्व चोकरा अध्यक्ष श्री नंदराम उनियारा, घीसालाल गहलोत, लक्ष्मीनारायण गहलोत, निरंजन चंदेल, दिनेश रावल, दीपक पटेल, गोपाल कनवासिया, शेषनारायण माली, रमेशचंद्र लिलोरीया, सत्यनारायण रावल, उंकारलाल माली, बंटी माली, चंपालाल माली, राजेश सैनी आदि ने माली समाज के गणमान्य लोगों से आग्रह किया है कि समय पर पधारकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएं।
==============
विद्यार्थियों ने कला में उकेरे जल संकट के समाधान, ‘सार्थक’ की रैली बनी जन-आंदोलन

मन्दसौर। प्रकृति को संवारने और भावी पीढ़ी को जल संकट से बचाने के संकल्प के साथ ‘सार्थक सोशल वेलफेयर सोसाइटी’ द्वारा ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन ने उस समय एक जन-आंदोलन का रूप ले लिया जब शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, प्रशासन और विद्यालयों ने एक सुर में जल संरक्षण का आह्वान किया।
प्रशासनिक गौरव और भविष्य का साझा संकल्प
इस विशाल जन-जागरूकता रैली का शुभारंभ मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), जिला पंचायत, श्री अनुकूल जैन द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर श्री जैन ने सार्थक संस्था के रचनात्मक प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि:
“सार्थक द्वारा जमीनी स्तर पर किया जा रहा कार्य अत्यंत प्रेरणादायी है। प्रशासन भविष्य में सार्थक के साथ मिलकर इस प्रकार के और भी विशाल आयोजन करेगा ताकि पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन के संदेश को घर-घर तक पहुँचाया जा सके।”
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद का भी सराहनीय सहयोग रहा।
प्रमुख संगठनों का मिला साथ
इस आयोजन में नगर के अनेक प्रतिष्ठित संगठनों ने सहभागिता कर सामाजिक एकता का परिचय दिया। विशेष रूप से अखिल भारतीय हिंदी साहित्य परिषद् एवं दशपुर जागृति संगठन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इन संस्थाओं के पदाधिकारियों की उपस्थिति ने अभियान को और अधिक मजबूती प्रदान की।
गांधी चौराहे पर ऐतिहासिक मानव श्रृंखला
इस आयोजन में शहर के 15 प्रमुख विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी कला और कल्पना के माध्यम से जल संरक्षण के संदेश को कैनवास पर उकेरा। छात्र-छात्राओं द्वारा चित्रांकन के माध्यम से बनाई इन कलाकृतियों में जल की एक-एक बूंद को बचाने की तड़प और ‘रूफ वाटर हार्वेस्टिंग’ जैसे समाधानों का अद्भुत संगम देखने को मिला। बच्चों की इस रचनात्मकता ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
नारों से गूंजा शहर का हृदय स्थल चित्रांकन के पश्चात एक विशाल जन-जागरूकता रैली निकाली गई। हाथों में जल बचाने की तख्तियां लिए सैकड़ों छात्र-छात्राएं, सार्थक के सदस्य और शहर के जागरूक नागरिक जब नारों के साथ शहर के हृदय स्थल गांधी चौराहे पर पहुंचे, तो वहाँ का दृश्य ऐतिहासिक था। यहाँ एक विशाल ‘मानव श्रृंखला’ बनाई गई, जिसका एकमात्र उद्देश्य लोगों को जल की बूंद-बूंद बचाने के लिए जागरूक करना था। इस दौरान शहरवासियों से रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने और अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया गया।
मिट्टी के सकोरे: जीव दया का पारंपरिक संदेश
रैली के समापन पर सहभागी बच्चों को मिट्टी के सकोरे वितरित किए गए। प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण और जीव दया का संदेश देते हुए संस्था की अध्यक्ष डॉ. उर्मिला तोमर ने कहा:
“मिट्टी का एक छोटा सा सकोरा सैकड़ों बेजुबान पक्षियों की प्यास बुझा सकता है। प्रकृति के प्रति हमारी यह संवेदनशीलता ही सुरक्षित भविष्य की नींव है।”
बढ़ता कारवां
संस्था के समर्पण को देख आयोजन के दौरान ही पाँच प्रबुद्ध नागरिकों ने ‘सार्थक’ की सदस्यता ग्रहण की। डॉ. उर्मिला तोमर ने जिला प्रशासन, नगर पालिका, सहभागी संगठनों, स्कूलों और नगरवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
============
विश्व नवकार महामंत्र दिवस पर हुआ सामूहिक जाप का आयोजन
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता योग गुरु सुरेंद्र जैन ने नवकार महामंत्र के वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह महामंत्र मात्र धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह ध्वनि विज्ञान का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने बताया कि जब हम नवकार मंत्र के अक्षरों का उच्चारण करते हैं, तो उनसे उत्पन्न होने वाली विशिष्ट कंपन (वाइब्रेशन) हमारे शरीर के ऊर्जा चक्रों को सक्रिय करती है। यह मानसिक तनाव को कम कर एकाग्रता बढ़ाता है और हमारे तंत्रिका तंत्र को संतुलित करने में सहायक होता है। योग गुरु ने जोर देकर कहा कि इस मंत्र का नियमित और लयबद्ध जाप शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए एक अचूक औषधि की तरह कार्य करता है।
सकल जैन समाज के अध्यक्ष लोकेंद्र जैन ने नवकार महामंत्र की व्यापकता को रेखांकित करते हुए कहा कि यह महामंत्र किसी एक जाति या धर्म की सीमाओं में बंधा हुआ नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण मानवता और सर्वसमाज के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा कि नवकार मंत्र में किसी व्यक्ति की पूजा नहीं, बल्कि गुणों की वंदना की गई है, जो इसे वैश्विक और सार्वभौमिक बनाता है। श्री जैन के अनुसार, यह मंत्र विश्व शांति और मैत्री भाव का प्रतीक है, जो हर मनुष्य को भीतर से शुद्ध कर लोक-कल्याण की प्रेरणा देता है।
इस गरिमामयी अवसर पर जितेश फरक्या, विजय पलोड़, राजकुमार अग्रवाल, महेश सेठिया, कैलाश रिछावरा, जापानी भावनानी, संध्या शर्मा, सुभाष पाटीदार, कैलाश शर्मा, नीलम जैसवानी, अंतिमबाला मालवीय, कंवरलाल पाटीदार, गोपाल पाटीदार, करिश्मा गोखलानी, राहुल सेठिया, सहित अनेक योग साधक उपस्थित रहे, जिन्होंने सामूहिक भक्ति और ध्यान का लाभ उठाया। कार्यक्रम का संचालन योग शिक्षक जिनेन्द्र उकावत ने किया व अंत में योग शिक्षिका प्रीति जैन ने आभार व्यक्त किया।
मन्दसौर। बड़ेसाथ ओसवाल समाज महिला इकाई मंदसौर के द्वारा सामाजिक सेवा करते हुए माध्यमिक विद्यालय में शैक्षणिक कार्यों हेतु कुर्सियां भेंट की गईं।
महिला इकाई की उपाध्यक्ष पायल जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि गाँधी बाल मंदिर माध्यमिक विद्यालय, जो मधु कड़ावत द्वारा संचालित है, वहाँ आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों के उपयोग के लिए कुर्सियों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ नवकार मंत्र का सामूहिक जाप किया गया, जिससे वातावरण आध्यात्मिक और प्रेरणादायक बन गया। साथ ही बच्चों से सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछकर उनकी बौद्धिक क्षमता को भी प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर पूर्व उपाध्यक्ष हेमा हिंगड़, अनीता मुरडिया एवं सपना धारीवाल की उपस्थिति रही।


