मप्र मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह का मंदसौर आगमन आज

महावीर स्वास्थ्य केंद्र, दलौदा में रोटरी द्वारा स्थापित 7 डायलिसिस मशीनों का करेंगे अवलोकन, सदस्यों से करेंगे संवाद
मंदसौर। मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह का आज 10 अप्रैल को मंदसौर आगमन प्रस्तावित है। अपने व्यस्त शासकीय कार्यक्रमों के बीच वे वर्षों से जुड़े सामाजिक संगठन रोटरी क्लब मंदसौर के आमंत्रण पर महावीर स्वास्थ्य केंद्र, दलौदा पहुंचेंगे। ज्ञात हो कि आप स्वयं भी पिछले कई वर्षों से रोटरी क्लब से जुड़े होकर रोटरी के विभिन्न पदों का निर्वहन कर चुके हैं।
दलौदा में वे रोटरी क्लब मंदसौर द्वारा ग्लोबल ग्रांट के माध्यम से महावीर स्वास्थ केंद्र पर स्थापित 7 डायलिसिस मशीनों का अवलोकन करेंगे। यह डायलिसिस परियोजना क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में मिल का पत्थर साबित होगी।
अवधेश प्रताप सिंह रोटरी क्लब मंदसौर के सदस्यों से परिचयात्मक चर्चा करेंगे तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न कार्यों की जानकारी भी प्राप्त करेंगे। उनके आगमन को लेकर रोटरी सदस्यों में उत्साह का माहौल है। इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने में रोटरी क्लब के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नरेंद्र जैन (भोपाल) का विशेष सहयोग रहा है।
रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3040 के मंडलाध्यक्ष सुशील मल्होत्रा, सहायक मंडलाध्यक्ष संजय गोठी, रोटरी क्लब मंदसौर के अध्यक्ष भूपेंद्र सोनी एवं सचिव कपिल भंडारी ने सभी रोटरी सदस्यों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अतिथि का आत्मीय स्वागत करने की अपील की है।


