समाचार मध्यप्रदेश नीमच 07 अप्रैल 2026 मंगलवार

/////////////////////////////////
नीमच में 10 से 12 अप्रेल तक जिला स्तरीय पुस्तक मेले का आयोजन
नीमच 6 अप्रेल 2026, म.प्र.शासन स्कूल शिक्षा विभाग भोपाल द्वारा नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 प्रारंभ होने से समस्त शासकीय/अशासकीय विद्यालयों में पठन-पाठन प्रारंभ किया गया है। निजी विद्यालयों हेतु स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा मध्यप्रदेश निजी विद्यालय (फीस तथा अन्य संबंधित विषयों का विनियमन) नियम-2018 एवं नियम-2020 प्रभावशील है। निजी विद्यालय प्रबंधन द्वारा छात्र या अभिभावकों को पुस्तकें, युनिफार्म, टाई, जुते, कॉपी आदि केवल चयनित विक्रेताओं से क्रय करने के लिए औपचारिक अथवा अनोपचारिक किसी भी रूप में बाध्य नहीं किया जायेगा।
अशासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र/छात्राओं के लिए 10 से 12 अप्रैल 2026 तक (3 दिवसीय) जिला स्तरीय पुस्तक मेले का आयोजन, शा.बा.उ.मा.वि.क्रमांक-2 नीमच में प्रातः 10:30 बजे से सायं 06:00 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। जिसमें अशासकीय स्कूल के विद्यार्थियों की कक्षा नर्सरी से 8वी तक की निजी प्रकाशकों की किताबों पर 15 प्रतिशत (न्यूनतम) एवं कापियों पर 40 प्रतिशत (न्यूनतम) की छूट तथा स्कूल यूनीफार्म एवं अन्य स्टेशनरी सामग्री विशेष छुट पर उपल्ब्ध होगी। जिला शिक्षा अधिकारी नीमच ने जनसामान्य से अपील की है, कि अधिक से अधिक विद्यार्थी एवं अभिभावक निर्धारित 3 दिवसीय पुस्तक मेले में उपस्थित होकर विशेष छूट का लाभ लेवे।
=============
मुख्यमंत्री कन्या विवाह / निकाह योजना के तहत 19 अप्रैल
अक्षय तृतीया पर सामूहिक विवाह सम्मेलन
नीमच 6 अप्रेल 2026, कलेक्टर श्री हिमाशु चन्द्रा एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव के मार्गदशन में 19 अप्रैल 2026 अक्षय तृतीया के अवसर मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना तहत सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।
इस योजना के तहत निर्धारित मापदण्ड अनुसार कन्या तथा कन्या के अभिभावक गरीबी रेखा के नीचे जीवन निर्वाह करते हो साथ ही बी.पी.एल. पोर्टल पर सत्यापन अनिवार्य होगा, आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में विवाह जोड़ो की न्यूनतम संख्या 11 एवं अधिकतम संख्या 200 रहेगी। 11 जोड़ो से कम होने पर सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन नहीं हो सकेगा। योजनान्तर्गत विवाह सम्मेलन में प्राप्त आवेदनों की जांच निकाय स्तर पर की जावेगी एवं समग्र पोर्टल पर वर/वधु की आधार KYC ई.केवायसी अनिवार्य होगी ।
डिप्टी कलेक्टर एवं उप संचालक सामाजिक न्याय श्री पराग जैन ने बताया, कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना तहत आयोजित सामूहिक सम्मेलन में अपने निकाय में निर्धारित प्रारूप में आवेदन जमा करवाए, ताकि पात्र कन्याओं को शासन की योजना तहत लाभान्वित करवाया जा सकें।
========
जल गंगा संवर्धन अभियान तहत ग्राम पंचायत सरोदा में तैयार किया
ग्राउंडवाटर रिचार्ज स्ट्रक्चर का मॉडल
नीमच 6 अप्रेल 2026, जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव के निर्देशन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा डिफंक्ट बोर से रिचार्ज पिट का निर्माण कर, एक मॉडल बनाया गया है। उक्त रिचार्ज पिट कार्य को सुंदर सुलभ रूप से ग्राम पंचायतें अपना सके, इसके लिए विस्तृत रिपोर्ट क्रमवार तैयार की गई है, जिले में अनुपयोगी हो चुके बोरवेल पर उक्त पिट के निर्माण से वर्षा जल पुर्नभरण का कार्य भूजल स्तर को बढ़ाने के उपयोग में सहायक रहेगा। यह मॉडल वेस्ट टू वेल्थ के रूप में आदर्श रहेगा। यह जानकारी लोक स्वा.यां.विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री दीपेश वास्पत ने दी है।
============
जल गंगा संवर्धन अभियान तहत जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित
नीमच 6 अप्रेल 2026, जिले में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन जन अभियान परिषद की समितियों द्वारा किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखण्ड मनासा के ग्राम भाटखेड़ी बस स्टेण्ड पर प्याऊ का शुभारंभ किया गया। सरपंच श्री मनोज पुरोहित की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने मेंहदी प्रतियोगिताओं के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया।
इस मौके पर विद्यार्थियों ने पोस्टर, डिजाईन और रंगोली के माध्यम से जल संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। ग्राम बामनिया में जल संरक्षण से संबंधित नारों का दीवार लेखन भी किया गया। ग्राम सावन में बीसभुजा माता मंदिर स्थित तालाब पर स्वच्छता के लिए श्रम कर घाट की सफाई की गई और उपस्थितजनों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। मंदिर परिसर में जल मंदिर प्याऊ भी स्थापित की गई। डीकेन के गगरानी घाट पर जल संरक्षण पर आधारित रंगोली बनाकर लोगों को जागरूक किया गया।
===========
लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला आज सिंगोली आएंगे
नीमच 6 अप्रैल 2026, लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला आज 7 अप्रैल मंगलवार को सिंगोली आएंगे। लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला 7 अप्रैल को प्रातः8.00 बजे शक्ति नगर, कोटा से सड़क मार्ग द्वारा प्रस्थान कर, प्रात:9.30 बजे तिलिस्मा रोड़, सीएम राइज स्कूल के सामने, सिंगोली, जिला नीमच पहुंच कर, स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। तदपश्चात आप प्रात:10.30 बजे सिंगोली, जिला नीमच, मध्यप्रदेश से कोटा (राजस्थान) के लिए प्रस्थान करेंगे।
============
होमगार्ड जवानों का स्वास्थ्य परीक्षण शिविर सम्पन्न
नीमच 6 अप्रेल 2026, महानिदेशक होमगार्ड म.प्र.के निर्देशानुसार सोमवार को जिला चिकित्सालय नीमच में होमगार्ड जवानों का स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिला चिकित्सालय नीमच के चिकित्सकों की टीम ने जवानों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न प्रकार की बीमारियों की जांच, परामर्श एवं आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन दिया गया। यह जानकारी होमगार्ड कमाण्डेंट नीमच द्वारा दी गई।
========
दो अफीम तस्करों को 12-12 वर्ष का सश्रम कारावास एवं 02-02 लाख रूपये अर्थदण्ड
नीमच। , विशेष न्यायाधीश श्री जितेन्द्र कुमार बाजोलिया, (एन.डी.पी.एस. एक्ट) द्वारा 33 किलों 870 ग्राम किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम की तस्करी करने वाले आरोपीगण (1) चंद्राराम पिता भूराराम भाम्भू जाट, उम्र-43 वर्ष, थाना बालेसर, तहसील शेरगढ़, जिला जोधपुर (राजस्थान) व (2) गेनाराम पिता दीपाराम जाखड़, उम्र-29 वर्ष, निवासी-थाना मथानीया, तहसील तिंवरी, जिला जोधपुर (राजस्थान) को धारा 8(सी)/18(बी) एन.डी.पी.एस. एक्ट के अंतर्गत 12-12 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 02-02 लाख रूपये अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।
प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी करने वाले सी.बी.एन. के विशेष लोक अभियोजक श्री सुशील ऐरन द्वारा घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 19.11.2022 को कार्यालय उप नारकोटिक्स आयुक्त, नीमच पर मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि आरोपीगण 18 चक्कों वाले ट्रक में इम्फाल (मणीपुर) से अवैध मादक पदाथ अफीम लेकर हरियाणा, उत्तर प्रदेष माल अनलोडिंग करते हुवे जोधपुर (राजस्थान) में सप्लाई करने वाला हैं। मुखबीर सूचना के आधार पर नारकोटिक्स सेल द्वारा निवारक दल का गठन कर कार्यवाही करते हुवे दल किषनगढ़ टोल प्लाजा पँहुचा।
दिनांक 23.11.2022 को मुखबीर द्वारा बताया हुवा ट्राला आता हुवा दिखाई दिया, जिसमें दोनो आरोपीगण बैठे हुवे थे। ट्राले की तलाषी लिये जाने पर उसमें बने गुप्त चैम्बर में कुल 33 किलो 700 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम रखी हुई थी। निवारक दल द्वारा ट्राला व अफीम को जप्त कर व आरोपीगण को गिरफ्तार कर आवश्यक अनुसंधान उपरांत परिवाद विशेष न्यायालय, नीमच में प्रस्तुत किया गया।
विचारण के दौरान विशेष लोक अभियोजक द्वारा सभी महत्वपूर्ण गवाहों के बयान कराकर अवैध मादक पदार्थ अफीम की अंतर्राज्यीय तस्करी किये जाने के अपराध को संदेह से परे प्रमाणित कराते हुवे आरोपीगण को कठोर दण्ड से दण्डित किये जाने का निवेदन किया गया, जिस पर से माननीय न्यायालय द्वारा आरोपीगण को उपरोक्त दण्ड से दण्डित किया। प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी विशेष लोक अभियोजक श्री सुशील ऐरन द्वारा की गई।



