समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में देरी से नाराज़ किसान, सुवासरा में तहसील कार्यालय पर धरना

समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में देरी से नाराज़ किसान, सुवासरा में तहसील कार्यालय पर धरना
✍️ पंकज बैरागी
सुवासरा ( निप्र)समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में हो रही देरी को लेकर सुवासरा क्षेत्र के किसानों में भारी नाराज़गी देखने को मिली। किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर तहसील कार्यालय पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया और शासन-प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा।
धरना दे रहे किसानों का कहना है कि गेहूं की सरकारी खरीदी समय पर शुरू नहीं होने के कारण उन्हें मजबूरी में अपनी फसल मंडी में कम दामों पर बेचनी पड़ी। किसानों ने मांग की कि ऐसे किसानों को भावांतर योजना के माध्यम से लाभ दिया जाए।
किसानों ने यह भी मांग रखी कि सरकारी बैंकों में कृषि ऋण जमा करने की अंतिम तिथि में बदलाव करते हुए इसे 15 मई तक बढ़ाया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने नरवाई (फसल अवशेष) को लेकर की जा रही कार्रवाई पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि गेहूं और धान की नरवाई में अंतर समझा जाए और बिना समाधान किसानों को प्रताड़ित न किया जाए।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी।
इस दौरान जिला अध्यक्ष कृपाल सिंह सोलंकी, जिला मंत्री रामनिवास बैरागी, कोषाध्यक्ष निहालचंद पाटीदार, बाबूलाल धाकड़, भंवरलाल बंजारा, अर्जुन सिंह सोलंकी, तहसील अध्यक्ष भारत सिंह गुर्जर, शिवसिंह, रघुवीर सिंह, मंत्री दानू सिंह, नगर अध्यक्ष अमृत सिंह, मीडिया प्रभारी मांगू सिंह, शंभू सिंह, शंभू गिरी सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।



