समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 05 अप्रैल 2026 रविवार

जनगणना में मकान सूचीकरण स्वगणना की सुविधा 16 अप्रैल से
रतलाम : शनिवार, अप्रैल 4, 2026,
जिला योजना अधिकारी श्री बालकृष्ण पाटीदार ने बताया कि आगामी जनगणना प्रक्रिया के तहत मकान सूचीकरण चरण में नागरिकों को स्वगणना की सुविधा प्रदान की गई है। स्वगणना कार्यक्रम 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलेगा इसमें कोई भी व्यक्ति स्वयं आधिकारिक पोर्टल http://Census.gov.in/se के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकता है।
स्व गणना करने पर संबंधित व्यक्ति को एक रेफरेंस नंबर प्राप्त होगा। इसके बाद 1 मई से 30 मई के बीच जब प्रगणक घर-घर सर्वे के लिए आएंगे, तब नागरिकों को यह रेफरेंस नंबर उपलब्ध कराना होगा। प्रगणक द्वारा इस नंबर का सत्यापन कर अंतिम रूप से जानकारी सबमिट की जाएगी।
प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने और जनगणना प्रक्रिया को सरल एवं सटीक बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया गया है।
=========
ई-टोकन प्रणाली से खाद न बेचने वाले 19 निजी उर्वरक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी
रतलाम : शनिवार, अप्रैल 4, 2026, -उप संचालक किसान कल्याण व कृषि विकास श्री आर के सिंह ने बताया कि रतलाम जिले में राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के पालन में 01 अप्रैल से ई-विकास (ई-टोकन) उर्वरक प्रणाली के तहत ही शत प्रतिशत उर्वरक वितरण करने के निर्देश सभी खाद विक्रेताओं को दिए गए हैं। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने आदेशानुसार ई-टोकन प्रणाली के तहत उर्वरक वितरित न करने वाले 19 निजी उर्वरक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। जिन उर्वरक विक्रेताओं ने 01अप्रैल से 02 अप्रैल की अवधि में बिना ई-टोकन के खाद बेचा है, उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। कारण बताओ नोटिस के जवाब संतोषजनक न पाए जाने पर निजी खाद विक्रेताओं के खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
==============
स्कूल चले हम अभियान 2026 अंतर्गत “भविष्य से भेंट”कार्यक्रम आयोजित अधिकारियों ने किया विद्यार्थियों से संवाद
रतलाम : शनिवार, अप्रैल 4, 2026

मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में “स्कूल चले हम अभियान 2026” के अंतर्गत आज 4 अप्रैल को विभिन्न शासकीय विद्यालयों में “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में अधिकारियों द्वारा विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद कर उनके भविष्य निर्माण पर मार्गदर्शन दिया।
जिले के नौगवाजागीर, कन्या शाला आलोट, भड़ानकला (बाजना), जीएमएस धराड़, बालक माध्यमिक विद्यालय सरवन, सांदीपनी स्कूल आलोट, इटावाखुर्द एवं बिरमावल सहित जिले के 109 विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों ने विद्यार्थियों को कैरियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं यूपीएससी ,एसएससी और सेना की तैयारी तथा नैतिक मूल्यों पर विशेष मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अभी से ही लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने, आत्मविश्वास बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान मेधावी विद्यार्थियों, एनएमएमएस चयनित छात्रों का सम्मान किया गया।
अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को गणित, विज्ञान, अंग्रेजी जैसे विषय को सरल तरीके से समझाते हुए पढ़ाई को बिना तनाव के करने के टिप्स प्रदान किए गये। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद के दौरान कहा कि मेहनत और लगन से किसी भी विषय में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने शासकीय विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने का संदेश भी दिया। स्कूलों में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही और शिक्षकों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए।
=============
शासन की गहन चिकित्सा इकाई में ब्रेन स्ट्रोक का मरीज शासकीय अस्पताल में उपचार के बाद स्वस्थ
रतलाम : शनिवार, अप्रैल 4, 2026,
जन कल्याणकारी सरकार द्वारा आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शासकीय अस्पतालों में चिकित्सा सेवाएं एवं चिकित्सा उपकरणों की सुविधाएं निरंतर प्रदान की जा रही है। जिससे की गरीब और जरूरतमंद व्यक्तियों का समय पर उपचार कर उन की जान बचाई जा सके। सिविल सर्जन डॉ एम एस सागर ने बताया कि जिला चिकित्सालय में शासन की गहन चिकित्सा इकाई में ब्रेन स्ट्रोक के मरीज का समय पर उपचार कर उसकी जान बचाई जा सकी। मरीज ताज मोहम्मद निवासी अशोक नगर रतलाम को 26 मार्च को जिला चिकित्सालय रतलाम की ओपीडी से गम्भीर स्थिति में गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती किया गया था। मरीज की जांच करने पर पता लगा की मरीज को लकवा है । गम्भीर स्थिति को देखते हुए आई सी यू में मौजूद डॉ अंकित जैन ने मरीज का गंभीर हालत में एम आर आई करवाया। एम आर आई में पाया गया कि मरीज को सी वी ए ब्रेन स्ट्रोक, हैं गंभीर स्थिति में होने के कारण उसके जीवित रहने की संभावना बहुत कम थी।
मरीज के बेटे ने बताया कि वह गहन चिकित्सा इकाई की सभी सेवाओं से बहुत संतुष्ट है। मरीज से सम्बंधित सभी दवाई, गोली, इंजेक्शन अस्पताल से उपलब्ध करवाए गए। शासन की निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सरकार का बहुत बहुत धन्यवाद।
==============



