मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 27 मार्च 2026 शुक्रवार

//////////////////////////////////////////////

जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन हेतु ग्रामीण चार्ज अधिकारियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

मंदसौर 26 मार्च 26 / जनगणना 2027 के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने हेतु जिले में तैयारियों को गति प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में मंदसौर जिले में ग्रामीण चार्ज स्तर पर नियुक्त अधिकारियों के लिए जिला स्तर पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जनगणना के जिला प्रभारी श्री अभिषेक ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 24 मार्च से 26 मार्च 2026 तक आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य जनगणना कार्य में संलग्न अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों, प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं के संबंध में विस्तृत एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना रहा।

इस प्रशिक्षण में भानपुरा, मल्हारगढ़, गरोठ, शामगढ़ एवं सीतामऊ तहसीलों के तहसीलदार एवं चार्ज जनगणना अधिकारी तथा मुख्य नगर पालिका मंदसौर के चार्ज जनगणना अधिकारी शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया, डेटा संकलन की विधियाँ, क्षेत्रीय स्तर पर समन्वय तथा डिजिटल एवं तकनीकी उपकरणों के उपयोग के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।

प्रशिक्षण सत्र में श्री अभिषेक ठाकुर एवं श्री सत्येन्द्र सिंह राठौर द्वारा जनगणना कार्य की बारीकियों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। उन्होंने फील्ड स्तर पर कार्य के प्रभावी संचालन, त्रुटिरहित डेटा संकलन एवं समयबद्ध रिपोर्टिंग की महत्ता पर विशेष जोर दिया।

अधिकारियों को यह भी अवगत कराया गया कि जनगणना कार्य एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसमें प्रत्येक स्तर पर सतर्कता, सटीकता एवं समन्वय आवश्यक है। प्रशिक्षण के माध्यम से सभी अधिकारियों को आगामी जनगणना कार्य के लिए पूर्ण रूप से तैयार किया गया।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों द्वारा प्राप्त प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं मार्गदर्शक बताया गया। जिला प्रशासन द्वारा भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन की बात कही गई है, ताकि जनगणना कार्य को शत-प्रतिशत सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके।

==============

जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जनअभियान परिषद ने किया दीवार लेखन का कार्य

मंदसौर 26 मार्च 26/ मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद, जिला मंदसौर के अंतर्गत विकासखंड गरोठ में चयनित नवांकुर संस्था सामाजिक एवं पर्यावरण जन जागरण समिति, बामणी सेक्टर गरोठ द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत दीवार लेखन का कार्य किया गया।

इस अभियान का उद्देश्य जन-जन में जल संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना है। दीवार लेखन के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नागरिकों को जल के महत्व, वर्षा जल संचयन एवं जल बचाने के उपायों के प्रति प्रेरित किया गया।

संस्था के कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर प्रेरणादायक संदेश अंकित किए गए, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक जल संरक्षण का संदेश पहुँच सके।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जल ही जीवन है और इसके संरक्षण हेतु सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं।

==============

कल्याणकारी संस्थाओं एवं छात्रावासों के लिए खाद्यान्न वितरण योजना

मंदसौर 26 मार्च 26 / राज्य शासन द्वारा निराश्रित व्यक्तियों की संस्थाओं, शासकीय अथवा शासकीय सहायता प्राप्त अनुसूचित जाति/जनजाति/पिछड़ा वर्ग के छात्रावासों, मदरसों, वृद्धाश्रमों, नारी निकेतन, अनाथ आश्रमों एवं अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं के हित में एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजना संचालित की जा रही है।

इस योजना के अंतर्गत संबंधित कल्याणकारी संस्थाएँ एवं छात्रावास एम-राशन मित्र पोर्टल पर पंजीयन कर आवेदन कर सकते हैं। पंजीयन के उपरांत पात्र संस्थाओं को निर्धारित दर पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है।

योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति एवं जनजाति के छात्रावासों में निवासरत अंतःवासियों को भोजन हेतु गेहूँ 1 रुपये प्रति किलोग्राम तथा चावल 1 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त अन्य छात्रावासों एवं संस्थाओं के निवासियों को बीपीएल दर पर खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है।

इस योजना के अंतर्गत खाद्यान्न का वितरण प्रतिमाह किया जाता है। योजना के क्रियान्वयन हेतु जिला आपूर्ति नियंत्रक/अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

यह योजना पात्र संस्थाओं एवं छात्रावासों के रहवासियों को सस्ते एवं सुचारु खाद्यान्न आपूर्ति सुनिश्चित कर उनके कल्याण एवं पोषण सुरक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

===============

केंद्रीय विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ

बाल वाटिका 1 व 3 एवं कक्षा 1 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 2 अप्रैल

मंदसौर 26 मार्च 26 / केंद्रीय विद्यालय मंदसौर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। विद्यालय प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार बाल वाटिका-1, बाल वाटिका-3 एवं कक्षा 1 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 2 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।

पंजीकृत विद्यार्थियों की चयनित एवं अंतिम सूची का प्रदर्शन 8 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया 16 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगी।

बाल वाटिका-2, कक्षा 2 एवं अन्य कक्षाओं के लिए पंजीकरण 2 अप्रैल से 8 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। इन कक्षाओं के लिए चयन सूची 13 अप्रैल 2026 को जारी होगी तथा प्रवेश प्रक्रिया 15 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक संपन्न की जाएगी।

विद्यालय प्रशासन के अनुसार कक्षा 11 को छोड़कर अन्य सभी कक्षाओं में प्रवेश की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित है। कक्षा 11 में प्रवेश की अंतिम तिथि कक्षा 10 वीं के परीक्षा परिणाम घोषित होने के 30 दिवस के भीतर रहेगी।

अभिभावकों से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन करने की अपील की गई है।

प्रवेश संबंधित विवरण वेबसाइट https://kvsangathan.nic.in/en/admission/ के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है। कक्षा 1 एवं बालवाटिका 1, 2 एवं 3 (जहाँ लागू हो) के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का लिंक: https://admission.kvs.gov.in

-कक्षा-1 में प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु 06 वर्ष होनी अनिवार्य है। सभी कक्षाओं के लिए आयु की गणना 31.03.2026 के अनुसार होगी। कक्षाओं में सीटों का आरक्षण के.वि.सं. के प्रवेश दिशा-निर्देशों 2026-27 के अनुसार किया जाएगा।

बालवाटिका-1, 2 एवं 3 में प्रवेश हेतु आयु क्रमशः 3 से 4 वर्ष, 4 से 5 वर्ष और 5 से 6 वर्ष होगी, जो 31.03.2026 के अनुसार होगी।

बालवाटिका-2 व 3 (जहाँ ऑनलाइन माध्यम से आवेदन नहीं होना है), कक्षा II एवं उससे ऊपर (कक्षा XI को छोड़कर) की कक्षाओं में, स्थान रिक्त होने पर ही, प्रवेश के लिए पंजीकरण दिनांक 02.04.2026 प्रातः 10:00 बजे से दिनांक 08.04.2026 सायं 4:00 बजे तक ऑफलाइन मोड (offline mode) द्वारा किया जा सकेगा। विधिवत भरे हुए फॉर्म को संबंधित के०वि० में प्राचार्य के कार्यालय में जमा करवाना होगा।

================

स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश नवीनीकरण के लिए 28 मार्च तक खुला रहेगा प्रवेश पोर्टल

स्नातक (द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ वर्ष) तथा स्नातकोत्तर (तृतीय सेमेस्टर) के परीक्षार्थियों के लिए प्रवेश नवीनीकरण के लिए विशेष अवसर

मंदसौर 26 मार्च 26 / उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश के विद्यार्थियों के व्यापक शैक्षणिक हितों एवं भविष्य की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए, स्नातक (द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ वर्ष) तथा स्नातकोत्तर (तृतीय सेमेस्टर) के परीक्षार्थियों के लिए प्रवेश नवीनीकरण (Admission Renewal) के लिए विशेष अवसर प्रदान करने का निर्णय लिया गया है।

विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी उच्च शिक्षा डॉ दिवा मिश्रा ने बताया कि यह विशेष सुविधा उन विद्यार्थियों के लिए प्रदान की गई है, जो प्रवेश नवीनीकरण के लिए निर्धारित तिथि के उपरांत पूरक परीक्षा परिणामों की घोषणा के कारण नियत समय-सीमा में अपनी प्रवेश औपचारिकताएं पूर्ण करने से वंचित रह गए थे। प्रवेश पोर्टल को 28 मार्च 2026 तक सक्रिय (Activate) किया जा रहा है। संबंधित विद्यार्थी, इस विस्तारित अवधि का लाभ उठाकर अपने प्रवेश नवीनीकरण की प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूर्ण करें।

समस्त शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने क्षेत्राधिकार के अंतर्गत संचालित महाविद्यालयों के शेष पात्र विद्यार्थियों का त्वरित चिन्हांकन कर, उनका प्रवेश नवीनीकरण एवं शुल्क समय सीमा में जमा करवाना सुनिश्चित करें।

उच्च शिक्षा विभाग द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह सुविधा सीमित अवधि के लिए ही उपलब्ध होगी, इसलिए सभी संबंधित विद्यार्थी एवं संस्थान निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन करें, जिससे किसी भी विद्यार्थी की शैक्षणिक निरंतरता बाधित न हो।

=============

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}