मंदसौरमंदसौर जिला
झूलेलाल जन्मोत्सव का भव्य आगाज़- प्रभात फेरी में उमड़ा सिंधी समाज, भक्ति और उत्साह के साथ हुआ स्वागत

झूलेलाल जन्मोत्सव का भव्य आगाज़- प्रभात फेरी में उमड़ा सिंधी समाज, भक्ति और उत्साह के साथ हुआ स्वागत
मन्दसौर। सकल सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान श्री झूलेलाल के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की भव्य शुरुआत प्रभात फेरी के साथ हुई। भक्तिमय माहौल में परिसर सिंधु आराधना मंदिर से इस प्रभात फेरी का शुभारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में वरिष्ठजन, युवा शक्ति, मातृ शक्ति और बच्चों ने शामिल होकर भगवान झूलेलाल की आराधना की। प्रभात फेरी के दौरान पूरी संगत भजन-कीर्तन और नृत्य करते हुए उत्साह के साथ आगे बढ़ी।प्रभात फेरी अपने पहले दिन सिंधु आराधना मंदिर से निकलकर सर्वप्रथम प्रदीप होतवानी के निवास स्थान पहुँची, जहाँ होतवानी परिवार द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इसके पश्चात प्रभात फेरी राजू भाई सतीदासानी के निवास स्थान पहुँची, जहाँ सतीदासानी परिवार ने जोरदार आतिशबाजी के साथ अगवानी की। उत्साह का यह क्रम धर्मदास संगतनी के निवास पर भी जारी रहा, जहां संगतानी परिवार द्वारा पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद प्रभात फेरी भगवानदास ज्ञानानी (बिन्नी भाई) के निवास स्थान पहुँची, जहाँ आतिशबाजी के बीच श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
अगले पड़ाव के रूप में प्रभात फेरी सिंधी जनरल पंचायत के अध्यक्ष वासुदेव सेवानी के निवास स्थान पहुँची, जहाँ पूरे सेवानी परिवार ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धापूर्वक स्वागत किया। प्रभात फेरी का छठा और अंतिम पड़ाव भारत मनकानी का निवास स्थान रहा, जहाँ मनकानी परिवार के साथ स्थानीय पार्षद गरिमा भाटी एवं समाजसेवी सुभाष गुप्ता द्वारा भी भव्य स्वागत किया गया। इन सभी स्थानों पर मुरली भाई परवानी व पप्पी दीदी द्वारा धार्मिक विधि, पल्लव और अरदास संपन्न कराई गई।
इस विशेष अवसर पर सिंधी जनरल पंचायत की ओर से सभी छह लाभार्थी परिवारों को सुखड़ी स्वरूप भगवान झूलेलाल की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। ‘आयो लाल झूलेलाल’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा और समाज के सभी वर्गों ने पूरी आस्था के साथ प्रभात फेरी में सहभागिता की।



