
बरखेड़ा कला पुलिस की कार्रवाई, ट्रैक्टर चोरी के मामले का खुलासा, मां-बेटे सहित 05 आरोपी गिरफ्तार
रतलाम 04 मार्च 2026 -थाना बरखेड़ा कला पुलिस द्वारा ट्रैक्टर चोरी के मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मां-बेटे सहित कुल 05 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल तथा एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बरखेड़ा कला निरीक्षक रविंद्र दंडोतिया के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा उक्त कार्रवाई की गई।
17.02.2026 को फरियादी मोतीलाल मालवीय निवासी ग्राम जमुनिया शंकर द्वारा थाना बरखेड़ा कला में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसका महिंद्रा ट्रैक्टर रात्रि में अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया है। रिपोर्ट पर थाना बरखेड़ा कला में अपराध क्रमांक 29/2026 धारा 303(2) BNS के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई तथा विभिन्न पहलुओं पर जांच की गई। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि घटना के समय किसी भी मार्ग से ट्रैक्टर के आने-जाने का कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं मिला, जिससे पुलिस को प्रकरण में संदेह हुआ।
आगे की जांच में पता चला कि फरियादी के भाई राजू उर्फ राजेश मालवीय द्वारा ट्रैक्टर को पहले ही बेच दिया गया था तथा फाइनेंस की किस्तों से बचने के लिए ट्रैक्टर चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
पुलिस द्वारा राजू उर्फ राजेश को अभिरक्षा में लेकर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई, जिसमें उसने स्वीकार किया कि उसने मुकेश पाटीदार एवं असलम शाह के साथ मिलकर ट्रैक्टर को बेचने की योजना बनाई।
आरोपियों ने दलाल प्रदीप कुमावत निवासी दलोदा के माध्यम से उक्त ट्रैक्टर को मथुरा निवासी मदन मोहन को बेच दिया और बाद में ट्रैक्टर चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान ट्रैक्टर बिक्री से संबंधित नोटरी दस्तावेज भी जप्त किए गए हैं।
इस मामले में SK Finance आलोट शाखा द्वारा भी फरियादी के विरुद्ध धोखाधड़ी संबंधी शिकायत दर्ज कराई गई है। प्रकरण में धारा 318(4), 238, 61(2) BNS का इजाफा किया गया है तथा आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की विवेचना की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी–1. राजू उर्फ राजेश पिता नंदलाल मालवीय, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम जमुनिया शंकर
2 मुकेश पिता रामलाल पाटीदार, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम जमुनिया शंकर
3. असलम पिता हुसैन शाह, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम जमुनिया शंकर
4. मोतीलाल पिता नंदलाल मालवीय, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम जमुनिया शंकर
5.रत्नीबाई पति नंदलाल मालवीय, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम जमुनिया शंकर
सराहनीय योगदान– इस कार्रवाई में निरीक्षक रविंद्र दंडोतिया (थाना प्रभारी बरखेड़ा कला), प्रधान आरक्षक सुरेंद्र कच्छावा, आरक्षक ओमप्रकाश गुर्जर, राजेश चौधरी, शकील, ईश्वर धाकड़, महिला आरक्षक शारदा लोहार तथा सायबर सेल रतलाम का सराहनीय योगदान रहा।



