मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 19 फरवरी 2026 गुरुवार

बे-मौसम बारिश होने से फसलों का सर्वे किया गया

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने गत दिवस जिले में हुई बे-मौसम बारिश के कारण जिले में फसल नुकसानी के सर्वे हेतु राजस्व निरीक्षक, कृषि अधिकारी/कर्मचारी एवं पटवारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर के निर्देशानुसार राजस्व निरीक्षक, पटवारी एवं कृषि विभाग की टीम द्वारा आज तहसील बाजना, तहसील सैलाना, तहसील जावरा, तहसील पिपलौदा, तहसील रावटी एवं तहसील ताल के ग्राम निपानिया लीला, माल्या ताल, कसारी हरोड, मीनावदा में फसलों का सर्वे किया गया। इन स्थानों पर सर्वे के दौरान बारिश से किसी भी फसल को क्षति और नुकसानी नही पाई गई।

===========

बजट में जावरा विधानसभा क्षेत्र को मिली 74 करोड़ की सौगात

प्रदेश का बजट समावेशी होकर विकासशील बजट है। जावरा विधानसभा क्षेत्र को साढ़े 74 करोड़ रूपये से अधिक की सौगात इस बजट में मिली है, जिससे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है।

जावरा विधायक डॉ राजेन्द्र पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि जावरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यो के प्रस्तावों को शासन स्तर पर कार्यवाही में सम्मिलित किया गया है। विधानसभा में प्रस्तुत बजट में क्षेत्र को 3 महत्वपूर्ण सड़क मार्गो की स्वीकृति मिली है। ये सड़क मार्ग क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होकर लम्बे समय से ग्रामीणजनों की मांग पर कार्यवाही की जा रही थी ।जिसके लिए मुख्यमंत्री व लोक निर्माण मंत्री जी से विभिन्न स्तर पर आग्रह किया गया था। डॉ पांडेय ने आगे बताया कि बजट में कुल लगभग 74.55 करोड़ रूपये की स्वीकृतियां मिली है।जिसमे राकोदा-माऊखेड़ी-रियावन-कालूखेड़ा मार्ग निर्माण के अलावा ग्राम मावता-रियावन-चिपिया-माऊखेड़ी-धामेडी-राकोदा-बडायला माताजी मार्ग निर्माण की स्वीकृति मिली है। जावरा -नयागांव फोरलेन हाईवे पर लगातार हो रही दुर्घटना को नियंत्रित करने के लिए ब्लेक स्पॉट चिन्हित किये गए है। उन स्थानों पर मार्ग संधारण व सुरक्षात्मक उपाय के कार्य को भी बजट में सम्मिलित किया गया है। मार्ग के ग्राम माननखेड़ा में दीर्घकालिक परिशोधन कार्य की स्वीकृति दी गई है। इसके साथ विगत वर्षों से चली आ रही प्रमुख मांग मन्दसौर जिले के पटलावद से जावरा तहसील के ग्राम मार्तंडगंज सड़क मार्ग की भी स्वीकृति मिली है। जावरा विधानसभा क्षेत्र को मिली सौगात से क्षेत्र में हर्ष है।

विधायक डॉ पांडेय ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव,उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा व लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है

=======

पानी में डूबने के कारण मृतक के परिवार को 4 लाख आर्थिक सहायता स्वीकृत

विगत दिवस मिंडा जी मलेनी नदी में डूबने की दुखद घटना पर विधायक डॉ राजेन्द्र पांडेय ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को अवगत कराया गया। डॉ यादव के निर्देश पर पीड़ित परिवार को चार लाख रु की सहायता स्वीकृत की गई है।

उल्लेखनीय है कि विगत दिवस जावरा विकासखण्ड के मिन्डेश्वर के पास मलेनी नदी को पार करते समय नाव के पलटने से ग्राम उणी निवासी पुष्कर पिता मुन्नालाल का दुखद निधन हो गया था।विधानसभा सत्र के कारण विधायक डॉ पांडेय ने भोपाल से जिला व पुलिस प्रशासन से निरंतर संपर्क में रहते हुए बचाव कार्य की भी जानकारी लेकर निर्देशित किया। विधायक डॉ पांडेय ने घटना से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को भी अवगत कराया।जिस पर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने दुख व्यक्त कर श्रद्धांजलि अर्पित की । विधायक डॉ पांडेय के आग्रह पर मुख्यमंत्री डॉ यादव के आदेशानुसार अनुविभागीय अधिकारी जावरा श्री सुनील जायसवाल द्वारा पीड़ित परिवार को चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई।

=========

अवैध संग्रहित मदिरा जप्त

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में तथा सहायक आबकारी आयुक्त डॉ शादाब अहमद सिद्दीकी के मार्गदर्शन एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री मनोहर खरे के नेतृत्व में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं संग्रहण के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत 18 फरवरी को वृत्त सैलाना प्रभारी अधिकारी चेतन वैद द्वारा वृत क्षेत्र में ग्राम चावडाखेडी थाना सरवन मे पियूष पिता जीवन निनामा के निवास से अवैध रूप से संग्रहित 08 पेटी विदेशी मदिरा बियर माऊंट एवं पावर 10000 के 15 केन, इस प्रकार कुल 103.5 बल्क लिटर अवैध मदिरा ज़ब्त कर आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। इस प्रकार जब्त मदिरा की कीमत 20,700/- रुपए आंकी गई। कार्यवाही मे आरक्षक रामचरण पंवार, सैनिक नरेंद्र सिंह भाटी का सराहनीय योगदान रहा।

==========

कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने पलसोड़ी डेम में दो बालकों के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की प्रशासन को दिए तत्काल चार-चार लाख की सहायता स्वीकृत करने के निर्देश

ग्राम पलसोड़ी के जय श्रीराम डेम में डूबने से दो बालकों के असामायिक निधन की घटना अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शोकाकुल परिवारों को संबल प्रदान करें।

इन शब्दों के साथ कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने दोनों बालकों के परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जिला प्रशासन को दोनों बालकों के निधन पर चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल स्वीकृत करने के निर्देश दिए । ज्ञातव्य है कि विगत दिनों बाजना रोड़ स्थित पलसोड़ी के जय श्रीराम डेम में टाटा नगर निवासी ध्रुव बलसोरे पिता आनंद बलसोरे उम्र 14 वर्ष एवं श्रीनगर, रतलाम निवासी जय उर्फ आशुतोष मंडलोई पिता बसंतीलाल मंडलोई की दुखद मृत्यु हो गई है।

मंत्री श्री काश्यप के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी रतलाम शहर सुश्री आर्ची हरित द्वारा दोनों मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मंत्री श्री काश्यप ने दोनों बालकों को श्रद्धांजलि देते हुए प्रशासन को भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु आवश्यक सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

=========

उमंग स्कूल हेल्थ एंड वैलनेस अंतर्गत शिक्षकों का प्रशिक्षण संपन्न

मां के बाद शिक्षक की बच्चों के विकास में अहम भूमिका होती है, किशोर बालक बालिकाओं को संवेदनशील उम्र होने के कारण समय पर सही मार्गदर्शन दिया जाना आवश्यक है, यह बात मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संध्या बेलसरे ने आयुष्मान भारत उमंग स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम अंतर्गत एंबेसडर शिक्षकों के प्रशिक्षण के दौरान कही।

रतलाम जिले के होटल प्रिंस पैलेस पर स्कूली शिक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम का दसवां बेच आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम का उन्मुखीकरण किया गया। कक्षा पांचवी से आठवीं तक के बच्चों को केंद्रित करते हुए किशोरावस्था के दौरान शारीरिक परिवर्तन एवं स्वस्थ आदतें, स्वस्थ जीवन शैली अपनाने, दैनिक ऊर्जा पुनर्जीवन, तनाव के स्रोत का प्रभाव, मानसिक स्वास्थ्य, गेटकीपर मित्रम, आत्महत्या रोकथाम, टेली मानस हेल्पलाइन, मनहित एप्लिकेशन, जस्ट आस्क, यौन एवं प्रजन्न स्वास्थ्य, संप्रेषण के माध्यम आदि विषयों पर शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के संबंध में श्री योगेश पाल ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत रतलाम जिले की रैंकिंग प्रदेश में प्रथम स्थान पर है, जिला मैनेजर राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम श्री मोहन कछावा ने बताया कि चेट बोट नंबर 8657024541 पर व्हाट्सएप चेट के माध्यम से किशोर स्वास्थ्य, प्रजनन स्वास्थ्य, माहवारी के संबंध में किशोर बालक/बालिकाओं के मन में जिज्ञासा आधारित प्रश्नों का तत्काल समाधान मिल जाता है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

==========

जैविक खेती के लिए जावरा एवं पिपलौदा में मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण आयोजित

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार जैविक खेती के लिए 18 फरवरी को जावरा एवं पिपलौदा में जैविक खेती के लिए मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण आयोजित किया गया है । प्रशिक्षण मे एसडीओ कृषि जावरा श्री आर के सिंह, केवीके कालुखेडा के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ एस आर जाकड़, ग्राम आंबा (पिपलौदा) के जैविक खेती विशेषज्ञ श्री राजेन्द्र सिंह राठौर, ग्राम आयाना के श्री कुलदीप सिंह और कृषि विस्तार अधिकारी सहित क्षेत्र के प्रगतिशील कृषक उपस्थित थे।

विकासखंड जावरा में जैविक खेती के लिए मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण में एसडीएम जावरा श्री सुनील जयसवाल, एसडीओ कृषि जावरा श्री आर के सिंह, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ एस आर जाकड, ग्राम मुंडली (रसुरपुर) के जैविक खेती विशेषज्ञ श्री दशरथ पाटीदार, ग्राम सदाखेड़ी के श्री सुनील शर्मा और वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी विकासखंड जावरा, विस्तार अधिकारी सहित ग्राम पंचायत के जैविक खेती करने वाले प्रगतिशील कृषक उपस्थित थे।

==========

ग्राम लिंमडीपाडा ब्लाक सैलाना में नव दंपति सम्मेलन आयोजित किया गया

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संध्या बेलसरे ने बताया कि राष्ट्रीय परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत नव विवाहित दंपतियों को स्वस्थ शुरुआत- सुखी जीवन की नींव की थीम पर आधारित परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए जिले के ग्राम लिमडी पाडा ब्लाक सैलाना में नव दंपति सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन के दौरान नव दंपति को शादी के बाद 10 से 15 दिनों में आशा कार्यकर्ता से मिलने, गर्भावस्था की तैयारी, गर्भावस्था पूर्व की अवधि में दंपतियों को मिलने वाली आवश्यक परिवार कल्याण सेवाओं, गर्भावस्था की जल्दी पहचान और पंजीयन की आवश्यकता, परिवार नियोजन के महत्व, गर्भावस्था से पहले पोषण में पुरुष की सहभागिता, परिवार कल्याण के लिए पति-पत्नी दोनों की सहभागिता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। सम्मेलन के दौरान नव दंपति महिलाओं को आयरन फोलिक एसिड एवं कैल्शियम के लाभ तथा इसकी पूरी खुराक के फायदे के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन में नव दंपतियों को नई पहल किट प्रदान किए गए। किट में महिलाओं के मेकअप की सामग्री सहित परिवार कल्याण संबंधी परामर्श सामग्री प्रदान की गई। सम्मेलन के दौरान माइक्रोन्यूट्रिएंट इनीशिएटिव के संभागीय समन्वयक श्री आशीष पुरोहित, कम्युनिटी हेल्थ ऑफीसर ज्योति पाटीदार, एएनएम शर्ली जॉन, आशा सहयोगी सागर मईडा, आशा कार्यकर्ता मीरा भाबर, मधु गामड, दुर्गा खराडी बिजुडी हटीला, तोली डामर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

=======

आयुष्मान आरोग्य मंदिर बल्लीखेड़ा पर आयरन सुक्रोज इंजेक्शन लगाए गए

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संध्या बेलसरे ने बताया कि राष्ट्रीय मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर बल्लीखेड़ा ब्लॉक सैलाना में गंभीर खून की कमी वाली 6 गर्भवती महिलाओं को आयरन सुक्रोज के इंजेक्शन कम्युनिटी हेल्थ ऑफीसर श्री संजय मचार द्वारा लगाए गए। गर्भवती महिलाओं को आवश्यक परामर्श एवं उपचार सेवाएं प्रदान करते हुए सभी खून की कमी वाली महिलाओं को संस्थागत प्रसव कराने का परामर्श दिया गया तथा उन्हें आयरन एवं कैल्शियम की गोलियां प्रदान की गई।

===========

सुनीता/भैय्यू की लाडली लक्ष्मी ने जीती जंग एस एन सी यू रतलाम में गंभीर अवस्था में भर्ती नवजात उपचार के बाद स्वस्थ है

सिविल सर्जन डॉक्टर एम एस सागर ने बताया कि सुनीता पति भय्यू निवासी मलवासी, थाना रावटी ब्लॉक बाजना रतलाम की डिलीवरी 13 दिसंबर को दोपहर 1:40 बजे जिला चिकित्सालय के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य चिकित्सा इकाई में हुई थी। सुनीता की डेलिवरी मात्र 26 सप्ताह में ही हो गई थी। डिलीवरी के बाद बच्चे को अत्यधिक कम वजन और , प्रीमेच्योर एवं सांस लेने में दिक्कत के चलते एन बी सी सी नर्स द्वारा नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया। बच्चे का वजन महज 936 ग्राम था । भर्ती के समय बच्चे की स्थिति अत्यधिक गंभीर बनी हुई थी ।

बच्चे को सिविल सर्जन डॉ एम एस सागर के मार्गदर्शन मे प्रभारी शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ ए पी सिंह के नेतृत्व में एस एन सी यू के डॉक्टर एवं नर्सिंग ऑफिसर की टीम द्वारा फैसिलिटी बेस्ड नियो नेटल केयर गाइडलाइंस अनुसार उपचार शुरू किया गया।

बच्चे को भर्ती उपरांत सी पेप मशीन से 16 दिन तक ऑक्सीजन प्रदाय किया गया एवं बाद में नेजल प्रॉन्स से 23 दिन ऑक्सीजन पर रखा गया। प्रोटोकॉल अनुसार चिकित्सीय प्रबंधन जारी रखा। बच्चे की खून की जांचे कराई गई एवं बच्चे को आवश्यक उपचार के साथ साथ निगरानी में नली द्वारा कम मात्रा में मां का दूध शुरू किया गया एवं दिन प्रतिदिन दूध पिलाने की मात्रा बढाई गई। नवजात को एनीमिया होने के कारण ब्लड ट्रांसफ्यूजन भी किया गया। नवजात को ऑक्सीजन देने के साथ साथ ही कंगारू मातृ सुरक्षा दी गई। करीब 55 दिन तक नवजात एस एन सी यू में भर्ती रहा ।सुनीता द्वारा अपने बच्चे को प्रतिदिन 8 से 10 घण्टे कंगारू मदर देखभाल कराई जाती थी एवं समय समय पर माता द्वारा नर्सिंग ऑफिसर की निगरानी में कटोरी चम्मच से दूध पिलाया जाना शुरू किया गया। नवजात को एस एन सी यू में इन्फेक्शन प्रिवेंशन का भी कडाई से पालन किया गया। इसी बीच में नवजात की आंखों का भी परीक्षण (रेटिनोपैथी ऑफ प्री मैच्योरिटी ) 2 बार किया गया जो कि नॉर्मल रहा। नवजात का पूरी तरह स्वस्थ होने, वजन में वृद्धि एवं माता द्वारा दूध एवं अन्य देखभाल में सक्षम होने उपरान्त 18 फरवरी को डिस्चार्ज किया गया। डिस्चार्ज के समय बच्चे का वजन 1720 ग्राम था।

बच्चे के परिजनों ने एस एन सी यू के समस्त डॉक्टर एवं नर्सिंग ऑफिसर एवं सफाई कर्मियों का आभार व्यक्त किया। नवजात के इलाज में डॉ प्रतीक आर्य, डॉ राम कुमार, डॉ वेलेरी, डॉ अनुष्का, नर्सिंग ऑफिसर इंचार्ज भारती गहलोत, नर्सिंग ऑफिसर नेहा, अर्चना, वेरोनिका,रजनी,प्रीति, साधना, कनीता,सरस्वती, प्रिया की मुख्य भूमिका रही।

=============

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}