समाचार मध्यप्रदेश नीमच 19 फरवरी 2026 गुरुवार

////////////////////////////////////
जिला पंचायत सीईओ श्री वैष्णव ने ली किसान उत्पादक संगठनों की बैठक
नीमच 18 फरवरी 2026, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत नीमच की अध्यक्षता में जिले में कार्यरत विभिन्न किसान उत्पादक संगठनों (FPO’s) की बैठक का आयोजन जिला पंचायत सभाकक्ष में किया गया, जिसमें कृषि विभाग अंतर्गत 16 किसान उत्पादक संगठनों (FPO’s) तथा वाटरशेड द्वारा संचालित 03 किसान उत्पादक संगठनों ने भाग लिया।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत नीमच द्वारा किसान उत्पादक संगठनों (FPO’s)के उन्नयन हेतु एक क्षेत्र में केंद्रीत न रहकर विविध क्षेत्रों जैसे प्रोसेसिंग, पेकेजिंग, यंत्रीकरण, साइलेज मेकिंग जैसे क्षेत्रों में कार्य करने की आवश्यकता के बारे में विस्तार से समझाया गया। साथ ही कृषि तथा संबद्ध सभी विभागों को अपनी विभागीय योजनाओं में किसान उत्पादक संगठनों (FPO’s) के सदस्यों को लाभांवित करने हेतु विशेष रूचि लेने हेतु निर्देशित किया।
समीक्षा बैठक में उप संचालक कृषि, उप संचालक, पशु चिकित्सा सेवायें, सहायक संचालक, मतस्य, सचिव, कृषि उपज मंडी, वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। अंत में आभार उप संचालक कृषि, नीमच श्री पी.सी. पटेल ने माना।
==========
युवा संगम रोजगार मेला 25 फरवरी को नीमच में
नीमच 18 फरवरी 2026, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग द्वारा युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने के लिए “युवा संगम – रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला, नीमच” 25 फरवरी 2026 बुधवार को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आई.टी.आई.), नीमच, जिला नीमच में प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित किया जा रहा हैं। उक्त युवा संगम में निजी क्षेत्र की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा अलग-अलग पदों पर भर्ती की जाएगी। इस हेतु शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, किसी भी विषय में स्नातक निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा लगभग 18 से 35 वर्ष रखी गई हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षणिक योग्यता से संबंधित समस्त दस्तावेज, रोजगार पंजीयन कार्ड, नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो एवं अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्रों की मूल प्रति एवं छायाप्रति साथ लाना अनिवार्य होगा। मेले में भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क हैं।
=============
कलेक्टर द्वारा अवैध उत्खनन के एक प्रकरण में 58 हजार से अधिक की शास्ति आरोपित
नीमच 18 फरवरी 2026, कलेक्टर श्री हिमाशु चंद्रा द्वारा अवैध खनिज उत्खनन के एक प्रकरण में कुल 58 हजार 500 की शास्ति अधिआरोपित की गई हैं। कलेक्टर श्री चंद्रा ने म.प्र. खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के तहत अनावेदक अवैध उत्खननकर्ता वाहन मालिक बद्रीलाल पिता नानुराम नायक निवासी सुवाखेडा द्वारा मुरूम का अवैध उत्खनन करने पर खनिज रायल्टी का 15 गुना अर्थशास्ति राशि 29250 रूपए एवं पर्यावरण क्षतिपूर्ति 29250 हजार रूपये इस प्रकार कुल 58500 रूपए की शास्ति अधिरोपित की हैं। खनिज विभाग द्वारा खनिज का अवैध उत्खनन पाए जाने पर, प्रकरण पंजीबद्ध कर, कलेक्टर न्यायालय नीमच में प्रस्तुत किया गया था।
=========
जिले में शांति एवं सदभाव के साथ त्यौहार मनाने की परम्परा हमेशा कायम रहे- श्री चंद्रा
परीक्षाओं के मददेनजर निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा- एस.पी.
जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न
नीमच 18 फरवरी 2026, आगामी होली, रंग पंचमी एवं रंग तेरस पर सूखे अच्छे किस्म के रंगो से होली खेले, जबरन किसी पर रंग ना डाले। होलिका दहन के लिए हरे पेड़ नहीं काटे। बिजली के तारों के नीचे होलिका दहन ना करें। पानी के अपव्यय को रोके। ऑखों एवं शारीरिक क्षति पहुंचाने वाले रंगों का उपयोग ना करें। यह अपील सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री अंकित जायसवाल ने जिलेवासियों से की है। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शांति समिति के सदस्यों को आगामी त्यौहारों पर चाक-चौबंद व्यवस्था का भरोसा दिलाया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अंकित जायसवाल, अपर कलेक्टर श्री बी.एस.कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री एन.एस.सिसोदिया, एसडीएम संजीव साहू, सभी एसडीओपी, सहित अन्य जिला अधिकारी एवं शांति समिति सदस्यगण उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने कहा, कि त्यौहारों पर जिले में शांति व सौहार्द्र की परम्परा कायम रही है और इसे हमेशा कायम रखना हम सभी का दायित्व भी है। शांति समिति सदस्य, शांति व्यवस्था बनाये रखने में बडा योगदान देते हैं। कलेक्टर ने त्यौहारों पर आयोजकों से स्वयं सेवक तैनात कर, उनकी सूची एसडीएम एवं पुलिस थानों को देने की बात कही, जिससे कि व्यवस्था बनाये रखने में मदद मिल सके। नगरपालिका अधिकारी को निर्देश दिए, कि होलिका दहन एवं धुलेंडी के दिन गैर निकलने के उपरांत शहर में विभिन्न स्थानों पर तत्काल सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने कहा, कि परीक्षाओं को दृष्टिगत रख ध्वनि विस्तारक यंत्रों का सीमित उपयोग किया जाए। उन्होने कहा, कि अस्पतालों की 200 मीटर की परिधि में किसी भी प्रकार का आयोजन करने की अनुमति नहीं रहेगी।
बैठक में कलेक्टर ने नगरपालिका एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को होलीका दहन वाले स्थानो का संयुक्त भ्रमण कर, आवश्यकतानुसार कार्यवाही के निर्देश दिए। नगरपालिका को सडकों के गढ्ढों की भराई करवाने, पर्याप्त पेयजल, प्रकाश एवं साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, विद्युत विभाग को विद्युत तार को दुरूस्त करने के निर्देश दिए गए है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को त्यौहार के दौरान जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर इमरजेन्सी चिकित्सा व्यवस्था के निर्देश दिये गये।
पुलिस अधीक्षक श्री अंकित जायसवाल ने कहा, कि उक्त त्यौहारों पर पुलिस की माकुल व्यवस्था रहेगी। आयोजक जुलूस, गैर रैली, जलसों आदि की पूर्व सूचना प्रशासन को देकर, अनुमति अवश्य प्राप्त करें। बडे जुलूस, जलसों के लिए आयोजक अपने स्तर से वालेंटियर की व्यवस्था कर, उनकी सूची भी पुलिस को उपलब्ध करवाएं और सुनिश्चित करें, कि वालिंटियर आयोजन स्थल पर उपस्थित रहकर व्यवस्था में सहयोग करें।
बैठक में समिति सदस्य सर्वश्री हेमंत हरित, राजकुमार अहीर, संजय पंवार, बाबूलाल नागदा, इकबाल कुरैशी, दर्शनसिह गांधी, हारून रशीद, जम्बु कुमार जैन, हरगोविंद दीवान, रंजन स्वामी, मुकेश पोरवाल, श्रीमती आशा सांभर, साबीर मसूदी, बृजेश सक्सेना आदि उपस्थित समिति सदस्यों ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए, सामाजिक समरसता के साथ सभी त्यौहार मनाने में अपना योगदान देने व प्रशासन को हर-संभव सहयोग करने का विश्वास दिलाया।
===========
बाल विवाह रोकथाम जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न
नीमच 18 फरवरी 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव के मार्गदर्शन में 100 दिवसीय बाल विवाह रोकथाम जागरूकता अभियान तहत पीएम श्री शासकीय कन्या एकीकृत शाला बघाना नीमच में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी श्रीमती दीपिका नामदेव ने बालिकाओं को, विवाह की सही उम्र, बाल अधिकार, महिला हेल्पलाईन, बालिका शिक्षा व बालिका पोषण संबंधित जानकारी दी। इस मौके पर स्कूली छात्राएं, स्कूल टीम एवं वन स्टॉप सेंटर नीमच की टीम उपस्थित थी।
==========
पी.एम.श्रमयोगी मानधन योजना तहत नीमच में शिविर 20 व 21 फरवरी को
असंगठित श्रमिक पीएम एस.वाई.एम.में कराए पंजीयन
नीमच 18 फरवरी 2026, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना (पी.एम.एस.वाय.एम.) असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को वृद्धावस्था में सामाजिक सुरक्षा देती हैं। 18 से 40 आयु के ऐसे श्रमिक जिनकी मासिक आय 15 हजार रूपये तक है और जो ईपीएफ एनपीएस या ईएसआईसी का लाभ नहीं ले रहे, वे पात्र हैं। श्रमिकों को इस योजना से जोड़ने के लिए श्रम विभाग द्वारा पुरानी मण्डी में 20 एवं 21 फरवरी 2026 को शिविर आयोजित किया जा रहा हैं। आवश्यक दस्तावेज आधार कार्ड, बैंक पासबुक और ई-श्रम कार्ड है के साथ शिविर में उपस्थित होकर लाभ उठा सकते हैं।
========
बजट में महिला सशक्तिकरण और बाल कल्याण को मिला ऐतिहासिक बढ़ावा
महिला एवं बाल विकास बजट में 26% की वृद्धि, सामाजिक सुरक्षा के दायरे का किया विस्तार
नीमच 18 फरवरी 2026, मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार ने वर्ष 2026-27 के बजट में महिला एवं बाल विकास विभाग को अभूतपूर्व प्राथमिकता देते हुए 26 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि की है। महिला बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि यह बढ़ोतरी केवल वित्तीय विस्तार नहीं, बल्कि प्रदेश की माताओं, बहनों और बच्चों के जीवन में ठोस परिवर्तन का संकल्प है।
मंत्री सुश्री भूरिया ने बताया कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना 2023 के अंतर्गत ₹23,883 करोड़ का प्रावधान किया गया है, जो महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा। वहीं, आंगनवाड़ी सेवाएं (सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0) के लिए ₹3,863 करोड़ तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना के लिए ₹1,801 करोड़ का प्रावधान कर बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा को सशक्त आधार दिया गया है।
प्रदेश में कुपोषण उन्मूलन और मातृ-शिशु स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए न्यूनतम आवश्यकता कार्यक्रम अंतर्गत विशेष पोषण आहार योजना के लिए ₹1,150 करोड़ तथा पोषण अभियान (एनएनएम) के लिए ₹250 करोड़ निर्धारित किए गए हैं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) – मिशन शक्ति सामर्थ्य के लिए ₹387 करोड़ का प्रावधान कर गर्भवती एवं धात्री माताओं को सुदृढ़ सहायता सुनिश्चित की गई हैं।
बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में आंगनवाड़ी केन्द्रों के भवन निर्माण हेतु ₹337 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई हैं। महिला एवं बाल कल्याण संचालनालय के लिए ₹561 करोड़ का प्रावधान प्रशासनिक और क्रियान्वयन क्षमता को सशक्त करेगा। इसके साथ ही, जरूरतमंद बच्चों के संरक्षण के लिए नॉन-इंस्टीट्यूशनल केयर (स्पॉन्सरशिप एवं फॉस्टर केयर) हेतु ₹168 करोड़ तथा समेकित बाल संरक्षण योजना (आईसीपीएस) – मिशन वात्सल्य के अंतर्गत ₹115 करोड़ की राशि निर्धारित की गई हैं।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि यह बजट समावेशी विकास की अवधारणा को साकार करता हैं, जिसमें महिला सशक्तिकरण, पोषण सुरक्षा, बाल संरक्षण और सामाजिक न्याय को एकीकृत दृष्टिकोण से आगे बढ़ाया गया हैं। उन्होंने कहा कि 26 प्रतिशत की बजट वृद्धि से स्पष्ट है कि राज्य सरकार महिला एवं बाल विकास को नीति-निर्माण के केंद्र में रखकर भविष्य की पीढ़ियों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा, कि यह बजट प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा के दायरे को व्यापक बनाते हुए ‘नारी शक्ति’ और ‘बाल समृद्धि’ को विकास की मुख्य धारा में स्थापित करने की दिशा में एक सशक्त कदम माना जा रहा हैं। स.क्र./319/111/मालवीय/फोटो
=============
हमारी आंगनवाडी पोषण भी पढाई भी के तहत
जिले की 66 आंगनवाडी केंद्रों के बच्चों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों का आयोजन
नीमच 18 फरवरी 2026, संकल्प से समाधान अभियान के तहत जिले में नवाचार, हमारी आंगनवाडी पोषण भी पढाई भी के तहत चिंहित 66 हॉट स्पॉट आंगनवाडी केंद्रों में महिला एवं बाल विकास स्वास्थ्य विभाग उद्यानिकी विभाग तथा (एन.आर.एल.एम.) के समन्वय से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे है। शिविर में आंगनवाडी केंद्रों के बच्चों का किया जावेगा। सेक्टर में आने वाली आंगनवाडी केंद्रों पर जन्मजात विकृति वाले बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण चिंहाकन व उपचार कर, स्वास्थ्य विभाग को रेफर करने, सैम एवं मैम बच्चों का चिंहाकन, पोषण प्रबंधन, पूर्व चिंहित बच्चों व नवीन चिंहित बच्चों पोषण पुर्नवास केंद्र में भर्ती करवाने, परिवार की आर्थिक स्थिति का आंकलन एवं आगामी कार्ययोजना तैयार करने तथा साप्ताहिक फॉलोअप संबंधी कार्य किए जाएंगे।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव के मार्गदर्शन में जिले के सिंगोली में आंगनवाडी केंद्र वार्ड नं.15, वार्ड क्रं. 3, धोगवां, बहोडा के लिए 23 फरवरी 2026 को विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे है। इसी तरह 24 फरवरी को रतनगढ़ में आंगनवाडी केंद्र बोरदिया, मानपुरा, धानकाजार, डूंगरपुर के लिए एवं 23 फरवरी को रामपुरा में केंद्र क्रमांक 3 रामपुरा, पिपलिया पठार आंगनवाडी केंद्र के बच्चों के लिए शिविर आयोजित किए जा रहे है। 24 फरवरी को चंद्रपुरा में आंगनवाडी केंद्र बारवडिया, भीमपुरा, सालरामाला के बच्चों के लिए शिविर आयोजित किए जा रहे है। 25 फरवरी को कुकडेश्वर में कुकडेश्वर के केंद्र क्रमांक 1 एवं 7 के बच्चों के लिए, सरवानिया महाराज में 23 फरवरी को सरवानिया महाराज केंद्र क्रमांक 4 एवं खेडा बांगरेचा, आंगनवाडी केंद्र के बच्चों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
जिले के सेक्टर बावल में 24 फरवरी, मनासा में 23, 24, 25, 26 एवं 27 फरवरी, पड़दा में 25 फरवरी, कंजार्डा में 26 फरवरी, पालसोडा में 23 फरवरी, सावन में 24 एवं 25 फरवरी, लसुडी तंवर में 26 फरवरी, जीरन में 27 फरवरी, चडोली में 25 फरवरी एवं नीमच में 23 से 27 फरवरी तक हॉट स्पॉट पंचायतों एवं वार्डो में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
=========


