समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 08 जुलाई 2025 मंगलवार

///////////////////////////////////////////////
जनपद पंचायत सीतामऊ के वार्ड क्रमांक में 23 में होने वाले उपचुनाव में बाबू मेघराज ने अपना नामांकन दाखिल किया…!!
===============
प्रेक्षक श्री बंसल 7 जुलाई से 11 जुलाई एवं 21 जुलाई से 26 जुलाई तक जिले में भ्रमण पर रहेंगे
प्रेक्षक श्री बंसल जनपद पंचायत सदस्य सीतामऊ वार्ड क्रमांक 23 का निर्वाचन कार्य संपन्न कराएंगेप्रेक्षक श्री बंसल ने रिटर्निंग ऑफिसर कक्ष सीतामऊ का निरीक्षण किया
मंदसौर 7 जुलाई 25/ मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग, भोपाल द्वारा जिला मंदसौर के जनपद पंचायत सीतामऊ के निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 23 के निर्वाचन सम्पन्न कराने हेतु मध्यप्रदेश पंचायत निर्वाचन नियम 1995 के नियम-19 (क) के अंतर्गत निहित प्रावधान के तहत
श्री श्याम सुंदर बंसल, भारतीय प्रशासनिक सेवा (सेवानिवृत्ति) मो नं 9425416814 को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। प्रेक्षक श्री बंसल 7 जुलाई से 11 जुलाई तथा 21 जुलाई से 26 जुलाई तक जिले में उपस्थित रहेंगे तथा पंचायत उप निर्वाचन का कार्य संपन्न करवाएंगे।
प्रेक्षक श्री बंसल ने रिटर्निंग ऑफिसर कक्ष जनपद पंचायत सीतामऊ का निरीक्षण किया। निर्वाचन की सूचना प्रकाशन, नाम निर्देशन, सीटों के आरक्षण, मतदान केंद्रों की सूची प्रकाशन, नाम निर्देशन इत्यादि के संबंध में जानकारी भी ली।
=================
मलेरिया एवं डेंगू से बचाव हेतु स्वास्थ्य विभाग ने सीतामऊ फाटक क्षैत्र में
लार्वा सर्वे महाअभियान चलाया
मंदसौर 7 जुलाई 25/ जिला मलेरिया अधिकारी द्वारा बताया गया कि जिले में मलेरिया विभाग एवं सुंदरलाल पटवा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के संयुक्त प्रयासों से लार्वा सर्वे महाअभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के 5 वे दिन संयुक्त टीम द्वारा सीतामऊ फाटक क्षैत्र का सर्वे एवं लार्वा पुनः उत्पन्न न हो इस हेतु समझाईश दी गई एवं मच्छरजनित बीमारियों से बचाव हेतु लोगों को जागरूक किया गया। अभियान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री जी.एस चैहान एवं मेडिकल कॉलेज अधिष्ठाता डॉ. शशि गांधी के निर्देशन में चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत अभी तक कुल 1481 घरों का सर्वे किया गया है। 97 घरों में लार्वा पाया गया है। एवं 3154 कंटेनर चैक किए गए, 66 कंटेनरों में लार्वा पाया गया। जिसका विनिष्टीकरण किया गया है। इस महाअभियान में बुखार के रोगियों की स्लाइड बनाने के साथ छिड़काव का कार्य भी किया जा रहा है।
======================
मोहर्रम के ताजिये निकलने के बाद नगर पालिका के सफाई अमले में विशेष सफाई की
मंदसौर 7 जुलाई 25/ प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती अनिता चाकोटिया द्वारा बताया गया कि कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग के निर्देश अनुसार रविवार की रात्रि को मंदसौर नगर में मोहर्रम के पर्व पर ताजियो का जुलूस के बाद सफाई का कार्य किया गया। ताजिये के जलसे के पश्चात मार्ग पर डिस्पोजल एवं अन्य पदार्थ की गंदगी हो गई थी जिसका निरीक्षण किया गया। प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी श्री हेमचंद शर्मा को मौके पर बुलाकर रात्रि में ही तत्काल सफाई करने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका के अमले ने आजाद चौक, सदर बाजार, मंडी गेट, मोचीवाडा , गुदरी टोडा ,जगतपुरा चौराहा, खानपुरा प्रतापगढ़ पुलिया क्षेत्र , शिवना नदी के किनारे सहित पूरे मार्ग की सफाई की। नगर पालिका की तत्परता के कारण सुबह होने के पूर्व रात्रि में ही पूरे मार्ग की सफाई का कार्य पूर्ण किया गया। इस कार्य मे लगभग 20 सफाई कर्मचारी विषेष रूप से सफाई हेतु लगाये गए एवं 40 सफाई कर्मचारी आवारा पशुओ को हटाने के कार्य मे लगाये गए। इस प्रकार 60 सफाई कर्मचारियों ने रात्री मे पुरी सफाई व्यवस्था संभाली। सभी नगर परिषदों ने रात भर ताजीए निकलने के पश्चात गली-गली में सफाई अभियान शुरू किया नगर पालिका के कर्मचारीयों द्वारा अलग-अलग स्थानो से कचरा एकत्र कर वाहनों से ट्रेचींग ग्राउण्ड में पहुंचाया।
==============
जिले में अब तक 207.0 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
मंदसौर 7 जुलाई 25/ जिले में इस वर्ष अब तक औसतन 207.0 मि.मी. वर्षा दर्ज की गयी है। जब कि पिछले 24 घन्टों में मंदसौर जिले में 0 मिमी वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है। पिछले 24 घन्टों में मंदसौर में 0 मि.मी., सीतामऊ में 0 मि.मी., सुवासरा में 0 मि.मी., गरोठ में 0 मि.मी., भानपुरा में 0 मि.मी., मल्हारगढ़ मे 0 मि.मी., धुधंड़का में 0 मि.मी., शामगढ़ में 0 मि.मी., संजीत में 1.0 मि.मी., कयामपुर में 0 मि.मी. एवं भावगढ़ में 0 मि.मी वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है
विगत 1 जून से अब तक वर्षा मापक केन्द्र मंदसौर में 317.0 मि.मी., सीतामऊ में 144.6 मि.मी. सुवासरा में 110.2 मि.मी., गरोठ में 176.4 मि.मी., भानपुरा में 427.0 मि.मी., मल्हारगढ़ मे 109.0 मि.मी., धुधंड़का में 205.0 मि.मी., शामगढ़ में 209.0 मि.मी., संजीत में 135.0 मि.मी., कयामपुर में 108.7 मि.मी. एवं भावगढ़ में 335.0 वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है। गांधीसागर बांध का जल स्तर अब तक 1289.60 फीट है।
========================
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिये ऑनलाइन आवेदन एवं नामांकन की प्रक्रिया शुरू
13 जुलाई तक किये जा सकेंगे नामांकन एवं आवेदन
मंदसौर 7 जुलाई 25/ प्रदेश में केन्द्र सरकार के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग मंत्रालय नई दिल्ली के राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिये आवेदन और नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय ने समस्त जिला कलेक्टर्स एवं जिला शिक्षा अधिकारी को दिशा-निर्देश जारी किये हैं। आवेदन एवं नामांकन वेब पोर्टल http://nationalawardstoteachers.education.gov.in पर 13 जुलाई तक स्वीकार किये जायेंगे। प्रदेश में जिन शिक्षकों द्वारा 13 जुलाई तक नामांकन कर दिया जायेगा उनके अभिलेख, ऑडियो, वीडियो 15 जुलाई तक पोर्टल पर अपलोड किये जा सकेंगे।
जिला स्तरीय चयन समिति
शिक्षक द्वारा किये गये नामांकन की प्रथम स्तर पर स्कूटनी के लिये जिला शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित होगी। समिति में राज्य शासन का प्रतिनिधित्व जिले के डाइट प्राचार्य और कलेक्टर द्वारा नामांकित प्रतिष्ठित शिक्षाविद् सदस्य के रूप में करेंगे।
राज्य स्तरीय चयन समिति
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार एवं सम्मान के लिये राज्य स्तर पर भी समिति होगी। सचिव स्कूल शिक्षा विभाग अध्यक्ष होंगे। समिति के अन्य सदस्यों में केन्द्र सरकार के नामांकित प्रतिनिधि, संचालक राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के साथ आयुक्त लोक शिक्षण सदस्य सचिव के रूप में शामिल होंगे। राज्य चयन समिति द्वारा विशेष श्रेणी सहित अधिकतम 6 अनुशंसाएं केन्द्र सरकार के ऑनलाइन पोर्टल पर अग्रेषित की जा सकेंगी।
समय सारणी
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार की ऑनलाइन प्रक्रिया के निष्पादन की समय सारणी निर्धारित की गई है। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के ऑनलाइन आवेदन एवं नामांकन 13 जुलाई 2025 तक स्वीकार किये जायेंगे। शिक्षक द्वारा अंतिम रूप से नामांकन पूर्ण करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई तय की गई है। जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा राज्य चयन समिति के लिये ऑनलाइन पोर्टल पर 3 अनुशंसाओं को 16 जुलाई से 25 जुलाई तक भेजा जा सकेगा। राज्य चयन समिति द्वारा नेशनल ज्यूरी को शॅार्ट-लिस्टेड 6 अनुशंसाएं केन्द्र सरकार को ऑनलाइन 26 जुलाई से 4 अगस्त तक भेजी जा सकेंगी। पुरस्कार के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय के बेव पोर्टल से प्राप्त किये जा सकते हैं।
=====================
प्रदेश के 50 प्रतिशत ग्रामों को जोड़ेंगे दुग्ध नेटवर्क से : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मंदसौर 7 जुलाई 25/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाकर किसानों और पशुपालकों की आर्थिक उन्नति के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश के 50 प्रतिशत गांवों को दुग्ध नेटवर्क में लाने की रणनीति पर कार्य किया जा रहा है। नई 381 दुग्ध सहकारी समितियों का गठन कर 9500 दुग्ध उत्पादकों को सहकारी डेयरी प्रणाली से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को मुख्यमंत्री निवास में पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग के वरष्ठि अधिकारियों से चर्चा कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने मध्यप्रदेश के लिए डेयरी विकास योजना को क्रियान्वित करने के लिए आवश्यक संशोधन कर अधिक लाभकारी बनाने के निर्देश दिए थे। अब राज्य में दुग्ध उत्पादन की 72 प्रतिशत संभावित क्षमता को कवर करने और बाजार पहुंच को 15प्रतिशत बढ़ाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने दुग्ध संग्रहण बढ़ाने, दुधारू पशुओं की नस्ल सुधार, राष्ट्रीय डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के सहयोग से देशी नस्ल के पशुओं के लिए मॉडल फार्म विकसित करने, सांची ब्रांड की लोकप्रियता बढ़ाने, भोपाल दुग्ध संघ के अंतर्गत हीफर रियरिंग सेंटर की स्थापना, दुग्ध उत्पादक किसानों को खरीदे गए दूध की कीमत का समय पर भुगतान, डिजीटाइजेशन वर्क की प्रगति की जानकारी प्राप्त कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
दुग्ध संघों ने बढ़ाई है ढाई से छह रुपए प्रति लीटर राशि
इस अवसर पर बताया गया कि प्रदेश के दुग्ध संघों में न सिर्फ दुग्ध संग्रहण बढ़ रहा है, बल्कि किसानों और दुग्ध उत्पादकों का हित भी सुनिश्चित हो रहा है। दुग्ध संघों में दुग्ध मूल्यों में ढाई रुपए से लेकर छह रुपए तक प्रति लीटर वृद्धि का कार्य किया है। प्रदेश में दो दुग्ध संघों जबलपुर और ग्वालियर में दुग्ध संग्रहण में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। जबलपुर और ग्वालियर दुग्ध संघ को दुग्ध उत्पादकों के लंबित भुगतान के लिए दो-दो करोड़ रुपए की कार्यशील पूंजी भी उपलब्ध करवाई गई है।
==========
राज्य स्तरीय निषादराज सम्मेलन उज्जैन में 10 जुलाई को होगा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव होंगे कार्यक्रम में शामिल
मंदसौर 7 जुलाई 25/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राष्ट्रीय मछुआ दिवस पर 10 जुलाई को राज्य स्तरीय निषाद राज सम्मेलन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में कालिदास संस्कृत अकादमी परिसर उज्जैन में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम में 22.65 करोड़ रूपये की लागत के 453 स्मार्ट फिश पार्लर, 40 करोड रूपये लागत से बन रहे अत्याधुनिक अन्डर वाटर टनल सहित एक्वापार्क और 91.80 करोड़ रूपये की लागत से इंदिरा सागर जलाशय में 3060 केजेस के माध्यम से मत्स्य उत्पादन से वृद्धि एवं रोजगार सृजन का वर्चुअली भूमि-पूजन करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम में 430 मोटर साइकिल विद आइस बॉक्स के स्वीकृति पत्र एवं 100 यूनिटस का वितरण, 396 केज के स्वीकृति पत्र का प्रदाय, फीडमील के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र का प्रदाय एवं उत्कृष्ट कार्य कर रहे मछुआरों एवं मत्स्य सहकारी समितियों को पुरस्कार वितरण करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मत्स्य महासंघ के मछुआरों को 9.63 करोड रूपये के डेफेरड वेजस का सिंगल क्लिक से अतंरण करने के साथ ही रायल्टी चेक प्रदाय करेंगे।
==================
पशुपतिनाथ लोक निर्माण में चित्र स्थापना हेतु मंदिर इतिहास के चित्रों की प्रतियोगिता आयोजित
चित्र /फोटो/डिजिटल फोटो/आर्टिस्टिक फोटो/ AI फोटो/ चित्रकारी फोटो 12 जुलाई तक मंदिर कार्यालय में जमा करें
चयनित फोटो स्थापत्य के रूप में पशुपतिनाथ लोक में होंगे स्थापित, जिला प्रशासन से होंगे सम्मानित
मंदसौर 6 जुलाई 25/ भगवान पशुपतिनाथ मंदिर मंदसौर शहर की पहचान है। वर्तमान में पशुपतिनाथ लोक निर्माण का कार्य प्रचलित है, जिसके अंतर्गत पशुपतिनाथ मंदिर के इतिहास के संबंध में चार/छः नग चित्र पत्थर में उकेर के बनाए जाने हैं। उक्त चित्रों के संबंध में प्रतिस्पर्धा आयोजित की गई हैं।
जिस किसी भी प्रतियोगी के चित्र /फोटो/डिजिटल फोटो/आर्टिस्टिक फोटो/ AI फोटो/ चित्रकारी फोटो चयनित की जाएगी। उस फोटो को पशुपतिनाथ लोक परिसर में स्टोन वर्क में परिवर्तित कर लगाया जाएगा। चयनित प्रतियोगी को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा।
भगवान पशुपतिनाथ मंदिर इतिहास के संबंध में जानकारी नीचे दी गई वेबसाइट पर देखी जा सकती हे।
https://www.mptourism.com/pashupatinath-temple-in-mandsaur-madhya-pradesh.html
https://religious.mponline.gov.in/pashupatinath
https://pashupatinathmandsaur.com
अधिक जानकारी के लिए मंदिर कार्यालय से इतिहास के संबंध में पुस्तक ली जा सकती हैं। चित्र जमा करने की अंतिम तिथि 12 जुलाई 2025 निर्धारित की गई है। सभी प्रतियोगी अपने चित्र मंदिर कार्यालय में 12 जुलाई शाम 5 बजे से जमा कर सकते हे। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8319099727 पर संपर्क करें।
=================
राज्य सरकार अन्य पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में सभी वर्गों की बेहतरी के लिए कार्य कर रही है सरकार
मंदसौर 6 जुलाई 25 /मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हमारी सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सभी वर्गों की बेहतरी के लिए कार्य कर रही है। राज्य सरकार अन्य पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है। बगैर सर्वे, बगैर तैयारी, आरक्षण देने की बात करके फैलाए गए भ्रम के कारण यह मामला कोर्ट में लंबित रहा। आरक्षण के संबंध में तथ्यात्मक आंकड़ों के आधार पर विधानसभा में बिल प्रस्तुत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार 14 प्रतिशत आरक्षण से शेष बचे लोगों को आरक्षण का लाभ दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही कर रही है। इसी क्रम में सामान्य वर्ग के गरीब परिवारों के लिए भी 10 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है। ऐसे विद्यार्थी जो न्यायालयीन प्रक्रिया के कारण ज्वाइनिंग नहीं दे पाए, उनको ज्वाइन कराने के भी प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने अधिकारियों- कर्मचारियों की पदोन्नति के लंबित प्रकरणों का निराकरण किया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी की पहल पर जातिगत जनगणना की प्रक्रिया भी आरंभ हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समन्वय भवन में मीडिया से चर्चा में यह विचार व्यक्त किए।
=================
सड़क दुर्घटनाओं में त्वरित सहायता के लिए हेल्पलाईन
मंदसौर 6 जुलाई 25/ मध्य प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में त्वरित सहायता के लिए कई हेल्पलाईन संचालित की जा रही हैं। ये हेल्पलाईन 108 समस्त मार्ग ( राष्ट्रीय राजमार्ग NH, राज्यमार्ग SH, प्रमुख जिला सड़क, ग्रामीण सड़क) मध्य प्रदेश शासन द्वारा संचालित एम्बुलेंस के लिए,1099 राज्यमार्ग (SH) पर म.प्र. सड़क निगम द्वारा संचालित एम्बुलेंस के लिए, 1033: राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा संचालित एम्बुलेंस के लिए, डॉयल 100 किसी भी आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए है। इन हेल्पलाईन के माध्यम से दुर्घटना की स्थिति में पीड़ित को तत्काल सहायता प्राप्त हो सकती है।
=============
किसान आचार्य विद्यासागर योजना तथा ऋण एवं अनुदान पर 10+1 बकरी पालन योजना का लाभ उठायें
मंदसौर 6 जुलाई 25/ पशुपालन एवं डेयरी विभाग उपसंचालक द्वारा बताया गया की संचालनालय पशुपालन एवं डेयरी विभाग म.प्र. भोपाल द्वारा जिले को आचार्य विद्यासागर तथा ऋण एवं अनुदान पर 10+1 बकरी पालन योजना के लक्ष्य जिले को प्राप्त हो गये हैं, जो जिले की समस्त बैंको को आवंटित कर दिये गये है। इच्छुक पशुपालक नजदीकी पशु चिकित्सालय से संपर्क कर आवेदन की कार्यवाही करते हुये बैंक में ऋण हेतु आवेदन प्रस्तुत कर सकते है।
आचार्य विद्यासागर डेयरी योजना में आवश्यक दस्तावेज एवं कार्यवाही के रूप में राशन कार्ड, आधार कार्ड ग्राम पंचायत का ठहराव प्रस्ताय, जनपद पंचायत से अनुमोदन समग्र आईडी, बी1, बी2, खसरा नकल, जाति प्रमाण पत्र, मो.नं. ग्राम का नाम, ग्राम पंचायत का नाम तहसील एवं हितग्राही की उम्र अंकित करें। साथ ही आवेदन के साथ 2025-26 की बैंक स्वीकृति लेटर पेड पर प्राप्त कर आवेदन के साथ प्रस्तुत करे।
10+1 बकरी पालन योजना में आवश्यक दस्तावेज एवं कार्यवाही राशन कार्ड, आधार कार्ड, ग्राम पंचायत का ठहराव प्रस्ताव, जनपद पंचायत से अनुमोदन, समग्र आईडी, बी1, बी2 खसरा नकल, (जमीन नहीं होने की स्थिति में पटवारी की रिपोर्ट संलग्न करें) बैंक लोन खाते में अंशदान राशि जमा कर पासबुक की छायाप्रति, मो.नं. ग्राम का नाम ग्राम पंचायत का नाम तहसील सहित नोट करें, हितग्राही की उम्र अंकित करें साथ ही आवेदन के साथ 2025-26 की बैंक स्वीकृति लेटर पेड पर प्राप्त करें आवेदन के साथ प्रस्तुत करें।
====================
दुधाखेड़ी में स्थित भूमि हेतु आपत्ति और सुझाव 13 जुलाई तक आमंत्रित
मंदसौर 6 जुलाई 25/ अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं पंजीयक लोक न्यास गरोठ के द्वारा बताया गया कि आवेदक श्री बापुलाल पिता प्रभुलाल धाकड़ कुंतलखेडी अध्यक्ष एवं श्री रामगोपाल पिता प्रभुलाल धाकड़ निवासी कालाकोट के द्वारा मध्यप्रदेश लोक न्यास अधिनियम 1951 की धारा 1951 (30) की धारा 4 के अधिन अनुसूची में लोक न्यास की तरह विनिर्दिष्ट की गई सम्पत्ति के पंजीयन हेतु आवेदन एसडीएम गरोठ न्यायालय में प्रस्तुत किया है। ग्राम दुधाखेडी में स्थित भूमि सर्वे न. 277/1/1/1/2 रकबा 0.500 हे. स्थित है।
एतद द्वारा यह सूचना दी जाती है कि, उक्त आवेदन एसडीएम गरोठ में विचाराधीन है। कोई व्यक्ति जो उक्त न्यास या सम्पत्ति का कोई न्यासधारी या कार्यकारी न्यासधारी या उसमें हित रखने वाले और किसी आपत्ति या सुझाव को प्रस्तुत करने वाले व्यक्ति को 13 जुलाई 2025 के भीतर दो प्रतियों में लिखित कथन मय दस्तावेज प्रस्तुत करना और न्यायालय में अनुविभगीय अधिकारी राजस्व एवं पंजीयक लोक न्यास के समक्ष उपरोक्त दिनांक को व्यक्तिशः या वैध अभिभाषक या अभिकर्ता के द्वारा उपस्थित होना चाहिए। इस अवधी की समाप्ती के पश्चात प्राप्त आपत्ति अथवा सुझाव आदि को ग्रहण करने पर विचार नही किया जावेगा।
==============
पशुपालक किसान क्रेडिट कार्ड और पशुधन बीमा योजना का लाभ प्राप्त करें
अधिक जानकारी के लिए पशुपालन विभाग से संपर्क करें
मंदसौर 6 जुलाई 25/ उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग मंदसौर द्वारा बताया गया कि किसान क्रेडिट कार्ड अभियान के अंतर्गत पशुपालकों को कार्यशील पूंजी की आवश्यकता की पूर्ति हेतु पशुपालन गतिविधियों से जोड़ने की कार्यवाही की जा रही है।
पशुपालन की गतिविधियों में पशुपालक के के.सी.सी. लिंकेज होने पर पशुचारा, दाना, बाटा क्रय करने हेतु बैंक शाखा के द्वारा प्रति गाय 18 हजार रू एवं प्रति भैंस 20 हजार रू राशि 3 माह के लिये प्रदाय की जायेगी। पशुपालक राशि 3 माह में जमा करके पुनः राशि आवश्यकता अनुसार प्राप्त कर सकता है। भारत सरकार, मत्स्य पालन, पशु पालन एवं डेयरी मंत्रालय एवं डेयरी मत्रालय पशुपालन एवं डेयरी विभाग के द्वारा राष्ट्रीय पशुधन मिशन (एनएलएम) वर्ष 2024-25 हेतु रिस्क मैनेजमेंट एण्ड लाइवस्टॉक इंश्योरेंस (पशुधन बीमा) के अंतर्गत रिस्क मैनेजमेंट एण्ड लाइवस्टॉक इंश्योरेंस (पशुधन बीमा) योजना क्रियान्वित की जा रही है।
पशुओं का बीमा एक वर्ष या तीन वर्ष के लिये किया जाना है। एक वर्ष के लिए बीमा प्रीमीयम दर 3.50 प्रतिशत, दो वर्ष के लये बीमा प्रीनीयम दर 6.50 प्रतिशत एवं तीन वर्ष के लिये बीमा प्रीगीयम दर 9.00 प्रतिशत निर्धारित की गई। एक पशुपालक के अधिकतम 05 बडे एवं 50 छोटे (भेड़, बकरी) पशुओं का बीमा किया जा सकता है। समस्त पशुपालक किसान क्रेडिट कार्ड एवं पशु बीमा हेतु स्थानीय पशु चिकित्सक से संपर्क कर योजनाओं का लाभ उठायें।
================]
DGP कैलाश मकवाणा के निर्देश पर रील को लेकर सख्त आदेश जारी।06 जुलाई को DGP ने स्वयं IG रीवा ज़ोन को एक महिला पुलिसकर्मी के मामले को लेकर दिए थे निर्देश।कोई भी पुलिसकर्मी वर्दी में या ड्यूटी के दौरान रील बनाकर सोशल मीडिया में न करें अपलोड, वरना होगी विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई।
इससे साफ है कि अब पूरे ज़ोन में इसे सख्ती से लागू किया जाएगा और उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई तय है। थाना प्रभारियों को भी यह निर्देश सभी पुलिस कर्मचारियों को 03 दिवस तक रोलकाल में पढ़कर सुनाने के दिए गए हैं निर्देश।
================



