अधिवक्ता सुरक्षा की मांग तेज: गरोठ बार एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

अधिवक्ता सुरक्षा की मांग तेज: गरोठ बार एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
गरोठ- मध्यप्रदेश में अधिवक्ताओं पर लगातार बढ़ते हमलों के विरोध में अधिवक्ता समुदाय में आक्रोश गहराता जा रहा है , इसी कड़ी में मंदसौर जिले के गरोठ अभिभाषक संघ ने 16 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपकर अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु “एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट” तत्काल लागू करने की मांग की है।
ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी गरोठ के माध्यम से प्रेषित किया गया , इसमें उल्लेख किया गया है कि मध्य प्रदेश स्टेट बार सिविल के पत्र क्रमांक एस.बी.सी./एम.पी./अध्यक्ष/739/2026 दिनांक 15 फरवरी 2026 के अनुसार शिवपुरी जिले के अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना की 14 फरवरी 2026 को अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई , इस जघन्य घटना की प्रदेश भर के अधिवक्ताओं ने तीखी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि लगातार हो रही हिंसक घटनाओं के कारण अधिवक्ता स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं , परिषद ने पूर्व की घटनाओं का भी उल्लेख किया है, जिनमें डबरा के अधिवक्ता चंद्रमानसिंह मीणा सहित अन्य जिलों के अधिवक्ताओं पर हमले शामिल हैं , संघ का कहना है कि इन घटनाओं से अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं और दिनदहाड़े हमले व हत्याएं न्याय व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही हैं।
अभिभाषक संघ गरोठ ने स्पष्ट किया कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए अलग कानून बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, किंतु अब तक ठोस पहल नहीं हुई , संघ ने केंद्र और राज्य सरकार से अपील की है कि अधिवक्ताओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए “एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट” शीघ्र लागू किया जाए, जिससे वे निर्भीक होकर न्यायिक कार्य कर सकें।
अधिवक्ता समुदाय ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी , यह घटनाक्रम प्रदेश की कानून व्यवस्था और न्याय प्रणाली से जुड़े पेशेवरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं उत्पन्न कर रहा है।



