
चौमहला नगर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते कस्बे की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई
चौमहला / झालावाड़।रिपोर्टर रमेश मोदी
झालावाड़ जिले के चौमहला नगर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते कस्बे की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे होने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बदबू और गंदगी के कारण नागरिकों में रोष व्याप्त है, वहीं मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से बीमारियों की आशंका भी बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार चौमहला ग्राम पंचायत की अनदेखी के चलते सफाई कर्मियों को पिछले दो माह से वेतन नहीं मिला है। वेतन भुगतान में लगातार देरी के कारण कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। यह समस्या नई नहीं है। ग्रामीणों के मुताबिक ग्राम पंचायत के कार्यकाल में अब तक एक दर्जन से अधिक बार सफाई कर्मचारी वेतन नहीं मिलने के कारण हड़ताल कर चुके हैं।
लोगों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की मांग की है।
इधर नगर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था भी बदहाल है। मुख्य चौराहे सहित कई गलियों और मोहल्लों में स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हैं, जिससे रात के समय महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन सभी समस्याओं को लेकर आज नगर वासियों व व्यापार संघ ने उपखंड अधिकारी गंगधार को ज्ञापन सौंपकर मांग की हे उपरोक्त समस्यों का स्थाई हाल शीघ्र ही किया जाय ,साथ ही 2 दिवस में कोई समस्याएं हल नहीं हुई तो नागरिकों द्वारा ग्राम पंचायत का घेराव कर धरना दिया जाएगा ,जानकारी के अनुसार इलेक्ट्रिशियन भी वेतन नहीं मिलने और संसाधनों की कमी के चलते नियमित रूप से कार्य पर नहीं आ रहा है।
सफाई कर्मचारियों के अनुसार पूर्व में सरपंच द्वारा समय पर वेतन भुगतान का लिखित आश्वासन दिया गया था, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। ऐसे में कर्मचारियों ने चेतावनी दी हे जब तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं होगा ,हड़ताल जारी रहेगी ,
अब देखना यह हे कि प्रशासन इस गंभीर समस्या की कब सुध लेगा ,और नगरवासियों को राहत मिल पाती हे या नहीं ।



