समाचार मध्यप्रदेश नीमच 12 फरवरी 2026 गुरुवार

//////////////////////////
जिला पंचायत सी.ई.ओ. श्री वैष्णव ने किया लहसुन प्रसंस्करण ईकाई का निरीक्षण
नीमच 11 फरवरी 2026, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) तहत चंगेरा में स्थापित लहसुन प्रसंस्करण इकाई का निरीक्षण किया गया। यह इकाई श्री पूरबसिंह पिता श्री पुनीत सिंह, निवासी नीमच द्वारा चंगेरा कृषि उपज मंडी के पास स्थापित की गई है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री वैष्णव ने हितग्राही से इकाई की स्थापना लागत, प्राप्त अनुदान, बैंक ऋण तथा संचालन संबंधी जानकारी प्राप्त की। हितग्राही ने बताया, कि इकाई की कुल लागत 34 लाख रुपये है, जिसमें 30 लाख रुपये बैंक ऋण के रूप में तथा 10 लाख रुपये शासन द्वारा अनुदान के रूप में प्रदान किए गए हैं।
योजना का लाभ प्राप्त कर हितग्राही आर्थिक रूप से सुदृढ़ हुआ है तथा नियमित रूप से बैंक ऋण की किश्तों का भुगतान कर रहा है। उक्त इकाई के माध्यम से 7 से 8 स्थानीय महिलाओं को रोजगार भी प्रदान किया जा रहा है। इस मौके पर वरिष्ठ उद्यान अधिकारी श्री संदीप कुमार प्रजापत तथा जिला रिसोर्स पर्सन (PMFME योजना) श्री सुभाष चंद्र शर्मा उपस्थित थे।
उल्लैखनीय है, कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत जिले में स्थापित इकाइयाँ स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसर सृजित कर रही हैं और किसानों एवं उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
=========
संकल्प से समाधान अभियान
रामपुरा में नि:शुल्क नैत्र रोग, मोतियाबिंद जांच शिविर सम्पन्न ,136 नेत्र रोगियों ने लिया लाभ
नीमच 11 फरवरी 2026, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश एवं जिले में संकल्प से समाधान अभियान चलाया जा रहा हैं। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में इस अभियान के तहत जिले में नेत्र चिकित्सा एवं मोतियाबिंद जांच शिविर आयोजित किया जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंगोली में मोतियाबिंद शिविर आयोजित किया गया।
इस शिविर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.दिनेश प्रसाद एवं बी.एम.ओ.डॉ.उमेश बसेर के मार्गदर्शन में नेत्र रोग विशेषज्ञ, डॉ.संगीता भारती, मेडिकल आफीसर डॉ.अभिषेक चौहान, नेत्र चिकित्सा सहयक श्री प्रकाश सिंधवानी के सहयोग से समस्त आशा, आशा सुपरवाईजर, अर्बन आशा के सहयोग से नेत्र रोगियों की जांच की गई।
संकल्प से समाधान अभियान के तहत बुधवार को आयोजित इस नैत्र रोग जांच एवं मोतियाबिंद की जांच के नि:शल्क शिविर का 136 नेत्र रोगियों ने लाभ उठाया। इसमें मोतियाबिंद के 18, नाखूना के 13,दूरबीन नजर के चश्में के लिए 8, आंखों की एलर्जी के 18, तथा पास की नजर के चश्में के लिए 47 एवं 6 अन्य नैत्र रोगियों की जांच की गई। 25 अन्य नैत्र रोगियों की जांच कर तथा आवश्यकतानुसार नि:शुल्क औषधियां वितरित की गई।
===========
खनिज का अवैध परिवहन एक डम्पर एवं तीन ट्रेक्टर वाहन जप्त
नीमच 11 फरवरी 2026, जिला खनिज अधिकारी श्री गजेन्द्र सिह डाबर ने बताया, कि खनिज टीम द्वारा अवैध उत्खन्न परिवहन एवं भण्डारण के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए नयागांव एवं मनासा क्षेत्र में बुधवार को रेत का अवैध परिवहन करते चार वाहनों को जप्त किया गया है। जप्त वाहनों को पुलिस थाना मनासा एवं नयागांव की अभिरक्षा में सुरक्षार्थ खडा किया गया है। जप्त वाहनों में रेत डम्पर पंजीयन क्र.आर.जे.09 जी.डी.9806, ट्रेक्टर न्यू पॉवर ट्रेक, महिन्द्रा 275 एवं महिन्द्रा 475 शामिल है। विभाग द्वारा म.प्र.खनिज (अवैध खनन परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
==========
महाविद्यालय मनासा में रोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
नीमच 11 फरवरी 2026, शासकीय रामचंद्र विश्वनाथ महाविद्यालय मनासा में स्वामी विवेकानंद केरियर मार्गदर्शन योजना के तहत अल्पावधि रोजगार का ‘फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी’ का प्रथम प्रशिक्षण एवं कंप्यूटर टेली एवं अकाउंटिंग का द्वितीय प्रशिक्षण संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में महाविद्यालय के 70 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.एम.एल धाकड़ ने विद्यार्थियों को जीवन में प्रशिक्षण का महत्व बताया।
जिला संयोजक श्री स्नेह शारदा ने इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारी प्रो.सुदेश कलम ने किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम सेडमेप मंदसौर के सहयोग से आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का आभार श्री पंकज चौहान और सुमित मेडा ने व्यक्त किया।
===============
लोक निर्माण से लोक कल्याण तक जिले में पांच लोक सरोवर निर्मित
जिला पंचायत सीईओ श्री वैष्णव ने किया घसूण्डी लोक सरोवर निर्माण कार्य का निरीक्षण
नीमच 11 फरवरी 2026, प्रदेश शासन की मंशानुसार लोक निर्माण विभाग द्वारा जिले में लोक निर्माण से लोक कल्याण तक सड़क निर्माण में उपयोग मिट्टी एवं मुरम का उपयोग कर लोक सरोवरों का निर्माण किया जा रहा है। लोक सरोवरों के निर्माण से जल संचय होकर भूजल स्तर में वृद्धि हो सकेगी। लोक निर्माण विभाग द्वारा नीमच जिले में हरवार, घसूण्डी, बिसलवास सोनगरा, चीताखेडा एंव महागढ़ में लोक सरोवरों का निर्माण किया गया है। प्रति लोक सरोवर लगभग 4 हजार घन मीटर जल संचय किया जा रहा है।
जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव ने बुधवार को कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण श्री अमित नार्गेश के साथ बुधवार को ग्राम घसूण्डी में लोक निर्माण सरोवर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और सरोवर निर्माण के लिए निकाली गई मिट्टी उसका उपयोग, लोक सरोवर में जल संचयन की मात्रा, जल भराव क्षमता आदि की जानकारी ली।
===========
अरनिया माली में आयुष शिविर सम्पन्न
नीमच 11 फरवरी 2026, आयुष विभाग द्वारा अरनिया माली में बुधवार को निशुल्क आयुर्वेद निदान एवं चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आमवात, संधिवात, उदर रोग, विबंध, श्वास, कास, प्रतिश्याय, रक्त अल्पता, रक्तचाप, मधुमेह आदि बीमारियों की जांच कर, निशुल्क औषधियां वितरित की गई। छात्रों को स्वच्छता एवं पोषण के बारे मे जानकारी दी गई। शिविर में 35 छात्रों ने स्वास्थ्य लाभ लिया। शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदनलाल पाटीदार ने सेवाएं दी। इस मौके पर शिक्षक श्री दीपक शर्मा, श्री अतहर हुसैन, श्री पूरनलाल शर्मा, डॉ.सीमा पाटीदार भी उपस्थित थी।
=======
जमुनिया कलां में नि:शुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर सम्पन्न
नीमच 11 फरवरी 2026, आयुष विभाग अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर, जमुनिया कला में औषधालय परिसर में निशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का आयोजित किया गया।
शिविर में कुल 72 लाभार्थियों का पंजीयन कर, स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक परामर्श एवं उपचार किया गया। लाभार्थियों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, पोषण परामर्श एवं आवश्यक औषधियां वितरित की गई। शिविर में डॉ.विमला पाटीदार, सामुदायिक चिकित्सा अधिकारी श्रीमती भावना बैरागी, श्रीमती श्वेता जोशी ने सेवाएं दी।
==========
डीएम द्वारा दो शस्त्र लायसेंस निरस्त
नीमच 11 फरवरी 2026, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट नीमच श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर जिले में दो शस्त्र लायसेंसियों के शस्त्र लायसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त करने का आदेश जारी किया गया है। जिला मजिस्ट्रेट द्वारा मनासा तहसील के ग्राम खजूरी निवासी लायसेंसी श्री प्रभुलाल पिता हीरालाल पाटीदार को प्रदत्त एक 12 बोर एक नाल बंदूक का शस्त्र लायसेंस क्रमांक 36/87 मनासा को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। साथ ही ग्राम खेडी तहसील मनासा निवासी लायसेंसी पन्नालाल पिता मांगीलाल गुर्जर को प्रदत्त एक 12 बोर दो नाल बंदूक का शस्त्र लायसेंस क्रमांक 1/एम.पी.-एन.एम.एच./2001 मनासा को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। संबंधित लायसेंसी को धारित शस्त्र तत्काल पुलिस थाने में जमा कराने के लिए आदेशित किया गया है।
========
सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिक ई-केवायसी अवश्य करवाएं
नीमच 11 फरवरी 2026, म.प्र.भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के ई-केवायसी कराने का निर्णय शासन द्वारा लिया गया हैं। ऐसे समस्त निर्माण श्रमिक जिनका ई-केवायसी अब तक पूर्ण नहीं हुआ है, उन्हें एक माह की समय-सीमा में अनिवार्य रूप से ई-केवायसी पूर्ण कराना होगा। श्रम पदाधिकारी नीमच ने बताया, कि निर्धारित समयावधि में ई-केवायसी पूर्ण नहीं कराने पर संबंधित निर्माण श्रमिक का पंजीयन निरस्त किया जाएगा, जिस पर अपील मान्य नहीं की जावेगी।
=========
संत रविदास स्वरोजगार योजना के तहत सेंट्रिंग का व्यवसाय कर आत्मनिर्भर हुआ नीरज
नीमच 11 फरवरी 2026, नीमच जिले में बाछड़ा समुदाय के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में संचालित पंख अभियान नीमच के तहत जिला प्रशासन द्वारा युवाओं को विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं का लाभ दिलाया जाकर, उन्हे आत्मनिर्भर बनाने की पहल की जा रही है।
पंख अभियान के तहत नीमच जिले के मनासा विकासखण्ड के गांव तलाउ निवासी युवक नीरज पिता कमल कर्मावत को म.प्र.शासन की संत रविदास स्वरोजगार योजना तहत 3 लाख 75 हजार रूपये का ऋण प्रदान किया गया है। यह ऋण राशि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया कुकडेश्वर द्वारा प्रदान की गई है। इस योजना के तहत मिली ऋण राशि से नीरज, सेंट्रिंग का कार्य कर, प्रतिमाह 15 से 20 हजार रूपये की घर बैठे आमदनी प्राप्त कर रहा हैं। अब नीरज आत्मनिर्भर बन गया हैं।
पंख अभियान के तहत संत रविदास स्वरोजगार योजना के तहत मिली मदद से नीरज मकान निर्माण में सेंट्रींग का कार्य कर, अपने परिवार की आजीविका चला रहा हैं। इस मदद के लिए वह मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव व जिला प्रशासन को धन्यवाद दे रहा हैं।
==========
मनासा में कालोनी विकास की अनुमति जारी
नीमच 11 फरवरी 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मनासा की अनुशंसा पर आवेदक, कॉलोनाईजर दिलीप कुमार पिता मागीलाल वर्मा को मध्यप्रदेश नगरपालिका (कालोनी विकास) नियम, 2021 के तहत कस्बा मनासा स्थित भूमि सर्वे नं.315/1/1 रकबा 0.807 हे.व सर्वे नं. 315/1/2 रकबा 0.002 कुल रकबा 0.809 हे.भूमि पर आवासीय प्रयोजन हेतु आवासीय कॉलोनी ”मालवा पेराडाईज” को विकसित करने की अनुमति सशर्त जारी की गई है।
कलेक्टर द्वारा कस्बा मनासा स्थित कॉलोनी ”मालवा पेराडाईज” के बंधक भूखण्ड क्रं.5 से लगायत 16 व 29 लगायत 53 जिनका कुल क्षेत्रफल 3295 वर्ग मीटर नगर परिषद के पास बंधक रखे गये है। उक्त बंधक रखे गए भूखण्ड का किसी भी प्रकार से कलेक्टर की अनुमति के बिना विक्रय नहीं किया जाएगा।
=======
जावद में कालोनी विकास की अनुमति जारी
नीमच 11 फरवरी 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जावद की अनुशंसा पर आवेदक, कॉलोनाईजर को मध्यप्रदेश नगर पालिका (कॉलोनी विकास) नियम, 2021 के जावद स्थित भूमि सर्वे नं.2078 रकबा 2.038 हे., में से रकबा 2.009585 हे., सर्वे नं.2079/1 रकबा 0.026 हे. भूमि पर आवासीय प्रयोजन हेतु आवासीय कॉलोनी ” अवध रेसीडेंसी” को विकसित करने की सशर्त अनुमति जारी गई है।
कलेक्टर द्वारा जावद स्थित कॉलोनी ”अवध रेसीडेंसी” के बंधक भूखण्ड क्रं.19 से लगायत 22, 41, 51, 52, 54, 55, 57, 58, 63, 64, 65, 66, 69, 70, 83, 84, 85, 86, 103, 104, 105, 106, 107 कुल 26 भूखण्ड व क्षेत्रफल 3154.96 वर्ग मीटर नगर परिषद के पास बंधक रखे गये है। उक्त बंधक रखे गए भूखण्ड का किसी भी प्रकार से कलेक्टर की अनुमति के बिना विक्रय नहीं किया जाएगा।
=======
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक 16 फरवरी को
नीमच 11 फरवरी 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की कार्यकारी समिति बैठक 16 फरवरी 2026 को सायं 4 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में आयोजित की जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.दिनेश प्रसाद ने समिति के सभी सदस्यों से बैठक में उपस्थित होने का आगृह किया है।
=========
चार लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत
नीमच 11 फरवरी 2026, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व उपखण्ड मनासा सुश्री किरण आंजना द्वारा पुस्तक परिपत्र भाग 6(4) के तहत मातारूण्डी निवासी रमेश पिता गणेश कीर की 22 मई 2025 को जहरीले जानवर के काटने से मृत्यु हो जाने पर मृतक की वारिस पत्नि पायल कीर को 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। तहसीलदार मनासा द्वारा आर्थिक सहायता का प्रकरण तैयार कर, स्वीकृति के लिए एसडीएम मनासा को प्रस्तुत किया गया था।
.========
विधायक परिहार ने किया सावन से सावन बालाजी मंदिर पहुंच मार्ग का भूमि पूजन एवं डोम का लोकार्पण

नीमच। विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सावन में 148.60 लाख की लागत से बनने वाले सावन से बालाजी मंदिर पहुंच मार्ग का भूमि पूजन एवं 15 लाख रूपए की लागत से निर्मित डोम का लोकार्पण विधायक दिलीपसिंह परिहार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विधायक दिलीपसिंह परिहार ने कहा कि पहले बालाजी मंदिर तक जाने में ग्रामीणों को कीचड से गुजरना पडता था, लेकिन सडक बन जाने के बाद उन्हें आवागमन में आसानी होगी। मध्यम एवं गरीब तबके को ध्यान में रखते हुए विधानसभा क्षेत्र की सभी 68 पंचायतों में सामुदायिक डोम के लिए 15-15 लाख रूपए की राशि आवंटित की गई है, जिससे समाज के अन्तिम पायदान पर खडे व्यक्ति पर भी जन्मदिन, विवाह एवं मौसर आदि कार्यक्रमों को करने के लिए आर्थिक बोझ न उठाना पडे। गांवों में विकास के लिए पैसों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। मां भादवा की कृपा से भादवामाता लोक का निर्माण हो रहा है। भादवामाता में 20 बेड का अस्पताल और फिजियोथैरेपी सेन्टर बन रहा है। मां बीसभुजा की कृपा से सावन में भी अस्पताल का भवन बन रहा है। गांव गांव में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य भाजपा सरकार ने किया है। किसान भाई खेती के साथ साथ गौपालन, भैंसपालन एवं बकरीपालन भी करें। प्रदेश सरकार दूध उत्पादन में मध्यप्रदेश को नं.1 बनाना चाहती है। इसके लिए डॉ.भीमराव अम्बेडकर योजना के तहत पशुपालकों को 20 प्रतिशत की सब्सिडी दे रही है। देश में कृशि लाभ का धंधा बने, किसानों की आय दोगुना हो इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूर्व मुख्यमंत्री एवं कृशि मंत्री शिवराजसिंह चौहान लगे हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार गांव गांव में विकास कार्यों की गंगा बहा रही है।
पण्डित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनके किए कार्यों को याद करते हुए श्री परिहार ने कहा कि पं.दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म और मानववाद पर जोर दिया था, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और डॉ.मोहन यादव सबका साथ सबका विकास के साथ भारत को आत्मनिर्भर बनाते हुए पुनः विश्वगुरू बनाने के कार्य में लगे हैं। जी राम जी योजना के माध्यम से अब गांव के विकास की योजना गांव के पंच और सरपंच मिलकर बनाएंगे। इस योजना में अब 125 दिन की मजदूरी दी जाएगी। अगर कोई बेरोजगार रहेगा तो उसे बेरोजगारी भत्ता भी दिया जाएगा। गांधीसागर का पानी नीमच जिले के प्रत्येक गांवों में लाने की योजना मंजूर हो गई है। खेत सडक योजना भी शीघ्र प्रारंभ होगी। गांवों में कुटीर उद्योग स्थापना के लिए सरकार 40 प्रतिशत सब्सिडी दे रही है।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती शारदाबाई मदनलाल धनगर, भाजपा जिला महामंत्री धनसिंह कैथवास, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अर्जुनसिंह सिसोदिया, निलेश पाटीदार, मंडल अध्यक्ष श्रीमती पूजा अनिल शर्मा, महामंत्री महेश गुर्जर, जनपद सदस्य रतन मालावत, सरपंच जितेंद्र माली, लाला सेन, पूर्व सरपंच मानसिंह गुर्जर, सरपंच देवकिशन शर्मा, दिलीप पुरोहित, नवलकृष्ण सुरावत एवं बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत सावन के ग्रामवासी उपस्थित थे।
==========
========
संकल्प से समाधान अभियान
जिले में 13 फरवरी से 6 मार्च तक 9 दिव्यांगता प्रमाण पत्र शिविरों का आयोजन
नीमच-, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश एवं जिले में संकल्प से समाधान आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में इस अभियान के तहत 13 फरवरी से 6 मार्च तक जिले में 9 स्थानों पर दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
संकल्प से समाधान अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, जनजाति कार्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, आयुष, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभागों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इन शिविरों में दिव्यांगजनों की शीघ्र पहचान कर, उनके तत्काल दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे। शा.चिकित्सालय जावद में 13 फरवरी को जनपद क्षेत्र जावद, नगर परिषद जावद, सरवानिया महाराज, अठाना एवं नयागाव के लिए दिव्यांगता प्रमाण पत्र शिविर आयोजित किया जा रहा है। 16 फरवरी को जनपद क्षेत्र नीमच के लिए रेडक्रास भवन नीमच में, 18 फरवरी को शा.चिकित्सालय रतनगढ, 20 फरवरी को शा.चिकित्सालय सिंगोली, 23 फरवरी को रेडक्रास भवन नीमच, 25 फरवरी को शा.चिकित्सालय जीरन, 27 फरवरी को शा.चिकित्सालय रामपुरा, 5 मार्च को शा.चिकित्सालय कुकडेश्वर एवं 6 मार्च को शा.चिकित्सालय मनासा में दिव्यंगता प्रमाण पत्र शिविर आयोजित किए जा रहे है। यह शिविर प्रात: 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होंगे। शिविर के सफल आयोजन के लिए संबंधित जनपद सीईओ एवं सीएमओ क्रमश: नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए है।
=========
बल्दरखा में आयुष शिविर सम्पन्न- 58 रोगी लाभांवित
नीमच – आयुष विभाग द्वारा मंगलवार को बल्दरखा में निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आमवात, संधिवात, त्वचा रोग, उदर रोग,विबंध, श्वास,कास,प्रतिशय, रक्त अल्पता, रक्तचाप, अर्श, अम्लपित, प्रमेह आदि बीमारियों की जांच कर नि:शुल्क औषधि वितरित की गई शिविर में बीपी की निशुल्क जांच कर, मौसमी बीमारियों से बचने के उपाय, तनाव से मुक्ति, दिनचर्या, पोषण से सम्बन्धित जानकारी प्रदान कि आवश्यक परामर्श के साथ औषधियां उपलब्ध कराई गई। शिविर में कुल 58 रोगियों ने स्वास्थ्य का लाभ लिया। शिविर में डॉ.धीरज डावर, श्री भगवान दास बैरागी, श्री भगतराम, आंगनवाड़ी सहायिका कैलाशी, आशा कार्यकर्ता रामेश्वरी धाकड़ द्वारा शिविर में अपनी सेवाएं दी गई।
===========
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तहत शतप्रतिशत हितग्राहियों को चिंहित कर लाभांवित करें-श्री चंद्रा
जनपद सीईओ इस माह शेष समग्र ई-केवायसी का कार्य पूर्ण करवाए-कलेक्टर
कलेक्टर ने समय-सीमा प्रकरणों के निराकराण की समीक्षा बैठक में दिए अधिकारियों को निर्देश
नीमच – प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत प्रथम एवं द्वितीय प्रसव के शतप्रतिशत हितग्राहियों को चिंहित कर उन्हें लाभांवित किया जाए। कोई भी पात्र हितग्राही इस योजना के लाभ से वंचित ना रहे। यह निर्देश कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में समय-सीमा पत्रों के निराकरण की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस.कलेश, सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर्स सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।
समग्र ईकेवायसी का शतप्रतिशत कार्य पूर्ण करें
बैठक में कलेक्टर ने समग्र ईकेवायसी कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान सभी सीएमओ, जनपद सीईओ को निर्देश दिए,कि वे इस माह अंत तक शेष रही शतप्रतिशत समग्र ईकेवायसी का कार्य पूर्ण करवाकर जिले को सेचुरेटेड करें। कलेक्टर ने जावद जनपद को एक माह में 5 हजार एवं सीईओ नीमच एवं मनासा को ढ़ाई-ढ़ाई हजार शेष ईकेवायसी का कार्य पूर्ण करवाने के निर्देश दिए।
सभी नगरीय निकाय ए.एच.पी.आवास प्रोजेक्ट प्रस्तुत करें
कलेक्टर ने जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी को निर्देश दिए, कि वे सभी नगरीय निकायों में ए.एच.पी. आवास निर्माण के प्रोजेक्ट तैयार करवाकर, प्राप्त करें और ए.एच.पी.प्रोजेक्ट पर मार्च अंत तक कार्यवाही पूर्ण करवाए। जिससे, कि शहरी गरीबों को सस्ते आवास की सुविधा उपलब्ध हो सके।
सभी सीएम हेल्पलाईन शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करें
बैठक में सीएम हेल्पलाईन में दर्ज शिकायतों के निराकरण एवं विभागवार पगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए, कि वे सीएम हेल्पलाईन में दर्ज सभी शिकायतों का संतुष्टी के साथ निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होने 100 दिवस से अधिक अवधि की लंबित शिकायतों का सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकरण करवाने के निर्देश भी सभी अधिकारियों को दिए है।
=============
कलेक्टर द्वारा अवैध खनिज परिवहन के चार प्रकरणों में 99 हजार रूपये से अधिक की शास्ति आरोपित
नीमच – कलेक्टर श्री हिमाशु चंद्रा द्वारा अवैध खनिज परिवहन के चार प्रकरणों में कुल 99 हजार 955 रूपये की शास्ति अधिआरोपित की गई है। कलेक्टर ने मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के तहत अनावेदक अवैध खनिज परिवहनकर्ता वाहन मालिक घनश्याम पिता बद्रीलाल निवासी खानखेडी द्वारा रैत का अवैध परिवहन करने पर खनिज रायल्टी का 15 गुना अर्थशास्ति राशि 3750 रूपए एवं पर्यावरण क्षतिपूर्ति 25 हजार रूपये इस प्रकार कुल 28750 रूपए की शास्ति अधिरोपित की हैं।
अनावेदक अवैध खनिज परिवहनकर्ता वाहन मालिक इन्द्रजीत पिता कैलाश पाटीदार निवासी भरभडिया द्वारा रैत का अवैध परिवहन करने पर खनिज रायल्टी का 15 गुना अर्थशास्ति राशि 3750 रूपए एवं पर्यावरण क्षतिपूर्ति 25 हजार रूपये इस प्रकार कुल 28750 रूपए की शास्ति अधिरोपित की हैं।
अनावेदक अवैध खनिज परिवहनकर्ता वाहन मालिक कारूलाल पिता रामलाल बाछडा निवासी लसुडी आंत्री द्वारा रैत का अवैध परिवहन करने पर खनिज रायल्टी का 15 गुना अर्थशास्ति राशि 3750 रूपए एवं पर्यावरण क्षतिपूर्ति 25 हजार रूपये इस प्रकार कुल 28750 रूपए की शास्ति अधिरोपित की हैं।
इसी तरह अनावेदक अवैध खनिज परिवहनकर्ता वाहन मालिक सुरजमल पिता जीतमल निवासी चेनपुरा द्वारा रैत का अवैध परिवहन करने पर खनिज रायल्टी का 15 गुना अर्थशास्ति राशि 2790 रूपए एवं पर्यावरण क्षतिपूर्ति 10 हजार 915 रूपये इस प्रकार कुल 13 हजार 705 रूपए, इस प्रकार चार प्रकरणों में कुल 99 हजार 955 रूपये की शास्ति अधिरोपित की हैं।
खनिज विभाग द्वारा खनिज के अवैध परिवहन पाए जाने पर प्रकरण पंजीबद्ध कर कलेक्टर न्यायालय नीमच में प्रस्तुत किए गए थे।
=========
दो पीडित परिवार को आठ लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत
नीमच- अनुविभगीय अधिकारी राजस्व उपखण्ड मनासा सुश्री किरण आंजना द्वारा राजस्व पुस्तक परिपत्र भाग 6(4) के तहत पानी में डूबने एवं सर्पदंश से मृत्यु होने पर दो पीडित परिवार को आठ लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। एसडीएम मनासा द्वारा देवरी पड़दा के लाउ पिता इंदरसिह की 26 सितम्बर 2025 को खेत पर कार्य के दौरान पानी में डूबने से मृत्यु हो जाने पर मृतक के वारिस इंदरसिह पिता दुर्गा बंजारा को 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
इसी तरह जुनामालाहेडा के दिनेश पिता भागीरथ रेगर की 15 अक्टूबर 2025 को सर्पदंश से मृत्यु होने पर मृतक की वारिस पत्नि ललिताबाई रेगर को 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। तहसीलदार मनासा द्वारा आर्थिक सहायता का प्रकरण तैयार कर, एसडीएम मनासा को स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किया गया था।
==========
जिले में 9 से 13 फरवरी तक वित्तीय साक्षरता सप्ताह का आयोजन
नीमच -रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के तत्वाधान में वित्तीय साक्षरता केंद्र में वित्तीय साक्षरता सप्ताह (FLW)–2026 का आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 09 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक आयोजित हो रहा है।
वित्तीय साक्षरता सप्ताह की थीम “KYC – सुरक्षित बैंकिंग की ओर पहला कदम” है। कार्यक्रम में आम नागरिकों को ग्राहक पहचान प्रक्रिया (KYC), केंद्रीय केवाईसी रजिस्ट्री (C-KYC), खाता स्वच्छता एवं वित्तीय अनुशासन की जानकारी दी जा रही है।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राहकों को बैंकिंग से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों से सतर्क करना तथा सुरक्षित और जिम्मेदार बैंकिंग को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर बैंक अधिकारियों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री शीतांशु शेखर ने सभी ग्राहकों से अपील की है कि वे वित्तीय साक्षरता सप्ताह में भाग लेकर सुरक्षित बैंकिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त करें।
===========
जनगणना 2027 दो चरणों में आयोजित की जाएगी
जनगणना 2027 देश की प्रथम डिजिटल जनगणना होगी
जनगणना 2027 का प्रथम चरण एक से 30 मई 2026 तक आयोजित किया जाएगा
प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की जाएगी
कलेक्टर श्री चंद्रा की उपस्थिति में जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न
नीमच – कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की उपस्थिति में मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस.कलेश, शहरी विकास परियोजना अधिकारी श्री पराग जैन, जिला जनगणना समन्वय समिति के सदस्य और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर श्री चंद्रा ने बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक संख्या में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने और सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि भारत की जनगणना 2027 दो चरणों में आयोजित की जाएगी। जनगणना 2027 का प्रथम चरण 01 मई 2026 से 30 मई 2026 तक करेगा। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की जाएगी। जनगणना 2027 का दूसरा चरण फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा। दूसरे चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी।
प्रथम चरण में प्रगणक और पर्यवेक्षक द्वारा घर-घर दस्तक देकर मकान सूचीकरण का कार्य 01 मई 2026 से 30 मई 2026 तक किया जाएगा। मकान सूचीकरण के कार्य के लिए स्वगणना का विकल्प 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक प्रथम चरण के पूर्व 15 दिन तक उपलब्ध रहेगा। मकान सूचीकरण के कार्य में प्रगणक और पर्यवेक्षक द्वारा शासन द्वारा अधिसूचित 33 सवाल पूछे जाएगें।
दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना का कार्य फरवरी, 2027 में होगा। जनसंख्या की गणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति की गणना की जाएगी। साथ ही व्यक्तियों के सम्बन्ध में अन्य विभिन्न बिन्दुओं जैसे- आयु, लिंग, वैवाहिक स्थिति, धर्म, दिव्यांगता, मातृभाषा, साक्षरता, शैक्षणिक योग्यता, आर्थिक क्रियाकलाप, प्रवास, प्रजननता विवरण इत्यादि पर जानकारी एकत्रित की जाएगी।
जनगणना 2027 देश की प्रथम डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें अप्लीकेशन के माध्यम से आंकड़ों का संकलन किया जाएगा। जनगणना के समस्त कार्य की रियल टाइम मॉनिटरिंग सेन्सस् मैनेजमेंट एंड मॉनिटरिंग सिस्टम(CMMS) पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। इसके अतिरिक्त, निवासियों को अपना जनगणना डेटा स्वयं ऑनलाइन भरने की सुविधा प्रदान करने के लिए स्वगणना वेब पोर्टल विकसित किया जाएगा।
जनगणना से संबंधित विभिन्न कार्यकलापों का निष्पादन जनगणना अधिनियम 1948 एवं जनगणना नियम 1990 के प्रावधानों के तहत किया जाता है। जनगणना के दौरान संकलन व्यक्तिगत जानकारियॉं पूर्णत: गोपनीय होती हैं और इसे किसी अन्य के साथ साझा नहीं किया जाता है। साथ ही एकत्रित की गई व्यक्तिगत जानकारी को कहीं पर भी साक्ष्य के लिए उपयोग नहीं किया जा सकता। जनगणना 2027 के प्रगणक, पर्यवेक्षक या कोई अन्य व्यक्ति द्वारा किसी भी प्रकार के ओटीपी या बैंक डिटेल्स की मांग नहीं की जाएगी।
जनगणना के डिजिटल टूल्स
1. आंकड़ों का संग्रहण-
अ. मकान सूचीकरण ऐप ( हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन्स HLO App)
ब . जनगणना ऐप ( पॉपूलेशन इनूमरेशन PE App)
2. स्व गणना पोर्टल
3. सेन्सस् मेनेजमेन्ट एंड मॉनिटरिंग सिस्टम (CMMS) पोर्टल
4. हाउस लिस्टिंग ब्लाक क्रिएटर ( HLBC) वेब मेप ऐप
जनगणना 2027 के लिए मास्टर ट्रेनरों द्वारा फिल्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। फिल्ड ट्रेनरों द्वारा प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को 03 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। जनगणना 2027 में भाग लेने वाले प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को शासन द्वारा मानदेय भी दिया जाएगा।
=======
निलेश जोशी मध्य प्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मनोनीत



