पति को दहेज के केस में अंदर करवाया… 5 हजार रुपए महीना गुजारा भत्ता पाया… पंचायत में उसी पति को ‘मृत’ बताया… विधवा पेंशन का लाभ भी उठाया!

अजब ‘पत्नी’ की गजब कहानी..?
पति को दहेज के केस में अंदर करवाया… 5 हजार रुपए महीना गुजारा भत्ता पाया… पंचायत में उसी पति को ‘मृत’ बताया… विधवा पेंशन का लाभ भी उठाया!
देश में कानून का किस-किस तरह से दुरुपयोग हो सकता है इसका ताजा उदाहरण मध्यप्रदेश के सिंगरौली से सामने आया… खबर है कि एक ‘पीड़ित पति’ अपने ‘जिंदा होने’ का सबूत गले में तख्ती टांगकर सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहा है, तो महिला मायके में बैठकर उसकी विधवा पेंशन ले रही… इतना ही नहीं, इस विधवा पेंशन लेने वाली महिला ने पति को कोर्ट का सहारा लेकर पहले तो जेल भिजवाया और अब कोर्ट के ही आदेश पर 5 हजार रुपए गुजारा भत्ता भी ले रही… यानी एक ही महिला सरकारी रिकॉर्ड में पति को मरा हुआ बताकर विधवा पेंशन का फायदा उठा रही, तो कोर्ट का सहारा लेकर उसी ‘मृत पति’ से 5 हजार रुपए महीना भी ले रही… मामला सिंगरौली जिले के जनपद पंचायत बैढ़न के करसोसा गांव में रहने वाले चंद्रवती पटेल का है… पटेल सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटते हुए यह बता-बताकर थक गए कि ”मैं जिंदा हूं… और मेरी पत्नी अजोरिया पटेल मायके में बैठकर 5 हजार रुपए महीना भी ले रही… और सरकारी रिकॉर्ड में मुझे ‘मृत’ बताकर पेंशन भी ले रही है…” यह मामला जब मीडिया के माध्यम से जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे के संज्ञान में आया तो उनका भी माथा ठनका और उन्होंने तुरंत जनपद पंचायत बैढ़ सीईओ से जांच प्रतिवेदन मांग कार्रवाई शुरू करवाई… सीईओ का कहना है कि गलत तथ्य प्रस्तुत कर जो भी सरकारी लाभ लिया जा रहा है उस पर सख्त कार्रवाई होगी… बता दें कि इन दोनों की शादी को 30 साल हो चुके थे और कुछ साल बाद जब अनबन हुई तो चंद्रवली ने अंजोरिया पटेल को छोड़कर किसी गुजरिया पटेल से दूसरी शादी भी कर ली थी… इसके बाद पहली पत्नी ने 2014 में पति चंद्रवली पर दहेज प्रताड़ना से लेकर मारपीट व अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज करवाकर पति को जेल भिजवा दिया… पति अब जहां 5 हजार रुपए प्रतिमाह महिला को गुजारा भत्ता दे रहा, तो उसकी पहली पत्नी भी सरकारी रिकॉर्ड में पति को ‘मृत’ बताकर पेंशन भी ले रही… फिलहाल आगे की कार्रवाई व छानबीन जारी है..!



