सतना-मैहर के बीच झूल रहा रामनगर परिक्षेत्र, ऑनलाइन परीक्षा पोर्टल से गायब सान्दीपनि विद्यालय का नाम

सतना-मैहर के बीच झूल रहा रामनगर परिक्षेत्र, ऑनलाइन परीक्षा पोर्टल से गायब सान्दीपनि विद्यालय का नाम
मैहर। मैहर जिला के मॉडल एवं उत्कृष्ट विद्यालयों की प्रवेश चयन परीक्षा रविवार को आयोजित की जाएगी, लेकिन उससे पहले ऑनलाइन परीक्षा पोर्टल में तकनीकी गड़बड़ी के कारण रामनगर परिक्षेत्र के परीक्षार्थियों व अभिभावकों में असमंजस की स्थिति बन गई है। इस संंबंध में परीक्षार्थियों व उनके अभिभावकों के अनुसार कक्षा 9 में प्रवेश हेतु मॉडल/एक्सीलेंस विद्यालय की चयन परीक्षा रविवार को सुबह 11 बजे से आयोजित होगी, जिसमें परीक्षार्थियों को सुबह 10 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा। समस्या यह है कि ऑनलाइन पोर्टल पर परीक्षा केंद्र का सही अपडेशन नहीं हुआ है, जिससे प्रवेश पत्रों में पूर्व का पता प्रिंट होकर आ गया है। दरअसल, वर्तमान परीक्षा केंद्र शासकीय सान्दीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रामनगर (जिला मैहर) है, जो रीवा रोड स्थित आईटीआई के पास संचालित है। जबकि कई परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्रों में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामनगर, जिला सतना अंकित है। इस विसंगति के कारण दूरदराज से आने वाले अभिभावकों व परीक्षार्थियों को छोटी सी जानकारी की कमी, बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है।
बताया जा रहा है कि इस परीक्षा में विकासखंड क्षेत्र के लगभग 200 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनकी पूर्व तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार को आयोजित होने वाली कक्षा 9 की प्रवेश परीक्षा में रामनगर जनपद शिक्षा परिक्षेत्र के कक्षा 8 में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं सम्मिलित होंगे।
जागरुक करने में जुटा विद्यालय प्रबंधन:
रामनगर स्थित शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑनलाइन परीक्षा केंद्र में समय पर अपडेशन न होने से गफलत की स्थिति बनी हुई है, हालांकि परीक्षा केंद्र केवल शासकीय सान्दीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामनगर ही रहेगा। इस संंबंध में विद्यालय प्रंंबंधन सभी परीक्षार्थियों व उनके अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें अवगत कराया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि परीक्षा परिणाम मेरिट के आधार पर घोषित किया जाएगा, जिसके बाद चयनित विद्यार्थियों को विकासखंड स्तर पर संचालित सर्वसुविधायुक्त शासकीय मॉडल/एक्सीलेंस विद्यालयों में अध्ययन का अवसर प्राप्त होगा।
कई बार नाम बदलने से उत्पन्न यह स्थिति:
मध्य प्रदेश शासन द्वारा शासकीय विद्यालयों के कई बार नाम परिवर्तन कराए गए। जिसके अनुसार वर्ष 2000 में यह विद्यालय शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामनगर था, जो क्रमश: वर्ष 2003 में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामनगर फिर सीएम राइज स्कूल और वर्ष 2023 में इसे बदलते हुए इन्हें संदीपनी विद्यालय कर दिया गया। लेकिन इन बदलावों को कई बार आन लाइन पोर्टर्लो में नहीं सुधारा जाता है। जिसके चलते ऐसी गलतियां सामने आती है।



