एमपी बीजेपी में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, हितानंद शर्मा को मिली नई जिम्मेदारी

एमपी बीजेपी में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, हितानंद शर्मा को मिली नई जिम्मेदारी
भोपाल।। मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया गया है। प्रदेश के संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) में मध्यक्षेत्र का सह-बौद्धिक प्रमुख नियुक्त किया गया है।
करीब चार वर्षों से मध्यप्रदेश बीजेपी के प्रदेश संगठन महामंत्री का दायित्व संभाल रहे हितानंद शर्मा को संघ ने नई भूमिका में भेजते हुए मूल केडर में वापस बुला लिया है। संगठन महामंत्री का पद बीजेपी में बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है और प्रायः इस दायित्व पर संघ से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारी ही नियुक्त किए जाते हैं।
फिलहाल हितानंद शर्मा के स्थान पर मध्यप्रदेश बीजेपी का नया संगठन महामंत्री कौन होगा, इसको लेकर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
सूत्रों के अनुसार, संगठनात्मक रणनीति के तहत यह बदलाव किया गया है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2020 में हितानंद शर्मा को प्रदेश सह-संगठन महामंत्री बनाया गया था। इसके दो वर्ष बाद उन्हें प्रदेश संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
अब संघ में उनकी नई भूमिका को संगठनात्मक मजबूती और वैचारिक विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है।



