समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 29 जनवरी 2026 गुरुवार

///////////////////////////////
=============
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 29 जनवरी को मंदसौर आएंगे
मंदसौर 28 जनवरी 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 29 जनवरी 2026 को मंदसौर आएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव दोपहर 02:25 बजे इंदौर से हेलीकॉप्टर से प्रस्थान कर दोपहर 03:20 बजे मल्हारगढ़ आएंगे। तय कार्यक्रम अनुसार डॉ. मोहन यादव जिले को करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की सौगात देंगे तथा प्रदेश के किसानों को भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण करेंगे।मुख्यमंत्री द्वारा मल्हारगढ़ से भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत प्रदेश के 7.10 लाख किसानों के खातों में कुल 1,492 करोड़ रुपए की राशि अंतरित करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर 4:30 बजे मल्हारगढ़ से हेलीकॉप्टर द्वारा भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
============
मल्हारगढ़ से प्रदेश के 7.10 लाख किसानों को करेंगे भावांतर राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण
मंदसौर 28 जनवरी 26/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 29 जनवरी को मंदसौर जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले को करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की सौगात देंगे तथा प्रदेश के किसानों को भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण करेंगे।
मुख्यमंत्री द्वारा मल्हारगढ़ से भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत प्रदेश के 7.10 लाख किसानों के खातों में कुल 1,492 करोड़ रुपए की राशि अंतरित करेंगे।
मंदसौर जिले के 27,500 किसानों द्वारा अपनी कुल 47,283.03 टन उपज का विक्रय किया गया है, जिसके एवज में जिले को लगभग 43 करोड़ रुपए की भावांतर राशि प्राप्त होगी।
विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मल्हारगढ़ में निम्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे—
51.91 करोड़ रुपए की लागत से मंदसौर-नीमच स्टेट हाईवे पर स्थित मल्हारगढ़ 4 लेन फ्लाईओवर का भूमिपूजन, 5.53 करोड़ रुपए की लागत से पिपलिया मंडी समपार रेलवे अंडर ब्रिज का भूमिपूजन एवं 2.06 करोड़ रुपए की लागत से मल्हारगढ़ रेलवे स्टेशन रोड पर पुल निर्माण कार्य का लोकार्पण करेंगे। इन विकास कार्यों से क्षेत्र में यातायात सुविधा सुदृढ़ होगी तथा आमजन को आवागमन में राहत मिलेगी।
=============
मुख्यमंत्री के भ्रमण को लेकर कलेक्टर ने पशुपतिनाथ लोक, मंदसौर हवाई पट्टी एवं मल्हारगढ़ कॉलेज का किया निरीक्षण
मंदसौर 28 जनवरी 26/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 29 जनवरी को प्रस्तावित मंदसौर जिले के भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने भगवान पशुपतिनाथ लोक, मंदसौर हवाई पट्टी एवं मल्हारगढ़ कॉलेज सभा स्थल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री द्वारा भगवान पशुपतिनाथ लोक के लोकार्पण तथा मल्हारगढ़ में भावांतर राशि भुगतान कार्यक्रम में सहभागिता की जानी है। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना, अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने पशुपतिनाथ लोक परिसर में मंदिर क्षेत्र, प्रदर्शनी व्यवस्था, पालकी एवं संपूर्ण लोक भ्रमण का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इसके पश्चात उन्होंने मंदसौर हवाई पट्टी का निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग को सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने मल्हारगढ़ में कॉलेज ग्राउंड एवं हवाई पट्टी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंच व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
=====
सीतामऊ साहित्य महोत्सव में आने-जाने हेतु प्रशासन ने की दो निःशुल्क बसों की व्यवस्था
29 जनवरी से 31 जनवरी तक पूरे तीन दिन रहेगी बस की सुविधा
मंदसौर 28 जनवरी 26/ सीतामऊ साहित्य महोत्सव (29 जनवरी से 31 जनवरी) में भाग लेने वाले श्रोताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा गांधी चौराहा, मंदसौर से आने-जाने हेतु दो बसों की व्यवस्था की गई है।
प्रथम बस प्रातः 8:30 बजे गांधी चौराहा पर उपलब्ध रहेगी तथा प्रातः 9:00 बजे सीतामऊ साहित्य महोत्सव के लिए रवाना होगी। यह बस सीतामऊ से दोपहर 2:00 बजे पुनः मंदसौर के लिए प्रस्थान करेगी, जिससे श्रोता वापस आ सकेंगे।
द्वितीय बस दोपहर 1:00 बजे गांधी चौराहा, मंदसौर से सीतामऊ के लिए रवाना होगी। यह बस महोत्सव की समस्त गतिविधियों के समापन के पश्चात सीतामऊ से मंदसौर लौटेगी एवं गांधी चौराहा पर यात्रियों को छोड़ेगी।
श्रोतागण अपनी सुविधा एवं कार्यक्रम की अवधि के अनुसार किसी भी बस सेवा का उपयोग कर सकते हैं।
===========
=========
मजबूत परिवार, सशक्त समाज की दिशा में निर्णायक पहल
महिला बाल विकास मंत्री सुश्री भूरिया ने किया भोपाल में ‘तेरे मेरे सपने’ प्री-मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर का शुभारंभ
मंदसौर 28 जनवरी 26/ महिला बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) के मार्गदर्शन में विवाह-पूर्व संवाद को संस्थागत स्वरूप देने वाली देश की पहली संरचित पहल ‘तेरे मेरे सपने’ के अंतर्गत प्री-मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर (PMCC) का शुभारंभ भोपाल में किया। इस अवसर पर उन्होंने शक्ति सदन का भी शुभारंभ किया।
मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि जब “तेरे” और “मेरे” सपने मिलकर “हमारे” सपने बनते हैं, तभी एक स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त भारत का निर्माण संभव है। मजबूत समाज की नींव मजबूत परिवार होते हैं और मजबूत परिवार सोच-समझकर बनाए गए रिश्तों से ही संभव हैं। उन्होंने कहा कि आज के बदलते सामाजिक परिदृश्य में विवाह से पहले संवाद, समझ और भावनात्मक तैयारी अत्यंत आवश्यक हो गई है। ‘तेरे मेरे सपने’ पहल युवाओं को विवाह से पूर्व आपसी अपेक्षाओं, मूल्यों, जिम्मेदारियों और भविष्य की योजनाओं पर खुलकर चर्चा करने का सुरक्षित एवं मार्गदर्शित मंच प्रदान करती है।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि संवाद की कमी, अवास्तविक अपेक्षाएँ और भूमिका स्पष्टता के अभाव में कई वैवाहिक रिश्ते तनाव, मानसिक उत्पीड़न और घरेलू हिंसा तक पहुँच जाते हैं। ऐसे में प्री-मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर न केवल विवादों की रोकथाम में सहायक होंगे, बल्कि सम्मान, सहमति और समानता पर आधारित रिश्तों को भी मजबूत बनाएंगे। उन्होंने बताया कि निर्भया फाउंडेशन द्वारा संचालित यह परियोजना महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और सशक्तिकरण के राष्ट्रीय संकल्प को मजबूती प्रदान करती है। विवाह से पहले स्पष्टता और संवाद घरेलू हिंसा एवं पारिवारिक विवादों की संभावनाओं को प्रभावी रूप से कम कर सकते हैं।
मंत्री सुश्री भूरिया ने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा श्रीमती विजया राहटकर के प्रति आभार व्यक्त किया, जिनके मार्गदर्शन में इस पायलट प्रोजेक्ट के लिए भोपाल का चयन किया गया।अभियान से जुड़ी डॉ. प्रतिभा राजगोपाल के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रशासनिक प्रशिक्षण अनुभव से इस पहल को व्यावहारिक और सशक्त दिशा मिलेगी। उन्होंने समाज के अध्यक्षों, धर्मगुरुओं, अभिभावकों और युवाओं से आग्रह किया कि वे विवाह को केवल सामाजिक औपचारिकता नहीं, बल्कि समझदारी और साझेदारी का निर्णय बनाएं तथा विवाह से पूर्व संवाद को स्वीकार करें। मंत्री सुश्री भूरिया ने निर्भया फाउंडेशन की पूरी टीम को इस संवेदनशील और दूरदर्शी पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि सरकार ऐसे सभी प्रयासों के साथ मजबूती से खड़ी है, जो समाज को सुरक्षित, सशक्त और संवेदनशील बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि ‘तेरे मेरे सपने’ पहल के अंतर्गत अब तक देश के 9 राज्यों में 23 प्री-मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर प्रारंभ किए जा चुके हैं। इन केंद्रों के माध्यम से युवाओं को संवाद कौशल, मानसिक स्वास्थ्य, वित्तीय योजना, लैंगिक समानता और पारिवारिक जिम्मेदारियों से संबंधित परामर्श प्रदान किया जा रहा है। सुश्री भूरिया ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे लोगों को जिन्हें पीएमसीसी का ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया है उन्हें प्रमाणपत्र वितरित कर सम्मानित किया।
तेरे मेरे सपने’ – PMCCs की विशेषताएँ
यह भारत की पहली संरचित पहल है, जो युवाओं को विवाह पूर्व संवाद, भावनात्मक शिक्षा और आपसी समझ प्रदान करती है।
विवाह पूर्व परामर्श सत्र करके अपेक्षाएँ, मतभेद प्रबंधन, वित्तीय योजना, मानसिक स्वास्थ्य और पारिवारिक भूमिकाओं पर मार्गदर्शन दिया जाता है।
इंटरैक्टिव गतिविधियाँ के माध्यम से मनोवैज्ञानिक टूल्स और अभ्यासों के जरिए भावनात्मक जुड़ाव और आपसी समझ को बढ़ाया जाता है।
जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से कॉलेजों, विवाह पंजीकरण कार्यालयों और समुदायों के माध्यम से संवाद कौशल को प्रोत्साहित किया जाता है।
आगे की राह
उल्लेखनीय है कि अब तक देश के 9 राज्यों में 23 प्री-मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर प्रारंभ किए जा चुके हैं। राष्ट्रीय महिला आयोग का लक्ष्य है कि भविष्य में देश के प्रत्येक ज़िले में ऐसा केंद्र स्थापित किया जाए। विशेषकर उन क्षेत्रों में जहाँ घरेलू हिंसा और वैवाहिक विवादों के मामले अधिक हैं।
===========
मनरेगा बचाओ राष्ट्रीय अभियान के तहत 30 जनवरी को मन्दसौर जिले के प्रत्येक ब्लॉक में धरना-प्रदर्शन – प्रभारी नियुक्त
मंदसौर । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्र सिंह गुर्जर ने बताया कि मनरेगा बचाओ राष्ट्रीय अभियान” (मनरेगा बचाओ संग्राम) के अंतर्गत केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा को कमजोर करने वाली एवं भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में आगामी 30 जनवरी 2026 शुक्रवार को मन्दसौर जिले के सभी ब्लॉकों में धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे । जिसमे ब्लॉक-वार प्रभारी की नियुक्ति की गए हे जो निम्नानुसार है 1 मन्दसौर शहर ब्लॉक – भोपाल सिंह सौलंकी,2 मन्दसौर ग्रामीण ब्लॉक – मो. हनीफ शेख़ ,3 दलौदा ब्लॉक – राजेश रघुवंशी,4 मल्हारगढ़ ब्लॉक – सुरेन्द्र कुमावत,5 संजीत ब्लॉक – डॉ. प्रितिपाल सिंह राणा,6 धुँधड़का ब्लॉक – दीपक सिंह गुर्जर,7 सीतामऊ ब्लॉक – अजय लोढा,8 कयामपुर ब्लॉक – परशुराम सिसोदिया,9 सुवासरा ब्लॉक – मंजीत सिंह टुटेजा,10 शामगढ ब्लॉक – सोमिल नाहटा,11 गरोठ ब्लॉक – शौकत मंसूरी,12 मेलखेड़ा ब्लॉक – रिंकेश डबकरा,13 भानपुरा ब्लॉक – करण सिंह मीणा आदि को को नियुक्त किया गया हे । श्री गुजर ने आगे कहा कि यह धरना प्रदर्शन कार्यक्रम शांतिपूर्ण रहेगा और महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके विचारों के अनुरूप जनहित में आयोजित होगा ।
=========
कंडक्टर ने अपने निजी खर्चे से बस को सजाया ,तिरंगे के रंगों से सजी बस आकर्षण का केंद्र बनी
जय हिन्द ग्रुप मंदसौर संयोजक समाजसेवी कुलदीप सिंह गौड़ ने बताया रतलाम,जावरा-मंदसौर रूट पर चलने वाली मिनाक्षी बस के कंडक्टर ताज मोहम्मद उर्फ (जादूगर ) ने अपने निजी खर्चे से हर वर्ष कि तरह इस वर्ष भी, गणतंत्र दिवस,, पर,,स्वतंत्रता दिवस पर, बस को सजाते है,, इसे उन्होंने यह साबित कर दिखाया है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर तिरंगे के रंगों से सजी उनकी बस न केवल सड़क पर आकर्षण का केंद्र बनी, बल्कि यह उनके गहरे राष्ट्रप्रेम का भी प्रतीक है। ताज मोहम्मद उर्फ (जादूगर) की इस अनूठी और प्रेरणादायक पहल की जितनी सराहना की जाए कम है,जय हिन्द ग्रुप मंदसौर संयोजक कुलदीप सिंह गौड़ द्वारा उनका सम्मान किया जाएगा,,, मिनाक्षी बस के कंडक्टर ताज मोहम्मद उर्फ (जादूगर) को बधाई शुभकामनाएं दी,,


