नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 23 जनवरी 2026 शुक्रवार

/////////////////////////////////////

क्षीर धारा ग्रामों में पशुपालक जागरूकता शिविर सम्पन्न

नीमच 22 जनवरी 2026, मध्यप्रदेश शासन की मंशानुसार प्रदेश में आगामी तीन वर्षों में चरणबद्ध तरीके से सभी ग्रामों को क्षीर धारा ग्राम बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस अभियान के दौरान प्रथम वर्ष हेतु चयनित जिले के 104 ग्रामों में 100 प्रतिशत टीकाकरण, टेगिंग तथा कृत्रिम गर्भाधान, कवरेज का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर श्री हिमांशु चन्द्रा के निर्देशन में क्षीर धारा ग्रामों में आत्मा योजना के माध्यम से पशुपालक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस कड़ी में ग्राम जूनीबावल, छायन एवं ग्वाल तालाब में आत्मा परियोजना के सहयोग से शिविर आयोजित किए गए। इस शिविरों में पशु प्रजनन कार्यक्रम अधिकारी डॉ.संदीप शर्मा, विकासखण्ड पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ.मीनल पाटनी तथा डॉ.सी.एल.मालवीय ने पशु स्वास्थ्य, पशुपोषण एवं नस्ल सुधार के माध्यम से लाभ अर्जित करने के बारे में अवगत कराया।

उप संचालक पशुपालन डॉ.राजेश पाटीदार ने बताया, कि प्रत्येक विकासखण्ड में पाँच-पाँच पशुपालक जागरुकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उपरोक्त शिविरों में कलेक्टर श्री चंद्रा के निर्देशानुसार जिले के सफल पशुपालकों को भी आमंत्रित किया जा रहा है और वे कैसे एक सफल पशुपालक बने, उनके अनुभव एवं सफलता की कहानी, उनकी जुबानी पशुपालकों के साथ साझा करवाई जा रही है।

कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार क्षीर धारा ग्रामों छायन, ग्‍वाल तालाब एवं जूनी बावल में आत्‍मा योजना के तहत पशुपालकों से उदाहरणीय पशुपालक भोपालसिह, परमेश्‍वर धाकड, कृष्‍णकांत, सोनू एवं अनिल पाटीदार के साथ विभागीय अधिकारियों ने पशु पोषण, पशु स्‍वास्‍थ्‍य एवं नस्‍ल सुधार विषय पर परिचर्चा की गई।

===========

राजस्‍व एवं न.पा.की टीम ने रावणरूण्‍डी से हटाया अतिक्रमण

एक लाख रूपये मूल्‍य की 0.010 हेक्‍टेयर जमीन को कराया अतिक्रमण मुक्‍त

नीमच 22 जनवरी 2026, कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा जिले में शासकीय जमीनों के संरक्षण एवं शासकीय जमीनों को अतिक्रमण मुक्‍त करवाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरूवार को कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं एसडीएम श्री संजीव साहू के मार्गदर्शन में तहसीलदार डॉ.अजेन्‍द्र नाथ प्रजापति एवं राजस्‍व टीम ने प्रभावी कार्यवाही कर नीमच शहर के रावणरूण्‍डी में एक लाख रूपये मूल्‍य की 0.010 हेक्‍टेयर जमीन अतिक्रमण मुक्‍त करवाई गई है। तहसीलदार डॉ.अजेन्‍द्र नाथ प्रजापति ने बताया, कि तहसीलदार नीमच नगर के बेदखली आदेश पर कस्‍बा नीमच सीटी के सर्वे नम्‍बर 1558 की शासकीय जमीन के रकबा 1.233 भूमि में से रकबा 0.010 हेक्‍टेयर जमीन पर मकान बनाकर किए जा रहे अतिक्रमण को राजस्‍व, न.पा.की टीम द्वारा हटा दिया गया है।

================

पीडित महिला का वन स्‍टॉप सेंटर बना सहारा

नीमच 22 जनवरी 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी नीमच श्री बी.एस. कलेश के निर्देशन में वन स्टॉप सेन्टर (सखी) नीमच का संचालन किया जा रहा है। यह वन स्‍टाप सेंटर पीडित महिलाओं के लिए आश्रय का सहारा बन रहा है। जिला महिला बाल विकास अधिकारी सुश्री अंकिता पंड्या ने बताया, कि महिला संगीता को तीर्थ यात्रा करवाने के बहाने से जिला भागलपुर बिहार से ग्राम सरवानिया महाराज तहसील जावद जिला नीमच लाया गया। महिला को डरा धमकाकर विवाह के लिये लड़को व उनके परिवार से मिलवाया जा रहा था। परिवर्तित नाम हंसा व उसका पति बिहार से लड़कियों को बुलाकर पैसो के बदले विवाह करवाने का काम करते है। महिला संगीता एक दिन मौका पाकर हंसा व उसके पति के घर से भाग निकली, मौहल्ले वालो की मदद् से महिला सरवानिया चौकी पहुँची।

महिला पुलिस थाने द्वारा अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी के आदेश से महिला संगीता को सुरक्षा की दृष्टि से वन स्टॉप सेन्टर सखी की आश्रय व्यवस्था में रखा गया। महिला को वन स्टॉप सेन्टर में आश्रय, चिकित्सा, परामर्श व पुलिस सहायता दी गई। महिला संगीता के परिवार का पता लगाने में वन स्टॉप सेन्टर सखी की प्रभारी प्रशासक श्रीमती दिपिका नामदेव एवं उनकी टीम तथा स्टॉफ और पुलिस प्रशासन ने प्रयास करके महिला के परिजनों के निवास स्थल का पता लगाया और उन्हें उनकी बच्ची के वन स्टॉप सेन्टर सखी में सुरक्षित होने की सूचना दी। महिला के परिजनों को बिहार से नीमच बुलाया गया।

अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी के आदेश के पश्चात महिला संगीता को पुलिस के सुर्पुद किया गया, ताकि महिला संगीता की माता की शिनाक्त के पश्चात महिला संगीता को उसकी माता के सुर्पुद किया जा सके। इस तरह वन स्टॉप सेन्टर (सखी) नीमच महिला पीड़ित परिवर्तित नाम महिला संगीता का अंजान शहर में एक सुरक्षित सहारा बना है।

==========

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}