सीतामऊ में गुजराती बलाई समाज द्वारा 23 को शोभायात्रा के साथ भव्य विवाह सम्मेलन

बैंड ढोल और पुष्प वर्षा करती तोपों के साथ निकालेंगी भगवान की बारात
लदुना ।सीतामऊ नगर में पहली बार राष्ट्रीय गुजराती बलाई सामाजिक विकास समिति के तत्वाधान में प्रथम सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। जिसकी तैयारियों को लेकर समाजजनों ने आयोजन कि व्यवस्थाओं के साथ गांव-गांव जाकर सम्मेलन के आमंत्रण पत्र प्रदान कर आमंत्रित किया गया। सामूहिक विवाह सम्मेलन सीतामऊ स्थित राधा बावड़ी के पास सुरखेड़ा रोड़ खेल मैदान में बसंत पंचमी के दिन 23 जनवरी को आयोजित होगा। जिसमें में 8 जोड़े विवाह बंधन में बंधेगे। इनमें से एक जोड़ा भगवान शालिग्राम के रूप में होगा, जिनका विवाह सामूहिक विवाह सम्मेलन में तुलसी माता के साथ किया जाएगा। भगवान श्री कृष्ण माता तुलसी सहित 8 जोड़े प्रथम सामूहिक विवाह के परिणय बंधन में बंधेंगे।
जानकारी के अनुसार 23 जनवरी को गुजराती बलाई समाज श्रीराम जानकी मंदिर से भगवान शालीग्राम रथ में सवार होकर वर- वधुओं की बिंदोली के साथ बारात शोभायात्रा बैंड, 11 ढोल, दो तोप और आतिशबाजी के साथ समाजजनों कि उपस्थिति में प्रारंभ होकर विवाह स्थल खेल मैदान पहुंचेंगे।
सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति के अध्यक्ष धीरज चौधरी और कोषाध्यक्ष विनोद पारखी ने बताया कि 23 जनवरी माघ शुक्ल बसंत पंचमी शुक्रवार के दिन सभी बारातों को सुबह 8 बजे मोड़ी माता मंदिर पर बुलाया गया है। यहां से भव्य शोभायात्रा और भगवान की बारात के साथ सभी बारातें श्री राधा बावड़ी हनुमान मंदिर के पीछे स्थित महाराणा प्रताप स्टेडियम पहुंचेंगी। मुख्य आयोजन स्थल भी वही रहेगा। विवाह सम्मेलन की संपूर्ण जिम्मेदारी गायत्री परिवार द्वारा संभाली जाएगी। साथ ही सात जोड़ों को मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना का लाभ भी दिलवाया जाएगा। जिलाध्यक्ष घनश्याम धाणक ने बताया कि जिले के 56 गांवों के समाज बंधुओं को इस प्रथम सामूहिक विवाह सम्मेलन के लिए निमंत्रण भेजे गए हैं।
============


