समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 08 जनवरी 2026 गुरुवार

/////////////////////////////////////////
जनता की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति करना सरकार का मूल कार्य है : उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने 9.10 करोड़ की लागत से बनने वाले संयुक्त तहसील कार्यालय मल्हारगढ़ का किया भूमि पूजनमंदसौर 7 जनवरी 26/ उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने आज मल्हारगढ़ में 9 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले संयुक्त तहसील कार्यालय भवन का विधिवत भूमि पूजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर सांसद श्री सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, जिला योजना समिति सदस्य श्री राजेश दीक्षित, श्री मदनलाल राठौर, जनपद अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा पाटीदार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, मल्हारगढ़ एसडीएम श्रीमती स्वाति तिवारी सहित अन्य अधिकारी, आम नागरिक एवं पत्रकार कार्यक्रम में मौजूद थे।
उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि जनता की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति करना सरकार का मूल कार्य है। देश निरंतर प्रगति कर रहा है और बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग और समाज को विकास का लाभ मिल रहा है। अब किसी प्रकार के दलाल या बिचौलिये की भूमिका नहीं रही है, योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है।
उन्होंने संयुक्त तहसील कार्यालय भवन का निर्माण एक वर्ष की समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा सभी नागरिकों से स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया।
संयुक्त तहसील कार्यालय भवन मल्हारगढ़ क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह परियोजना क्षेत्र के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगी। तहसील से संबंधित सभी विभाग एक ही परिसर में संचालित होने से कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी एवं प्रभावी होगी। राजस्व, नामांतरण, सीमांकन, प्रमाण-पत्र सहित अन्य कार्य तेजी से और समयबद्ध रूप से पूरे हो सकेंगे।
किसानों से जुड़े राजस्व कार्य जैसे खसरा-खतौनी, फसल बीमा, सीमांकन एवं नामांतरण का शीघ्र निपटारा संभव होगा। भूमि विवादों का समाधान एक ही स्थान पर होने से किसानों को विशेष सुविधा मिलेगी।
आम नागरिकों को आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज आसानी और शीघ्रता से प्राप्त हो सकेंगे। वृद्धजनों, महिलाओं एवं दूर-दराज के ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिलेगी। नए भवन में डिजिटल रिकॉर्ड, ऑनलाइन सेवाएं एवं आधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे ई-गवर्नेंस को बढ़ावा मिलेगा।
सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने कहा कि देश में करों को कम कर जनता को अधिक सुविधाएं दी जा रही हैं। नवीन तहसील भवन के निर्माण से आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी तथा अधिकारियों के लिए भी सुचारु कार्य वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना के माध्यम से लोगों को उनके घरों का मालिक बनाया गया है। संयुक्त तहसील कार्यालय भवन मध्यप्रदेश का मॉडल बनेगा, भूमि विवादों का त्वरित समाधान संभव होगा।
============
दूषित जल से रहे सतर्क, हमेशा स्वच्छ जल का करें उपयोग
मंदसौर 7 जनवरी 26 / दूषित जल के सेवन से टाइफाईट पीलिया, डायरियों, पैचिस एवं हेजा जैसी बीमारियां भी फैलती है। अतः भोजन बनाने में एवं पेयजल के रूप में शुद्ध उबला हुआ जल का उपयोग करें। कुछ भी खाने के पहले व शौच के पश्चात साबुन से अवश्य हाथ धोवे।
शुद्ध पेयजल की कमी के कारण जल जनित रोगों से सबसे अधिक यानि लगभग 80 प्रतिशत मौतें होती है। बारिश में यह समस्या बढ़ जाती है। पानी और अस्वच्छ आदतों से फैलने वाली बीमारियों को मौटे तौर पर दस्त/कृमि संक्रमण/त्वचा और आंखों के रोग / मच्छरों एवं मक्खियों से फैलने वाले रोग सम्मिलित है।
दस्त रोग- दूषित पानी के कारण प्रायः दस्त रोग फैलता है। मुख्य रूप से बच्चों में यह अधिक गंभीर रूप धारण कर सकता है। यह रोग इसलिये भी गंभीर है क्योकि शरीर में से पानी निकल जाने से बच्चे की मृत्यु भी हो सकती है। दस्त रोग की रोकथाम हेतु प्रायः शुद्ध पेयजल एवं शुद्ध भोजन का उपयोग करें। सड़े, गले फल एवं खाद्य पदार्थों का उपयोग ना करें, खाना खाने से पहले एवं शौच के बाद साबुन से अवश्य हाथ धोएं, खुले में शौच ना करें शौचालय का उपयोग करें। घर के आसपास साफ सफाई रखे, दस्त लग जाने पर ओ.आर.एस. एवं जिंक सल्फेट गोली का उपयोग चिकित्सक की सलाह अनुसार करें। खाने-पीने की वस्तुओं को ढंक कर रखे मक्खीयों से बचाव करें, हरी सब्जी एवं फलों को उपयोग करने के पहले साफ पानी थोकर उपयोग करें।
==============
जिले के साथ ब्लाक, अनुभाग, तहसील व प्रत्येक पटवारी मुख्यालय स्तर पर भी होगी जनसुनवाई
मंदसौर 7 जनवरी 26/ कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग द्वारा जिला मुख्यालय सहित ब्लाक, अनुभाग व तहसील स्तर पर आम जनता की समस्याओं और आवेदनों के निराकरण हेतु प्रति मंगलवार को प्रातः 11.00 से दोपहर 1.00 बजे तक जन सुनवाई आयोजित किये जाने के निर्देश दिए हैं।
जिला एवं उपखण्ड स्तर पर प्रति मंगलवार को प्रातः 11.00 से दोपहर 1.00 बजे तक जन सुनवाई की जाती है। जिले में स्थित ग्राम के निवासियों को जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत किये जाने हेतु ग्रामवासियों का अनावश्यक समय एवं आर्थिक नुकसान होता है।
प्रति मंगलवार को जिला मुख्यालय सहित ब्लाक, अनुभाग व तहसील स्तर के साथ-साथ प्रत्येक पटवारी मुख्यालय स्तर पर भी जनसुनवाई का आयोजन किये जाने का निर्णय लिया गया है।
कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने निर्देश दिए कि जिले के समस्त पटवारी अपने-अपने पटवारी मुख्यालय पर प्रति मंगलवार को प्रातः 11.00 से दोपहर 1.00 बजे तक पर अपने हल्के की जनसुनवाई का आयोजन किया जाना सुनिश्चत करें।
=================
कृषि कार्य में स्थायी अपंगता होने पर 1 लाख रू की आर्थिक सहायता स्वीकृत
मंदसौर 7 जनवरी 26/ मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना की कण्डिका 2(01) के तहत कृषि कार्य में कृषि यत्रों का उपयोग करते हुए दुर्घटना में मृत्यु अथवा अंग भग होने पर आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है। शिवनारायण निवासी बाग्या की कृषि कार्य के दौरान दुर्घटना होने से स्थायी अपंगता हो गई थी। कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग द्वारा शिवनारायण को 1 लाख रू की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
===========
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक 8 जनवरी को
मंदसौर 7 जनवरी 26 / सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन द्वारा बताया गया कि जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद श्री सुधीर गुप्ता की अध्यक्षता में 8 जनवरी 2026 को प्रातः 10 बजे सुशासन भवन सभागृह में होगी।
==============
महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिले की प्रभारी मंत्री सुश्री भूरिया 8 जनवरी को मंदसौर दौरे पर
मंदसौर 7 जनवरी 26/ अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल द्वारा बताया गया कि महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिले की प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया 8 जनवरी को दोपहर 02:00 बजे नीमच से मंदसौर के लिए रवाना होंगी। दोपहर 3:00 बजे मंदसौर आएंगे। तय कार्यक्रम अनुसार महिला एवं विकास विभाग मंत्री तथा जिले की प्रभारी मंत्री सुश्री भूरिया स्थानीय कार्यक्रम में सम्मिलित होंगी। तत्पश्चात शाम 5:00 बजे मंदसौर से झाबुआ के लिए प्रस्थान करेंगी।
=========
शीत लहर एवं अधिक ठंड के कारण आंगनवाड़ी केन्द्रों के संचालन समय में परिवर्तन
13 जनवरी तक आंगनवाड़ी केन्द्रों के खुलने का समय प्रातः 11:00 बजे निर्धारित
मंदसौर 7 जनवरी 26 / महिला एवं बाल विकास जिला कार्यक्रम अधिकारी बी. एल. विश्नोई द्वारा बताया गया कि मंदसौर जिले में वर्तमान में शीत लहर के कारण न्सूनतम तापमान में अत्यधिक कमी होने से बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुविधा के दृष्टिगत आंगनवाड़ी केन्द्रों के संचालन समय में अस्थायी परिवर्तन किया गया है।
शीतकालीन अवधि में 13 जनवरी 2026 तक आंगनवाड़ी केन्द्रों के खुलने का समय प्रातः 11:00 बजे निर्धारित किया गया।
03 वर्ष से 06 वर्ष के बच्चे 11:00 बजे आंगनवाड़ी केन्द्र पर आकर ताजा गर्म नाश्ता एवं भोजन प्राप्त कर अपने घर जा सकेंगे। शेष अवधि में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्र से संबंधित रिकॉर्ड संधारण, गृहभेंट एवं अन्य आवश्यक कार्य संपादित किए जाएंगे।
==================
‘विद्यार्थी के लिए आधार, अब विद्यालय के द्वार’ पहल से मध्यप्रदेश में 15 लाख छात्रों का बायोमेट्रिक अपडेट पूर्ण
2000 से अधिक स्कूलों में लगे शिविर, परीक्षाओं व छात्रवृत्ति के लिए अपडेट आधार अनिवार्य
मंदसौर 7 जनवरी 26 / प्रदेश में विद्यार्थियों की सुविधा और शैक्षणिक सेवाओं तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित ‘विद्यार्थी के लिए आधार, अब विद्यालय के द्वार’ पहल के अंतर्गत अब तक 15 लाख से अधिक छात्रों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है। यह अभियान स्कूल शिक्षा विभाग, राज्य शिक्षा केंद्र तथा भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
विद्यालयों में प्रवेश, प्रतियोगी परीक्षाओं, छात्रवृत्तियों तथा प्रत्यक्ष लाभ अंतरण योजनाओं का लाभ लेने के लिए नवीनतम बायोमेट्रिक्स युक्त आधार कार्ड अनिवार्य है। NTA, UPSC सहित विभिन्न परीक्षा एजेंसियों द्वारा JEE, NEET जैसी परीक्षाओं में आवेदन एवं परीक्षा केंद्रों पर आधार आधारित पहचान को आवश्यक किए जाने के बाद इस अपडेट का महत्व और बढ़ गया है।
अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट में आधार कार्ड में फोटो, आइरिस स्कैन और फिंगरप्रिंट का अद्यतन शामिल है। पहला MBU 5 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर तथा दूसरा 15 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर किया जाना आवश्यक है। 5 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए यह प्रक्रिया निःशुल्क है।
UIDAI और भारत सरकार के विद्यालय शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सहयोग से UDISE+ पोर्टल के माध्यम से स्कूलों को छात्रों के आधार में लंबित MBU की स्थिति देखने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई संभव हो सकी है।
इस पहल की शुरुआत 15 अगस्त 2025 को की गई थी। बीते चार महीनों में, 31 दिसंबर 2025 तक, प्रदेशभर के 2000 से अधिक स्कूलों में विशेष MBU शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों तथा आधार सेवा केंद्रों के माध्यम से 15 लाख से अधिक छात्रों ने अपना बायोमेट्रिक अपडेट कराया। साथ ही, मध्यप्रदेश में CBSE के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा भी सभी सीबीएसई स्कूलों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे छात्रों एवं अभिभावकों को लंबित MBU शीघ्र पूर्ण कराने के लिए प्रेरित करें।
स्कूल शिक्षा विभाग, राज्य शिक्षा केंद्र एवं UIDAI द्वारा यह अभियान वर्तमान शैक्षणिक सत्र के अंत तक जारी रहेगा, जिसमें ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों पर विशेष फोकस रखा जाएगा, जिससे अधिकतम छात्रों को इस पहल का लाभ मिल सके।
=================
सभी महाविद्यालय 15 जनवरी तक “स्वयं” पोर्टल पर पाठ्यक्रम मैपिंग कार्य अनिवार्य रूप से करें पूरा : अपर मुख्य सचिव श्री राजन
पोर्टल के संबंध में केंद्रीय अध्ययन मंडल के अध्यक्ष एवं सदस्यों के साथ की समीक्षा
मंदसौर 7 जनवरी 26 / अपर मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा श्री अनुपम राजन ने मंगलवार को मंत्रालय में स्वयं पोर्टल के संबंध में 35 व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का निर्माण करने वाले केंद्रीय अध्ययन मंडल के अध्यक्ष एवं सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने “स्वयं” पोर्टल की प्रगति तथा पाठ्यक्रमों की मैपिंग की विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
अपर मुख्य सचिव श्री राजन ने कहा कि वर्तमान में उपलब्ध सभी व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की स्वयं पोर्टल के साथ अनिवार्य रूप से मैपिंग 15 जनवरी तक पूर्ण की जाए, जिससे इन पाठ्यक्रमों का अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों को क्रेडिट का लाभ मिल सके। “स्वयं” पोर्टल पर संचालित नए एवं अन्य रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों को समूह बनाकर शामिल किया जाए, जिससे विद्यार्थियों का कौशल संवर्धन हो सके और वैश्विक प्रतिस्पर्धा की दौड़ में अपने आपको साबित कर सके। इसके साथ ही उन्होंने व्यवसायिक पाठ्यक्रमों के साथ छोटे-बड़े सभी विषयों को भी “स्वयं” पोर्टल के पाठ्यक्रमों के साथ मैपिंग सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में आयुक्त, उच्च शिक्षा विभाग श्री प्रबल सिपाहा, विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी प्रोफेसर अनिल पाठक, “स्वयं” पोर्टल की नोडल अधिकारी डॉ. दिवा मिश्रा, सहित केंद्रीय अध्ययन मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।
गैर-तकनीकी विषयों में पंजीयन में अव्वल मध्यप्रदेश, 350% से अधिक की वृद्धि
मध्यप्रदेश, देश में एकलौता राज्य है जहां गैर-तकनीकी विषयों में तकनीकी विषयों से ज्यादा पंजीयन है। गैर-तकनीकि विषयों के पाठ्यक्रमों में मध्यप्रदेश के लगभग 2 लाख (57%) विद्यार्थियों ने तथा तकनीकि विषयों के पाठ्यक्रमों में लगभग 1.5 लाख (43%) विद्यार्थियों ने पंजीयन किया है। विगत 1 वर्ष में राज्य के पंजीयन में 350% से अधिक की वृद्धि हुई है, जो दर्शाता है कि राज्य द्वारा योजनाबद्ध रूप से प्रयास किए गए हैं।
“स्वयं” (SWAYAM) का पूरा नाम स्टडी वेब्स ऑफ एक्टिव लर्निंग फॉर यंग एस्पायरिंग माइंड्स (Study Webs of Active–Learning for Young Aspiring Minds) है, जो भारत सरकार द्वारा शुरू किया गया एक कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य शिक्षा नीति के तीन प्रमुख सिद्धांतों, अर्थात् पहुंच, समानता और गुणवत्ता को प्राप्त करना है। इस प्रयास का लक्ष्य सर्वोत्तम शिक्षण संसाधनों को सभी तक, यहां तक कि सबसे वंचित वर्ग तक भी पहुंचाना है। स्वयं का उद्देश्य उन छात्रों के लिए डिजिटल विभाजन को पाटना है, जो अब तक डिजिटल क्रांति से अछूते रहे हैं और ज्ञान अर्थव्यवस्था की मुख्यधारा में शामिल नहीं हो पाए हैं।
महाविद्यालयों की बेहतर हो व्यवस्थाएं
अपर मुख्य सचिव श्री अनुपम राजन ने महाविद्यालयों में साफ-सफाई, पेयजल की समुचित व्यवस्था, नियमित कक्षाओं का संचालन तथा प्राध्यापकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महाविद्यालयों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही अकादमिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
=====================
प्रदेश में संपत्ति संबंधी अपराधों पर पुलिस की प्रभावी कार्रवाई
नकबजनी, लूट, डकैती एवं वेयरहाउस चोरी के मामलों का खुलासा
01 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद
मंदसौर 7 जनवरी 26 / मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में संपत्ति संबंधी अपराधों पर निरंतर एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। विगत् दो दिनों में पुलिस ने अलग-अलग जिलों में हुई नकबजनी, लूट एवं संगठित चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा कर संलिप्त व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया तथा 01 करोड़ रूपए से अधिक की चोरी व लूटी गई संपत्ति बरामद की है।
प्रमुख कार्यवाहियां:-
जबलपुर
जिले के पनागर क्षेत्र में घटित लूट की गंभीर घटना को पुलिस ने प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए विशेष टीम का गठन किया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज एवं स्थानीय जानकारी के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से लगभग 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नगद राशि, घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन एवं मोबाइल फोन बरामद किए है।
मंदसौर
जिले के दलौदा क्षेत्र में स्थित वेयरहाउस से हुई बड़ी चोरी की घटना का पुलिस द्वारा सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया है। जांच के दौरान यह सामने आया कि चोरी की वारदात योजनाबद्ध तरीके से की गई है, जिसमें वेयरहाउस की डुप्लीकेट चाबियों का उपयोग किया गया तथा रात्रि के समय सीसीटीवी कैमरों को निष्क्रिय कर चोरी को अंजाम दिया गया है।पुलिस द्वारा गठित विशेष टीम ने घटनास्थल, आसपास के सीसीटीवी फुटेज, टोल प्लाजा फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए गिरोह की पहचान की। विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर संलिप्त व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।कार्रवाई के दौरान लगभग 300 क्विंटल गेहूँ, चोरी में प्रयुक्त 03 पिकअप वाहन, तथा डुप्लीकेट चाबियाँ जब्त की गईं। कुल जब्त सम्पति की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है।
मैहर
नकबजनी की एक घटना में पुलिस द्वारा त्वरित विवेचना करते हुए संदेहियों को अभिरक्षा में लेकर 05 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात जब्त किए है।
भोपाल
जिले के थाना कोलार रोड क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई नकबजनी की गंभीर घटना का पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी खुलासा करते हुए दो शातिर नकबजनों को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया क्रिएटर के सूने घर को निशाना बनाकर करीब 04 लाख रुपये के कीमती इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य सामान की चोरी की गई थी। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण एवं सटीक तकनीकी विवेचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया तथा चोरी गयी संपूर्ण संपत्ति बरामद की।
मंडला
जिले में डकैती की घटना पर पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित कुल 05 आरोपियों को जबलपुर से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कार तथा नगद राशि सहित5लाख 77 हजार रूपए की संपत्ति बरामद की है।
अनुपपुर
जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रोक्टर एंड गैम्बल कंपनी (P&G) के गोदाम में नकबजनी की घटना का पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए कंपनी के सेल्स एग्जीक्यूटिव सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से लगभग 06 लाख रुपये का चोरी किया सामान बरामद किया है।
मध्यप्रदेश पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु निरंतर कार्रवाई कर रही है। आमजन से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना एवं डायल-112 को दें।
==============



