मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 30 नवंबर 2025 शनिवार

///////////////////////////////

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने दी मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ थाने को उच्च रैंकिंग के लिए दी बधाई

मल्हारगढ़ देश के सर्वश्रेष्ठ थानों में हुआ शामिल जो गर्व की बात

मंदसौर 29 नवंबर 2025/ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ थाने को उच्च रैंकिंग प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी है। उल्लेखनीय है कि

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह द्वारा छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित पुलिस महानिदेशकों और पुलिस महानिरीक्षकों की कॉन्फ्रेंस में देश के श्रेष्ठ पुलिस थानों के रैंकिंग की घोषणा की गई। इस रैंकिंग में पुलिस थाना मल्हारगढ़, जिला मंदसौर को देश भर के पुलिस थानों में 9 वीं रैंक प्राप्त हुई है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने थानों की रैंकिंग के लिये विभिन्न 70 पैमाने तय किए थे। इनमें अपराध का ग्राफ, आपराधिक प्रकरण को सुलझाने की अवधि, स्वच्छता और पुलिसकर्मियों का व्यवहार सहित अन्य पैमाने शामिल थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिला पुलिस अधीक्षक मंदसौर सहित संबंधित थाना स्टाफ और कर्तव्य निष्ठ अधिकारियों कर्मचारियों से इस उपलब्धि का स्तर बनाए रखने की अपेक्षा करते हुए अन्य थानों के स्टाफ को भी मंदसौर से प्रेरणा लेकर श्रेष्ठ कार्य का आव्हान किया है। उन्होंने गर्व का अनुभव करवाने वाली इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए मध्यप्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भी बधाई दी है।

==========..==

विमुक्त वर्ग के युवा स्‍वरोजगार हेतु लिंक से ऑनलाइन आवेदन करें

मंदसौर 29 नवंबर 25/ विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्धघुमन्तु जनजाति विकास के सहायक संचालक द्वारा बताया गया कि मुख्यमंत्री विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्धघुमन्तु स्वरोजगार योजना अंतर्गत विमुक्त जाति वर्ग के 18 वर्ष से 55 वर्ष तक की आयु के बेरोजगार युवक/युवतियों को स्वयं का स्वरोजगार स्थापित करने हेतु परियोजना ईकाई लागत सेवा एवं व्यवसाय हेतु 10 हजार रूपये से 1 लाख रूपये तक का ऋण बैंकों के माध्यम से वितरित किये जायेगें। जिस पर 25 प्रतिशत या 20 हजार रूपये अधिकतम एवं 6 प्रतिशत प्रतिवर्ष की दर से ब्याज अनुदान नियमित रूप से ऋण भुगतान (निर्धारित समय एवं राशि) की शर्त पर विभाग द्वारा दिया जायेगा।

आवेदन पत्र ऑनलाईन वेबसाईट https://samast.mponline.gov.in/portal/ पर भरे जा सकते है।

अधिक जानकारी हेतु कार्यालयीन समय में कार्यालय के दूरभाष नंबर 07422-299110 एवं मोबा. नंबर 6261565001 अथवा जिला कार्यालय कक्ष क्रमांक 315, सुशासन भवन, नवीन कलेक्टोरेट, द्वितीय तल, मंदसौर पर संपर्क कर सकते हैं।

एसआईआर फार्म में गलत जानकारी देने पर होगी कानूनी कार्रवाई

मंदसौर 29 नवम्बर 25 / लोकतांत्रिक व्यवस्था को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के उद्देश्य से चुनाव आयोग ने एसआईआर फार्म में गलत जानकारी देने वालों के लिए कड़ी सजा का प्रावधान दोहराया है।

लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 31 और 32 के तहत यदि कोई व्यक्ति एसआईआर फार्म में गलत जानकारी देता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इस प्रावधान के अनुसार, दोषी पाए जाने पर दो साल तक की कैद और जुर्माना दोनों हो सकते हैं।

चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि एस आई आई प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मतदाता द्वारा दी जाने वाली सभी सूचनाओं की सत्यता अनिवार्य है। गलत जानकारी देने को गंभीर अपराध की श्रेणी में रखते हुए आयोग ने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मतदाता सूची की शुद्धता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आयोग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की मिथ्या सूचना देने से बचें।

============

‘स्वयं सिद्धि चैटबॉट’ से सुदृढ़ हो रहा घर पर शैक्षिक अभ्‍यास

प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए स्‍कूल शिक्षा विभाग की अभिनव पहल

मंदसौर 29 नवम्बर 25/ स्‍कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत राज्य शिक्षा केंद्र ने प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में ‘स्वयं सिद्धि चैटबॉट’ के रूप में महत्वपूर्ण नवाचार प्रस्तुत किया है। मोबाईल आधारित इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विद्यार्थी विद्यालय में पढ़ने के साथ-साथ घर पर भी नियमित अभ्यास कर सकें और सीखने की निरंतरता को किसी भी परिस्थिति में बाधा न बनने दे। बच्चों का घर पर सीखने की आदत को मजबूत बनाने की दिशा में एक प्रभावी कदम है। कोविड–19 के समय जब विद्यालयों का संचालन बाधित हो गया था, तब राज्‍य शिक्षा केन्‍द्र के द्वारा विद्यार्थियों के लिए प्रारंभ किया गया ‘स्वयं सिद्धि चैटबॉट’ आज 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिये एक सफल पहल के रूप में स्थापित हो चुका है।

उल्‍लेखनीय है कि ‘स्वयं सिद्धि’ चैटबॉट विद्यार्थियों को घर बैठे उच्च-गुणवत्ता की डिजिटल लर्निंग प्रदान कर रहा है। यह चैटबॉट हर शनिवार राज्‍य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) द्वारा प्रमाणित नए प्रश्न उपलब्ध कराता है, इन प्रश्नों से विद्यार्थी अपनी समझ की जाँच कर पाते हैं। मोबाइल ऐप आधारित संवादात्मक प्रणाली पर तैयार यह स्विफ्ट चेट विद्यार्थियों को केवल “Hi” लिखने पर प्रश्न, उत्तर, स्कोर और सुधारात्मक वीडियो तुरंत उपलब्ध कराती है। स्वयं सिद्धि चैटबॉट उपयोग लिंक: https://links.swiftchat.ai/5cNhlu है। स्वयं सिद्धि चैटबॉट को राज्‍य शिक्षा केन्‍द्र के मूल्‍यांकन प्रकोष्ठ द्वारा विकसित और संचालित किया जाता है। राज्‍य शिक्षा केन्‍द्र द्वारा सहयोगी संस्‍था कॉन्‍वेजीनियस के सहयोग से विकसित यह नवाचार न केवल विद्यार्थियों के सीखने की गुणवत्ता बढ़ा रहा है, बल्कि मूल्यांकन को भी अधिक वैज्ञानिक और व्यवस्थित बना रहा है।

हाल ही में राज्य शिक्षा केंद्र के यूट्यूब चैनल लिंक: https://www.youtube.com/live/jV7c-PbZLYI?si=QOCYax34ROP509tf पर इस चेटबॉट के प्रभावी उपयोग एवं कार्यप्रणाली पर आधारित एक परिचयात्‍मक लाईव कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें राज्‍य शिक्षा केन्‍द्र के अपर संचालक डॉ. अरूण सिंह, मूल्‍याकंन प्रकोष्ठ के नियंत्रक अधिकारी डॉ. बृजेश सक्सेना, समन्‍वयक डॉ. सुषमा बाजपेई तथा कॉन्‍वेजीनियस संस्‍था की प्रतिनिधी दीक्षा आही ने ‘स्वयं सिद्धि’ चैटबॉट के प्रभाव, सीखने के परिणामों और विद्यार्थियों और शिक्षकों के मध्‍य बढ़ती पहुँच पर विस्तार से चर्चा कर मार्गदर्शन प्रदान किया। प्रदेश के दूरस्थ और संसाधन-विहीन क्षेत्रों के बच्चों के लिए यह चैटबॉट विशेष रूप से उपयोगी साबित हो रहा है।

===============

बीएड योग्यताधारी प्राथमिक शिक्षक ब्रिज कोर्स के लिये 25 दिसम्बर तक करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन

समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों को जारी किया गया परिपत्र

मंदसौर 29 नवम्बर 25 / लोक शिक्षण संचालनालय ने प्रदेश में 11 अगस्त, 2023 के पूर्व नियुक्त बीएड योग्यताधारी शिक्षकों को ब्रिज कोर्स के लिये अपना रजिस्ट्रेशन 25 दिसम्बर, 2025 तक https://bridge.nios.ac.in वेबसाइट पर करने के निर्देश दिये हैं। इस संबंध में प्रदेश के समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों को परिपत्र जारी किया गया है।

परिपत्र में कहा गया है कि प्राथमिक शिक्षक की व्यावसायिक योग्यता के संबंध में सर्वोच्च न्यायालय ने आदेश पारित किया है। बीएड योग्यताधारी प्राथमिक शिक्षकों को राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली से 6 माह का ब्रिज कोर्स ओपन एण्ड डिस्टेंस लर्निंग ओडीएल मोड से कराये जाने का उल्लेख है। पत्र में कहा गया है कि संबंधित प्राथमिक शिक्षक समय-सीमा में रजिस्ट्रेशन सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार नहीं कराते हैं अथवा रजिस्ट्रेशन के बाद एक वर्ष में ब्रिज कोर्स पूर्ण नहीं करते हैं, तो ऐसे प्राथमिक शिक्षकों की नियुक्ति आगे जारी नहीं रखी जा सकेगी। इस संबंध में प्राथमिक शिक्षक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

============

ऑन लाइन गीता प्रतियोगिता और गीता पाठ में अधिकाधिक जन भागीदारी सुनिश्चित की जाए

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने गीता जयंती महोत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त कर दिए निर्देश

मंदसौर 29 नवम्बर 25/ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आगामी 1 दिसंबर को गीता जयंती पर अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव पर राज्य में हो रहे कार्यक्रमों की तैयारी की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अभ्युदय मध्य प्रदेश (गवर्नेंस एंड ग्रोथ समिट) निवेश से रोजगार (अटल संकल्प उज्जवल मध्य प्रदेश ) के अंतर्गत 25 दिसंबर को ग्वालियर में हो रहे कार्यक्रम के संबंध में भी अधिकारियों से चर्चा की।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गीता महोत्सव के संबंध में मुख्यमंत्री निवास समत्व भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंस द्वारा जिला कलेक्टर्स और पुलिस अधिकारियों से चर्चा की। बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि 1 दिसंबर गीता जयंती पर गीता महोत्सव के अंतर्गत होने वाली गतिविधियों में जन सामान्य की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। श्रीमद्भागवत गीता के विभिन्न अध्यायों की संस्कृत और हिंदी में, स्कूल कॉलेज के साथ-साथ जन सामान्य को प्रतियां उपलब्ध करवाकर, गीता पर केंद्रित क्विज आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं। गीता ज्ञान के प्रसार से जन सामान्य की विचार प्रक्रिया और मानसिकता पर सकारात्मक प्रभाव होगा।

उल्लेखनीय है कि श्रीमद्भगवतगीता ऑन लाइन ज्ञान प्रतियोगिता में प्रवृष्ठि 28 नवम्बर तक www.geetamahotsav.com पर होगी। जिसमें तीन श्रेणियों में भागीदारी की जा सकती है। सभी श्रेणियों के लिए पृथक -पृथक पुरस्कारों का प्रावधान भी किया गया है। यह पुरस्कार 26 जनवरी 2026 को दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कलेक्टर्स, को निर्देश दिए कि जिला स्तर पर अधिक से अधिक नागरिकों को विभिन्न प्रतियोगिताओं और गीता पाठ में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें।

गीता पाठ के कार्यक्रमों में होगी व्यापक सहभागिता

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने गीता पाठ कार्यक्रम की तैयारियों की भी जानकारी प्राप्त की। उल्लेखनीय है कि 1 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती पर मध्यप्रदेश में सभी विकास खंडों, जिला मुख्यालयों, संभागीय मुख्यालयों पर श्रीमद्भगवद्गीता के 15 वें अध्याय का पाठ किया जा रहा है। जन सामान्य द्वारा युगावतार भगवान श्रीकृष्ण के मानव कल्याण के संदेश को आत्मसात किए जाने के उद्देश्य को इस गीता पाठ से सफल बनाया जा सकता है। वीर भारत न्यास द्वारा गीता पाठ के साथ-साथ गीता प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जा रहा है। जिसमें प्रदेश के विद्यार्थी बड़ी संख्या में हिस्सा ले रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}