गौमाता पवित्रता की पराकाष्ठा है एक भी गौमाता बेसहारा न रहे – उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

उप मुख्यमंत्री ने हिनौती गौधाम में दो करोड़ 67 लाख रुपए की लागत से बनाए जाने वाले 4 शेड का भूमिपूजन किया
गौमाता की कृपा से ही उप मुख्यमंत्री जी के सभी मनोरथ पूर्ण हो रहे हैं – जगतगुरू श्री राघवाचार्य जी
रीवा। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि गौमाता पवित्रता की पराकाष्ठा है। गौमाता की कृपा से ही सभी मनोरथ और संकल्प पूर्ण होते हैं। एक भी गौमाता बेसहारा नहीं रहेंगी। उप मुख्यमंत्री ने मनगवां विधानसभा अन्तर्गत हिनौती गौधाम में दो करोड़ 67 लाख रुपए की लागत से बनाए जाने वाले 4 गौवंश संरक्षण शेड का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथियों ने गौपूजन कर गायों को गुड़ और चना खिलाया।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि गौ माता की रक्षा से सृष्टि की रक्षा होती है। भारत माता की जय से पहले गौमाता की जय है। उन्होंने कहा कि खेती के साथ-साथ गौमाता को भी बचाना आवश्यक है। हिनौती गौधाम में आने वाले समय में 60 शेड बनाकर लगभग 50 हजार गौवंशों का संरक्षण किया जाएगा।