मौसमभोपालमध्यप्रदेश

दो दिन बाद विपरीत हवाओं के टकराव के साथ एक बार फिर बदलेगा मौसम का मिजाज

=================

मप्र में कड़ाके की ठंड, दतिया, रीवा में पारा 4.5 डिग्री पर, नौ शहरों में चली शीतलहर

रविवार को जबलपुर, नर्मदापुरम में वर्षा होने के आसार

✍🏻 विकास तिवारी

भोपाल। वर्तमान में मध्य प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। लगातार हुई बर्फबारी के कारण उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहां से मैदानी क्षेत्रों की तरफ आ रही सर्द हवाओं के कारण प्रदेश एक बार फिर ठिठुरने लगा है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रदेश में सबसे कम 4.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दतिया एवं रीवा में दर्ज किया गया। दतिया, रीवा सहित प्रदेश के नौ शहरों जबलपुर, सागर, सतना, सिवनी, मलाजखंड, राजगढ एवं रायसेन में शीतलहर रही। हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा छह डिग्री सेल्सियस पर रहा। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा। साथ ही यह बुधवार के न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस की तुलना में 2.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

चल रही उत्तरी हवाएं

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत से आगे बढ़ चुका है। वर्तमान में कोई प्रभावी मौसम प्रणाली भी सक्रिय नहीं है। हवाओं का रुख भी लगातार उत्तरी बना हुआ है। लगभग 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही सर्द हवाओं के कारण प्रदेश में एक बार फिर ठिठुरन बढ़ गई है। रात के अलावा दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है।

विपरीत हवाओं का होगा टकराव

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि उत्तर भारत के पहाड़ों पर पिछले दिनों जबरदस्त बर्फबारी हुई थी। इस वजह से वहां का तापमान काफी कम बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ने के कारण हवाओं का रुख भी उत्तरी होने लगा है। उत्तर भारत की तरफ से आ रही सर्द हवाओं के कारण राजधानी भोपाल सहित पूरे प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट होने लगी है। मौसम का इस तरह का मिजाज अभी दो दिन तक बना रह सकता है। 11 फरवरी से विपरीत दिशाओं की हवाओं (उत्तरी-दक्षिणी) का संयोजन होने के कारण बादल छाने लगेंगे। 11 फरवरी को राजधानी में बादल छा सकते हैं। साथ ही नर्मदापुरम एवं जबलपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा होने का सिलसिला भी शुरू हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}