ठग हर दिन नए-नए तरीके अपना रहे, दो महिलाओं को बनाया ठगी का शिकार

रतलाम. सीधे-साधे लोगों के साथ ठगी करने वालों को अपने जाल में फंसाने के लिए ठग हर दिन नए-नए तरीके अपना रहे हैं। पिछले महीने ब्राह्मणों का वास निवासी महिला को अयोध्या से भूखा आने का झांसा देकर सोने के आभूषण की चपत लगाने के मामले में पुलिस हाथपैर मार रही है तो दो नई घटनाएं भी इस दौरान हो चुकी है। ये दोनों घटनाएं अब सामने आई है।
पिछले महीने साक्षी पेट्रोल पंप के पीछे किराना दुकान लगाने वाली एक महिला दोपहर में अपनी दुकान पर ही थी। इसी दौरान एक बाइक पर दो युवक आए और कुछ ऐसा सामान मांगा जो दुकान पर नहीं था। महिला ने उन्हें बताया कि यह सामान नहीं मिलेगा। इस पर एक युवक ने 11 रुपए निकाले और महिला को देते हुए कहा कि यह रुपए लो और वह सामान दे दो। जैसे ही रुपए महिला के हाथ में रखे महिला को सुध-बुध नहीं रही। दोनों युवकों ने उनसे पहने हुए कान के झूमके और सोने की अंगूठी उतारकर देने को कहा। महिला ने वैसा ही किया। महज चार से पांच मिनट में हुए इस घटनाक्रम के दौरान महिला ने वैसा ही किया जैसा युवकों ने कहा और फिर वे बाइक उठाकर जाने लगे तब उसे कुछ समझ में आया। वह दुकान से बाहर निकलती तब तक ये लोग चंपत हो चुके थे। परिजनों को बात बताई तो औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाने पर पहुंचे।
दूसरी घटना तीन-चार दिन पहले ही राम मंदिर क्षेत्र में हुई। इसी क्षेत्र में रहने वाली महिला यहां खरीदारी करने आई थी। इसी दौरान उसे एक युवक मिला और उसने महिला से कुछ चर्चा करते हुए उसे अपने झांसे में ले लिया। महिला से कान में पहने हुए सोने के सरे (झूमकी के साथ पहनी जाने वाली सोने की चैन जैसा आभूषण) उतरवा लिया। महिला इतनी बेसुध थी कि उसने नाक का कांटा भी उतारकर दे दिया।
युवक ने उससे नाक का कांटा तो नहीं लिया लेकिन सोने की सरे लेकर वहां से रफूचक्कर हो गया। पांच मिनट बाद ही महिला को होश आया तो उसे आभास हुआ कि उसके साथ वारदात हो गई। उसने यह बात खाटू श्याम मंदिर पर मौजूद अन्य लोगों को बताई और फिर औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाने में आवेदन दिया। पुलिस अब दोनों ही मामलों में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। दोनों ही मामलों में फिलहाल कोई केस दर्ज नहीं होने की बात पुलिस ने कही है।
24 को यह हो चुका है मामला
गत 24 जनवरी को ब्राह्मणों का वास निवासी एक महिला के साथ भी इस तरह की वारदात हो चुकी है। महिला मेडिकल स्टोर से दवाई खरीदकर घर जा रही थी कि एक व्यक्ति उन्हें रास्ते में मिला और कहने लगा कि अयोध्या से आया है और भूखा है। महिला ने दया देखी और इलायची दिलाने की सोची तभी एक अनजान महिला पास में आई और साथ में इलायची लेने पहुंच गई। जब इलायची लेकर व्यक्ति को दी तो उसने सिर पर हाथ रखा तो महिला बेसुध हो गई और उसने युवक के कहे अनुसार अपने गहने उतारकर महिला को दे दिए। महिला को व्यक्ति ने कहा कि शहीद चौक तक दोनों हाथ जोडक़र वापस आए और गहने ले ले। जब महिला ऐसा करके लौटी तो महिला और पुरुष दोनों गायब हो चुके थे।