जबलपुरमध्यप्रदेशराजनीति

एमपी में प्रियंका गांधी ने 12वीं तक के छात्रों के लिए की बड़ी घोषणा, हर माह मिलेंगे 500 से 15 सौ रुपये

****************

जन आक्रोश सभा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने किए कई वायदे

जन आक्रोश सभा में कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी वाड्रा ने घोषणाओं को बताया अपना वचन

आदिवासी बाहुल्य मंडला व डिंडौरी के मतदाताओं को साधने की कोशिश

✍🏻विकास तिवारी

जबलपुर। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में आदिवासी प्रभाव वाले मंडला जिले की गोंडकालीन राजधानी रहे रामनगर में स्थित नर्मदा तट पर जनसभा करते हुए गुरुवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने न केवल भाजपा पर निशाना साधा, बल्कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने की अपील करते हुए पार्टी की ओर से कई वायदे भी किए।

12वीं तक के बच्चों को हर माह मिलेंगे 500-1500 रुपये

प्रियंका ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो पढ़ो और पढ़ाओ योजना लागू करके कक्षा एक से 12 वीं तक के छात्र-छात्राओं को पढ़ाई में सहयोग के लिए पांच सौ से डेढ़ हजार रुपये प्रतिमाह तक दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कक्षा एक से आठवीं तक 500, कक्षा नौ व 10वीं को 1000 और 11वीं व 12वीं के छात्र-छात्राओं को हर माह 1500 रुपये सरकार की ओर से दिए जाएंगे। वहीं, छत्तीसगढ़ की तरह तेंदूपत्ता संग्राहकों को प्रति बोरा चार हजार रुपये बोनस दिया जाएगा।

आदिवासी मतदाताओं को साधने की कोशिश की

कांग्रेस की जन आक्रोश सभा में शामिल होने पहुंचीं प्रियंका ने आदिवासी बहुल मंडला-डिंडौरी जिले के मतदाताओं को साधने की कोशिश की। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस की सोच आदिवासियों का सम्मान, संस्कृति व परंपराओं को बढ़ाने वाली रही है, इसीलिए आदिवासियों को वन अधिकार कानून दिया था। शिवराज सरकार पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश में डेढ़ लाख महिलाएं और बच्चियां गायब हो गई हैं। हर दिन दुष्कर्म के 17 मामले सामने आ रहे हैं।

भाजपा सरकार पर लगाए आरोप

प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में 225 माह की भाजपा सरकार के कार्यकाल में 250 घोटाले हुए। 22 हजार घोषणाएं की गईं। विकास कार्य की यह दशा है कि मंडला-जबलपुर मार्ग 10 साल में नहीं बन पाया, जिसके लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को जनता से माफी मांगनी पड़ी। भाजपा की सोच भ्रष्टाचार बढ़ाने की है।

यह वायदे भी किए

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने दोहराया कि मध्य प्रदेश में भी जातीय जनगणना कराई जाएगी।

कांग्रेस की सरकार बनी तो 100 रुपये में 100 यूनिट बिजली तथा 200 यूनिट बिजली का बिल हाफ किया जाएगा।

500 रुपये में रसोई सिलेंडर देने के साथ ही कर्मचारियों की पुरानी पेंशन लागू करेंगे।

जहां 50 प्रतिशत से अधिक आदिवासी आबादी है, वहां छठीं अनुसूची का क्षेत्र बनाया जाएगा।

अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के खाली पड़े बैकलाग पदों को तत्काल भरा जाएगा।

शहरी क्षेत्र और ग्रामीण क्षेत्र में बनने वाले प्रधानमंत्री आवास के लिए राशि समान की जाएगी।

वन अपराध के केस वापस लेंगे

कमल नाथ जनसभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनी तो वन अपराध के केस वापस लेंगे। मंडला-डिंडौरी के नौजवानों का भविष्य बनाएंगे। इस दौरान कांग्रेस के सह प्रभारी संजय कपूर, सुरेश पचौरी, दीपक सुरजेवाला, तरुण भनोत, लखन घनघोरिया, कमलेश्वर पटेल, हिना कांवरे, अरुण यादव, डिंडोरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम, बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा, निवास विधायक डा. अशोक मर्सकोले, जगत बहादुर सिंह अन्नू, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मंडला राकेश तिवारी, संजय यादव, जयवर्धन सिंह आदि मंचासीन रहे। सभा से पूर्व प्रियंका ने चौगान की मढ़िया में पूजा अर्चना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}