परीक्षा केंद्रों पर केंद्राध्यक्षों की ड्यूटी रेंडेमाइजेशन कर लगाई जाएगी

==================
मंडल की 10वीं व 12वीं में इस वर्ष करीब 18 लाख से ज्यादा विद्यार्थी शामिल होंगे
भोपाल। मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं व 12वीं में इस वर्ष करीब 18 लाख से ज्यादा विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा में केंद्राध्यक्ष व सहायक केंद्राध्यक्षों की ड्यूटी जिले में कलेक्टर के माध्यम से रेंडेमाइजेशन कर लगाई जाएगी। केंद्राध्यक्ष व सहायक केंद्राध्यक्ष ब्लाक के अंदर के ही बनाएं जाएंगे। इस संबंध में मंडल निर्देश जारी कर दिए है। परीक्षा की तैयारियों को लेकर सोमवार मंडल मुख्यालय से परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों की वीडियो कांफ्रेंसिंग आयोजित की गई है। इसमें दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। मंडल की 10वीं व 12वीं की परीक्षा एक मार्च से शुरू हो रही है। परीक्षा के लिए पौने चार हजार से ज्यादा परीक्षा केंद्र बनाए गए है। केंद्रों पर ड्यूटी में पर्यवेक्षकों की ड्यूटी पिछले साल की भांति ब्लाक स्तर पर ही लगेगी। गौरतलब है कि पिछले सालों मंडल मुख्यालय से केंद्राध्यक्षों व सहायक केंद्राध्यक्षों की ड्यूटी लगाई जाती थी। यह ड्यूटी जिले में किसी भी केंद्र पर लगाए जाने से परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसके चलते इस बार व्यवस्था में परिवर्तन कर दिया है। अब ब्लाक स्तर पर ड्यूटी लगाए जाने से शिक्षकों को परेशानी नहीं होगी।
10वीं व 12वीं में इतने विद्यार्थी होंगे शामिल-
10वीं व 12वीं की परीक्षा में इस बार करीब 18 लाख से ज्यादा विद्यार्थी शामिल होंगे। 10वीं में कुल 9 लाख 65 हजार 166 विद्यार्थी शामिल होंगे। इसमें नियमित विद्यार्थी 8 लाख 89 हजार 822 व प्रायवेट 75 हजार 344 है। वहीं 12वीं में कुल विद्यार्थी 8 लाख 58 हजार 275 विद्यार्थी है। इसमें नियमित 7 लाख 56 हजार 968, प्रायवेट 1 लाख 362 व वोकेशनल छात्र 945 है, जबकि राजधानी में 10वीं के छात्र 27 हजार 664 व 12वीं में 28 हजार 934 छात्र है। प्रदेश भर में दसवीं के परीक्षा केंद्र 3851 व बारहवीं में 3619 बनाए गए है। इसमें सरकारी स्कूल 3099 व प्रायवेट स्कूल 753 शामिल है, जबकि राजधानी में दसवीं-बारहवीं के लिए 103 परीक्षा केंद्र रहेंगे।
प्रैक्टिकल के आनलाइन भेजे जाएंगे अंक-
मंडल ने 10वीं व 12वीं के विद्यार्थियों के प्रैक्टिकल के अंक भी आनलाइन बुलवाए है। 10वीं व 12वीं के प्रैक्टिकल के अंक आफलाइन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। वहीं, विद्यालय पूर्व शिक्षा में डिप्लोमा एवं शारीरिक शिक्षा परीक्षा वर्ष 2023 की प्रायोगिक परीक्षा के अंक पूर्व वर्षों भांति (आफलाइन) मंडल मुख्यालय प्रेषित किए जाएंगे।