भोपालमध्यप्रदेश

CM शिवराज का ऐलान,100 करोड़ रुपए से बनेगा संत रविदासजी का मंदिर, कहा-कमलनाथ ने संतों का अपमान किया

=================

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सागर में संत रविदास महाकुंभ में बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर 100 करोड़ रुपए की लागत से संत रविदास का विशाल और भव्य मंदिर बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए मकरोनिया के बरदुआं में जमीन भी देख ली गई है। मंदिर में रविदासजी की सारी सीखें उकेरी जाएंगी। आयोजन में सीएम शिवराज सिंह ने मध्यप्रदेश जल निगम की शाहगढ़-बंडा समूह जल प्रदाय योजना का भूमिपूजन किया। जिसकी लागत 291 करोड़ 25 लाख रुपए है।

संत रविदास महाकुंभ का आयोजन सागर के कजलीवन मैदान में किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिवराज ने कहा कि संत शिरोमणि का जन्म काशी में हुआ था। इसलिए काशी तक तीर्थयात्रा ट्रेन चलाई जाएगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अनुसूचित जाति के बच्चों को स्कॉलरशिप के लिए आय सीमा 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपए करने की घोषणा भी की। मतलब अब 8 लाख रुपए तक वार्षिक आय वाले अजा परिवार के बच्चे भी छात्रवृत्ति के हकदार होंगे। इसके बाद मंच से नीचे आकर संतों पर पुष्प वर्षा की, साथ ही कन्या पूजन भी किया। कार्यक्रम में BJP प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, संत शिरोणमणि रविदास के विचारों को आज BJP चरितार्थ कर रही है।

SC स्टूडेंट्स के लिए छात्रवृत्ति की आय सीमा 8 लाख की

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने SC वर्ग के स्टूडेंट्स की छात्रवृत्ति के लिए आय सीमा बढ़ाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति के बेटा-बेटियों को छात्रवृत्ति के लिए आय सीमा 6 लाख रुपए वार्षिक थी। अब यह सीमा बढ़ाकर 8 लाख रुपए की जाती है। विदेश में अध्ययन करने वाले अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं को भी छात्रवृत्ति दी जाएगी।

औद्योगिक क्षेत्रों में 20% भूखण्ड SC-ST के लिए आरक्षित होंगे

सीएम शिवराज ने कहा कि अनुसूचित जाति के जो बेटा-बेटी अपना व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं, फैक्ट्री लगाना चाहते हैं तो इसके लिए हम तय कर रहे हैं कि औद्योगिक क्षेत्रों में 20% भूखण्ड अनुसूचित जाति-जनजाति के लिए आरक्षित किया जाएगा। संत रविदास जी महाराज ने जो बातें कही, उन्हें पूरा करने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार करेगी। यह पूरा कार्यक्रम अनुसूचित जाति के भाई-बहनों की जिंदगी बदलने का अभियान है।

शिवराज बोले- कांग्रेस सिर्फ बातें करती है

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदासजी की सीख है कि सभी को बराबर मानो। उन्होंने कहा- ऐसा चाहूं राज मैं, जहां सभन को मिलै अन्न, छोट बड़न सभ सम बसै, रविदास रहे प्रसन्न… यह संदेश संत शिरोमणि रविदासजी ने दिया। हम ऐसे समाज की स्थापना के लिए संकल्पित हैं। कांग्रेस सिर्फ SC समर्थन की बड़ी-बड़ी बातें करती है, कांग्रेस ने कभी गरीबों को अन्न दिया क्या? हमने दिया अपना कर्तव्य समझकर, एहसान नहीं किया। हमारी विकास यात्राएं निकल रही हैं। गांव-गांव जा रही हैं। अगर कोई वंचित रह गया हो तो हर एक का नाम विकास यात्रा में ही जोड़ दिया जाएगा।

सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि संत शिरोमणि रविदासजी महाराज के संदेश को आत्मसात कर हम विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीब, कमजोर और वंचित परिवारों को आवास, शिक्षा, चिकित्सा एवं सभी बुनियादी सुविधाएं दे रहे हैं। संत रविदासजी के बताए रास्ते पर चलते हुए हम जनता की सेवा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत ढाई साल में 6 लाख 69 हजार 25 लोगों को 5 हजार 18 करोड़ 77 लाख रुपए एससी के भाई-बहनों को दिया।

कमलनाथ को लेकर कहा- उन्होंने संतों का अपमान किया

यहां (सागर) धनप्रसाद अहिरवार का मर्डर हुआ था। अपराधी पकड़े नहीं थे। विधवा बहन को पैसे दिए नहीं थे। उस समय मैं मुख्यमंत्री नहीं था। आंदोलन किए, कमलनाथ के कानों में जू नहीं रेंगी। ऐसे लोग, जिन्होंने हमें छला है वोट के लिए, उनसे मैं रोज सवाल पूछ रहा हूं। हमारी देखादेखी उन्होंने भी रविदास कुंभ किया था। लेकिन, इन्होंने संत का स्वागत किया था क्या? संत के चरण में झुके थे क्या? ये अरबपति, खरबपति… कहां संतों के सामने झुकेंगे। संतों का अपमान कमलनाथ ने किया। सवा साल में सिर्फ वादे और प्रदेश को लूटने का काम किया।

संत रविदास के जीवन दर्शन पर प्रदर्शनी

कजलीवन मैदान में आयोजित महाकुंभ में संत रविदास के जीवन दर्शन, विचार, शिक्षा और उनके संदेशों पर प्रदर्शनी भी लगाई गई है। कार्यक्रम स्थल पर ‘एक जिला एक उत्पाद’ प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें सागर के खुरई में बनने वाले कृषि यंत्रों का प्रदर्शन भी किया गया है। स्वयं सहायता समूह द्वारा निर्मित किए जाने वाले उपयोगी उत्पाद व सामग्री के स्टॉल भी लगाए गए है। सीएम ने इन सभी प्रदर्शनी को भी देखा।

आर्य बोले- कांग्रेस ने कभी रविदास महाकुंभ मनाया क्या?

BJP अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा, मध्यप्रदेश के इतिहास में किसी भी राजनीतिक पार्टी की सत्ता रही हो, लेकिन शिवराज जी के नेतृत्व में बड़े विभाग अनुसूचित जाति को मिले हैं। मध्यप्रदेश को बने हुए 65 साल हो गए। साढ़े 46 साल कांग्रेस की सरकार रही। मध्यप्रदेश में कांग्रेस ने कभी रविदास महाकुंभ मनाया क्या? रविदास महाकुंभ शिवराज सिंह चौहान मनाने का काम करते हैं। रविदास मंदिर में बैठने वाले संतों का सम्मान CM शिवराज करते हैं। हमारे बीच, हमारी झोपड़ियों में आकर जो हमें बरगलाते हैं, वो कभी रविदास जी का सम्मान नहीं करते।

भोपाल में CM का कांग्रेस पर तंज

सागर के लिए रवाना होने से पहल CM शिवराज ने भोपाल में कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने कहा- राहुल और कमलनाथ के नेतृत्व में पूरी कांग्रेस होल्ड पर है। जनता भी इन्हें होल्ड पर रख देगी। सागर में कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हेलिकॉप्टर से नसरुल्लागंज के लिए रवाना हो गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}