समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 17 दिसंबर 2025 बुधवार

////////////////////////////////////////
जनसुनवाई में अधिकारियों ने तत्परता से सुनी 54 आवेदकों की समस्याएं
मंदसौर 16 दिसम्बर 25 / जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल एवं सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन ने 54 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए एवं कोई भी व्यक्ति अनावश्यक परेशान न हो। लोगों को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनसुनवाई के दौरान आए विभिन्न प्रकरणों में त्वरित निर्देश जारी किए गए। मल्हारगढ़ निवासी नजमा बी ने प्रधानपंत्री आवास योजना का लाभ एवं पट्टा प्रदान किये जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर सीईओ जनपद को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। सेजपुरीया निवासी अशोक ने अवैध अतिक्रमण हटाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर तहसीलदार मंदसौर शहर को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। रलायती निवासी कैलाश ने कृषि भूमि का सीमांकन करने के संबंध में आवेदन दिया। जिस पर तहसीलदार गरोठ को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में विद्युत कनेक्शन दिलवाने, मुआवजा राशि दिलवाने, आर्थिक सहायता प्रदान करने, पेंशन प्रकरण का निराकरण करने, संबल योजना का लाभ दिलवाने, भावांतर योजना की राशि दिलवाने एवं राजस्व अभिलेख में सुधार करने जैसे विविध प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए।
============
मुख्यमंत्री ने जिले के 113 श्रमिक परिवारों को 2 करोड़ 41 लाख की अनुग्रह सहायता प्रदान की
संबल 2.0 योजना अंतर्गत श्रमिक परिवारों को मिला हितलाभ
मंदसौर 16 दिसंबर 25/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल 2.0) योजना के अंतर्गत प्रदेश के 7 हजार 227 श्रमिक परिवारों को कुल 107 करोड़ रुपये की अनुग्रह सहायता राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से वितरण किया।
जिला श्रम अधिकारी श्री प्रकाश डोड़वे ने बताया कि मंदसौर जिले के कुल 113 श्रमिक परिवारों को 2 करोड़ 41 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई। जिला स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन एनआईसी कक्ष में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संबल योजना के हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का लाइव उद्बोधन देखा एवं सुना। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में संबल योजना को श्रमिक परिवारों के लिए सामाजिक सुरक्षा का मजबूत आधार बताते हुए शासन की जनकल्याणकारी सोच को रेखांकित किया।
===================
सुंदरलाल पटवा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में तीन दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ
मंदसौर 16 दिसंबर 25 / सुंदरलाल पटवा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. शशी गांधी द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्य प्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार सुंदरलाल पटवा चिकित्सा महाविद्यालय में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में पदस्थ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स का तीन दिवसीय एमरजेंसी केयर एवं सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग पर प्रशिक्षण प्रारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण मुख्यतः एमरजेंसी केयर बर्न इंजरी ट्रॉमा एवं सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग मैनेजमेंट पर आधारित है। प्रशिक्षण हेतु संभाग के चार जिलों मंदसौर, नीमच, आगर मालवा एवं रतलाम से 40 कम्युनिटी हेल्थ ऑफीसर महाविद्यालय पहुंचे। अधिष्ठाता डॉ. शशि गांधी ने उपस्थित प्रशिक्षण अभ्यर्थियों को इस एमरजेंसी केयर ट्रेनिंग का महत्व एवं कम्युनिटी में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता हेतु इसकी आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किये। प्रशिक्षण के पहले दिन कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स को उनके क्लीनिकल रोल, एमरजैंसी केयर में उनका योगदान, फर्स्ट एड, सीपीआर, मेडिकल एवं सर्जिकल इमरजेंसी, फ्रैक्चर, सर्प दंश एवं एनिमल बाइट पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रशिक्षण का प्रथम सत्र महाविद्यालय के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग अध्यक्ष डॉ. सुनील कांत गुलेरी द्वारा लिया गया। तत्पश्चात अन्य मेडिकल एवं सर्जिकल इमरजेंसी पर महाविद्यालय के डॉ. अनिल मंगेशकर, डॉ. नयन सिलावट एवं डॉ. संजय रावत द्वारा व्याख्यान प्रस्तुत किए गए।
पहले दिन के प्रशिक्षण के आखिर में डॉ. सौमित्र सेठिया द्वारा एनिमल बाइट, रेबीज, एवं हीट एवं कोल्ड इंजरी पर सी.एच.ओ को प्रशिक्षित किया गया। एमरजेंसी केयर पर यह प्रशिक्षण अगले दो दिन जारी रहेगा। जिसमें आयुष्मान आरोग्य मंदिर में पदस्थ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स को सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग की प्रक्रिया को विस्तार से सुंदरलाल पटवा चिकित्सा महाविद्यालय मंदसौर की महिला रोग विशेषज्ञ डॉक्टर प्रिया दरबार द्वारा समझाया जाएगा। प्रशिक्षण के तीसरे दिन समस्त प्रशिक्षणार्थियों को एमरजेंसी केयर हेतु आवश्यक विभिन्न कौशल तकनीक (SKILLS) सिखाई जाएंगी। कौशल प्रशिक्षण हेतु महाविद्यालय की स्किल लैब प्रयोगशाला मैं मौजूद एडवांस्ड “MANNEQUINS” का प्रयोग किया जाएगा। महाविद्यालय द्वारा दिया जाने वाला यह प्रशिक्षण समस्त कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स को एमरजेंसी केयर एवं बर्न ट्रॉमा, सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग में दक्ष बनाने में मददगार होगा।
=============
सांदीपनि विद्यालय मल्हारगढ़ में सांसद खेल महोत्सव का हुआ आयोजन
मंदसौर 16 दिसंबर 25/ शासकीय सांदीपनि विद्यालय मल्हारगढ़ में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। खेल महोत्सव का शुभारंभ मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात माँ सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की गई। सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य श्री अशोक वाघेला ने अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया। जिला योजना समिति सदस्य श्री राजेश दीक्षित, लोकतंत्र सेनानी श्री मनोहरलाल जैन, श्री मदनलाल राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी, पत्रकार उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षा के साथ-साथ खेलों का भी विशेष महत्व है। आज के समय में बच्चे मोबाइल के अधिक उपयोग के कारण खेलों से दूर होते जा रहे हैं। बच्चों को पुनः खेलों की ओर प्रेरित करने तथा खेलों के महत्व और उनके लाभों से परिचित कराने के उद्देश्य से सरकार द्वारा सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेलों से शारीरिक व्यायाम स्वतः हो जाता है, जो स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। महोत्सव में विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
==============
आयुर्वेदिक अमानक 6 औषधियों पर प्रतिबंध
मंदसौर 16 दिसंबर 25 / जिला आयुष अधिकारी डॉ. बिंदु ध्रुव द्वारा बताया गया कि आयुर्वेदिक औषधियों के नमूनों के परीक्षण के उपरांत अमानत पाए जाने के कारण आमजन के हित में औषधि कफ कुठार रस कम्पनी डाबर इन्डिया लि. साईट iv साहिबाबाद उ. प्र. – 201010 बैच नंबर SB00066, औघधि लक्ष्मी विलास रस (नारदीय) कम्पनी डाबर इन्डिया लि. साईट iv साहिबाबाद उ. प्र. – 201010 बैच नंबर SB00065, औषधि प्रवास पिष्टी कंपनी श्री धनवंतरी हर्बला विलेज किशनपुरा पीओ गुरूमाजरा 17410 तहसील बदी जिला सोलन एच. पी. बैच नंबर PPMB-077, औषधि मुक्त शक्ति कंपनी श्री धनवंतरी हर्बला विलेज किशनपुरा पीओ गुरूमाजरा 17410 तहसील बदी जिला सोलन एच. पी. बैच नंबर MSBD059, औषधि गिलोयसत्व कंपनी शर्मायु जैन्युन आयुर्वेद श्री शर्मा आयुर्वेद मंदिर सिविल लाईन्स दतिया 475661 म. प्र. बैच नंबर 005P-1, औषधि वामदुधा रस कंपनी शर्मायु जैन्युन आयुर्वेद श्री शर्मा आयुर्वेद मंदिर सिविल लाईन्स दतिया 475661 म. प्र. बैच नंबर 25117002P-1 पर क्रय विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है
===============
बन्द सोसायटियों के होंगे पंजीयन निरस्त
मंदसौर 16 दिसंबर 25 / उपायुक्त सहकारिता परमानंद गोरिया द्वारा बताया गया कि जिले में पहली बार बडे स्तर पर की जा रही कार्यवाही कई वर्षों से जो सोसायटिया बन्द होकर परिसमापन में थी, उन सभी सोसायटीयों के पंजीयन निरस्त कर सहकारिता पटल से उनका अस्तित्व समाप्त किया जा रहा है।
जिन सोसायटियों में यह कार्यवाही होने जा रही है प्रमुख रूप से दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति मर्या. मनासाखुर्द, दीपाखेडा, भरडावद, निम्बाखेडी, तितरोद, गुडभेली, अंत्रालिया, रणायरा, लोध, बंजारी, कचनारा फ्लेग, लसुडिया कदमाला, तिलहन सहकारी संस्था मर्या. भालोट, गुर्जरबर्डिया, करजू, बडवन, मत्स्य मेरियाखेडी, बसई, असावती, चिलोद पिपल्या, उपभोक्ता भण्डार. नगरी और मल्हारगढ, सकवाल बुनकर मंदसौर, बुनकर केलुखेडी, शहरी साख जिला शिक्षक साख, सर्वोदय साख भूमि विकास बैंक कर्मचारी साख श्री साईनाथ साख तिरूपति साख जन जागृति साख शिवा स्व सहायता समूह, मजदूर साख, शाख महाविद्यालय कर्मचारी श्री राम साख सहकारिता विभाग कर्म. साख, आंचल साख पुलिस विभागीय कर्मचाारी साख मंदसौर, निर्माण कारगार सहकारी संस्था मर्या. मंदसौर, दशपुर श्रमिक कामगार सहकारी संस्था मर्या. मंदसौर, औद्योगिक संस्थाएँ मंदसौर, हरिजन रेशन उद्योग आसपुरा, महिला गृह उद्योग दलौदा, मसाला उद्योग दलौदा, विक्रम गृह निर्माण मंदसौर, लद्युवेतन कर्मचारी मंदसौर, संजय गृह निर्माण गुर्जरबर्डिया, आदर्श गृह निर्माण मोल्याखेडी, सर्वोदय गृह निर्माण टिगरिया, पुलिस विभाग गृह निर्माण मंदसौर, केशव गृह निर्माण सीतामउ, शास. लद्युवेतन गृह निर्माण सीतामउ, नगरी गृह निर्माण नगरी आदि सभी संस्थाओ के पंजीयन निरस्त किये जाने है।
इस प्रकार सहकारिता के उपायुक्त द्वारा इन संस्थाओं से संबंधित कर्ता-धर्ता और सदस्यों को सूचित किया जा रहा है कि किसी को इस कार्यवाही के संबंध में कोई आपत्ति हो या अपना पक्ष समर्थन रखना हो तो वह एक सप्ताह के भीतर उपायुक्त सहकारिता जिला मंदसौर मित्र वत्सला रामटेकरी में उपस्थित होकर कार्यालयीन समय मे अपना पक्ष रख सकते है। सभी संस्थाओं को समाप्त करने के लिये इसी माह दिसम्बर 2025 की समय सीमा तय की गई है। पंजीयन निरस्त करने की कार्यवाही युद्ध स्तर पर की जा रही है।
=======================
अंतर्राष्ट्रीय वन मेला अपने आप में एक अनूठा आयोजन : वन राज्य मंत्री श्री अहिरवार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव 17 दिसम्बर को करेंगे मेले का शुभारंभ
11वाँ अंतर्राष्ट्रीय वन मेला 17 से 23 दिसम्बर तक लगेगा लाल परेड मैदान में
“समृद्ध वन खुशहाल जन थीम पर होगा मेला
200 आयुर्वेदिक चिकित्सक एवं विशेषज्ञ देंगे नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श
मेले में होंगे 350 स्टॉल
मंदसौर 16 दिसंबर 25 / अंतर्राष्ट्रीय वन मेला अपने आप में एक अनूठा आयोजन है। मेले में लघु वनोपज एवं औषधीय पौधों के क्षेत्र की गतिविधियों, उत्पादों एवं अवसरों को प्रदर्शित करने एवं इससे जुड़े संग्राहकों, उत्पादकों, व्यापारियों, उद्यमियों, वैज्ञानिकों, प्रशासकों और नीति निर्धारकों के बीच संवाद स्थापित करने के लिये व्यापक मंच उपलब्ध होता है। वन राज्य मंत्री श्री दिलीप सिंह अहिरवार पलाश होटल में वन मेले की पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
वन मंत्री श्री अहिरवार ने बताया कि मेले का शुभारंभ 17 दिसम्बर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। उन्होंने कहा कि ‘समृद्ध वन खुशहाल वन’ की थीम पर अंतर्राष्ट्रीय वन मेला 17 से 23 दिसम्बर तक लाल परेड मैदान में लगेगा। मेले में 350 स्टॉल लगाये जा रहे हैं। मेले में प्रदेश के जिला यूनियन, वन, वन धन केन्द्र, जड़ी-बूटी संग्राहक, उत्पादक, आयुर्वेदिक औषधि निर्माता, परम्परागत भोजन सामग्री के निर्माता एवं विक्रेतागण अपने उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय करेंगे। मेले में 10 शासकीय स्टॉल, 24 अन्य राज्यों के स्टॉल, 16 प्रदर्शनी के स्टॉल, 136 प्रायवेट स्टॉल, 26 फूड स्टॉल, जिनमें अलीराजपुर का दालपुनिया, बाँधवगढ़ की गोंडी व्यंजन का स्वाद मिलेगा। इसके अलावा 50 ओपीडी स्टॉल और एक किड्स जोन भी होगा।
वन मंत्री श्री अहिरवार ने कहा कि 200 आयुर्वेदिक पद्धति के चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों द्वारा मेले में नि:शुल्क चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया जायेगा। उन्होंने बताया कि मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में ऑर्केस्ट्रा, नुक्कड़ नाटक, लोक नृत्य, स्कूली छात्र-छात्राओं के लिये चित्रकला, फैंसी ड्रेस और गायन के कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा 17 दिसम्बर को शाम परम्परागत नृत्य डिण्डोरी की प्रस्तुति, 18 दिसम्बर की शाम ऑर्केस्ट्रा अंचल शर्मा ग्रुप की प्रस्तुति, 19 दिसम्बर की शाम विरासत सूफी की म्यूजिकल प्रस्तुति, 20 दिसम्बर को एक शाम वन विभाग के नाम (फॉरेस्ट मेलोडी) द्वारा सरगम म्यूजिकल ग्रुप, 21 दिसम्बर की शाम ख्याति प्राप्त सिंगर श्री नीरज श्रीधर, बॉम्बे वाइकिंग्स की म्यूजिकल प्रस्तुति, 22 दिसम्बर की शाम मानसरोवर द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम और 23 दिसम्बर की शाम परम्परागत नृत्य, झाबुआ की प्रस्तुति होगी।
वन मंत्री श्री अहिरवार ने बताया कि वन मेले में 19 एवं 20 दिसम्बर को अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला का भी आयोजन किया जायेगा। इसमें देश के 17, नेपाल के 2 एवं भूटान के एक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। कार्यशाला आईआईएफएम के समन्वय से आयोजित होगी।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव वन श्री अशोक बर्णवाल, प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री व्ही.एन. अम्बाडे और प्रबंध संचालक राज्य वनोपज संघ डॉ. समिता राजौरा उपस्थित रहे।
====================
फरार अपराधियों के विरूद्ध मध्यप्रदेश पुलिस का बड़ा अभियान, तीन दिन की विशेष कार्रवाई में 1100 से अधिक वारंटी गिरफ्तार
मंदसौर 16 दिसंबर 25 / पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा के निर्देशन में प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधियों की धर-पकड़ सुनिश्चित करने, माननीय न्यायालयों के आदेशों का कड़ाई से पालन कराने तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा जिलों में सतत् रूप से योजनाबद्ध अभियान चलाया जा रहा है। बीते तीन दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में एक साथ व्यापक स्तर पर कांबिंग गश्त एवं छापेमारी की गई, जिसमें 1100 से अधिक फरार वारंटियों को गिरफ्तार करने में पुलिस बल को उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई।
पुलिस के विशेष कांबिंग अभियान में 1100 से अधिक स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों पकड़ा गया है। इसके साथ ही 700 से अधिक निगरानी बदमाशों, गुंडो एवं अन्य अपराधियों की चैकिंग की गई। इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों को कानून के दायरे में लाया गया, वहीं अपराधों की पूर्व-रोकथाम में भी महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
बालाघाट: जिले में विशेष कांबिंग गश्त अभियान के दौरान कई वर्षों से फरार 51 स्थायी वारंटियों एवं गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त 140 से अधिक निगरानी बदमाशों एवं सूचीबद्ध अपराधियों के घरों, अड्डों तथा संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर उनकी गतिविधियों की बारीकी से जांच की गई।
कटनी: जिले में की गई व्यापक कांबिंग कार्रवाई के दौरान 145 वारंटी एवं अपराधियों को हिरासत में लिया गया, जिनमें 23 स्थायी एवं 82 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। इसके अलावा अवैध शराब जमाखोरी एवं बिक्री से जुड़े 30 नए प्रकरण दर्ज किए गए। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध मोटर यान अधिनियम की सख्त धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया, जिससे सड़क सुरक्षा एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है।
छतरपुर: जिले में “न्याय पथ अभियान” के अंतर्गत बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई। इस दौरान 40 स्थायी वारंटी, 76 गिरफ्तारी वारंटी तथा ₹52 हजार के इनामी अपराधियों सहित 200 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें अवैध हथियारों की तस्करी, जुआ-सट्टे के अड्डे संचालित करने तथा अवैध शराब के कारोबार से जुड़े अपराधी शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध हथियार एवं नकदी भी बरामद की गई है।
मुरैना: जिले में विशेष कांबिंग गश्त के तहत लगभग 125 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों को हिरासत में लिया गया। इसके साथ ही ₹29 हजार के इनामी 7 फरार अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया, जो लंबे समय से कानून की पकड़ से बाहर थे। हिस्ट्रीशीटर एवं जिलाबदर घोषित आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी कर उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी गई। यह अभियान संगठित अपराध पर नियंत्रण की दिशा में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हुआ है।
ग्वालियर: जिले में कांबिंग गश्त के दौरान 121 स्थायी एवं 129 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 250 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त 348 गुंडों एवं हिस्ट्रीशीटरों की विस्तृत जांच-पड़ताल की गई। साथ ही अवैध शराब एवं सट्टा गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की गई।
गुना: जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ अभियान चलाकर लंबे समय से फरार 43 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें कई आरोपी गंभीर अपराधों में लिप्त थे। गुंडों, हिस्ट्रीशीटरों, जिलाबदर एवं इनामी अपराधियों के ठिकानों पर गहन तलाशी लेकर उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी सुनिश्चित की गई।
सीहोर: जिले में रात्रिकालीन कांबिंग गश्त के दौरान 145 वारंटियों को हिरासत में लिया गया तथा 157 निगरानी अपराधियों की गहन जांच की गई। इसके साथ ही जुआ-सट्टा एवं आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अवैध शराब के मामलों में कठोर कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
मंदसौर: जिले में रात्रिकालीन विशेष अभियान में 175 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 130 स्थायी एवं 42 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। यह कार्रवाई विशेष रूप से लंबे समय से फरार अपराधियों को लक्ष्य बनाकर की गई, जो कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बने हुए थे।
यह विशेष कांबिंग गश्त अभियान फरार अपराधियों, संगठित अपराध, अवैध शराब के कारोबार, जुआ-सट्टा, हथियारों की तस्करी तथा आदतन अपराधियों पर नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रभावी कदम सिद्ध हुआ है।
==========



