
प्राचार्य विनोद कुमार शर्मा को विकासखंड शिक्षा अधिकारी आलोट का अतिरिक्त प्रभार, शिक्षा विभाग में हर्ष की लहर
ताल ब्यूरो चीफ शिवशक्ति शर्मा
ताल। विकासखंड शिक्षा विभाग में प्रशासनिक जिम्मेदारी के निर्वहन को लेकर प्राचार्य विनोद कुमार शर्मा को विकासखंड शिक्षा अधिकारी आलोट का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। बताया जाता है कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी के कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही को लेकर जिलाधीश की नाराजगी के बाद विभाग द्वारा यह निर्णय लिया गया है। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ताल के संकुल प्राचार्य विनोद कुमार शर्मा को नई जिम्मेदारी सौंपे जाने से शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है।
विनोद कुमार शर्मा एक योग्य, कर्मठ एवं जिम्मेदार प्राचार्य के रूप में अपनी पहचान रखते हैं। शैक्षणिक दायित्वों के साथ-साथ वे सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में भी तन-मन-धन से सहयोग करते हुए समर्पित भाव से अपनी सहभागिता निभाते हैं। नगर में आयोजित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रहती है।
शर्मा को मंच संचालन की कला में भी विशेष दक्षता प्राप्त है। वे अपनी प्रभावशाली वाणी, विषय की समझ और कुशल संचालन शैली से कार्यक्रमों को गरिमामय स्वरूप प्रदान करते हैं। उनकी इसी प्रतिभा के चलते उन्हें नगर के कार्यक्रमों में एक सशक्त एवं प्रभावी संचालक के रूप में जाना जाता है। उनकी इस विशिष्ट प्रतिभा को देखते हुए वरिष्ठ पत्रकार एवं सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक शिवशक्ति शर्मा द्वारा उन्हें ‘व्यास’ की उपाधि से भी विभूषित किया गया है।
अब विनोद कुमार शर्मा को विकासखंड शिक्षा अधिकारी आलोट का अतिरिक्त प्रभार मिलने से उनके प्रशासनिक कौशल, अनुभव एवं कार्यक्षमता के उपयोग की नई संभावनाएं बनी हैं। शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों एवं शुभचिंतकों में इस जिम्मेदारी को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की जा रही है। उम्मीद की जा रही है कि वे अपने अनुभव, कार्यनिष्ठा एवं कुशल नेतृत्व से विकासखंड की शैक्षणिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



