
सेवा निवृत्त प्रधानाध्यापक शर्मा दंपति का शिक्षक दिवस पर सम्मान कर स्मृति चिन्ह भेंट किए
ताल ब्यूरो चीफ शिवशक्ति शर्मा
ताल। शिक्षक केवल पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाता, बल्कि अपने संस्कारों और कर्मों से समाज की भावी पीढ़ी का निर्माण करता है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए शिक्षक दिवस के अवसर पर ताल के सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक एवं वरिष्ठ पत्रकार शिवशक्ति शर्मा तथा सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका श्रीमती सरोज शर्मा का सम्मान किया गया।
5 सितंबर को पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर मनाए गए शिक्षक दिवस पर शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ताल के प्राचार्य विनोद कुमार शर्मा, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ताल के प्राचार्य प्रमोद कुमार भट्ट, हाई स्कूल कछालिया के प्राचार्य राजीव लोचन कुशवाह तथा वीरेंद्र सिंह सिसौदिया ने शर्मा दंपति का अभिनंदन करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शर्मा दंपति ने अपने सेवाकाल में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान कीं। विशेष बात यह है कि सेवानिवृत्ति के पश्चात भी दोनों सामाजिक सरोकारों से निरंतर जुड़े हुए हैं और समाजहित के कार्यों में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके समर्पण, सेवाभाव और जीवटता को स्मरण करते हुए शिक्षक दिवस पर किया गया यह सम्मान नई पीढ़ी के लिए भी प्रेरणादायी है।
सम्मान के दौरान उपस्थितजनों ने शर्मा दंपति के स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की तथा उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। सम्मान समारोह के पश्चात सभी ने सामूहिक रूप से भोजन किया।
शिक्षक दिवस का यह सम्मान केवल दो शिक्षकों का अभिनंदन नहीं, बल्कि उस समर्पित शिक्षक परंपरा को नमन था, जो सेवानिवृत्ति के बाद भी सेवा और समाज के प्रति अपने दायित्व से निवृत्त नहीं होती।



