ग्रामीणों की राजस्व संबंधी समस्याएं सुनीं, नामांतरण एवं आवासीय पट्टे सहित विभिन्न मामलों के निराकरण पर दिया जोर

हिंगोरिया बड़ा में लगा राजस्व निराकरण कैंप
ग्रामीणों की राजस्व संबंधी समस्याएं सुनीं, नामांतरण एवं आवासीय पट्टे सहित विभिन्न मामलों के निराकरण पर दिया जोर
बंशीदास बैरागी
(मगराना)मल्हारगढ़ तहसील की संजीत उपतहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत हिंगोरिया बड़ा में राजस्व निराकरण कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में ग्रामीणों की राजस्व संबंधी समस्याओं को सुना गया तथा मौके पर ही समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया गया।
नायब तहसीलदार राहुल डाबर ने बताया कि मंदसौर कलेक्टर दिव्यांक सिंह के निर्देशानुसार राजस्व संबंधी मामलों के निराकरण के लिए पंचायत स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत गांवों में कैंप लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और संभव होने पर उनका तत्काल निराकरण किया जा रहा है।
कैंप में नामांतरण, आवासीय पट्टे तथा पात्र गरीब वर्ग के लोगों को पात्रता में शामिल करने सहित राजस्व से जुड़े विभिन्न कार्यों को लेकर ग्रामीणों से आवेदन एवं समस्याएं प्राप्त की गईं। अधिकारियों ने ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्यों के समय पर निराकरण का भरोसा दिलाया।
इस दौरान ग्राम पंचायत सरपंच, सचिव, हल्का पटवारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कैंप में ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।



