समाचार मध्यप्रदेश नीमच 04 सितंबर 2026 शुक्रवार

फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन—सीआरपीएफ नीमच में क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का हुआ समापन
नीमच, 3 सितंबर 2026। ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच परिसर में मध्यप्रदेश सेक्टर, सीआरपीएफ भोपाल के अधीनस्थ प्रशासनिक एवं परिचालनिक बटालियनों एवं कार्यालयों के बीच आयोजित तीन दिवसीय क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ 1 सितंबर को हुआ था। प्रतियोगिता में विभिन्न इकाइयों के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में ग्रुप केंद्र नीमच, भोपाल एवं ग्वालियर, 01, 07, 41, 102, 123 एवं 148 बटालियन, 107 द्रुत कार्य बल तथा 4 सिग्नल बटालियन के जवानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन का उद्देश्य बल के कार्मिकों में शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक दृढ़ता, सहनशक्ति एवं आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देना था।
क्रॉस कंट्री दौड़ में प्रथम स्थान उप निरीक्षक अंकित, 01 बटालियन ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान सिपाही/जीडी सुनीत कुमार राजपूत, 41 बटालियन तथा तृतीय स्थान सिपाही/जीडी शिवम यादव, 41 बटालियन ने हासिल किया। टीम स्पर्धा में 41 बटालियन ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान, जबकि 01 बटालियन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह में श्री सुरेन्द्र कुमार, उप महानिरीक्षक, ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच के मार्गदर्शन में डॉ. संसृति शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, संयुक्त अस्पताल नीमच ने विजेता प्रतिभागियों को पदक एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर डॉ. संसृति शर्मा ने कहा कि सीआरपीएफ की कार्यप्रणाली में तकनीकी दक्षता के साथ-साथ शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक दृढ़ता और उत्कृष्ट फिटनेस का भी विशेष महत्व है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं जवानों की तत्परता एवं टीम भावना को मजबूत करने के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रयास के लिए बधाई दी।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बल की विभिन्न इकाइयों के बीच आपसी समन्वय, सहयोग एवं सौहार्द को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच द्वारा भविष्य में भी कार्मिकों की शारीरिक एवं मानसिक दक्षता को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के खेल एवं फिटनेस आधारित आयोजनों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
समापन समारोह में श्री अमर सिंह चौहान, द्वितीय कमान अधिकारी, 01 बटालियन, श्री राजेन्द्र प्रसाद रेगर, उप कमांडेंट, 4 सिग्नल बटालियन, श्री दुष्यंत गोस्वामी, सहायक कमांडेंट, ग्रुप केंद्र नीमच, श्रीमती सीमा सिंह, सहायक कमांडेंट, 01 बटालियन, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं जवानों ने प्रतिभागी धावकों का उत्साहवर्धन किया।
–00–
ग्राम बर्डिया में 60 दिवसीय नालसा मेगा ड्राइव के अंतर्गत लीगल एड क्लीनिक का शुभारंभ
नीमच 3 सितम्बर 2026, माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच श्री वीरेंद्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा संचालित 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के अंतर्गत ग्राम बर्डिया, तहसील मनासा में ग्राम पंचायत परिसर में स्थापित लीगल एड क्लीनिक का आज शुभारंभ किया गया।
ग्राम पंचायत परिसर में स्थापित उक्त लीगल एड क्लीनिक का शुभारंभ सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच श्रीमती शोभना मीणा द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित ग्रामीणजनों को 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के उद्देश्यों तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेगा ड्राइव का उद्देश्य पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें विधिक सहायता के साथ-साथ विभिन्न शासकीय एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणजनों की विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में चर्चा की गई तथा पात्र व्यक्तियों से संबंधित योजनाओं एवं अन्य विधिक सहायता के लिए आवेदन प्राप्त किए गए। प्राप्त आवेदनों के आधार पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
मेगा ड्राइव के अंतर्गत ग्राम बर्डिया में आगामी अवधि में घर-घर सर्वे कर पात्र व्यक्तियों को चिन्हित किया जाएगा तथा उन्हें नालसा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर आवश्यक आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। लीगल एड क्लीनिक ग्रामीणजनों के लिए स्थानीय स्तर पर निःशुल्क विधिक सलाह, विधिक सहायता एवं योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शन प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम होगा।
इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री प्रवीण कुमार, पैरा लीगल वॉलिंटियर्स श्री कमला शंकर विश्वकर्मा, श्री भारत राम पाटीदार एवं श्री राकेश सिंह परिहार, पटवारी, ग्राम सचिव, सहायक सचिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
–00–
अवैध रेत परिवहन पर कलेक्टर की सख्ती, 4.37 लाख रुपये की शास्ति अधिरोपित
नीमच 3 सितम्बर 2026, जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं खनिजों के अवैध उत्खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत एक प्रकरण में कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन मालिक पर कुल 4 लाख 37 हजार 500 रुपये की शास्ति अधिरोपित की है। कार्रवाई जिला खनिज अधिकारी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदनों के आधार पर की गई।
जिला खनिज अधिकारी के अनुसार 21 अगस्त 2026 को तहसील सिंगोली के ग्राम रतनगढ में जांच के दौरान डम्पर क्रमांक RJ09GF8605 से रैत का अवैध परिवहन पाया गया। वाहन मालिक प्रकाश पिता शम्भुलाल, निवासी बिलखण्डा, तहसील सिंगोली के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए रॉयल्टी की 15 गुना राशि 37 हजार 500 रुपये तथा 4 लाख रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 4 लाख 37 हजार 500 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने निर्देश दिए हैं कि अधिरोपित शास्ति राशि निर्धारित अवधि में शासकीय कोष में जमा कराई जाए। शास्ति राशि जमा होने के बाद नियमानुसार जब्त वाहनों को मुक्त किया जाएगा। निर्धारित समयावधि में राशि जमा नहीं किए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध प्रचलित प्रावधानों के तहत भू-राजस्व की भांति वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
–00–
ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं के लिए निःशुल्क स्वरोजगार प्रशिक्षण के अवसर
आरसेटी नीमच में सिलाई, ब्यूटी पार्लर, जैविक कृषि, मशरूम उत्पादन तथा डेयरी एवं पशुपालन का प्रशिक्षण
नीमच, 3 सितंबर 2026। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान,नीमच द्वारा जिले के ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं एवं युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न व्यावसायिक एवं कृषि आधारित निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रशिक्षणों के माध्यम से इच्छुक ग्रामीण अभ्यर्थियों को कौशल प्रशिक्षण के साथ स्वरोजगार स्थापित करने, बैंक ऋण एवं संबंधित शासकीय योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।
आरसेटी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 31 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण (महिलाओं के लिए) 7 सितंबर 2026 से, 35 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण (महिलाओं के लिए) 9 सितंबर से, 13 दिवसीय जैविक एवं औषधीय कृषि प्रशिक्षण 11 सितंबर से, 10 दिवसीय मशरूम की खेती प्रशिक्षण 15 सितंबर से तथा 12 दिवसीय डेयरी एवं पशुपालन से संबंधित प्रशिक्षण 17 सितंबर 2026 से प्रारंभ होगा।
इन सभी प्रशिक्षण कार्यक्रमों में नीमच जिले के ग्रामीण अंचल के 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियां पात्र होंगे। प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। प्रशिक्षण की अवधि के दौरान प्रशिक्षणार्थियों के लिए आवास, भोजन एवं नाश्ते की व्यवस्था भी निःशुल्क रहेगी। प्रवेश पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा।
प्रशिक्षण में मिलेगी व्यावहारिक जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान संबंधित क्षेत्रों के अनुभवी वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। कृषि, बागवानी, पशु चिकित्सा एवं अन्य संबंधित विभागों के विशेषज्ञ प्रशिक्षणार्थियों को विषय से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी देंगे। साथ ही संबंधित विभागों की ऋण योजनाओं एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की जाएगी। प्रशिक्षणार्थियों के ऋण संबंधी आवेदन प्रपत्र भी प्रशिक्षण केंद्र पर भरवाए जाएंगे तथा बैंकिंग संबंधी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया जाएगा।
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज
इच्छुक अभ्यर्थी 4 पासपोर्ट साइज फोटो तथा आधार कार्ड, बैंक पासबुक, राशन कार्ड एवं अंकसूची की छायाप्रति के 3 सेट के साथ आवेदन कर सकते हैं। आवेदन आरसेटी, हवाई पट्टी के सामने, विश्राम भवन के पास, चीताखेड़ा मेन रोड, नीमच स्थित प्रशिक्षण केंद्र में जमा किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी एवं पंजीयन के लिए सुबह 10:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक मोबाइल नंबर 9111053516, 9074201015, 9009684125 एवं 7898187819 पर संपर्क किया जा सकता है। आरसेटी कार्यालय का दूरभाष 07423-224522 तथा ई-मेल rsetineemuch@gmail.com है।
ग्रामीण क्षेत्र के इच्छुक युवक-युवतियों एवं महिलाओं से इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाकर कौशल विकास के माध्यम से स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की गई है।
–00–
अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग की प्रभावी कार्रवाई
1220 किलोग्राम महुआ लाहन एवं 28 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जप्त, 6 प्रकरण दर्ज
नीमच, 3 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री बी.एल. दांगी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 2 सितंबर 2026 को आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने वृत्त मनासा के अंतर्गत ग्राम पिपलिया रूड़ी, बरड़िया, सुवासरा बुजुर्ग, भदाना एवं मझीरिया सहित विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान 1220 किलोग्राम महुआ लाहन एवं 28 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जप्त की गई।
अवैध मदिरा से संबंधित मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत 6 प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिए गए हैं। जप्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 1 लाख 29 हजार रुपये है।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री बी.एल. सिंगाड़ा, आबकारी उपनिरीक्षक श्री पंकज राठौर, श्री संजय कंवारे, श्री दीपक आंजना एवं श्री संजय राठौर सहित आबकारी मुख्य आरक्षक श्री गोपाल शर्मा तथा आबकारी आरक्षक श्री विष्णु यादव, श्री महेश गहलोत, श्री विलास डगिया, श्री बलवंत भाटी, श्री हंसराज बिलवाल, सुश्री निशा राजपूत एवं सुश्री मधुमिता मालवीय शामिल रहे।
आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रखने की बात कही गई है।
–00–
प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलने से निलेश के जीवन में आई खुशहाली
नीमच 3 सितंबर 2026। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाकर उनके जीवन में स्थायी बदलाव लाने का प्रयास निरंतर किया जा रहा है। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले में पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर निरंतर जोर दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण सहित विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित जनपद पंचायत जावद के ग्राम पंचायत लासूर निवासी निलेश पिता नंदलाल भील का परिवार इसका उदाहरण है। कभी कच्चे मिट्टी के मकान में रहने वाले निलेश के परिवार को अब पक्का आवास मिलने से सुरक्षित और बेहतर जीवन का आधार मिला है।
निलेश बताते हैं कि पहले उनका परिवार कच्चे मिट्टी के मकान में रहता था, जिससे बरसात के दिनों में घर में पानी टपकता था और जहरीले जीव-जंतुओं तथा जानवरों का डर हमेशा बना रहता था। परिवार में कुल पांच सदस्य हैं। निलेश के पास आजीविका के लिए ढाई बीघा कृषि योग्य भूमि है और वे कृषि मजदूरी भी करते हैं। उनकी बेटी कक्षा 9वीं में अध्ययनरत है तथा बुजुर्ग माता-पिता भी उनके साथ रहते हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में निलेश के नाम आवास स्वीकृत हुआ। आवास के लिए उन्हें प्रथम किस्त 25 हजार रुपये, द्वितीय किस्त 40 हजार रुपये, तृतीय किस्त 40 हजार रुपये तथा चतुर्थ किस्त 15 हजार रुपये, इस प्रकार कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की राशि समय-समय पर प्राप्त हुई।
निलेश कहते हैं कि अब उनका पक्का आवास बन जाने से जहरीले जीव-जंतुओं और बरसात के पानी से होने वाली परेशानी से सुरक्षा मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ उन्हें मनरेगा योजना के अंतर्गत 90 दिवस की मजदूरी भी प्राप्त हुई है।
वे बताते हैं कि शासन की उज्ज्वला योजना से गैस टंकी और चूल्हा मिलने से परिवार को चूल्हे के धुएं से मुक्ति मिली। सौभाग्य योजना से घर में विद्युत कनेक्शन और जल जीवन मिशन से नल कनेक्शन मिला, जिससे प्रतिदिन नल से पानी उपलब्ध हो रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण के लिए 12 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिली, जिससे शौचालय का निर्माण कराया गया। उनकी बेटी प्रतिज्ञा को निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के तहत नई साइकिल मिलने से उसके स्कूल आने-जाने में भी सुविधा हुई है।
निलेश शासन की इन योजनाओं को अपने परिवार के जीवन में आए बदलाव का आधार बताते हुए कहते हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण और शासन की अन्य योजनाओं का लाभ मिलने से उनके जीवन में खुशहाली आई है। उन्होंने योजनाओं के माध्यम से अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलाव के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है।
–00–
नीमच में सजेगा श्रीकृष्ण भक्ति और लोक-संस्कृति का रंग आज
संस्कृति विभाग की ओर से मनासा और जावद में ‘श्रीकृष्ण पर्व’ के अंतर्गत होंगे विविध सांस्कृतिक आयोजन
नीमच 3 सितम्बर 2026, श्रीकृष्ण पाथेय न्यास, मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन-नीमच के सहयोग से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन, लोक-आस्था और सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ‘श्रीकृष्ण पर्व’ के अंतर्गत आज 4 सितम्बर को सायं 7 बजे से नीमच जिले के मनासा और जावद में विशेष सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जा रहा है। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े प्रसंगों और उनकी भक्ति भावना को संगीत, नृत्य एवं लोक गायन की प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।
द्वारकाधीश मंदिर के सामने, गांधी चौक, मनासा में सायं 7 बजे से श्रीकृष्ण केंद्रित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी, जिसमें सुश्री दीपिका सिंह एवं साथी, इंदौर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और जीवन प्रसंगों को नृत्य के माध्यम से साकार करेंगे। इसके साथ सुश्री प्रतिमा गोस्वामी एवं साथी, भोपाल द्वारा भक्तिमय गायन की प्रस्तुति होगी।
श्री सांवलिया जी मंदिर, रामलीला मैदान, खोर दरवाजा, जावद में 4 सितम्ब्र, 2026 को सायं 7 बजे से लोक गायन और भक्ति गायन की स्वरमयी प्रस्तुतियां होंगी। सुश्री पूर्णिमा चतुर्वेदी एवं साथी, भोपाल लोक गायन एवं सुश्री नम्रता कुशवाह एवं साथी, भोपाल भक्ति गायन के माध्यम से श्रीकृष्ण की भक्ति और लोक परंपरा को स्वर देंगी।
‘श्रीकृष्ण पर्व’ के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध कृष्ण परंपरा, लोक-स्मृतियों और कला अभिव्यक्तियों को नई पीढ़ी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
–00–
माता पिता की सेवा ही सच्ची ईश्वरीय भक्ति है- पं. नागर
सनातन संस्कृति की रक्षा ही हमारा परम धर्म- चौपड़ा
नीमच। माँ के दूध का कर्ज उतारना संतान के लिए असंभव है। जो बच्चे ये सोचकर अहंकार में जीते है कि वे अपने माता-पिता को दो समय की रोटी खिलाकर अपना कर्ज उतार रहे है वो पूरी तरह से गलत है। माता-पिता की सेवा करना, उनका सम्मान करना ही सच्ची ईश्वरीय भक्ति है। जिस माँ ने तुम्हे जन्म दिया वो ईश्वर से भी ज्यादा पूज्यनीय है। वर्तमान समय में रिश्ता करते समय वर व वधू की कुंडली मिलाने के बजाय सास बहूं की कुंडली मिलाना जरूरी है, क्योंकि असली कलह की शुरूआत यही से होती है।
यह बात परम पूज्य संत पंडित श्रीश्री रोहित जी नागर ने पंचवटी स्थित बड़े वाले परशुराम धाम पर चल रही भागवत कथा के दूसरे दिन बुधवार को कही।
श्री नागर ने वेद, पुराणों व शास्त्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि इंसान भ्रम में जी रहा है। वो अपने आपको बहुत शक्तिशाली मानने की गलतफहमी में जी रहा है। दिन-रात धन-धन की लालसा में नैतिक-अनैतिक कर्मो में लगा है। ईश्वरीय भक्ति का समय ही नही निकाल पा रहा है। और एक दिन उसके निधन की खबर आ जाती है। वो सब कुछ यही छोडक़र चला जाता है। उसके साथ जाता है तो बस उसके द्वारा किये गये कर्म।
अपने बच्चों को बचपन से ही धर्म की शिक्षा देना जरूरी है।
मंत्र मुग्ध हो गए सभी- पं. नागर ने अपनी मधुर वाणी में जब सूर छेड़ा तो सभी मंत्र मुग्ध हो गए। उनके द्वारा गाए गए भजन पर भक्त झूम उठे। सूर-ताल का एैसा संगम हुआ कि तीन घंटे तक लोग अपने स्थानों से हिले तक नही।
शिव विवाह की बेहतरीन प्रस्तुति- कथा के अंत में शिव-पार्वती विवाह का दृश्य अविस्मरणीय यादे छोड़ गया। शिव-पार्वती बनी छोटी-छोटी बच्च्यिों ने जब पाण्डाल में प्रवेश किया और पं. नागर ने भजन गाया तो पूरा पाण्डाल हर्ष ध्वनि से गूंज गया। सारे भक्तगण शिवजी के बाराती बनकर थिरकने लगे। क्या महिलाएं0………, क्या पुरूष सभी झूमने लगे
। नपाध्यक्ष स्वाति चौपड़ा, समाजसेवी गौरव चौपड़ा भी रंग में रंग गए ओर श्रृद्धालुओं के साथ थिरकने लगे
सनातन संस्कृति परमोधर्म- इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में आई नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा ने भी संक्षिप्त एवं सारगर्भित उद्बोधन देकर पं. श्री नागर से आशीर्वाद लिया। श्रीमती चौपड़ा ने कहा कि वर्तमान समय में सनातन संस्कृति की रक्षा करना ही हमारा परम धर्म है अब समय आ गया है कि सनातन धर्म की एकता व अखण्डता के लिए हमें एकजुट होना ही होगा। एक दूसरे के प्रति आदर, अपनत्व व मदद करने का भाव रखना होगा। देश की प्रगति व उन्नति के लिए समस्त सनातनियों को सर्व धर्म सद्भाव का भाव भी रखना होगा।
ये रहे उपस्थित- इस अवसर पर सर्व ब्राह्मण समाज अध्यक्ष उमेश शर्मा, कथा आयोजन समिति प्रमुख संगीता शर्मा, विप्रसेना प्रदेशाध्यक्ष अपेक्षा शर्मा, जिलाध्यक्ष निधि शर्मा, ब्राह्मण रत्न एलएन शर्मा, कन्हैयालाल शर्मा, गिरिश व्यास, चेतन व्यास सहित महिला व पुरूष पदाधिकारी व्यवस्था में लगे रहे।
सनातन संस्कृति की रक्षा ही हमारा परम धर्म- चौपड़ा


