मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 03 सितंबर 2026 शुक्रवार

जिला शिक्षा अधिकारी ने किया विभिन्न विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण

अनियमितताओं पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के दिए निर्देश

मंदसौर 3 सितंबर 2026 / जिला शिक्षा अधिकारी मंदसौर श्री पंकज जाट द्वारा जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं संस्था प्रधान को विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन एवं व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। इस दौरान उन्‍होने शासकीय हाई स्कूल फतेहगढ़, शासकीय माध्यमिक विद्यालय फतेहगढ़, शासकीय हाई स्कूल आक्या उमाहेड़ा एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कचनार फ्लैग का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्‍होने निर्देश दिये कि दैनिक छात्र उपस्थित पंजी का संधारण, विद्यार्थियों के बैठक व्‍यवस्‍था, बालक-‍बालिकाओं के शौचालय की साफ-सफाई करने के निर्देश दिये।

जिला शिक्षा अधिकारी श्री जाट ने विद्यालयों में समयपालन, अनुशासन, नियमित अध्यापन, स्वच्छता तथा विद्यार्थियों के लिए अनुकूल शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना संस्था प्रमुख एवं शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों में तत्काल सुधार किया जाए तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं। अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधितों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गाए।

–00–

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत अयोध्या काशी तीर्थ यात्रा का संशोधित कार्यक्रम

मंदसौर 3 सितंबर 2026 / मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत मंदसौर जिले से अयोध्या काशी वाराणसी तीर्थ यात्रा कार्यक्रम संशोधित किया गया है अब उक्त यात्रा आगामी 31 अक्टूबर 2026 से 5 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी यात्रा के लिए मंदसौर जिले के तीर्थ यात्रियों वरिष्ठ नागरिकों से आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि आगामी 21 अक्टूबर 2026 है।

–00–

4 सितम्बर को नीमच से प्रारम्भ होगी श्री चारभुजा नाथ गढबौर धाम तक पैदल यात्रा
225 किलोमीटर से भी अधिक का सफर 7 दिनो मे तय करेंगे सैकड़ों श्रद्धालु भक्तगण
14 सितम्बर को यात्रा की शुरुआत 23 सितंबर को समापन
“हम अकेले ही चले थे मंजिले राह को, लोग जुड़ते गए कारवां बन गया“ ऐसा ही कुछ सुखद संयोग हुआ है श्री चारभुजा मित्र मंडल जिला नीमच के साथ। इसे आप प्रभु श्री चारभुजा नाथ की अगाध श्रद्धा भक्ति का जुनून माने या कोई ईश्वरीय चमत्कार, कि आज से 35 वर्षों पूर्व रौंपा गया श्री चारभुजा पैदल यात्रा रुपी यह नन्हा सा पौधा आज एक विशाल वट वृक्ष के रूप में विकसित होकर सम्पूर्ण नीमच, मंदसौर जिले ही नहीं अपितु समीपस्थ राजस्थान के कई क्षेत्रों में भी मजबूती से अपनी जड़े फैला चुका है। राजेंद्र मंडोवरा (राजू भाई) रतनगढ वालो के नेतृत्व में आज से 35 वर्षों के पूर्व मात्र 7 व्यक्तियों की अगुवाई मे श्री चारभुजा मित्र मंडल जिला नीमच के बैनर तले शुरू हुई यह पैदल यात्रा अब एक विशाल रूप लेते हुए इस वर्ष 36 वें वर्ष में भव्यता के साथ प्रवेश कर रही है। प्रति वर्षानुसार निकलने वाली इस यात्रा मे सम्मिलित होने के लिए इस वर्ष पूरे जिले में अब तक 300 से भी अधिक श्रद्धालु भक्तों ने विभिन्न स्थानों पर निर्धारित पंजीयन केंद्रों पर अपना पंजीयन करवा लिया है।
इन स्थानों के पदयात्री होंगे सम्मिलित-इस पैदल यात्रा में प्रमुख रुप से नीमच सहित रतनगढ़, सिंगोली, उमर, बौरदिया, मुवादा, गरवाड़ा, आलोरी, डिकैन, रामनगर, दडौली, कुण्डला, मोरवन, सरवानिया महाराज, आमली भाट, मुकुंदपुरा, उपरेडा, बावल, जाट, कनैरा, जावद, पालराखेडा, कैलुखेडा, तारापुर, खोर, चैनपुरा, नयागाँव, भरभडिया, कानाखेडा, जीरन, हिंगोरिया, धनेरिया कला,छोटी सादड़ी,  अचारी, खेडा केसुन्दा, निंबाहेड़ा, डीगाँव माली, सुबी, साबाखेडा, मंदसौर, भानपुरा, रामपूरा आदि क्षेत्र के भक्तगण बड़ी संख्या में भाग ले रहे हैं।
सभी के लिए समान रुप से नियमों का पालन करना है अनिवार्य, नहीं होता कोई भेदभाव – इस यात्रा की सबसे विशेष बात यह है कि सभी यात्रियों को श्री चारभुजा मित्र मंडल जिला नीमच द्वारा बनाए गए सभी नियमों का पालन सख्ती से करना अनिवार्य होता है। यात्रा के दौरान सभी पैदल यात्रियों के लिए नशीले पदार्थ व्यसन शराब, तम्बाकू, धूम्रपान इत्यादी पूर्ण रूप से निषेध है। साथ ही यात्रा में गरीब- अमीर, ऊंच-नीच, छोटे-बड़े आदि का कोई भेदभाव नहीं रहता। सभी समाज वर्ग के 15 वर्ष के बच्चों से लेकर 75 वर्ष के बुजुर्गों तक सभी को समान रुप से नियमों का पालन करना अनिवार्य होता है। यात्रा में सम्मिलित होने वाले सभी श्रद्धालु भक्तजनों के मन में भगवान की भक्ति एवं दर्शनों का ऐसा जुनून एवं नशा चढ़ता है कि 225 कि.मी.से भी अधिक का सफर भारी बारिश एवं नदी- नालों, उबड़-खाबड़ पथरीले व कीचड़ भरे रास्तो पर चलते हुए ईश्वर कृपा से भजन कीर्तन एवं सत्संग करते हुए निर्विघ्नं रूप से सकुशल कब श्री चारभुजा नाथ गढबौर धाम के दरबार में पहुंच जाते हैं, पता ही नही चलता।
14 सितम्बर को नीमच से प्रारंभ होगी यात्रा-“कठे जाय अरजी करूँ, दायन आये और, सारोई कारज सारबो, बिराज्यां छे गढ़बोर“यही भावना मन में लेकर अपनी मनोकामना पूर्ति के लिए भक्त अति चमत्कारी भगवान श्री चारभुजानाथ के दर्शनों के लिए पैदल निकल पड़ते है। यात्रा व्यवस्थापक राजेन्द्र मंडोवरा (राजू भाई) ने बताया कि चारभुजा नाथ गढबौर धाम जिला राजसमंद राज.तक तक पहुंचने वाली यात्रा दिनांक 14 सितम्बर को प्रातः 7 बजे बडे बालाजी मंदिर, बारादरी, नीमच में भगवान श्री चारभुजानाथ मंदिर पर पूजा- अर्चना एवं दर्शनों के पश्चात समस्त पैदल यात्रियों को अबीर गुलाल एवं लाल गमछा ओढाकर ढोल धमाकों के साथ विदाई दी जाएगी। जो निम्बाहेडा मे पहुंच कर रात्रि विश्राम करेंगे। इससे पूर्व नयागांव में स्वल्पाहार कर जावद, कनेरा, सरवानिया महाराज के यात्री नयागांव में एक झंडे बैनर तले पहुंच कर आगे की यात्रा करेगें। 15 सितम्बर मंगलवार को निंबाहेड़ा से चलकर आंवरी माता में स्वल्पाहार व रात्रि विश्राम, 16 सितम्बर बुधवार को आंवरी माता से प्रस्थान कर श्री सांवरिया जी में स्वल्पाहार व शनिदेव जी मंदिर मंडल धर्मशाला मे रात्रि विश्राम, 17 सित. गुरूवार को शनिदेव जी से चलकर अकोला मे स्वल्पाहार व स्वर्णकार धर्मशाला फतेहनगर मे रात्रि विश्राम, 18 सित. शुक्रवार को फतेहनगर से प्रस्थान कर बीसा नीमा धर्मशाला श्री नाथद्वारा में पहुंच कर रात्रि विश्राम करेंगे। 19 सित. शनिवार को श्री नाथद्वारा से चलकर श्री रामेश्वरम् महादेव राजसमंद पहुंच कर रात्रि विश्राम करेंगे। 20 सित. रविवार को श्री रामेश्वरम् महादेव से चलकर राजसमंद होते हुए श्री चारभुजा नाथ गढबौर धाम के दरबार में पहुंच कर रात्रि विश्राम करेंगे। 21 सित.सोमवार को श्री चारभुजा नाथ से चलकर श्री रुपनारायण जी, रौकडिया हनुमान जी के दर्शनो के पश्चात दिं.22 सितम्बर मंगलवार को श्री चारभुजा नाथ में एकादशी महोत्सव में भाग लेंगे। 23 सितम्बर बुधवार को प्रातः 9ः30 बजे श्री चारभुजा नाथ गढबौर धाम को महा प्रसादी का भोग लगाकर दोपहर 12ः30 बजे पुनः घर वापसी होगी। इस पैदल यात्रा को लेकर समुचे नीमच जिले ही नहीं आसपास के क्षेत्रों में भी एक अलग ही उत्साह एवं उमंग का वातावरण बना हुआ है। श्री चारभुजा पैदल यात्रा संघ के सुनील धनोतिया, बहादुर आंजना, हेमन्त अजमेरा, संदीप सोनी, दीपक धाकड, जयन्त राठौर आदि भक्तगणों ने सभी भक्तो से अधिकाधिक संख्या में पैदल यात्रा में सम्मिलित होने का निवेदन किया है।

–00–

विकसित भारत क्विज़’ में युवाओं की भागीदारी का आह्वान राष्ट्रीय स्तर पर

चयनित युवाओं को माननीय प्रधानमंत्री जी के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर

15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवा ‘विकसित भारत क्विज़’ में भाग ले

मंदसौर 3 सितंबर 2026 / राष्ट्रीय युवा महोत्सव, जिसका आयोजन वर्ष 1995 से प्रत्येक वर्ष 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर किया जाता है, देश के विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक पृष्ठभूमियों से आने वाले युवाओं को एक मंच पर लाकर राष्ट्रीय एकता, युवा सशक्तिकरण एवं नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम रहा है। वर्ष 2025 में माननीय प्रधानमंत्री जी के ‘विकसित भारत @2047’ के विजन के अनुरूप राष्ट्रीय युवा महोत्सव का पुनर्गठन ‘विकसित भारत युवा संवाद’ के रूप में किया गया।

इसी क्रम में 30वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव-विकसित भारत युवा संवाद (2027) का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से सहभागी बनाना तथा उनमें नेतृत्व, नवाचार एवं रचनात्मक चिंतन की भावना को प्रोत्साहित करना है।

भारत को वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ ‘विकसित भारत क्विज़’ का आयोजन किया जा रहा है। यह क्विज़ ‘माय भारत’ पोर्टल पर उपलब्ध है। इसके माध्यम से देशभर के युवाओं को भारत के भविष्य को आकार देने तथा ‘विकसित भारत @2047’ की परिकल्पना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

‘विकसित भारत क्विज़’ 22 भाषाओं में आयोजित की जा रही है। इसमें भारत, भारतीय विरासत, देश की उपलब्धियों, विकास यात्रा तथा विकसित भारत @2047 की परिकल्पना से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रतिभागियों के सामान्य ज्ञान एवं समझ का परीक्षण किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं में जिज्ञासा जगाना, ज्ञानपूर्ण सहभागिता को बढ़ावा देना तथा प्रत्येक राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश से व्यापक युवा प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना है।

क्विज प्रतियोगिता 30 सितंबर 2026 तक, निबंध प्रतियोगिता 5 अक्‍टुबर 2026 से 9 अक्‍टुबर 2026 तक, जिला चैंपियनशिप (प्रस्‍तुतिकरण) 10 नवम्‍बर 2026 से 16 नवम्‍बर 2026 तक, राज्‍य स्‍तरीय विकसीत युवा भारत (प्रस्‍तुतिकरण) 17 नवम्‍बर 2026 से 7 दिसम्‍बर 2026 तक राष्ट्रिय संवाद 10 जनवरी 2027 से 12 जनवरी 2027 तक।

विकसित भारत’ पहल के अंतर्गत युवाओं की सहभागिता को ‘विकसित भारत चुनौती ट्रैक’ के माध्यम से विभिन्न चरणों में आगे बढ़ाया जाएगा। क्विज़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को आगामी चरणों में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। निबंध लेखन एवं प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रतिभागी विकसित भारत के निर्माण से जुड़े अपने विचार, विजन, नवाचार एवं समाधान प्रस्तुत करेंगे। जिला एवं राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागी आगे राष्ट्रीय स्तर की प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।

चुनौती ट्रैक के अंतर्गत युवाओं को भविष्य का शासन, शहरी परिवर्तन एवं नागरिक सेवाएँ; जलवायु सुरक्षा, सीमाएँ एवं सतत पर्वतीय विकास; जनसांख्यिकीय लाभांश, मानव पूंजी विकास एवं युवा विकास; सतत औद्योगीकरण, संसाधन-आधारित विकास एवं स्थिरता को बढ़ावा; पूर्वोन्मुखी नीति (एक्ट ईस्ट), सांस्कृतिक नेतृत्व एवं संपर्क बढ़ाना; विनिर्माण, उ‌द्यमिता एवं हरित विकास; जनजातीय नेतृत्व, प्राकृतिक संसाधन एवं समावेशी विकास; नवाचार अर्थव्यवस्था, पर्यटन एवं रचनात्मक उद्योग; प्रौद्योगिकी, नवाचार, भविष्य की तैयारी एवं रोजगार सृजन तथा नीली अर्थव्यवस्था, मानव पूंजी एवं वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता जैसे विषयगत क्षेत्रों पर विचार करने का अवसर मिलेगा।

इस पूरी प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण चरण राष्ट्रीय संवाद होगा। राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के लिए चयनित युवाओं को अपने विचार, विजन एवं विकसित भारत से संबंधित सुझाव माननीय प्रधानमंत्री जी के समक्ष प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त होगा। यह मंच युवाओं को अपने विचार राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष रखने तथा विकसित भारत @2047 के निर्माण में सक्रिय एवं सार्थक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगा।

जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, मंदसौर, मध्य प्रदेश, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जनपद के सभी पात्र युवाओं से अपील की गई है कि वे इस राष्ट्रव्यापी पहल में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करें। युवाओं की प्रतिभा, ज्ञान, विचार, नवाचार एवं नेतृत्व क्षमता ही विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला है। अतः सभी 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवा ‘विकसित भारत क्विज़’ में भाग लेकर राष्ट्र निर्माण के इस महाअभियान का हिस्सा बनें।

–00–

सुरक्षा सैनिक एवं औद्योगिक क्षेत्र में रोजगार हेतु जिले में भर्ती शिविर आयोजित होंगे

मंदसौर 3 सितंबर 2026 / जिला रोजगार अधिकारी द्वारा बताया गया कि जिले में सुरक्षा सैनिक एवं औद्योगिक क्षेत्र में रोजगार के लिए भर्ती शिविर आयोजित होंगे मंदसौर जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार कार्यालय के सहयोग से जिले के ग्रामीण एवं शहरी शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न भर्ती कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में एसआईएस द्वारा सुरक्षा सैनिक भर्ती तथा ग्‍लोबल मेनपॉवर एण्‍ड प्‍लेसमेंट सर्विसेस, साणंद, अहमदाबाद (गुजरात) द्वारा ऑटोमोबाइल क्षेत्र में वायरिंग हार्नेस निर्माण से संबंधित रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

एसआईएस द्वारा जिले में 6 स्थानों पर सुरक्षा सैनिक भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत 8 सितम्बर 2026 को शासकीय आई.टी.आई. मंदसौर में, 9 सितम्बर 2026 को शासकीय आई.टी.आई. सीतामऊ में, 10 सितम्बर 2026 को शासकीय आई.टी.आई. शामगढ़ में , 11 सितम्बर 2026 को, शासकीय आई.टी.आई. गरोठ में, 15 सितम्बर 2026 को शासकीय आई.टी.आई. भानपुरा तथा 16 सितम्बर 2026 को शासकीय आई.टी.आई. मल्हारगढ़ में भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे। भर्ती शिविरों का समय प्रातः 11:00 बजे से शाम 3:30 बजे तक रहेगा।

सुरक्षा सैनिक भर्ती हेतु 10वीं उत्तीर्ण व 19 से 40 वर्ष आयु तथा न्यूनतम 168 सेंटीमीटर ऊंचाई वाले इच्छुक अभ्यर्थी पात्र होंगे। अभ्यर्थियों को अपने साथ 10वीं की अंकसूची की छायाप्रति एवं दो फोटो लाना आवश्यक होगा। चयनित युवाओं को नीमच में एक माह का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के उपरांत चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न औद्योगिक एवं प्रतिष्ठित संस्थानों में सुरक्षा सेवाओं में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए www.ssciindia.com पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। संपर्क हेतु दर्शन सिंह गुर्जर – 96943 71137 एवं दिग्विजय सिंह राजपूत – 96448 58553 से संपर्क किया जा सकता है।

इसी प्रकार ग्‍लोबल मेनपॉवर एण्‍ड प्‍लेसमेंट सर्विसेस, साणंद, अहमदाबाद (गुजरात) द्वारा कारों के वायरिंग हार्नेस निर्माण से संबंधित कंपनी में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। भर्ती में पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के अनुसार भाग ले सकते हैं। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 10वीं, 12वीं एवं ITI उत्तीर्ण तथा महिला अभ्यर्थियों के लिए 8वीं, 10वीं एवं ITI उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। आयु सीमा 18 से 26 वर्ष निर्धारित है।

जिला रोजगार कार्यालय द्वारा जिले के समस्त इच्छुक बेरोजगार युवाओं से अपील की गई है कि वे अपनी शैक्षणिक योग्यता एवं पात्रता के अनुसार इन रोजगार अवसरों का लाभ उठाएं तथा निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर भर्ती प्रक्रिया में भाग लें।

–00—-

मल्हारगढ़ में 4 सितम्‍बर को सजेगा श्रीकृष्ण आख्यान की कला अभिव्यक्तियों का रंग

सांदीपनी विद्यालय परिसर में नृत्य नाटिका और भक्ति गायन से जीवंत होंगी भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं

मंदसौर 3 सितंबर 2026 / भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, लीलाओं और सांस्कृतिक चेतना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘श्रीकृष्ण पर्व’ के अंतर्गत 4 सितम्‍बर को मल्हारगढ़ में विशेष सांस्कृतिक आयोजन होगा। श्रीकृष्‍ण पाथेय न्‍यास, मध्‍यप्रदेश शासन, संस्‍कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन – मंदसौर के सहयोग से सांदीपनी विद्यालय परिसर, मल्हारगढ़ (जिला-मंदसौर) में सायं 7 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में श्रीकृष्ण-केंद्रित नृत्य नाटिका और भक्ति गायन की प्रस्तुतियां होंगी।

कार्यक्रम में सुश्री सन्‍नाली शर्मा एवं ग्रुप, मंदसौर द्वारा श्रीकृष्ण केंद्रित नृत्य नाटिका एवं श्री दीपक कुमार राव एवं साथी, मंदसौर द्वारा भक्ति गायन की प्रस्तुति दी जाएगी। नृत्य और संगीत के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-प्रसंगों एवं उनके भावपूर्ण आख्यानों को कलात्मक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। श्रीकृष्ण पर्व के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न कृष्ण-संबंधित स्थलों पर भारतीय संस्कृति, लोक परंपरा और कृष्ण भक्ति की विविध रंगत को उत्सव के रूप में अभिव्यक्त किया जा रहा है। मल्हारगढ़ का यह आयोजन भी इसी सांस्कृतिक श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

–00–

कैरियर कॉउंसिलिंग हेतु मनोवैज्ञानिक एवं विषय विशेषज्ञों के आवेदन पत्र 7 सितंबर से 18 सितंबर तक आमंत्रित

मंदसौर 3 सितंबर 2026 / जिला रोजगार अधिकारी द्वारा बताया गया कि जिला रोजगार कार्यालय में वर्ष 2026-2027 हेतु म.प्र. शासन की कैरियर कॉउंसिलिंग योजना अंतर्गत मनोवैज्ञानिक एवं विषय विशेषज्ञों के गेस्ट पैनल में नामांकन हेतु 7 सितंबर से 18 सितंबर तक आवेदन पत्र आमंत्रित किये जाते है। इसके लिए निर्धारित योग्यता मनोवैज्ञानिक हेतु मनोविज्ञान में स्नातकोत्तर डिग्री या पी.जी. डिप्लोमा अनिवार्य है। इसी प्रकार अन्य विषय विशेषज्ञों हेतु संबंधित विषयों में विशेषज्ञता एवं मार्गदर्शन के क्षेत्र में अनुभव सहित किसी भी स्ट्रीम में डिग्री या डिप्लोमा / पी.जी. डिग्री होना आवश्यक है। कैरियर कॉउंसिलिंग के क्षेत्र में अनुभव रखने वाले एवं कम्प्युटर ज्ञान रखने वाले आवेदको को प्राथमिकता दी जाएगी। नामांकित कॉउंसंलिग हेतु शासन द्वारा निर्धारित मानदेय पर आमंत्रित किया जाएगा।

निर्धारित आवेदन पत्र जिला रोजगार कार्यालय सुशासन भवन कलेक्टर कार्यालय मदंसौर से कार्यालयीन समय (प्रातः 11 बजे से शाम 5 बजे तक) में प्राप्त किये जा सकते है। इच्छुक आवेदक अपने आवेदन-पत्र कार्यालय में आकर निर्धारित तिथि से पूर्व जमा करा सकते है। अपूर्ण आवेदन प्राप्त होने पर विचार नहीं किया जावेगा। अधिक जानकारी के लिये दूरभाष क्रमांक 9118870369/7587965358 पर संपर्क करे।

–00–

अफजलपुर सूर्यनगर में 12 छात्र छात्राओं को जाति प्रमाण पत्र बनवाकर निशुल्क वितरित किए गए

मंदसौर। जिले के समीपस्थ ग्राम पंचायत अफजलपुर सूर्यनगर में आपका जनप्रतिनिधि आपके द्वार कार्यक्रम वार्ड क्रमांक 2 पार्षद प्रतिनिधि रघुनाथसिंह चंदेल के द्वारा स्वर्गीय दादाजी पूर्व सरपंच पटेल जुझारसिंह जी चंदेल की स्मृति में 12 छात्र छात्राओं को जाति प्रमाण पत्र बनवाकर निशुल्क  वितरित किए गए।
पार्षद प्रतिनिधि रघुनाथसिंह चंदेल ने बताया कि स्वर्गीय दादाजी पूर्व सरपंच पटेल जुझारसिंह जी चंदेल की स्मृति में छात्र छात्राओं को निशुल्क जाति प्रमाण पत्र  बनवाकर वितरित किये गये है। आपने बताया कि जाति प्रमाण पत्र बनवाने में शासन द्वारा कुछ राशि तय की गई है वह राशि भी छात्र छात्राओं  से नहीं ली गई है उन्हें पूर्णत: निशुल्क जाति प्रमाण पत्र बनवाकर वितरित किये गये है। इनमें  गुंजन पिता स्वर्गीय मांगीलाल डांगी, कृष्णपाल पिता स्वर्गीय कारुलाल धनगर, आयुषी पिता स्वर्गीय कारूलाल धनगर, शिवानी कुमारी पिता मनोज सुथार, मानकुंवर पिता रमेश मोगिया,  योगिता पिता जुझारसिंह दांगी,  पवन पिता विनोद धनगर, विकास पिता रमेश धनगर, यशपालसिंह पिता भगवानसिंह चंदेल, महेंद्रपाल सिंह पिता गोविंद सिंह चंदेल, काव्य पिता राहुल दांगी, प्रिंस पिता राहुल दांगी को दिये गये है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप मे ग्राम पंचायत लदुसा के सरपंच सतीश पाटिल, ग्राम अफजलपुर के वसूली पटेल मानसिंह चंदेल, पूर्व सोसायटी अध्यक्ष ग्राम अफजलपुर के पटवारी अक्षयदीप चौहान सरपंच प्रतिनिधि प्रमोद भावसार, सचिव ओमप्रकाश गुर्जर , शुभम राठौड़, पंकज भंडारी छात्राओं के अभिभावक एवं नागरिक उपस्थित रहे कार्यक्रम के पश्चात आभार रघुनाथ सिंह चंदेल ने माना।

–00–

मालवी जीनगर समाज आर्थिक बचत समिति, मंदसौर के नवीन संचालक मंडल की घोषणा
अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाना मुख्य लक्ष्य – अध्यक्ष गोविंद कछावा

मंदसौर – मालवी जीनगर समाज आर्थिक बचत समिति, मंदसौर (म.प्र.) के मुख्य संयोजक जगदीश चंद्र पंवार की सहमति से समिति के नवीन संचालक मंडल की घोषणा कर दी गई है। इस समिति का मुख्य उद्देश्य समाज के बंधुओं को बेहद कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक रूप से जरूरतमंद परिवारों को संबल मिल सके। इसके साथ ही, समिति समाज की पंक्ति में बैठे अंतिम व्यक्ति को अपने साथ जोड़कर उनका सामाजिक और आर्थिक उत्थान करने के लिए प्रतिबद्ध है। घोषित किए गए नवीन संचालक मंडल की सूची में संयोजक जगदीश पंवार, परामर्शदाता राधेश्याम चौहान, दिनेश पंवार,  संतोष  साखला , संरक्षक गोपाल पंवार, दिलीप सोनगरा, शांतिलाल टांक, सुरेश निर्बाण, अध्यक्ष गोविंद कछावा, उपाध्यक्ष विजय आसेरी (एडवोकेट), सचिव दशरथ टांक , कोषाध्यक्ष गोविंद निर्माण , संचालकगण भेरूलाल चौहान, जितेंद्र सिसोदिया, राजकुमार चंदेल, दीपक टांक, गोपाल निर्माण शामिल है । नवीन कार्यकारिणी की घोषणा होने पर समाज जन ने हर्ष व्यक्त किया है और सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}