गरोठ के विकास को नई रफ्तार: विधायक सिसोदिया के मार्गदर्शन में नगर परिषद ने लिए 15 महत्वपूर्ण विकास कार्यों के निर्णय

अध्यक्ष सेठिया के नेतृत्व और सीएमओ शर्मा की कार्यकुशलता से विकास योजनाओं को मिली गति, परिषद ने सर्वसम्मति से दी स्वीकृति
— सतीश शर्मा
गरोठ- नगर के सर्वांगीण विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और गरोठ को अधिक सुंदर, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर परिषद गरोठ ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। निकाय सभाकक्ष में दोपहर 2 बजे आयोजित नगर परिषद के साधारण सम्मेलन में विभिन्न विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। परिषद ने सभी प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान करते हुए विकास कार्यों को गति देने का निर्णय लिया।
यह सम्मेलन माननीय विधायक चंद्ररसिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन तथा नगर परिषद अध्यक्ष राजेश सेठिया के कुशल नेतृत्व में आयोजित हुआ। वहीं मुख्य नगर पालिका अधिकारी गिरीश शर्मा की कुशल कार्यशैली एवं प्रभावी प्रशासनिक समन्वय के चलते नगर विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को सकारात्मक दिशा मिली।
सुंदर, सुरक्षित और विकसित गरोठ की दिशा में महत्वपूर्ण फैसले
सम्मेलन में महाराणा प्रताप उद्यान के विस्तारीकरण कार्य की प्राप्त न्यूनतम दर को स्वीकृति देने सहित विभिन्न विकास कार्यों पर निर्णय लिया गया।
आश्रय शुल्क की राशि से विभिन्न मलिन बस्तियों एवं गलियों में आवश्यक विकास कार्य करवाने का निर्णय लेकर जनसुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया।
गरोठ में नगर वन के लिए भूमि चयन एवं आवंटन, द्वारका नगरीय योजना के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर सीसी रोड, नाली, डामरीकरण, विद्युत पोल एवं लाइटिंग कार्य करवाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा मद से ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा कार्य करवाए जाएंगे, जिससे नागरिकों की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।
पार्क, घाट और प्रमुख मार्गों के विकास पर जोर
परिषद द्वारा दशहरा उत्सव के आयोजन की स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही अंजनी पार्क एवं अंजनी नदी घाट के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य करवाने का निर्णय लिया गया। खड़ावदा रोड पर शेष डिवाइडर एवं डामरीकरण कार्य पूर्ण करवाने की स्वीकृति भी प्रदान की गई।
ट्रेंचिंग ग्राउंड की बाउंड्रीवॉल निर्माण कार्य की निविदा निरस्त किए जाने, नवीन निर्मित सार्वजनिक शौचालय को अनुबंध पर दिए जाने तथा राजीव गांधी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के ब्लॉक बी एवं सी की दुकानों की गैलरी एवं छत की रिपेयरिंग करवाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी परिषद ने निर्णय लिया।
जनसुविधाओं के विस्तार के साथ शहर के सौंदर्यीकरण को भी प्राथमिकता,
निकाय स्वामित्व के भवनों का सौंदर्यीकरण करवाने के साथ गोयल कॉलोनी में सीसी रोड निर्माण तथा बोलिया रोड मुक्तिधाम पर सीसी रोड निर्माण कार्य करवाने की स्वीकृति दी गई। वहीं अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर शेष सीमेंट कंक्रीट रोड निर्माण कार्य करवाने को लेकर भी परिषद ने सकारात्मक निर्णय लिया।
इन निर्णयों से गरोठ में सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था, पार्क, घाट, सार्वजनिक सुविधाओं, सड़क सुरक्षा और नगरीय अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है। परिषद के इन फैसलों को विकसित, स्वच्छ, सुंदर एवं सुरक्षित गरोठ की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
सर्वसम्मति से विकास के संकल्प को मजबूती
नगर परिषद अध्यक्ष राजेश सेठिया ने कहा कि परिषद का मुख्य उद्देश्य गरोठ के प्रत्येक वार्ड तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। विधायक चंद्ररसिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में नगर विकास के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी गिरीश शर्मा ने कहा कि परिषद द्वारा स्वीकृत विकास कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से धरातल पर उतारने के लिए नगर परिषद प्रशासन प्रतिबद्ध है। विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक में नगर परिषद उपाध्यक्ष महेश मालवीय, पार्षदगण श्रीमती सरोज शर्मा, राजू मगर, अर्जुन सौलकी , श्रीमती रेखा पुरी गोस्वामी, सतीश गुजराती, श्रीमती पूजा कमलेश गुर्जर, राजेश चौधरी, श्रीमती हरियाबाई शंकरलाल ग्वाला, श्रीमती गीता बाई शंकरलाल परिहार, ललित चंदेल, श्रीमती संगीता ललित चंदेल, श्रीमती संगीता रामसिंह जादौन तथा मनोनीत पार्षद अशोक पहलवान , दिनेश पाटीदार, कैलाश चंद्र धनोतिया, (केसीडी) एवं डॉ. नारायण सिंह चौहान उपस्थित रहे।
नगर परिषद के इन निर्णयों से स्पष्ट है, कि जनप्रतिनिधियों एवं नगर परिषद प्रशासन के समन्वित प्रयासों से गरोठ के विकास को नई दिशा और नई गति देने का प्रयास निरंतर जारी है।



