2027 को लेकर सियासी हलचल तेज, नवीन यादव ने बढ़ाई सक्रियता, रोजगार और कानून-व्यवस्था पर सरकार पर साधा निशाना

2027 को लेकर सियासी हलचल तेज, नवीन यादव ने बढ़ाई सक्रियता, रोजगार और कानून-व्यवस्था पर सरकार पर साधा निशाना
गोरखपुर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने से कैंपियरगंज विधानसभा-320 में भी चुनावी तैयारियों की सुगबुगाहट बढ़ गई है। समाजवादी पार्टी के संभावित प्रत्याशी नवीन यादव ने विधानसभा क्षेत्र में अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। लगातार क्षेत्र भ्रमण कर नवीन यादव लोगों से संवाद स्थापित कर रहे हैं और स्थानीय समस्याओं के साथ प्रदेश के प्रमुख मुद्दों को लेकर अपनी बात जनता के बीच रख रहे हैं। ऐसे में 2027 के चुनाव में नवीन यादव की सक्रियता को संभावित राजनीतिक मुकाबले के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।इन दिनों कैंपियरगंज विधानसभा के अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर रहे हैं। लोगों से मुलाकात, स्थानीय समस्याओं की जानकारी और जनसंवाद के जरिए वे अपनी पहुंच बढ़ाने में जुटे हैं। उनका प्रयास है कि चुनावी माहौल बनने से पहले ही क्षेत्र के अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंच बनाई जाए।नवीन यादव की इस सक्रियता से कैंपियरगंज में समाजवादी पार्टी की संभावित चुनावी रणनीति को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। खासकर युवाओं, रोजगार और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर वे लगातार अपनी बात रख रहे हैं।पीपीगंज में मीडिया से बातचीत के दौरान नवीन यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में जंगल राज कायम हो गया है और बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं।उन्होंने युवाओं के रोजगार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश में रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं हैं। रोजगार की तलाश में युवा दूसरे प्रदेशों में जाने को मजबूर हैं। नवीन यादव ने कहा कि युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस काम होना चाहिए।विकास कार्यों को लेकर भी नवीन यादव ने सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सिर्फ फाइलों में विकास करती है, जबकि धरातल पर जनता को इसका पर्याप्त लाभ नहीं मिल रहा है।उन्होंने कहा कि सड़क, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से काम करना चाहिए। नवीन यादव के मुताबिक आगामी चुनाव में जनता के वास्तविक मुद्दे ही सबसे महत्वपूर्ण होंगे।नवीन यादव ने गोरखपुर को मुख्यमंत्री का गृह जनपद बताते हुए कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि गोरखपुर में अपराध को लेकर लोगों के बीच भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि हत्या, अपहरण और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मामलों को लेकर सरकार को कठोर कदम उठाने चाहिए।उनके इन बयानों से संकेत मिल रहा है कि 2027 के चुनावी अभियान में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और रोजगार उनके प्रमुख मुद्दों में शामिल रह सकते हैं।कैंपियरगंज से तीन बार विधायक प्रत्याशी रह चुकीं चिंता यादव को लेकर पूछे गए सवाल पर नवीन यादव ने इसे पार्टी का अंदरूनी मामला बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व का जो भी आदेश होगा, उसका पालन किया जाएगा।नवीन यादव ने चिंता यादव के पति साधु यादव को अपना भाई बताते हुए कहा कि उनका समर्थन उन्हें मिलेगा। उन्होंने कहा कि दोनों समाजवादी पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं और उनका सम्मान किया जाएगा।कैंपियरगंज में अभी विधानसभा चुनाव में समय है और प्रत्याशियों की आधिकारिक घोषणा भी नहीं हुई है। इसके बावजूद नवीन यादव की लगातार बढ़ती सक्रियता ने क्षेत्र की राजनीति में चुनावी चर्चाओं को तेज कर दिया है।



