मंदसौर जिलाराजनीतिसीतामऊ
सीतामऊ में जिला कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक सम्पन्न

संगठन की मजबूती, जनसंवाद और आगामी चुनावों की तैयारियों पर हुआ मंथन
सीतामऊ। जिला कांग्रेस कमेटी की जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री महेन्द्र सिंह जी गुर्जर की अध्यक्षता में सीतामऊ में सम्पन्न हुई। बैठक में जिला पदाधिकारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एवं नगर अध्यक्षों सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी नगरीय निकाय एवं त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव, किसानों से जुड़े जनहित के मुद्दों तथा संगठन को बूथ एवं जमीनी स्तर तक और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही जनसंवाद, ग्राम चौपाल एवं मोहल्ला चौपाल के माध्यम से जनता के बीच निरंतर पहुंच बढ़ाने की कार्ययोजना तय की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री महेन्द्र सिंह गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस संगठन की वास्तविक ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। हमें संगठन को केवल पद और बैठकों तक सीमित नहीं रखना है, बल्कि गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक आमजन के बीच लगातार सक्रिय रहना है।
उन्होंने कहा कि आगामी समय में कांग्रेस कार्यकर्ता जनसंवाद, ग्राम चौपाल एवं मोहल्ला चौपाल के माध्यम से जनता के बीच पहुंचेंगे और किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं तथा आमजन की समस्याओं को सुनकर उन्हें मजबूती से उठाएंगे।
श्री गुर्जर ने कहा कि आगामी नगरीय निकाय एवं त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन के प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी सक्रियता और समन्वय के साथ निभानी होगी। आपसी एकजुटता, अनुशासन और निरंतर जनसंपर्क के माध्यम से ही कांग्रेस संगठन को और मजबूत बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, बल्कि जनहित और आमजन के अधिकारों की लड़ाई है। किसानों के मुद्दों सहित स्थानीय जनसमस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा और जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री भारत सिंह जी दीपाखेड़ा, विधानसभा प्रत्याशी श्री राकेश पाटीदार, श्री परशुराम सिसोदिया, प्रदेश सचिव श्री राजेश रघुवंशी, श्री मंजीत सिंह टुटेजा, जिला संगठन महासचिव श्री अजय लोढ़ा, वरिष्ठ नेता श्री ओम सिंह भाटी, जनपद अध्यक्ष श्री विजय पाटीदार, भानपुरा नगर पंचायत अध्यक्ष श्री शिव भानपिया, श्री गोविंद सिंह पंवार, श्री सुरेन्द्र व्यास, श्री रामेश्वर जामलिया सहित ब्लॉक अध्यक्षों एवं जिला पदाधिकारीयो ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
बैठक के अंत में सभी कांग्रेसजनों ने एकजुटता एवं सक्रियता के साथ संगठन को मजबूत करते हुए जनहित के संघर्ष को नई गति देने का संकल्प लिया।



