राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर भाजपा किसान मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल

राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर भाजपा किसान मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल
मंदसौर। भारतीय जनता पार्टी ने भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर को घोषित किया है। यह मंदसौर जिले से किसी भी प्रमुख राजनीतिक दल में संभवत: पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। इससे पहले वह किसान मोर्चा में ही राष्ट्रीय उपाध्यक्ष थे। दो साल पहले ही पार्टी ने गुर्जर को राज्यसभा में भेजा था।
लंबे समय से भाजपा के मुख्य संगठन से लेकर विभिन्न मोर्चों में काम कर चुके बंशीलाल गुर्जर को सोमवार को दोपहर में भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही मंदसौर क्षेत्र से किसी भी पार्टी में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने वाले संभवत: पहले नेता भी बन गए हैं। घोषणा होते ही मंदसौर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। बंशीलाल गुर्जर को बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया। देर शाम जिला भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि मोदी सरकार ने 12 वर्ष में किसानों के लिए जो काम किए हैं, उसे खुले मन से देखने व समझने की जरूरत है। जो काम 12 वर्ष में किसानों के लिए हुआ है उससे किसानों का जीवन स्तर पहले से बेहतर हुआ है। केंद्रीय नेतृत्व ने मुझ जैसे किसान कार्यकर्ता को बड़ा सम्मान दिया है इसके लिए मैं आभारी हूं। जीवन भर किसानों के हितों के लिए काम किया है और आगे भी किसान हितों के लिए पार्टी के माध्यम से काम करता रहूंगा।
किसानों को उपज का पूरा दाम दिलाने के लिए मोदी सरकार सराहनीय काम कर रही है। किसानों को खेती की लागत से 50 प्रतिशत मुनाफा दिलाने की दिशा में सरकार काम कर रही है। किसानों के जीवन को कैसे बेहतर बनाना मोदी सरकार का विजन रहा है। खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए केंद्र सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। मोदी सरकार किसान, युवा, महिला और गरीब चारों के विकास के लिए काम कर रही है।
सरपंच से राष्ट्रीय अध्यक्ष तक गुर्जर का सफर
मंदसौर से सटे ग्राम लालघाटी के मूल निवासी बंशीलाल गुर्जर अभी राज्यसभा सदस्य हैं, इसके साथ ही भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। 65 वर्षीय गुर्जर वर्षों से संगठन के विभिन्न पदों पर काम कर रहे हैं। भाजपा में मंदसौर जिलाध्यक्ष से लेकर मप्र के प्रदेश महामंत्री रहे हैं। इसके अलावा भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। किसान मोर्चा में लंबे समय से काम कर रहे हैं।
बंशीलाल गुर्जर की राजनीतिक यात्रा ग्राम पंचायत से शुरू होकर भाजपा संगठन, किसान राजनीति, राज्यसभा और अब राष्ट्रीय किसान मोर्चे के नेतृत्व तक पहुंची है। यही वजह है कि उनकी नियुक्ति को मंदसौर के साथ पूरे मालवा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
अब चुनौती देशभर के किसानों तक संगठन की पहुंच मजबूत करने और किसान हितों को राष्ट्रीय स्तर पर और प्रभावी ढंग से उठाने की है।
पार्टी के आदेश पर मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, गुजरात सहित अन्य प्रदेशों में लगातार चुनाव से लेकर संगठन के कार्यों में लगे रहते हैं। इसके अलावा बंशीलाल गुर्जर मंदसौर मंडी अध्यक्ष भी रहे हैं। उनकी पत्नी रमादेवी गुर्जर मंडी अध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष रही हैं व अभी नगर पालिका अध्यक्ष हैं।



