45 साल भाजपा का राज, फिर भी पानी को तरस रहा मंदसौर,जनता से 30 दिन का टैक्स,बदले में 15 दिन भी पानी नहीं – लाड़

45 साल भाजपा का राज, फिर भी पानी को तरस रहा मंदसौर,जनता से 30 दिन का टैक्स,बदले में 15 दिन भी पानी नहीं – लाड़
मंदसौर। जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रवक्ता श्री राजनारायण लाड़ ने नगर पालिका परिषद मंदसौर की पेयजल व्यवस्था को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 45 वर्षों से नगर पालिका परिषद पर भाजपा का कब्जा है, लेकिन आज भी मंदसौर की जनता नियमित और शुद्ध पेयजल के लिए तरस रही है। भाजपा ने हर चुनाव में रोजाना पानी देने के बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन सत्ता मिलने के बाद उन वादों को भुला दिया।
श्री लाड़ ने कहा कि नगर पालिका प्रतिदिन जल प्रदाय के नाम पर प्रत्येक उपभोक्ता से प्रतिमाह लगभग 140 रुपये जलकर वसूल रही है, जबकि पूरे वर्ष नगरवासियों को एक दिन छोड़कर पानी दिया गया और अब दो दिन छोड़कर पानी देने की घोषणा की जा रही है। यह जनता के साथ खुला छल है। यदि नगर पालिका प्रतिदिन पानी देने में सक्षम नहीं है तो उसे पूरे महीने का जलकर वसूलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। जनता से 30 दिन का टैक्स लेकर 15 दिन भी पानी नहीं देना भाजपा की विफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने कला भाटा बांध योजना, चंबल जल योजना सहित अनेक बड़ी-बड़ी योजनाओं का खूब प्रचार किया। करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन परिणाम आज भी शून्य है। आखिर इन योजनाओं का लाभ जनता को क्यों नहीं मिला? क्या ये योजनाएं भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी की भेंट चढ़ गईं? भाजपा को इसका जवाब देना चाहिए।
श्री लाड़ ने कहा कि नगर पालिका के जिम्मेदार हर साल केवल बारिश और बांध भरने का इंतजार करते हैं। यदि वर्षों पहले जल प्रबंधन, पाइपलाइन सुधार, रिसाव रोकने, नए जल स्रोत विकसित करने और पानी की चोरी पर प्रभावी कार्रवाई की गई होती तो आज यह स्थिति पैदा नहीं होती। यह भाजपा की अदूरदर्शिता और प्रशासनिक विफलता का परिणाम है।
श्री लाड़ आरोप लगाया कि नगर के कई पार्षद स्वयं अवैध नल कनेक्शनों का मुद्दा उठा चुके हैं, लेकिन नगर पालिका प्रशासन ने आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई नहीं होने से ईमानदारी से बिल भरने वाले उपभोक्ताओं पर ही बोझ बढ़ता जा रहा है।
श्री लाड़ ने कहा कि भाजपा की नगर पालिका परिषद जनता से पूरा टैक्स वसूलने में तो पीछे नहीं रहती, लेकिन मूलभूत सुविधाएं देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। आज मंदसौर की माताओं-बहनों और आम नागरिकों को पानी के लिए रोज़ संघर्ष करना पड़ रहा है। यह स्थिति भाजपा के 45 वर्षों के कार्यकाल पर बड़ा प्रश्नचिह्न है।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि मंदसौर की जनता भाजपा से जवाब मांगे कि आखिर 45 वर्षों के शासन के बाद भी शहर को नियमित पेयजल क्यों नहीं मिल पाया? चुनाव के समय किए गए वादों का हिसाब लिया जाए और जनता के साथ हुए इस अन्याय का लोकतांत्रिक जवाब आगामी नगर पालिका चुनाव में दिया जाए।
श्री लाड़ ने मांग की कि जब तक नगर पालिका प्रतिदिन जल प्रदाय सुनिश्चित नहीं करती, तब तक जलकर की दरों में कमी की जाए और जितने दिन पानी की आपूर्ति की जा रही है, उसी अनुपात में जलकर वसूला जाए। साथ ही जल योजनाओं, अवैध नल कनेक्शनों और पेयजल व्यवस्था की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए ।



