समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 31 मई 2026 रविवार

समान नागरिक संहिता पर सुझाव लेने के लिए उच्च स्तरीय समिति की बैठक 4 जून को
रतलाम : शनिवार, मई 30, 2026,
सुप्रीम कोर्ट के आदेश अनुसार समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में सुझाव एवं विचार प्राप्त करने के लिए राज्य शासन द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति की बैठक 4 जून को मेडीकल कॉलेज के सभाकक्ष मे आयोजित की जाएगी। समिति में उज्जैन के प्रोफेसर डॉ. गोपाल शर्मा तथा इंदौर की शोभा पैठनकर सदस्य के रूप में शामिल हैं। समिति का गठन सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत किया गया है तथा इसका समन्वय सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा किया जा रहा है।
मेडिकल कॉलेज में 4 जून को प्रातः 11 बजे आयोजित बैठक में जिले के सांसद, विधायक, मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य, रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, कानूनविद, अभिभाषक संघ के सदस्य, राजनीति विज्ञान एवं समाजशास्त्र के प्राध्यापक सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक आमंत्रित रहेंगे।
बैठक में समिति के सदस्य उपस्थितजनों से समान नागरिक संहिता के संबंध में सुझाव एवं विचार प्राप्त किये जायेंगे। प्राप्त सुझाव राज्य शासन स्तर पर प्रेषित किये जायेंगे ।
=========
युवाओं को सशस्त्र बलों में अधिकारी के रूप में भर्ती होने हेतु मार्गदर्शन दिया गया
रतलाम : शनिवार, मई 30, 2026

21 म. प्र. बटालियन एनसीसी, रतलाम द्वारा वार्षिक प्रशिक्षण शिविर 24 मई से 02 जून तक शासकीय एकलव्य आदर्श आवासीयविद्यालय सैलाना में आयोजित किया जा रहा है ।
शिविर में कमान अधिकारी कर्नल राघवेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में एवं प्रशासनिक अधिकारी कर्नल संदीप अहलावत के निर्देशन में प्रतिदिन प्रातः सैन्य विषय के प्रशिक्षण अन्तर्गत शस्त्र प्रशिक्षण, फायरिंग, नेवीगेशन,टेन्ट पिंचिंग, कवायद, मेप रीडिंग इत्यादि विषयों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इसी के तारतम्य में फोर्स ऐकेडमी, इन्दौर के संचालक श्री लखन यादव, कपिल यादव तथा महेन्द्र यादव द्वारा युवाओं को सशस्त्र बलों में भर्ती होने हेतु प्रेरक उद्बोधन दिया गया। उनके द्वारा सशस्त्र बलों में अधिकारी के
रूप में भर्ती होने के लिए विभिन्न प्रक्रियाओं, पात्रता शर्तो,शारीरिक एवं शैक्षणिक योग्यताओं तथा चयन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने युवाओं को नियमित व्यायाम, अनुशासन, समय प्रबंधन तथा राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
वक्तओं द्वारा बताया गया कि भारतीय सशस्त्र बल देश की सुरक्षा एवं अखंडता के प्रतीक हैं तथा इनमें सेवा करना गौरव और सम्मान की बात है।
व्याख्यान माला की इसी कढी में समता युवा संघ के अध्यक्ष श्री अर्पित जी गांधी एवं धीरजलाल जी मुणत ने अच्छे विचारों से चरित्र का निर्माण विषय पर व्याख्यान दिया। उनके द्वारा सर्वप्रथम नशे से दूर रहकर अच्छी आदत जैसेः- दयाभाव, अच्छे कर्म, अनुशासन, धैर्य आदि को अपनाने की सलाह दी। उनके द्वारा जीवन में सफलता के लिए छोटा रास्ता ना चुनकर संर्घष और मेहनत से मन को खुश रख कर सफल बनने की प्रेरणा दी। उनके द्वारा जीवन में सफल न होने पर दिमाग को स्थिर बनाएं रखने एवं हार ना मानने के बारे में भी बताया गया और देश का एक अच्छा नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान लेफ्टिनेंट विजेन्द्र सोंलंकी, सी/ओ सुरेन्द्र सिंह चैहान, सी/ओ डाॅ विजयसिंह पुरावत, एफ/ओ माया मेहता, एफ/ओ धर्मपाल मीणा, एस/ओ कौशल सिंह, राकेश हारोड, चंद्रप्रकाश सोलंकी, सआदत खान, शुभम उपाध्याय सहित पीआई स्टाॅफ तथा कार्यालयीन स्टाॅफ उपस्थित थे ।
========
रतलाम में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्यवाही,
पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर यूनिट सील शिप्रा इंटरप्राइजेज और आदर्श जूस सेंटर से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए
रतलाम : शनिवार, मई 30, 2026, 20:35 IST

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन मध्यप्रदेश द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाने हेतु संभागीय उड़नदस्ता दल गठित किया गया है। संभागीय उड़न दस्ता द्वारा वरिष्ठ कार्यालय के निर्देशानुसार उज्जैन संभाग के जिलों में निगरानी एवं निरीक्षण कार्यवाही कर ज्यूस, शीतल पेय, मिठाईयाँ, लड्डू खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के उद्देश्य हेतु उक्त खाद्य पदार्थों के नमूनें संग्रहित कर जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे जाने के निर्देश दिये गये है। इसी क्रम में आज 30 मई को शिप्रा इंटरप्राइजेज प्रताप नगर रतलाम एवं आदर्श जूस सेंटर दो बत्ती रतलाम पर बड़ी कार्रवाई की गई ।
शिप्रा इंटरप्राइजेज पर पैकेज ड्रिंकिंग वॉटर अनियमित एवं अस्वस्कर परिस्थितियों में तैयार किया जाता था साथ ही पैकेज ड्रिंकिंग वॉटर की बोतलों पर ना तो पैकिंग डेट थी ना ही एक्सपायरी डेट अंकित की जा रही थी। लैब का संचालन भी बंद पाया गया। अस्वछकर परिस्थितियों में निर्माण होने एवं लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन के चलते खाद्य अनुज्ञप्ति के निलंबन की कार्रवाई मौके पर ही प्रस्तावित की गई एवं खाद्य पदार्थ माही पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर 500 एमएल एवं वाटर लियो पैकेज ड्रिंकिंग वॉटर 1 लीटर के नमूने संग्रहित कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला मध्य प्रदेश भोपाल भेजे गए। साथ ही मौके से माही पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर 500 एमएल के 1608 बोतल एवं वाटर लियो पैकेज ड्रिंकिंग वॉटर 1 लीटर की 1100 बोतल जप्त की गई। साथ ही परिसर को सील बंद किया गया इसी क्रम में आदर्श जूस सेंटर पर ज्यूस का निर्माण अस्वछकर परिस्थितियों एवं गंदगी में किया जा रहा था ।मौके पर अमूल फ्रेश क्रीम एक्सपायरी डेट का उपयोग खाद्य पदार्थों के निर्माण में किया जा रहा था। जिसके चलते मौके से एक्सपायर डेट की अमूल फ्रेश क्रीम, अनार जूस एवं मेंगो शेक पनीर का नमूना जांच हेतु संग्रह किया गया। उक्त सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संभागीय उड़न दस्ते में श्री बसंत दत्त शर्मा श्री शैलेश गुप्ता खाद्य सुरक्षा अधिकारी सम्मिलित थे ।
============
निकायों में जल/स्वच्छता एवं अन्य समस्याओं के समाधान के लिए हुआ संध्याकालीन शिविरों का आयोजन समस्याओं का मौके पर हुआ निराकरण
रतलाम : शनिवार, मई 30, 2026,

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार जिले के 02 नगर परिषदों सैलाना एवं बड़ावदा में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सायं 06 बजे से संध्याकालीन वार्ड वार शिविरों का आयोजन किया गया। जिसमें जल से संबंधित कुल 05 शिकायतें प्राप्त हुई। सफाई से संबंधित 04 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से 02 शिकायतों का त्वरित निराकरण किया गया तथा समग्र आईडी, लाडली बहना योजना एवं पेंशन से संबंधित 06 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें से 02 शिकायत का त्वरित निराकरण किया गया।
=========
रतलाम मंडी में किसानों के भुगतान को लेकर नई व्यवस्था लागू
रतलाम : शनिवार, मई 30, 2026,
कृषि उपज मंडी समिति के सचिव के.के. नरगाँवे ने बताया कि अनुविभागीय (राजस्व) एवं भारसाधक अधिकारी आर्ची हरित की अध्यक्षता में 29 मई को मंडी कार्यालय के सभाकक्ष में किसानों को भुगतान के संबंध में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में व्यापारी संघ के आवेदन अनुसार कृषक संघ, व्यापारी संघ एवं मंडी प्रशासन द्वारा आपसी सामंजस्य से कृषको को उनकी उपज की कीमत का बैंको द्वारा नगद राशि उपलब्ध न करवाने की दशा में, यदि किसी बैंक द्वारा जिस व्यापारिक फर्म को नगद राशि उपलब्ध नहीं करवाई है, उसी फर्म को मंडी समिति की सक्षम स्वीकृति उपरांत यह शर्त लागू होगी, न्यूनतम राशि 10000 रूपए नगद एवं शेष राशि NEFT/RTGS के माध्यम से उसी दिवस अथवा बैंक के कार्यदिवस में सम्पूर्ण भुगतान किया जाना अनिवार्य होगा का निर्णय लिया गया है| शेष फर्मो के लिए नगद भुगतान सीमा पूर्ववत 1,99,999/- रूपए रहेगी|
मंडी प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी उपज विक्रय के लिए मंडी या उपमंडी प्रांगण में आते समय बैंक पासबुक और आधार कार्ड साथ लेकर आएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर भुगतान सीधे बैंक खाते में प्राप्त किया जा सके और किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
==============
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर रैली एवं मानव श्रृंखला का आयोजन
रतलाम : शनिवार, मई 30, 2026,
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जिले में नशामुक्ति एवं तंबाकू नियंत्रण को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार 31 मई को प्रातः 9:00 बजे महाराजा सज्जन सिंह जी की प्रतिमा, दो बत्ती रतलाम से रैली एवं मानव श्रृंखला कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज, विशेषकर युवाओं एवं बच्चों को तंबाकू, मद्यपान, मादक पदार्थों, नशीली दवाइयों तथा शराब के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना है। रैली और मानव श्रृंखला के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यू एच ओ ) द्वारा वर्ष 2026 के लिए निर्धारित थीम “आकर्षण का पर्दाफाश: निकोटीन और तंबाकू की लत का मुकाबला” (अनमास्किंग द अपील–काउंटरिंग निकोटीन एंड टोबैको एडिक्शन) के अनुरूप विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों और स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों की जानकारी दी जाएगी।
आयोजकों ने नागरिकों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों तथा युवाओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग देने की अपील की है।



