महाराणा प्रताप शासकीय महाविद्यालय सुवासरा में बजट प्रचार अभियान 2026 का आयोजन

महाराणा प्रताप शासकीय महाविद्यालय सुवासरा में बजट प्रचार अभियान 2026 का आयोजन
रिपोर्टर: पंकज बैरागी,सुवासरा। महाराणा प्रताप शासकीय महाविद्यालय सुवासरा में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा बजट प्रचार अभियान 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को केंद्र सरकार के बजट 2026–27 में शामिल जनकल्याणकारी योजनाओं, विशेषकर शिक्षा, रोजगार, स्टार्टअप, कौशल विकास एवं सामाजिक सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी देना रहा।
यह आयोजन भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह परमार, जिला अध्यक्ष राजेश दीक्षित एवं अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष अशोक सूर्यवंशी के निर्देशानुसार संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा पाटीदार, जिला महामंत्री भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा प्रकाश सोलंकी, मंडल महामंत्री श्याम सिंह देवड़ा, गोविंद मेहर, अनुसूचित जाति मोर्चा मंडल अध्यक्ष राकेश गहलोत, श्री बालू सिंह सोलंकी, श्री नितेश कुमावत, महाविद्यालय के शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा पाटीदार ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2026–27 में युवाओं की शिक्षा एवं रोजगार पर विशेष फोकस किया गया है। इस वित्तीय वर्ष में शिक्षा के लिए लगभग 1 लाख 40 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही देश में स्किल्ड युवाओं की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए एक विशेष समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है, जिससे युवाओं को शिक्षा प्राप्त करने के बाद रोजगार के लिए एक प्रभावी प्लेटफॉर्म मिल सके।
उन्होंने आगे बताया कि युवाओं तक उच्च शिक्षा, विशेष रूप से STEM (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथ्स) की पहुंच बढ़ाने के लिए विशेष कदम उठाए गए हैं। STEM संस्थानों में गर्ल्स हॉस्टल निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया है। औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक कॉरिडोर के समीप विश्वविद्यालय विकसित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को एक ही स्थान पर शिक्षा और रोजगार के समान अवसर प्राप्त हो सकें।
बजट में 15,000 सेकेंडरी स्कूलों एवं 500 कॉलेजों में AVGC कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित करने का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही 1.50 लाख मल्टी-स्किल्ड केयर गिवर्स को प्रशिक्षण देने की योजना भी बनाई गई है। टूरिज्म एवं होटल सेक्टर के लिए स्किल्ड वर्कफोर्स तैयार करने हेतु नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हॉस्पिटैलिटी की स्थापना का प्रावधान रखा गया है।
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा क्षेत्र में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल हेल्थ एंड न्यूरोलॉजिकल इंस्टीट्यूट की स्थापना, एम्स की तर्ज पर ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद की स्थापना, नए वेटनरी एवं पैरा वेटनरी कॉलेज खोलने के प्रावधान भी इस बजट में शामिल हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पशु चिकित्सा सेवाएं सुलभ हो सकेंगी। साथ ही सरकार द्वारा निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना में सहायता के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं, ताकि ग्रामीण अंचलों में उच्च शिक्षा की पहुंच आसान हो सके।
कार्यक्रम के अंत में बताया गया कि यह बजट “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिससे देश का युवा वर्ग विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में अपना योगदान दे सके। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का आभार प्रकाश सोलंकी द्वारा व्यक्त किया गया।



