समाचार मध्यप्रदेश नीमच 02 फरवरी 2026 शनिवार

नीमच से मंडफिया धाम तक दो दिवसीय पैदल यात्रा को लेकर विशेष बैठक आज
नीमच। श्री सांवरिया भक्त मंडल के तत्वावधान में श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत दो दिवसीय पैदल यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह पदयात्रा 4 फरवरी को सुबह 8.30 बजे नीमच से प्रारंभ होकर सांवरिया सेठ धाम मंडफिया तक पहुंचेगी। पदयात्रा को अंतिम रूप देने एवं व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से आज सोमवार दोपहर 4.30 बजे श्री किलेश्वर महादेव मंदिर में एक विशेष बैठक आयोजित की गई है। बैठक में यात्रा मार्ग, ठहराव, भोजन, जल सेवा, चिकित्सा सहायता एवं भजन संध्या सहित विभिन्न सेवाओं को लेकर चर्चा की जाएगी। यात्रा के दौरान नीमच व निम्बाहेड़ा क्षेत्र में सेवा देने वाले सेवादारों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। आयोजन मंडल ने सांवरिया सेठ के प्रति आस्था रखने वाले सभी श्रद्धालुओं व सेवा देने के इच्छुक सेवादारों से बैठक में उपस्थित होकर सहयोग करने का आग्रह किया है। आयोजकों के अनुसार यह पदयात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक होगी, बल्कि आपसी सहयोग, सेवा और भक्ति भाव को भी सशक्त करेगी। जय सांवरिया सेठ के जयघोष के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।
============
सिलाई, कृषि उद्यमी, औषधी खेती एवं बकरी पालन संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन
नीमच 01 फरवरी 2026, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, नीमच द्वारा 4 फरवरी 2026 से सिलाई प्रशिक्षण (महिलाओ के लिए), 5 फरवरी से कृषक उद्यमी, 7 फरवरी से औषधि एवं सुगंधित पौधो की खेती एवं 10 फरवरी से बकरी पालन संबंधी नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है। जिसके रजिस्ट्रेशन प्रारंभ हो चुके है। प्रवेश पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा। प्रशिक्षण का लाभ केवल नीमच जिले के ग्रामीण अंचल की युवक / युवतियां जिनकी आयु 18 से 50 वर्ष के बीच हो को मिलेगा। इन प्रशिक्षण में आवास, भोजन व नाश्ते की व्यव्स्था नि:शुल्क रहेगी। प्रशिक्षण के दौरान इच्छुक प्रशिक्षणार्थीयों के लोन के फार्म भी प्रशिक्षण केंद्र पर ही भरे जाएंगे।
उक्त जानकारी प्रबंधक आर.सेटी श्री सिद्धार्थ शंकर शर्मा ने देते हुए बताया, कि इच्छुक प्रशिक्षणार्थी 4 पासपोर्ट साईज फोटो एवं 3 सेट में आधार कार्ड, बैंक पासबुक, राशन कार्ड, अंकसूची की छायाप्रति के साथ आवेदन भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान हवाई पट्टी के सामने, विश्राम भवन के पास, चीताखेडा मेन रोड नीमच में जमा करा सकते है। संपर्क सुबह 10.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक, मो.न. 9111053516 पर कर, जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
==========
आनंद उत्सव में बिखरी खुशियां, बच्चों ने मनाया आनंद का उत्सव
नीमच। मध्यप्रदेश सरकार (राज्य आनंद संस्थान) के निर्देशानुसार प्रदेश के हर गांव और शहर में आनंद उत्सव मनाया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के नागरिकों में प्रसन्नता और खुशी का संचार करना है। इसी तारतम्य में ग्राम पंचायत तारापुर एवं उम्मेदपुरा में आनंद उत्सव धूमधाम से मनाया गया, जिसमें बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों ने पारम्परिक खेलों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं समूह गतिविधियों का आनंद उठाया। स्थानीय लोक कला, कबड्डी, रस्साकशी जैसे खेलों में सभी आयु वर्ग की भागीदारी पर जोर देना रहा न कि प्रतिस्पर्धा पर। जादूगर ढोंढूराम ने बच्चों को हास्य, जादू एवं शिक्षाप्रद कार्यक्रम दिखाकर आनंदित किया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत उम्मेदपुरा सरपंच मनीश धाकड, सचिव श्री धाकड, ग्राम पंचायत तारापुर सरपंच नेमीचंद धाकड, सचिव कालूराम सालवी, उपसचिव दीपक बाडीका, शासकीय कन्याशाला विद्यालय उम्मेदपुरा प्रधानाचार्य निलेश सारस्वत, शिक्षक अर्जुन अहीर, श्रीमती कन्या बोहरा, श्रीमती रेखा धाकड सहित बडी संख्या में ग्रामीणजन भी उपस्थित थे।
===========
‘वन स्टॉप सेन्टर सखी ने सार्थक किया महिला की सुरक्षा व सम्मान”
नीमच 01 फरवरी 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं एडीएम श्री बी.एस.कलेश के निर्देशन में भारत सरकार द्वारा स्वीकृत वन स्टॉप सेन्टर (सखी) नीमच का संचालन किया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अंकिता पंड्या ने बताया, कि महिला (परिवर्तित नाम) मनीषा को विवाह के 15 वर्ष पश्चात संतान की प्राप्ति हुई। प्रसव के समय महिला के मस्तिष्क की कोई नस दब गई, जिससे उसके मस्तिष्क में रक्त का थक्का जमने लगा ओर ट्युमर को निकालने के लिये महिला के सिर का ऑपरेशन करवाया, तो चेकअप के लिये परिवर्तित नाम हरीश (पति), मनीषा को लेकर अहमदाबाद गया मनीषा ऑपरेशन के पश्चात चीजें, व्यक्ति भूलने लगी, चेकअप के बाद अहमदाबाद से मंदसौर वापस लौटते समय एक होटल पर शौच करने बस से उत्तरी और वह हरीश से बिछड गई। वहाँ से गुमशुदा हो गई। मनीषा अँधेरे में गलत रास्ते पर चली गई। हरीश व उसके परिजनों द्वारा मनीषा को बहुत ढूँढा परन्तु मनीषा नही मिली, तो हरीश व उसके परीजनों ने मनीषा के गुमशुदा होने की खबर सोशल मीडिया और पुलिस थाना मंदसौर में की। मनीषा नीमच शहर में भटकते हुए पुलिस प्रशासन को मिली तो महिला मनीषा को सुरक्षा की दृष्टि से वन स्टॉप सेन्टर नीमच के अस्थाई आश्रय में रखा गया।महिला मनीषा को वन स्टॉप सेन्टर सखी से परामर्श सहायता, आश्रय सहायता, पुलिस सहायता, चिकित्सा सहायता दी गई। मनीषा ने काउंसलर द्वारा घटना के संबंध में पूछे जाने पर कुछ भी बता पाने में असमर्थता जताई। वन स्टॉप सेन्टर सखी की प्रभारी प्रशासक श्रीमती दिपिका नामदेव एंव उनकी टीम व पुलिस प्रशासन के सहयोग से महिला मनीषा के परिवार का पता लगाया गया व महिला मनीषा के सुरक्षित वन स्टॉप सेन्टर सखी नीमच में होने की सूचना दी और उन्हें नीमच बुलाया। एडीएम के आदेश पश्चात महिला मनीषा को केंट पुलिस नीमच के सुर्पद किया गया। ताकि महिला मनीषा के भाई राहुल की शिनाक्त के पश्चात मनीषा को उसके भाई राहुल के सुपुर्द किया जा सके। इस तरह वन स्टॉप सेन्टर सखी ने अपने उद्देश्य महिला की सुरक्षा व सम्मान को सार्थक किया है।
========
विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में बड़ा कदम: उपमुख्यमंत्री श्री देवड़ा
तेजी से आगे बढ़ते मध्यप्रदेश को मिलेगा विशेष लाभ
प्रधानमंत्री श्री मोदी, केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती सीतारमण का जताया आभार
केंद्रीय बजट पर दी प्रतिक्रिया
नीमच 01 फरवरी 2026, उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने कहा है कि केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 का बजट विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की ओर एक बड़ा कदम है। उन्होंने मध्यप्रदेश के नागरिकों की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय वित्त मंत्री श्रीमती सीतारमण को कोटि-कोटि बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस बजट से मध्यप्रदेश जैसे तेजी से विकसित हो रहे राज्य को भी लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तेज गति से अपनी जीडीपी में बढ़ोतरी कर रहा है। पूंजीगत व्यय में हमारा प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा है। अब कैपेक्स बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ किया गया है। केन्द्रीय बजट में पूंजीगत व्यय के लिये राज्यों को विशेष पूंजीगत सहायता योजना में 2 लाख करोड़ रूपये का प्रावधान रखा गया है। जो विगत वर्ष से 50 हजार करोड़ रूपये अधिक है। इस योजना में मध्यप्रदेश को लगभग 15 हजार करोड़ रूपये प्राप्त होने की संभावना होगी। इससे अधोसंरचनात्मक गतिविधियों को विस्तार देने में भी मदद मिलेगी। अन्य राज्यों की तुलना में म.प्र. में एमएसएमई विकास का सबसे अच्छा इको-सिस्टम बना है। इस बजट से एमएसएमई सेक्टर को भरपूर विस्तार मिलेगा। उन्होंने कहा कि बजट में गरीब, युवा अन्नदाता और नारी शक्ति वर्ग पर विशेष फोकस है। उन्होंने कहा बजट में जिन तीन प्रमुख कर्तव्यों का उल्लेख है म.प्र. उनका पालन करते हुए आगे बढ़ रहा है।
आर्थिक वृद्धि, जन आकांक्षाओं का सम्मान और सबका साथ सबका विकास
बजट की विशेषताएं बताते हुए श्री देवडा ने कहा कि मोदी सरकार 3.0 का तीसरा बजट ‘सबका साथ-सबका विकास’ की भावना के अनुरूप है। बायोफार्मा हब बनाने की पहल के दूरगामी परिणाम आएंगे। विनिर्माण क्षेत्रों का रणनीतिक विकास किया जायेगा। लखपति दीदी विस्तार कार्यक्रम को आगे बढ़ाने की पहल स्वागत योग्य है। इसके तहत सेल्फ हेल्प एंटरप्रेन्योर मार्ट बनाए जाएंगे जो क्लस्टर स्तरीय फेडरेशन के अंतर्गत सामुदायिक खुदरा आउटलेट्स के रूप में भी कार्य करेंगे। इससे मध्यप्रदेश में महिला उद्यमिता को भरपूर प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेक्टर में रिसर्च एंड डेवलपमेंट पर ध्यान दिया गया है इसका लाभ मध्यप्रदेश को मिलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में उभरते सेमीकंडक्टर सेक्टर को बजट से सपोर्ट मिलेगा। वस्त्र उद्योग सेक्टर में रिफार्म से राज्य को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि 5 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों का विकास किया जायेगा। शहरी आर्थिक क्षेत्रों पर 5 साल में 5 हजार करोड़ खर्च किये जायेंगे। छोटे शहरों में तीर्थ स्थल विकसित होने से छोटे शहरों की अर्थव्यवस्था में सुधार होगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हेल्थ केयर इकोसिस्टम पर विशेष जोर दिया गया है। जिला अस्पतालों को अपग्रेड किया जायेगा। जिससे बुजुर्गों के इलाज पर विशेष ध्यान दिया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों की दवाएं सस्ती होंगी जिससे आम नागरिकों को राहत मिलेगी। देश के प्रत्येक जिले में एक महिला छात्रावास का निर्माण करने की अनूठी पहल बजट में की गई है। भारत को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की पहल से मध्यप्रदेश जैसे तेजी से आगे बढ़ते राज्यों को भी लाभ होगा। मध्यप्रदेश पर्यटन की संभावना से भरपूर राज्य है इसलिए केंद्रीय बजट में पर्यटन विकास संबंधी प्रस्ताव स्वागत योग्य है। प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर 10 हजार गाइड रखें जायेंगे, जिससे पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएँ बढ़ेगी।
उप मुख्यमंत्री श्री देवडा ने कहा, कि इनकम टैक्स में छोटे करदाताओं के लिये प्रक्रिया आसान होगी। राजकोषीय घाटे का 4.3 प्रतिशत का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि कुल 53 लाख 47 हजार करोड़ का बजट में पूंजीगत व्यय का अनुमान 12 लाख 21 हजार करोड़ रखा गया है। जी.डी.पी के लिये 393 लाख करोड़ का अनुमान रखा गया है जो विगत वर्ष की जी.डी.पी के अनुमान से 10 प्रतिशत अधिक है। इससे सभी राज्य जीडीपी में अपना योगदान बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित होंगे।



