समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 10 दिसंबर 2025 बुधवार

///////////////////////////////////////
जनसुनवाई में कलेक्टर, अपर कलेक्टर ने सुनी 32 आवेदकों की समस्याएं
मंदसौर 9 दिसम्बर 25 / जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग एवं अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल ने 32 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान आम नागरिकों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न आवेदन एवं शिकायतों पर गंभीरतापूर्वक विचार किया गया।
कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को न्याय दिलाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रकरणों पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं आवश्यक निर्देश जारी किए गए। ग्राम बैलारा निवासी श्री जुझारलाल द्वारा रजिस्ट्री की भूमि पर कब्जा दिलवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिस पर तहसीलदार सितामऊ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसी तरह पिपलियामंडी निवासी श्री शिवराज गुर्जर द्वारा दुकान सुपुर्दगी के संबंध में आवेदन दिया गया, जिस पर सीएमओ पिपलियामंडी को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। सुवासरा निवासी श्रीमती रामकन्याबाई द्वारा कृषि भूमि पर अवैध कब्जे संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिस पर तहसीलदार सुवासरा को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
================
जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती गर्ग की संवेदनशील पहल
मन से मंदसौर बना संवेदनशील सेतु, दानदाता के सहयोग से दिव्यांग श्री देवेंद्र को मिली ई-ट्राईसाइकिल
मंदसौर 9 दिसंबर 25/ कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने जनसुनवाई के दौरान संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अस्थि बाधित दिव्यांग श्री देवेंद्र चौहान को तुरंत ई-ट्राईसाइकिल प्रदान की। ई-ट्राईसाइकिल मिलने से श्री देवेंद्र को आवागमन में होने वाली दैनिक परेशानियों से राहत मिलेगी और वे अधिक स्वावलंबी बन सकेंगे।
श्री देवेंद्र चौहान, निवासी किला रोड मंदसौर, को दिव्यांगता के कारण चलने-फिरने एवं दैनिक कार्यों में अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने गत मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान मन से मंदसौर वेबसाइट के माध्यम से ई-ट्राईसाइकिल के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदन पर कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने तुरंत संज्ञान लेते हुए सामाजिक न्याय विभाग को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश पर सामाजिक न्याय विभाग द्वारा तत्परता से कार्रवाई की गई। मन से मंदसौर वेबसाइट के माध्यम से दानदाता डॉ. कुणाल राठौर ने दिव्यांग श्री देवेंद्र चौहान को ई-ट्राईसाइकिल दान करने का निर्णय लिया, जिसे आज विधिवत रूप से प्रदान किया गया।
इस अवसर पर सामाजिक न्याय विभाग की प्रभारी उपसंचालक श्रीमती देवकुंवर सोलंकी भी उपस्थित रहीं। यह पहल प्रशासन, समाज और दानदाताओं के सहयोग से दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने का प्रेरक उदाहरण है।
===========
पशुपतिनाथ लोक निर्माण कार्य अंतिम चरण में, जल्द होगा पूर्ण
कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने पशुपतिनाथ लोक निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
मंदसौर 9 दिसंबर 25/ कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने मध्य प्रदेश टूरिज्म के अधिकारियों के साथ पशुपतिनाथ लोक में किए जा रहे लोक निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि पशुपतिनाथ लोक के समस्त लोक निर्माण कार्य अंतिम चरण में हैं एवं कार्य बहुत जल्द पूर्ण कर लिया जाएगा। निरीक्षण के समय मंदसौर एसडीएम श्री शिवलाल शाक्य सहित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने बताया कि लोक निर्माण का अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है, शेष निकासी, वॉशिंग, लाइटिंग एवं फाइनल चेकिंग का कार्य प्रगति पर है।
कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने निरीक्षण के दौरान निर्माण एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि नीचे धरातल पर पानी के फ्लो को ध्यान में रखते हुए फर्श का कार्य किया जाए। पिलर निर्माण एवं व्यवस्था की स्थिति का अवलोकन किया तथा लोक निर्माण में रंगों में किसी भी प्रकार का अंतर न रहे, इस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पत्थरों को अच्छे से जोड़ा जाए एवं स्ट्रक्चर को इस प्रकार तैयार किया जाए कि हवा एवं पानी का कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
निरीक्षण के दौरान प्लांटेशन कार्य, हाई मास्ट लाइटिंग व्यवस्था के संबंध में भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां अंधेरा है, वहां हाई मास्ट लाइट अनिवार्य रूप से लगाई जाए। इसके साथ ही रुद्राक्ष के स्ट्रक्चर, थिएटर, ऐतिहासिक दीवार, ड्रेनेज, पाइपलाइन एवं अन्य निर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया गया।
कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने विशेष रूप से कहा कि पशुपतिनाथ लोक का एक-एक इंच सुंदर और आकर्षक दिखाई दे, इस बात पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने परिसर में पड़े अनुपयोगी सामान को तत्काल हटाने, केमिकल ड्राय का कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा बिजली से संबंधित शेष कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
==============
एचआईवी एड्स पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
मंदसौर 9 दिसंबर 25 / विश्व एड्स दिवस के परिपेक्ष में मिरेकल नर्सिंग कॉलेज में स्टूडेंट को एचआईवी एड्स के विषय में जिला एड्स नियंत्रण समिति की ओर से जानकारी दी गई। जिसमें बताया गया कि एचआईवी संक्रमण होने से हमारे शरीर की रोगों से लड़ने की क्षमता कम होने लगती है।
संक्रमण के बाद एचआईवी संक्रमित व्यक्ति में एक से अधिक लक्षण दिखाई देने पर एड्स की अवस्था कहा जाता है। इसके कारण चार है जिसमें एचआईवी संक्रमित व्यक्ति के साथ असुरक्षित संबंध बनाने से, एचआईवी संक्रमित रक्त के चढ़ जाने से, एचआईवी संक्रमित सुई और सिरिंज के सांझा उपयोग से एवं एचआईवी संक्रमित गर्भवती मां से उसके होने वाले शिशु से होता है।
लक्षण एवं भ्रांतियां के बारे में भी बताया गया। कॉलेज में विद्यार्थियों को एचआईवी से संबंधित पंपलेट एवं 1097 हेल्पलाइन नंबर से अंकित पेन भी वितरित किए गए। इस दौरान कालेज के100 से अधिक विद्यार्थी एवं शिक्षक गण उपस्थित रहे।
===================
कलेक्टर श्रीमती गर्ग को फ्लैग/लेपल पिन लगाकर सशस्त्र सेना झंडा दिवस निधि संग्रह की शुरुआत
सुशासन भवन में आयोजित हुआ सशस्त्र सेना झंडा दिवस कार्यक्रम
मंदसौर 9 दिसंबर 25/ जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, मंदसौर के ग्रुप कैप्टन द्वारा जानकारी दी गई कि वर्ष 1947 से प्रत्येक वर्ष 7 दिसंबर को सशस्त्र सेना झंडा दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य भारतीय सशस्त्र सेनाओं के वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों तथा उनके परिजनों के कल्याण हेतु स्वेच्छानुसार आमजन से धन संग्रह करना है।
सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी द्वारा जिले के समस्त विभागों, कॉलेजों, विद्यालयों एवं जनसामान्य से अपील की गई कि वे स्वेच्छा से सशस्त्र सेना झंडा निधि में योगदान देकर सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण में अपनी सहभागिता निभाएं।
इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी/कल्याण संयोजक एवं जिला सैनिक कल्याण कार्यालय मंदसौर के समस्त कर्मचारियों द्वारा सुशासन भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग एवं जिले के समस्त विभाग प्रमुखों को प्रतीकात्मक फ्लैग/लेपल पिन लगाकर सशस्त्र सेना झंडा दिवस की निधि संग्रहण की औपचारिक शुरुआत की गई।
कार्यक्रम के माध्यम से सैनिकों के सम्मान, उनके योगदान और उनके परिवारों के प्रति समाज की जिम्मेदारी को रेखांकित किया गया।
==============
मुख्यमंत्री ने मंदसौर की 2 लाख 62 हजार 827 लाड़ली बहनों को 39.42 करोड़ रुपये की सौगात दी
मंदसौर 9 दिसंबर 25 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज छतरपुर जिले के राजनगर से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत लाड़ली बहनों को 1500 प्रति बहन की दर से राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया। इस अवसर पर पूरे प्रदेश में कार्यक्रम का लाइव वेबकास्ट प्रसारित किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री बी.एल. बिश्नोई ने बताया कि मंदसौर जिले में कुल 2,62,827 लाड़ली बहनों को आज 39.42 करोड़ की राशि का अंतरण किया गया। जिला स्तर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। कार्यक्रम के दौरान श्री बी.एल. बिश्नोई, जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास तथा श्री मनीष अटोडिया, सहायक संचालक सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं लाड़ली बहनें उपस्थित रहीं। सभी ने मुख्यमंत्री द्वारा किए गए इस कल्याणकारी कार्य के लिए प्रसन्नता व्यक्त की।
================
वन विभाग का अनुभूति सह जागरूकता प्रेरक प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
मंदसौर 9 दिसम्बर 2025 / वन विभाग एवं मध्यप्रदेश ईको पर्यटन विकास बोर्ड, भोपाल द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले स्कूली विद्यार्थियों के प्रशिक्षण सह जागरूकता कार्यक्रम “अनुभूति” के अंतर्गत इस वर्ष के शिविरों का आयोजन 15 दिसम्बर 2025 से 31 जनवरी 2026 के मध्य किया जाएगा।
इस संबंध में आज अनुभूति सह जागरूकता प्रेरक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन ईको सेंटर काष्ठ डिपो, मंदसौर में किया गया। कार्यक्रम में श्री संजय रायखेरे, वनमण्डलाधिकारी मंदसौर, श्री नरेश कुमार दोहरे, वनमण्डलाधिकारी रतलाम एवं श्री अमिल राठौर, अधीक्षक अभयारण्य गांधीसागर की मौजूद थे।
वृत्त स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री अभय कुमार जैन, श्री विक्रम मुज्लादे एवं श्री प्रवीण मीणा द्वारा वनमण्डल मंदसौर, नीमच एवं रतलाम के 57 शासकीय तथा 02 अशासकीय प्रेरकों को अनुभूति सह जागरूकता प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी नवाचार करते हुए भावी नागरिकों को वन, वन्यजीव एवं पर्यावरण से जोड़ने तथा संरक्षण हेतु जागरूक करने और उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वर्ष 2025-26 की थीम “मैं भी बाघ”, “हम हैं बदलाव” एवं “हम हैं धरती के दूत” निर्धारित की गई है।
मास्टर ट्रेनरों द्वारा जानकारी दी गई कि अनुभूति शिविरों में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, जिनमें पक्षी एवं वन्यप्राणी दर्शन, प्रकृति पथ भ्रमण, प्रकृति की पाठशाला, पर्यावरण संरक्षण हेतु प्लास्टिक बैग के स्थान पर कपड़े के थैलों के उपयोग का संदेश, वानिकी गतिविधियों की जानकारी, वन, वन्यप्राणी एवं पर्यावरण के महत्व का रेखांकन, विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान, प्रश्नोत्तरी, वन अमले का परिचय, पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ तथा पुरस्कार वितरण आदि शामिल हैं।
================
जिले में 8,328 ‘नो-मैपिंग’ मतदाताओं को दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए मिलेगा 50 दिन का समय
16 दिसंबर से 7 फरवरी तक होगी रोजाना सुनवाई
14 फरवरी 2026 को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
मंदसौर 9 दिसंबर 25/ अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती एकता जायसवाल द्वारा जानकारी दी गई कि, जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अंतर्गत मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इस प्रक्रिया में कुल 10 लाख 319 से अधिक मतदाताओं का डिजिटाइजेशन किया गया। जांच के दौरान आज दिनांक 09.12.2025 की स्थिति मे 8,328 मतदाताओं का रिकॉर्ड वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नहीं पाया गया। ऐसे सभी मतदाताओं को ‘नो-मैपिंग’ श्रेणी में रखा गया है, जिनका स्वयं अथवा परिवार का कोई पूर्व रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं मिला है। वे समस्त मतदाता दिनांक 11 दिसम्बर 2025 तक भी अपना अथवा परिवार का 2003 तक रिकार्ड उपलब्ध करवा सकता है ।
जिला प्रशासन द्वारा नो मैपिंग मतदाताओं के रिकॉर्ड की एक माह तक तलाश की जाएगी। 16 दिसंबर के पश्चात इन सभी 8,328 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। नोटिस प्राप्त होने के बाद ये मतदाता 16 दिसंबर से 7 फरवरी तक अपने दस्तावेज प्रस्तुत कर जवाब दे सकेंगे। इस अवधि में उनकी सुनवाई की जाएगी तथा दस्तावेज जमा करने के लिए कुल 50 दिन का समय दिया जाएगा। निर्धारित अवधि में संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में नियमानुसार इनके नाम मतदाता सूची से हटाए जा सकते हैं।
16 दिसंबर के बाद निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी राजस्व अमले द्वारा सुनवाई की जाएगी
इसके साथ ही जिले में आज दिनांक की स्थिति मे 53,340 ऐसे मतदाता चिन्हित किए गए हैं, जो मृत हो चुके हैं, अनुपस्थित हैं अथवा स्थानांतरित हो गए हैं। इन मतदाताओं के नाम भी 16 दिसंबर को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में नहीं रहेंगे। ऐसे मतदाताओं को पुनः नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 एवं घोषणा पत्र संबंधित बीएलओ को प्रस्तुत करना होगा। प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत निर्वाचन नियमों के अनुसार इनके नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे।
बीएलओ को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने बूथों पर मतदाता सूची का वाचन कराएं, आपत्तियां दर्ज करें तथा पूरी प्रक्रिया का सुचारु संचालन सुनिश्चित करें। 16 दिसंबर को एसआईआर की ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
16 दिसंबर से 7 फरवरी तक प्रतिदिन होगी सुनवाई
गणना पत्रकों की सुपर चेकिंग 11 दिसंबर तक पूर्ण की जाएगी। बीएलओ ऐप के माध्यम से मतदाताओं का डिजिटल सत्यापन किया । 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। ड्राफ्ट सूची जारी होने के पश्चात ‘नो-मैपिंग’ श्रेणी के मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा प्रतिदिन लगभग 50 मामलों की सुनवाई की जाएगी।
जिले की अंतिम मतदाता सूची 14 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सभी वास्तविक मतदाताओं को दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाएगा और प्रशासन द्वारा उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
=============
शीत लहर एवं अधिक ठंड के कारण आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन समय में परिवर्तन
प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक बच्चों के लिए होंगे संचालित
मंदसौर 9 दिसंबर 25/ कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग द्वारा आदेशित किया गया है कि मंदसौर जिले में वर्तमान मौसम परिवर्तन के अंतर्गत शीत लहर एवं अधिक ठंड को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुविधा के दृष्टिगत आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन समय में अस्थायी परिवर्तन किया गया है।
जारी आदेशानुसार आंगनवाड़ी केंद्र शीतकालीन अवधि में दिनांक 15 फरवरी 2026 तक बच्चों के लिए प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक संचालित किए जाएंगे।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के लिए केंद्र का संचालन समय पूर्ववत शाम 05:00 बजे तक रहेगा। दोपहर 03:00 बजे के पश्चात आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र से संबंधित रिकॉर्ड संधारण, गृहभेंट एवं अन्य आवश्यक कार्य संपादित किए जाएंगे।
============
उज्जैन संभाग बना हर घर जल उपलब्धि प्राप्त करने वाला प्रदेश का अग्रणी संभाग
7,09,065 ग्रामीण परिवारों तक पहुंचा नल से जल
मंदसौर 9 दिसंबर 25 / प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुए जल जीवन मिशन को मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संकल्प और निरंतर प्रयासों ने नई ऊँचाई प्रदान की है। इसी का परिणाम है कि उज्जैन संभाग ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए यह सुनिश्चित कर दिया है कि यहाँ के सभी ग्रामीण घरों तक अब नल से शुद्ध पेयजल पहुँच रहा है। ग्रामीण परिवारों को शुद्ध पानी का यह अधिकार निरंतर और सुरक्षित रूप से उपलब्ध हो रहा है, जिससे पूरे उज्जैन संभाग को गर्व के साथ ‘हर घर जल’ के लक्ष्य को पूर्ण करने का गौरव प्राप्त हुआ है।
इस उपलब्धि से महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक राहत मिली है। पहले गांवों की महिलाएँ दूर-दूर तक पानी लाने के लिए कठिनाई झेलती थीं, कीमती समय और श्रम दोनों व्यय होते थे। अब घर के आँगन में नल से जल उपलब्ध होने से न केवल उनका सम्मान बढ़ा है बल्कि उन्हें शिक्षा, स्वच्छता और आजीविका के बेहतर अवसर भी मिले हैं। स्वच्छ पानी के कारण जलजनित बीमारियों में कमी से ग्रामीण स्वास्थ्य में भी सकारात्मक सुधार हुआ है।
उज्जैन संभाग के उज्जैन, देवास, शाजापुर, रतलाम, मंदसौर, नीमच और आगर-मालवा जिलों के कुल 7 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। आगर-मालवा 42,207, देवास 1,65,383, नीचम 31,957, उज्जैन 1,71, 553, शाजापुर 79,472, रतलाम 1,49,603 और मंदसौर 68,890 परिवार लाभान्वित हुए। यह केवल पाइपलाइन बिछाने का कार्य नहीं है, बल्कि जल संरक्षण, जल गुणवत्ता परीक्षण, स्थानीय लोगों की सहभागिता और ग्रामीण जीवन को सम्मानजनक सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास है, जिसमें लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने सक्रिय भूमिका निभाई है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अब शेष गांवों में तेजी से कार्य कर रहा है ताकि पूरे मध्यप्रदेश के प्रत्येक ग्रामीण घर को नल से जल उपलब्ध कराया जा सके। यह लक्ष्य केवल पेयजल की सुविधा तक सीमित नहीं, बल्कि स्वस्थ, सुरक्षित, आत्मनिर्भर और खुशहाल ग्रामीण जीवन की दिशा में एक बड़ा कदम है।
====================
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 : 6 से 10 दिसंबर तक
बीएलओ–बीएलए की बैठकों में अनुपस्थित, मृत एवं दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की अंतिम सूची की जाएगी तैयार
मंदसौर 9 दिसंबर 25 / मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के प्रथम चरण के अंतर्गत गणना पत्रकों के प्रकाशन एवं प्राप्ति के दौरान अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की पहचान और सत्यापन के लिए जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर 6 दिसंबर से 10 दिसंबर 2025 तक BLO–BLA तथा सहयोगी कार्मिकों की बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
इन बैठकों में ऐसे मतदाताओं की अंतिम सूची तैयार की जा रही है और उसे संबंधित मतदान केन्द्रों पर प्रदर्शित भी किया जा रहा है। जिन घरों से अब तक गणना पत्रक प्राप्त नहीं हुए हैं, उनकी जानकारी भी BLO द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है।
बैठक की कार्यवाही तथा संबंधित फोटोग्राफ को संबंधित जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है, जिससे आम मतदाता आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकें।
साथ ही, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के BLA से अनुरोध किया गया है कि वे प्रदर्शित सूची का अवलोकन करें और यदि किसी प्रकार की विसंगति पाई जाती है, तो उसकी सूचना 11 दिसंबर 2025 तक उपलब्ध कराएं ताकि BLO App के माध्यम से समय पर संशोधन किया जा सके।
गणना पत्रक प्राप्त होने पर—अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं को छोड़कर—अन्य सभी के नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।
प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 16 दिसंबर 2025 को किया जाएगा।


