समाचार मध्यप्रदेश नीमच 10 दिसंबर 2025 बुधवार

///////////////////////////////////////////////////
दिव्यांग वसीम को स्वरोजगार के लिए आटो रिक्शा उपलब्ध कराया जाएगा
कलेक्टर ने की जनसुनवाई -76 आवेदकों की सुनी समस्याएं
नीमच 09 दिसम्बर 2025, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में जनसुनवाई की। कलेक्टर ने सिफाई मोहल्ला मनासा निवासी अजीज पिता शफी बेग के आवेदन पर उसे स्वरोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश महाप्रबंधक उद्योग को दिए। जनसुनवाई में कलेक्टर ने बघाना निवासी दिव्यांग वसीम अकरम को सीएसआर मद से स्वरोजगार के लिए आटो रिक्शा उपलब्ध कराने के निर्देश उप संचालक सामाजिक न्याय नीमच को दिए।
जनसुनवाई में कलेक्टर ने 76 आवेदकों की समस्याएं सुनकर उनका त्वरित निराकरण करने के निर्देश संबंधित जिला अधिकारियों को दिए है। जनसुनवाई में जि.प.सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस.कलेश व जिला अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने जनसुनवाई में पुरानी न.पा.ब.न.60 निवासी राजेश सैनी को खाद्यान्न पात्रता पर्ची बनाने के निर्देश भी एसडीएम नीमच व जिला आपूर्ति अधिकारी को दिए। उन्होने बिसलवास कला की राधाबाई को उनके बच्चे की अशासकीय स्कूल की फीस, शाला प्रबंधक से चर्चा कर, माफ करवाने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी नीमच को दिए है।
कलेक्टर ने जनसुनवाई में गिरदौड़ा के किशन सिह राजपूत के आवेदन पर मकान को धोके से खरीदने वालों से पूरी कीमत दिलाने के निर्देश तहसीलदार नीमच को दिए है।
जनसुनवाई में जीरन के नरेन्द्र कुमार, रावणरूण्डी के सुरजमल, गिरदौड़ा की सीताबाई, बघाना के संजय कुमार, जुना मालाहेडा की बच्चीबाई, महुपुरा मोलकी के सुरेशचंद्र, धनगांव के नाथुलाल, सिंघाडिया पिपलिया की ज्योति, नीमच की रंजना, जमुनिया खुर्द के नानालाल, उम्मेदपुरा के प्रशांत बैरागी, इंदिरा नगर नीमच की लक्ष्मी ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
इसी तरह सुठोली की सीताबाई, मान्याखेडी के सुरेश, नीमच की भगवती बाई, सोनियाना के राजमल, कुण्डवासा के सूरजमल, आंत्री बुजुर्ग के मदनलाल, रेवली देवली के गोपालकृष्ण, आम्बा के राजाराम गुर्जर, छायन की राधाकुंवर, मान्याखेडी के घीसालाल, मुवादा के प्यारचंद, नीमच की निर्मला, ग्वाल तालाब के भेरूलाल, ग्वालदेविया की सरोदाबाई, नेवड के कैलाशचंद्र, मेडकी के नंदकिशोर धाकड़, आदि ने भी अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जनसुनवाई में प्रस्तुत कर, अपनी समस्याएं सुनाई।
================
हमारी आंगनवाडी पोषण भी पढ़ाई भी अभियान के तहत कलेक्टर श्री चंद्रा ने झांझरवाडा की आंगनवाडी में बच्चों के बीच बैठकर उन्हें पढाया
अर्ली चाईल्ड केयर इज्यूकेशन का लिया जायजा
बच्चों की शाला पूर्व शिक्षा की गुणवत्ता को परखा
नीमच 09 दिसम्बर 2025, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को जिले में आंगनवाडी केद्रों को पूर्व प्राथमिक शिक्षा के माडल के रूप में विकसित करने के लिए चलाए जा रहे हमारी आंगनवाडी, पोषण भी पढाई भी अभियान के तहत आंगनवाडी केंद्र झांझरवाडा का निरीक्षण कर आंगनवाडी में बच्चों को दी जा रही शाला पूर्व शिक्षा की गुणवत्ता को परखा।
कलेक्टर ने इस निरीक्षण के दौरान आंगनवाडी में बच्चों के बीच बैठकर उनसे वर्कबुक में अक्षरज्ञान, अंक ज्ञान, चित्र ज्ञान, फलों के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने आंगनवाडी के छोटे-छोटे बच्चों से गिनती व ए.बी.सी.डी.पढवाकर उनके शैक्षणिक स्तर को परखा और आंगनवाडी केंद्र में बच्चों को दी जा रही अर्ली चाईल्ड केयर एज्युकेशन की सराहना की।
कलेक्टर ने बच्चो से गिनती पूछे तो नन्ही बालिका शिवानी ने उन्हें बीस तक की गिनती बताई। फलो के नाम बताए और पोयम भी सुनाई। इस मौके पर एसडीएम श्री संजीव साहू, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अंकिता पण्ड्या एवं परियोजना अधिकारी श्री ईरफान अंसारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने आंगनवाडी केंद्र के निरीक्षण दौरान झांझरवाडा की आंगनवाडी में बच्चों के लिए दो छोटी टेबल एवं कुर्सियां उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही आंगनवाडी केंद्र भवन की मरम्मत, रंगाई, पुताई, खिडकियों में मच्छर जाली लगवाने, पंखे लगाने के निर्देश भी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री को दिए। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत स्कूल एवं आंगनवाडी भवन तक पेयजल पाईप लाईन डालकर, नल कलेक्शन उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए।
=================
दो पीडित परिवारों को आठ लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत
नीमच 9 दिसम्बर 2025, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व उपखण्ड नीमच द्वारा दो पीडित परिवारों को राजस्व पुस्तक परिपत्र भाग 6(4) के तहत आठ लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। एसडीएम नीमच श्री संजीव साहू द्वारा भरभडिया निवासी भावेश पिता कमलेश की 9 जुलाई 2025 को सर्पदंश से मृत्यु होने पर मृतक के वारिस पिता कमलेश पिता राधेश्याम को चार लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।
इसी तरह भादवामाता निवासी पांच वर्षीय कुमारी श्री पिता धीरज साहू की पानी में डूबने से मृत्यु हो जाने पर मृतक के वारिस पिता धीरज पिता रमेशचंद्र साहू को चार लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। तहसीलदार नीमच नगर द्वारा आर्थिक सहायता का प्रकरण तैयार कर, अनुशंसा के लिए एसडीएम नीमच को प्रस्तुत किया गया था।
====================
नि:सक्रीय बैंक खातों को सक्रीय करने के लिए नीमच में 12 दिसम्बर को शिविर
नीमच 9 दिसम्बर 2025, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक नीमच शीतांशु शेखर ने बताया गया, कि विभिन्न बैंकों में निष्क्रिय खातों को सक्रिय कर राशि पुनः प्राप्त करने की प्रक्रिया के लिए वित्त मंत्रालय एवं भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार एक अक्टूबर से 31 दिसम्बर तक चलाये जा रहे अभियान के तहत 12 दिसंबर, शुक्रवार को नीमच में आपकी पूंजी-आपका अधिकार (डीईएएफ) जागरूकता शिविर का आयोजन भारत माता फॉरजीरो चौराहा नीमच पर दोपहर 12 बजे से किया जा रहा है, इस शिविर में जिले के ग्राहकों की ऐसी जमा राशि जिन्हें 10 वर्ष से अधिक होकर सरकार के डेफ फंड में जमा हो चुकी है के संबंध में विभिन्न बैंकों द्वारा स्टॉल लगाये जा रहे है। नीमच के ऐसे सभी व्यक्ति जिनकी जमा राशि अत्यंत लम्बे समय से बैंकों में जमा होकर प्राप्त नहीं हुई है, उपस्थित होकर सम्पूर्ण जानकारी प्राप्त कर, अपनी राशि प्राप्त करने के लिए इस शिविर का लाभ उठाएं। नगर के अलावा जिले के अन्य ग्राहक निष्क्रिय खातों की राशि प्राप्त करने हेतु अपनी बैंक शाखा से सम्पर्क करे। विशेष शिविर के अलावा भी बैंकों से संपर्क कर, ग्राहक अपनी निष्क्रिय खाते की राशि कभी भी प्राप्त कर सकते है।
==================
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण के संबंध में वी.सी. में दिए निर्देश
नीमच 9 दिसम्बर 2025, भारत निर्वाचन आयोग की निदेशक श्रीमती शुभ्रा सक्सेना द्वारा मंगलवार की शाम को प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश श्री संजीव कुमार झा भी उपस्थित थे।
बैठक में प्रदेश में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत बीएलओ द्वारा की गई मतदाताओं की मेपिंग का पुन: सत्यापन कार्य करवाने के निर्देश दिए गए। साथ ही बीएलओ और बीएलए की संयुक्त बैठक सभी बीएलओ स्तर पर आयोजित कर, बैठक के कार्यवाही विवरण को अच्छे से तैयार कर, जिले व आयोग की वेबसाईड पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य निर्वाचन पदाधिकरी म.प्र.श्री संजीव कुमार झा ने सभी मृत मतदाताओं के नामों का सत्यापन अच्छे से करवाने के निर्देश देते हुए कहा, कि किसी भी मृत मतदाता का नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल ना रहे।
एनआईसी कक्ष नीमच में बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री हिमांशु चंद्रा, एडीएम श्री बी.एस.कलेश, सभी एसडीएम एवं ईआरओ वी.सी. में मौजूद थे।
==….=================
मारूती वेन से टक्कर मारकर मृत्यु कारित करने वाले आरोपी को 02 वर्ष का सश्रम कारावास
मनासा। श्री भूपेन्द्र आर्य, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, मनासा द्वारा मारूती वेन को तेजगती व लापरवाही पूर्वक चलाकर एक सायकल चालक को टक्कर मारकर उसकी मृत्यु कारित करने वाले आरोपी अनिल पिता भेरूलाल राठौर, उम्र-35 वर्ष, निवासी-नगर पालिका कॉलोनी, जिला मन्दसौर को धारा 304ए भारतीय दण्ड संहिता, 1860 के अंतर्गत 02 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 1000रू. अर्थदण्ड से दण्डित किया गया। प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी करने वाले एडीपीओं श्री अरविंद थापक द्वारा घटना की जानकारी देते हुए बताया कि घटना लगभग 08 वर्ष पूर्व दिनांक 14.04.2017 को सुबह के लगभग 6 बजे मनासा-कुकड़ेश्वर रोड़ स्थित पेट्रौल पंप के पास की हैं। घटना दिनांक को मृतक दिनेश खाती सायकल से उसके खेत की तरफ जा रहा था कि आरोपी उसकी मारूती वेन को तजगति व लापरवाहीपूर्वक चलाकर लाया तथा मृतक की सायकल को टक्कर मारते हुवे उसके उपर मारूती वेन चढा दी थी, जिससे की मौके पर ही दिनेश की मृत्यु हो गई थी। घटना स्थल पर उपस्थित लोगो ने डायल 100 को बुलाया तथा मृतक को अस्पताल पँहुचाया था। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में मर्ग कायम की गई तथा मर्गजाँच के उपरांत थाना मनासा में अपराध पंजीबद्ध किया गया तथा आवश्यक विवेचना के उपरांत आरोपी के विरूद्ध अभियोग-पत्र मनासा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
विचारण के दौरान अभियोजन की ओर से न्यायालय में चश्मदीद साक्षीगण ओमप्रकाश व रामलाल सहित सहित सभी महत्वपूर्ण गवाहों के बयान कराकर अपराध को संदेह से परे प्रमाणित कराते हुवे आरोपी को कठोर दण्ड से दण्डित किये जाने का निवेदन किया गया, जिस पर से माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी को उपरोक्त दण्ड से दण्डित किया गया। प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी एडीपीओं श्री अरविंद थापक द्वारा की गई।
===================
जिले में आगामी शुक्रवार को महा टीकाकरण अभियान का आयोजन -श्री चंद्रा
कोई भी बच्चा, महिला टीकाकरण व ए.एन.सी.जांच से वंचित ना रहे
कलेक्टर ने साप्ताहिक समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
नीमच 9 दिसम्बर 2025, जिले में आगामी शुक्रवार 12 दिसम्बर को महा टीकाकरण अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत सभी गांवों में टीकाकरण एवं गर्भवती महिलाओं की ए.एन.सी.जांच की जावेगी। इसके पूर्व स्वास्थ्य विभाग सभी बच्चों, महिलाओं का सर्वे करवाकर, टीकाकरण से शेष बच्चों, ए.एन.सी.जांच में शेष गर्भवती महिलाओं का पंजीयन व टीकाकरण कार्य सुनिश्चित करवाए और उनकी एंट्री अनमोल पोर्टल पर अनिवार्य रूप से करवाएं। सभी जिला अधिकारी शुक्रवार को टीकाकरण महाअभियान का गांवों में भ्रमण कर जायजा लेंगे। यह निर्देश कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में जिला अधिकारियों की बैठक में साप्ताहिक समीक्षा करते हुए दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस.कलेश, सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर्स एवं जिला अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं सिविल सर्जन को निर्देश दिए, कि जननी सुरक्षा योजना, प्रसूति सहायता योजना के तहत सभी पात्र हितग्राहियों के समग्र ईकेवायसी, आधार लिंकेज एवं बैंक खातों को डीबीटी इन बल्ड करवाने का कार्य इसी सप्ताह पूरा करें, जिससे, कि इन हितग्राहियों को सहायता राशि का भुगतान हो सके।
प्रदूषण फैलाने वाले ईट, भट्टों पर कार्यवाही करें
बैठक में कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं सीएमओ को निर्देश निर्देश दिए, कि वे अपने क्षेत्र के सभी ईट, भट्टों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करे, कि ईट, भट्टों में प्लास्टिक या टायर तो नहीं जलाया जा रहा है। यदि टायर या प्लास्टिक, ईट, भट्टों में जलाकर प्रदूषण फैलाया जाना पाया जावे, तो संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही की जाए। बैठक में कलेक्टर ने राजस्व रिकार्ड व दस्तावेजों में हेरफेर कर फर्जी तरीके से दस्तावेज तैयार कर शासकीय जमीनों को खुर्द बुर्द करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करने और दोषियों के विरूद्ध एफ.आई.आर. दर्ज करवाने के निर्देश भी सभी एसडीएम को दिए।
जल निगम सभी शासकीय भवनों में नल कनेक्शन दे
बैठक में कलेक्टर ने जल निगम के महाप्रबंधक को निर्देश दिए, कि वे जिलेके सभी विभागों के गांवों में स्थित शासकीय भवन, जैसे आंगनवाडी केंद्र, स्कूल भवन, पंचायत भवन, स्वास्थ्य केंद्र, पशु औषधालय व अन्य शासकीय भवनों में उनकी आवश्यकतानुसार पेयजल आपूर्ति के लिए भवनों में नल कलेक्शन उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।
उन्होने सभी जिला अधिकारियों को अपने-अपने विभागों के भवनों में नल कनेक्शन करने के लिए जल निगम को पत्र लिखने के भी निर्देश दिए।
राजस्व महाअभियान की अभी से तैयारी कर लें
बैठक में कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए, कि शासन द्वारा आगामी दिनों में राजस्व महाअभियान प्रारंभ किया जा रहा है। सभी राजस्व अधिकारी अभी से राजस्व महाअभियान के तहत नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, नक्क्षा तरमीम बंटाकन, फार्मर आईडी, खसरा, ई-केवायसी, आर.ओ.आर. लिकिंग आदि की तैयारियों सुनिश्चित कर लें।
======================
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में केबिनेट की बैठक में बुंदेलखंड के विकास पर विशेष फोकस
बुंदेलखंड के औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन के लिए सागर जिले के मसवासी ग्रंट की स्थापना के प्रस्ताव के तहत उद्योगों को अनेक सुविधाओं को स्वीकृति
सागर से दमोह 76 किलोमीटर फोरलेन मार्ग निर्माण के लिए 2059 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति
दमोह, छतरपुर और बुधनी मेडिकल कॉलेज के लिए 990 नियमित और 615 आउटसोर्स पदों की स्वीकृति
वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व नौरादेही को चीतों के रहवास के लिए विकसित करने की सैद्धांतिक स्वीकृति
दमोह के तेंदूखेड़ा में 165 करोड़ से अधिक की झापन नाला मध्यम सिंचाई परियोजना को स्वीकृति
प्रदेश के 11 जिलों में 12 स्वास्थ्य संस्थाओं के उन्नयन और 348 पदों की स्वीकृति
प्रदेश में अग्निशमन सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए 397.54 करोड़ रुपये की स्वीकृति
पिछड़ा वर्ग के 600 युवाओं को 2वर्ष में रोजगार के लिए जापान और जर्मनी भेजने का निर्णय
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की खजुराहो में हुई बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
नीमच 9 दिसम्बर 2025, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को खजुराहो के महाराजा छत्रसाल कन्वेंशन सेंटर में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में बुंदेलखंड के औद्योगिक विकास और रोजगार संपन्न बनाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, सड़कों के निर्माण सहित नौरादेही अभ्यारण्य में चीता के रहवास के लिए विकास कार्यों को स्वीकृति जैसे अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का मंत्रि-परिषद के सदस्यों ने बुंदेलखंड के विकास पर केंद्रित विकास के महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने पर करतल ध्वनि से स्वागत किया गया। बैठक में छतरपुर और दमोह के मेडिकल कालेजों में पदों की स्वीकृति सहित शासकीय चिकित्सालयों के उन्नयन और नवीन पदों के सृजन की भी स्वीकृति दी गई।
मंत्रि-परिषद ने बुंदेलखंड क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से सागर के औद्योगिक क्षेत्र ‘मसवासी ग्रंट’ के लिए एक विशेष औद्योगिक प्रोत्साहन पैकेज को मंजूरी दी। इस पैकेज की मदद से एक निवेशक- हितैषी वातावरण तैयार होगा, जिससे यहां 24 हजार 240 करोड़ रूपये के निवेश के रास्ते खुलेंगे। यह प्रयास सीधे तौर पर 29 हजार से अधिक व्यक्तियों को रोजगार प्रदान कर आर्थिक उन्नयन का नया मार्ग खोलेगा। स्वीकृति अनुसार भूमि प्रब्याजी और वार्षिक भू-भाटक की दर केवल एक रुपये प्रति वर्गमीटर निर्धारित की है। इसके अतिरिक्त, विकास शुल्क चुकाने के लिए 20 समान वार्षिक किश्तों की सुविधा दी गई है और संधारण शुल्क 8 रुपये प्रति वर्गमीटर वार्षिक तय किया गया है।
निवेशकों को प्रोत्साहित करने के लिए स्टाम्प और पंजीयन शुल्क में 100% प्रतिपूर्ति की स्वीकृति दी गई है। साथ ही, इकाइयों को वाणिज्यिक उत्पादन शुरू होने की तारीख से पांच वर्षों तक विद्युत शुल्क में छूट दी गई है।
वित्तीय सहायता पैकेज के तहत वृहद श्रेणी की औद्योगिक इकाइयों पर उद्योग संवर्धन नीति 2025 और निवेश प्रोत्साहन योजना 2025 के नियम लागू होंगे, जबकि एमएसएमई (MSME) इकाइयों के लिए एमएसएमई विकास नीति-2025 और एमएसएमई प्रोत्साहन योजना-2025 के प्रावधान प्रभावी होंगे। सीमेंट निर्माण इकाइयों को इस विशेष वित्तीय सहायता पैकेज का लाभ नहीं मिलेगा। यह विशेष पैकेज आगामी पांच वर्षों के लिए प्रभावशील रहेगा।
सागर से दमोह 76 किलोमीटर फोरलेन मार्ग निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा सागर-दमोह मार्ग, लंबाई 76.680 किमी फोरलेन मय पेव्हड शोल्डर के साथ हाइब्रिड एन्युटी मॉडल (HAM) के अंतर्गत उन्नयन एवं निर्माण के लिए परियोजना वित्तीय लागत 2,059 करोड़ 85 लाख रूपये की स्वीकृति दी गई। स्वीकृति अनुसार लागत का 40% हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल के अंतर्गत मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा राज्य राजमार्ग निधि से जीएसटी सहित वहन किया जाएगा। शेष 60% राशि का प्रावधान संचालन अवधि में 15 वर्षों तक 6 माही एन्युटी के रूप में राज्य बजट के माध्यम से किया जाएगा। इसके अतिरिक्त भू अर्जन एवं अन्य कार्यों के लिए 323 करोड़ 41 लाख रूपये का भुगतान भी राज्य बजट से किया जाएगा। परियोजना अंतर्गत 13 अंडरपास, 3 वृहद पुल, 9 मध्यम पुल, एक आरओबी, 13 वृहद जंक्शन और 42 मध्यम जंक्शन का निर्माण किया जायेगा।
दमोह, छतरपुर और बुधनी मेडिकल कॉलेज के लिए नियमित और आउट सोर्स पदों की स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा नवीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय दमोह, छतरपुर और बुधनी के संचालन के लिए 990 नियमित और 615 आउट सोर्स पदों की स्वीकृति दी गई है। स्वीकृति अनुसार प्रत्येक चिकित्सा महाविद्यालय में 330 नियमित पद सृजन और 205 व्यक्तियों को आउट सोर्स पर नियोजित किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई।
वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व नौरादेही को चीतों के रहवास के लिए विकसित करने की सैद्धांतिक स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा सागर में वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व नौरादेही को चीतों के तीसरे रहवास के रूप में विकसित करने के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई है। सितंबर 2022 में कुनो राष्ट्रीय उद्यान श्योपुर में पहला और अप्रैल 2025 में गांधी सागर अभयारण्य मंदसौर में दूसरा चीता रहवास प्रारंभ किया गया है। मध्यप्रदेश में वर्तमान में कुल 31 चीते हैं। कुनो राष्ट्रीय उद्यान श्योपुर में 28 और गांधी सागर अभयारण्य मंदसौर 02 चीतों का रहवास है। इसके अतिरिक्त जनवरी 2026 में बोत्सवाना से 8 चीते कुनो में पहुंचना संभावित है।
दमोह के तेंदूखेड़ा में 165 करोड़ से अधिक की झापन नाला मध्यम सिंचाई परियोजना को स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा दमोह जिले की तेंदूखेड़ा तहसील की झापन नाला मध्यम सिंचाई परियोजना के लिए 165 करोड़ 6 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। परियोजना के तहत तेंदूखेड़ा तहसील के 17 ग्रामों का कुल 3600 हेक्टेयर क्षेत्र सिंचित होगा।
11 जिलों में 12 स्वास्थ्य संस्थाओं के उन्नयन और 348 पदों की स्वीकृति
मंत्रि-परिषद ने 11 जिलों की 12 स्वास्थ्य संस्थाओं के उन्नयन प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है। निर्णय अनुसार नीमच जिले के भादवामाता उप स्वास्थ्य केंद्र को 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन किया जाएगा। शाजापुर के मक्सी स्थित 6 बिस्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल में किया जाएगा। इसी प्रकार उज्जैन के जीवाजीगंज और खंडवा के ओंकारेश्वर स्थित 20 बिस्तरीय सिविल अस्पतालों का विस्तार कर उन्हें 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल बनाया जाएगा।
पन्ना के अजयगढ़, खरगौन के महेश्वर, सिंगरौली के देवसर और रीवा के हनुमना स्थित 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को 50 बिस्तरीय सिविल अस्पतालों में अपग्रेड किया जाएगा। बड़े उन्नयन कार्यों में बैतूल के भीमपुर, सिंगरौली के चितरंगी और अनूपपुर के कोतमा स्थित 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को 100 बिस्तरीय सिविल अस्पतालों में बदलना शामिल है। साथ ही, सागर जिले के बीना स्थित 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल का उन्नयन कर उसे 100 बिस्तरीय किया जाएगा।
संस्थाओं के संचालन के लिए मंत्रि-परिषद ने 345 नियमित और 03 संविदा पदों के सृजन को मंजूरी दी है। साथ ही 136 व्यक्तियों को आउटसोर्सिंग के माध्यम से रखने की स्वीकृति भी दी गई है। इस पूरी प्रक्रिया 27 करोड़ 17 लाख रुपये का वार्षिक व्यय किया जायेगा।
पिछड़ा वर्ग के 600 युवाओं को 2 वर्ष में रोजगार के लिए जापान और जर्मनी भेजने का निर्णय
मंत्रि-परिषद द्वारा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की विभागीय योजनान्तर्गत, अन्य पिछड़ा वर्ग के 600 युवाओं को दो वर्षों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सोशल इंपैक्ट बांड (SIB) वित्तीय उपकरण का प्रयोग कर जापान एवं जर्मनी भेजे जाने के लिए प्रस्तुत परियोजना प्रस्ताव की स्वीकृति प्रदान की गई।
प्रदेश में अग्निशमन सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए 397.54 करोड़ रुपये की स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा 15वें वित्त आयोग की अनुशंसानुसार प्रदेश में अग्निशमन सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए 397 करोड़ 54 लाख रुपये की कार्य योजना की स्वीकृति प्रदान की गई। कार्ययोजना की वित्तीय लागत में 75% केंद्रांश राशि 297 करोड़ 15 लाख रुपये और 25% राज्यांश राशि 100 करोड़ 38 लाख 50 हजार रुपये होगा। मंत्रि-परिषद की बैठक वंदे-मातरम् गान के साथ प्रारंभ हुई।
==================
बुंदेलखंड धरा है हीरों और महावीरों की : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
बहनों के आशीर्वाद से राज्य सरकार निरंतर कर रही है विकास कार्य
एक करोड़ 26 लाख से अधिक लाड़ली बहनों को 1857 करोड़ रुपए अंतरित
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की 31वीं किस्त
मुख्यमंत्री ने राजनगर में 510 करोड़ लागत के 29 विकास कार्यों का किया भूमि-पूजन और लोकार्पण
नीमच 9 दिसम्बर 2025, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बुंदेलखंड हीरों और महावीरों की धरती है। यह मंदिरों की नगरी है। उन्होंने कहा कि महाराज छत्रसाल के कार्य काल में बुंदेलखंड की महाविजय होती थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महाराजा छत्रसाल के शौर्य को नमन किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि बुंदेलखंड के गौरव महाराज छत्रसाल की प्रतिमा और सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा का खजुराहो में अनावरण किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव छतरपुर के राजनगर में लाड़ली बहना सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज प्रदेश की 1.26 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों को 1857 करोड़ रुपए राशि अंतरित की गई है। इनमें छतरपुर की 3 लाख 24 हजार से अधिक लाड़ली बहनें शामिल हैं। हितग्राहियों बहनों को उनके बैंक खातों में 31वीं किस्त के रूप में 1500 रुपए की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में अब तक 46 हजार 500 करोड़ की राशि बहनों के खातों में अंतरित की जा चुकी है। बहनें अपने परिवार के संचालन में भी सहयोग कर रही हैं। बहनों के आशीर्वाद से राज्य सरकार निरंतर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से बहनों को पक्के मकान और उज्जवला गैस कनेक्शन भी दिए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुंदेलखंड के चहुँमुखी विकास के लिए 270 करोड़ लागत के 9 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 240 करोड़ लागत के 20 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें 2 सांदीपनि विद्यालय और स्वास्थ्य संस्थान शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खजुराहो में बड़ा कन्वेंशन सेंटर और फाइव स्टार होटल बनाया जाएगा। राजनगर में राजगढ़ पैलेस की सौगत मिल रही है। इससे पर्यटन क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। बुंदेलखंड के दमोह, छतरपुर, पन्ना और कटनी में 4 मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जायेंगे। केन-बेतवा लिंक परियोजना से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 2 नेशनल हाइवे को जोड़ने वाले फोर लाइन सड़क की सौगात दमोह-सागर को मिलने जा रही है।
===================
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि सागर में नया इंडस्ट्रियल पार्क विकसित किया जाएगा। इससे 30 हजार से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजनगर में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया।
खजुराहो सांसद श्री वी.डी.शर्मा ने कहा, कि मुख्यमंत्री डॉ.यादव बुंदेलखंड के चहुंमुखी विकास में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। राज्य सरकार जो कहती है करके दिखाती है। सरकार ने लाड़ली बहनों के खातों में प्रतिमाह 3000 रुपए भेजने का संकल्प लिया था, जिसे धीरे-धीरे पूरा करने की ओर आगे बढ़ रहे हैं। राजनगर विधायक श्री अरविंद पटेरिया ने कहा कि बुंदेलखंड में ‘डेस्टिनेशन कैबिनेट’ कर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अनुपम सौगात दी है। पिछले 2 वर्षों में खजुराहो में विकास से संबंधित महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। आज सूखे और पिछड़े बुंदेलखंड को विकास की नई पहचान मिल रही है।
सम्मेलन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री श्री दिलीप अहिरवार, विधायक छतरपुर श्रीमती ललिता यादव, विधायक श्री कामाख्या प्रताप सिंह, विधायक श्री राजेश शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विद्या अग्निहोत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
स.क्र./2243/68/मालवीय/फोटो
जिला जनसंपर्क कार्यालय नीमच(म.प्र.)
//समाचार//
कलेक्टर ने झांझरवाड़ा में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री एवं ई-केवायसी कार्य का लिया जायजा
नीमच 09 दिसम्बर 2025, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को ग्राम झांझरवाड़ा में भ्रमण दौरान किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कार्य आधार आर.ओ.आर. लिंकिंग, खसरा ई-केवायसी कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होने पटवारी द्वारा खातेदारों के ई-केवायसी कार्य की प्रगति का जायजा लिया और फार्मर रजिस्ट्री एवं खसरा, ई-केवायसी कार्य में आ रही समस्याओं के संबंध में पटवारी से जानकारी ली। इस मौके पर एसडीएम श्री संजीव साहू, तहसीलदार श्री संतोष कुमार व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
स.क्र./2239/64/मालवीय/फोटो
सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों का सम्मान समारोह 15 दिसम्बर को
नीमच 09 दिसम्बर 2025, नीमच जिले से माह अक्टूबर 2025 एवं नवम्बर 2025 में सेवा निवृत्त होने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों का सम्मान समारोह कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की उपस्थिति में 15 दिसम्बर 2025 को प्रात: 11 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में आयोजित किया जा रहा है। इस समारोह में माह अक्टूबर एवं नवम्बर 2025 में सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी, कर्मचारियों को उनके जी.पी.ओ., पी.पी.ओ. एवं अन्य स्वत्वों के स्वीकृति आदेश प्रदान किए जाएंगे। सभी जिला अधिकारियों को सेवानिवृत्ति अधिकारी, कर्मचारियों के साथ समारोह में उपस्थित होने का आगृह जिला पेंशन अधिकारी नीमच ने किया है।
स.क्र./2240/65/मालवीय/



