बैंड बाजा,ढोल, ताशा पार्टी, साधु साध्वी भगवंत के साथ जैन अनुयाई ने निकाली भगवान की रथयात्रा

अंजनशलाका प्रतिष्ठा महोत्सव:
बैंड बाजा, ढोल, ताशा पार्टी, साधु साध्वी भगवंत के साथ जैन अनुयाई ने निकाली भगवान की रथयात्रा
सुवासरा- प्राचीन जैन तीर्थ परासली में चल रहे अंजनशलाका प्रतिष्ठा महोत्सव के 16 वे दिन शुक्रवार को भगवान की रथयात्रा निकाली गई। सुबह 10:00 बजे भोजन मंडप परिसर के यहां से प्रारंभ हुई रथ यात्रा नगर के प्रमुख मार्ग से होते हुए जैन मंदिर पहुंची। रथ यात्रा के दौरान सबसे आगे हाथी पर सवार यात्रा के लाभार्थी परिवार थे। इसके बाद घोड़े पर सवार श्रद्धालु जैन ध्वज लहराते हुए चल रहे थे। बैंड बाजा, ढोल,ताशा पार्टी, भगवान का रथ, साधु साध्वी भगवंत, विभिन्न स्थान से आए जैन समाज के अनुयाई बड़ी संख्या में मौजूद थे। रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान की प्रतिमा को रथ में लेकर बैठे थे।
रथ यात्रा नगर में जहां-जहां से गुजरी वहां पर नगर वासियों ने भगवान के रथ के सामने चावल की गहुली बनाकर श्रीफल चढ़ाकर वंदन किया। इस दौरान विभिन्न स्थानों से आए नवयुवक मंडल, महिला मंडल, बालिका मंडल नेआकर्षक वेशभूषा में कतारबध्द चलते हुए नृत्य किया। इसके साथ ही भगवान और रथ यात्रा में मौजूद साधु साध्वी भगवंत के जयकारे लगाए गए। रथ यात्रा का समापन जैन मंदिर के यहां हुआ। उसके बाद अवधपुरी पंडाल में भगवान का दीक्षा कल्याण, केवल ज्ञान कल्याण का मार्मिक विधान संपन्न हुआ। इस दौरान गुजरात से आए संगीतकार अंकुर भाई शाह के द्वारा भगवान के दीक्षा कल्याण का मार्मिक वर्णन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सुसनेर विधायक भैरुसिंह सिसोदिया और सुवासरा विधायक हरदीप सिंह डंग का बहुमन तीर्थ पेढ़ी के द्वारा किया गया। दोनों विधायक ने आचार्य बंधु बेलड़ी श्री हेमचंद्र सागर सूरी जी महाराज और आचार्य विश्वरत्न सागर सूरीजी महाराज का आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर तीर्थ संरक्षक वीरेंद्र बाफना, डॉक्टर मूलचंद गोखरू, मानसिंह कोठारी, अध्यक्ष विस्मय धींग , सचिव प्रसन्न लौढ़ा, सहसचिव मोहनलाल कोठारी, कोषाध्यक्ष रूपचंद डांगी, ट्रस्टी कमल जैन, अशोक कुमुठ, विजय कुमार चौरडिया, राकेश चौरडिया, विजय कुमार रामशना, सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।



