समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 11 अप्रैल 2026 शनिवार

राज्य सरकार ने महिला उद्यमिता को दिया बड़ा बढ़ावा एमएसएमई
विकास नीति : 2025 ने महिलाओं को बनाया आत्म निर्भर स्टार्ट-अप नीति ने महिला उद्यमियों के सपनों को दी उड़ान
रतलाम : शुक्रवार, अप्रैल 10, 2026,
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के महिला सशक्तिकरण, उद्यमिता और वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को मध्यप्रदेश सरकार ने साकार किया है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अगुवाई में एमएसएमई विकास नीति : 2025 और स्टार्ट-अप नीति : 2025 ने महिलाओं को उद्यमी बनाने में अहम भूमिका निभाई है।
मध्यप्रदेश की नीतियों में महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व और योजनाओं के कारण ही 24 लाख 34 हजार सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम में से 4.11 लाख यानि 17 फीसदी इकाइयाँ महिलाओं द्वारा संचालित हैं। गत वर्ष ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के अवसर पर प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा लोकार्पित स्टार्ट-अप नीति में 7264 में से 3476 यानि 48 स्टार्ट-अप महिलाओं के हैं। मध्यप्रदेश की यह तस्वीर राज्य सरकार की देश में सशक्त उपस्थिति दर्ज कराता है। इससे स्पष्ट है कि महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत का सपना मध्यप्रदेश में साकार हो रहा है।
मध्यप्रदेश की एमएसएमई विकास नीति : 2025 में महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। अब उन महिला उद्यमियों को जो संयंत्र और मशीनरी में निवेश कर रही हैं, उन्हें ₹10 करोड़ तक के निवेश पर अधिकतम 48 प्रतिशत तक की पूंजी अनुदान दिए जाने का प्रावधान किया गया है। अनुसूचित जाति और जनजाति की महिलाओं के लिए यह दर अधिकतम 50 प्रतिशत निर्धारित की गई है, जबकि सामान्य वर्ग के लिए 40 प्रतिशत है। इस नीति से मार्च 2026 तक 24.34 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयों में से करीब 4.11 लाख महिलाओं द्वारा स्थापित की गई हैं।
इसके अतिरिक्त स्टार्ट-अप नीति एवं कार्यान्वयन योजना : 2025 में महिलाओं द्वारा स्थापित स्टार्ट-अप को 18 प्रतिशत वित्तीय सहायता का प्रावधान किया गया है। प्रति ट्रॉच 18 लाख रुपये तक की मदद मिल सकती है और कुल सहायता 72 लाख रुपये तक हो सकती है। अन्य स्टार्ट-अप के लिए यह सीमा 15 प्रतिशत या 15 लाख रुपये है। अब तक 7264 मान्यता प्राप्त स्टार्ट-अप में से 3476 मतलब 48 फीसदी महिला उद्यमियों द्वारा चलाए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश शासन के इन कदमों से महिला सशक्तिकरण में नई ऊंचाइयां हासिल हो रही हैं।
=========
जल गंगा संवर्धन अभियान 2026: सरवन और सेमलखेड़ा में जल संरक्षण के लिए जनजागरण कार्यक्रम आयोजित
रतलाम : शुक्रवार, अप्रैल 10, 2026,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित “जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 -द्वितीय चरण” के अंतर्गत ग्राम इन्द्रावल में जल जागरूकता रैली और जल स्त्रोत सेवा समागम कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जल स्रोतों का संरक्षण करना है।
संभाग समन्वयक श्री शिवप्रसाद मालवीय ने कहा कि “बिन पानी सब सून” – जल संरक्षण जीवन रक्षा के समान है। उन्होंने जल संचय के तीन प्रमुख उपाय बताते हुए कहा कि दौड़ते पानी को चलाना, चलते पानी को रेंगाना और रेंगते पानी को रोकना आवश्यक है। जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय ने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों में अभियान सक्रिय रूप से संचालित किया जा रहा है। ब्लॉक समन्वयक श्री रतनलाल चरपोटा ने जल संरक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं नशा मुक्ति पर भी विचार व्यक्त किए। जिला पंचायत सदस्य चन्दूलाल मईडा ने क्षेत्र में जल संकट की स्थिति को देखते हुए जल स्रोतों के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।
अभियान के अंतर्गत कुएं, तालाब, बावड़ी एवं नदियों जैसे पारंपरिक जल स्रोतों की साफ-सफाई एवं संरक्षण कार्य किए जा रहे हैं। नदी घाटों पर स्वच्छता अभियान चलाकर जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में नवांकुर संस्था, विश्व कल्याण सेवा समिति सरवन, भागीरथ रुरल वेलफेयर सोसायटी, बेडदा सांवरिया शिक्षण समिति, आदर्श सकरावदा समिति, प्रस्फुटन समिति के सदस्य, छात्र-छात्राएं और ग्रामीण जन उपस्थित थे।
इसी प्रकार “जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत विकासखंड सैलाना के ग्राम सेमलखेड़ा में जल चौपाल, जल संरक्षण शपथ एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। संभाग समन्वयक उज्जैन श्री शिवप्रसाद मालवीय ने ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा किए गए जल संरक्षण और जनकल्याण कार्यों की सराहना करते हुए ग्रामीणों और समिति सदस्यों को जल संरक्षण शपथ दिलाई। जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी पानी की बचत में बड़ा योगदान देते हैं और हर व्यक्ति अपने स्तर पर जल संरक्षण में भाग ले सकता है। कार्यक्रम में अ.ज.जा. प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी श्री शैतान सिंह पटेल, विकासखंड समन्वयक श्री रतनलाल चरपोटा, नवांकुर संस्था प्रमुख श्री सुरेंद्र जाट, सेक्टर क्रमांक 5 से श्री सचिन काहर और ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष श्री नारायण खराड़ी सहीत ग्रामीणजन उपस्थित थे।
==========



